Sunday, July 5, 2026 5:04 pm

CM डॉ. मोहन यादव बोले – प्रदेश के नगरीय निकायों में गीता भवन बनाए जाएंगे

मध्यप्रदेश, गीता जयंती पर गीता पाठ का बनाएगा विश्व रिकार्ड अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के आयोजन में मध्यप्रदेश सहभागी बनने को इच्छुक मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संत समाज को सिंहस्थ: 2028 के लिए किया आमंत्रित मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कुरूक्षेत्र के अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में संत सम्मेलन को किया संबोधित भोपाल. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के नगरीय निकायों में अगले तीन साल में गीता भवन बन कर तैयार हो जाएंगे। राज्य सरकार द्वारा सम्पूर्ण प्रदेश में गीता जयंती महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। भगवान श्री कृष्ण के मुखारविंद से निकली श्रीमद्भगवद् गीता से कर्मवाद की शिक्षा प्राप्त होती है। केवल भारत ही नहीं सम्पूर्ण विश्व में लोग गीता की शिक्षाओं का अनुसरण कर रहे हैं। मध्यप्रदेश में श्री कृष्ण पाथेय का निर्माण किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत प्रदेश में विद्यमान भगवान श्रीकृष्ण से संबंधित सभी स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित किया जाएगा। मध्यप्रदेश में गीता जी को पाठ्यक्रम में सम्मिलित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि 11 दिसम्बर को गीता जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश सरकार द्वारा भोपाल और उज्जैन में 5 हजार से अधिक भगवत भक्तों के माध्यम से गीता पाठ का विश्व रिकार्ड बनाया जाएगा। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के आयोजकों से गीता पाठ से वर्चुअली जुड़ने का आव्हान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अगले वर्ष के अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के आयोजन में मध्यदेश को सहभागी बनाने का आग्रह भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव कुरूक्षेत्र (हरियाणा) में जारी अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के अंतर्गत संत सम्मेलन में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। कार्यक्रम में पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया, स्वामी अवधेशानंद, स्वामी रामदेव, स्वामी ज्ञानानन्द और विश्व हिन्दू परिषद के श्री चम्पत राय के साथ भोज में शामिल हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गीता ज्ञान संस्थान का किया अवलोकन मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर गीता ज्ञान संस्थान स्थित मंदिर में दर्शन किए और संग्रहालय का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के अवसर पर कुरूक्षेत्र में बने हरियाणा पेवेलियन और महोत्सव के साझेदार उड़ीसा राज्य के पेवेलियन का अवलोकन भी किया। उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन श्रीमद्भगवद् गीता की जयंती के अवसर पर हरियाणा सरकार द्वारा किया जाता है। गीता महोत्सव के दौरान श्रीमद्भगवद्गीता केन्द्रित विभिन्न सांस्कृतिक धार्मिक और शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। भगवान श्रीकृष्ण ने शिक्षा के महत्व को स्थापित किया मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता के प्रकाश से विश्व प्रकाशमान हो रहा है। सभी ओर सनातन संस्कृति की ध्वजा लहरा रही है, और श्रीमद्भगवद् गीता की शिक्षाओं से सम्पूर्ण धरा लाभान्वित भी हो रही है। भगवान श्रीकृष्ण ने शिक्षा के महत्व को स्थापित किया। भगवान श्रीकृष्ण ने शिक्षा ग्रहण करने के लिए संदीपनि आश्रम पधार कर उज्जैन को गौरवान्वित किया साथ ही यह भी स्थापित किया कि व्यक्ति कितने महत्वपूर्ण पद पर हो, उसे शिक्षा ग्रहण करने के लिए अवश्यक प्रयास करना चाहिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शिष्य की पहचान उसके गुरू से होती है, इस दृष्टि से श्रीमद्भगवद गीता, आचार्य संदीपनि की महानता और गुरूकुल पद्धति की पवित्रता और उसके उन्नत स्वरूप को प्रकट करती है। भीषण युद्ध के बीच भगवान श्रीकृष्ण के मुख से गीता के ज्ञान का होना भारत भूमि पर शिक्षा के गौरव और सांस्कृतिक समृद्धता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जानकारी दी कि भगवान श्रीकृष्ण की समस्त लीलाओं से जन सामान्य को परिचित कराने की व्यवस्था संदीपनि आश्रम में की गई है। इसके साथ ही उज्जैन में कृष्णायन नाम से संग्रहालय विकसित किया गया है। गौ-शालाओं का अनुदान किया गया दोगुना मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में जन्माष्टमी पर शैक्षणिक संस्थाओं में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से संबंधित विभिन्न प्रसंगों पर गतिविधियां संचालित की गईं। राज्य शासन द्वारा प्रदेश में जन्माष्टमी का आयोजन धूमधाम से किया गया। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पूजा के माध्यम से प्रकृति की पूजा का विलक्ष्ण मार्ग बताया है। इसे ग्रहण करते हुए मध्यप्रदेश में सर्वत्र गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। अपाहिज, बेसहारा, बीमार गायों की देखभाल के लिए निर्णय लिया गया कि प्रदेश में गौ-शालाओं का संचालन राज्य शासन द्वारा किया जाएगा। सामाजिक संगठनों द्वारा चलाई जाने वाली गौ-शालाओं के अनुदान को दोगुना किया गया है। इसे 20 रुपए के स्थान पर प्रति गाय 40 रुपए किया गया है। दुग्ध उत्पादन के लिए 10 से अधिक गाय पालने वालों को राज्य शासन की ओर से अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। इससे गौ-वंश के साथ-साथ प्रदेश की दुग्ध उत्पादन की क्षमता में वृद्धि होगी और घर-घर गोकुल विकसित करने में भी मदद मिलेगी। देश के दुग्ध उत्पादन में मध्यप्रदेश का 9 प्रतिशत का योगदान है, जिसे हम 20 प्रतिशत तक ले जाने के लिए संकल्पित हैं। वर्षा जल से प्रवहमान होगी क्षिप्रा मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में वर्ष-2028 में होने वाले सिंहस्थ की तैयारी आरंभ कर दी गई है। उज्जैन में सिंहस्थ में लगने वाले अस्थाई कैंपों के स्थान पर आश्रम, अखाड़ों, महामंडलेश्वर आदि को स्थाई रूप से स्थान उपब्ध कराने के लिए विस्तारित योजना बनाई गई है। इससे हरिद्वार के समान पूरे साल सुविधा उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री डॉ.यादव ने सभी संतों को सिंहस्थ में पधारने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि क्षिप्रा नदी में जल का प्रवाह सीमित होने के कारण सिंहंस्थ स्थान के लिए विशेष व्यवस्था करनी होती है, गत वर्षों में गंभीर बांध और नर्मदा नदी से जल लेकर यह व्यवस्था की गई। अब राज्य सरकार का प्रयास है कि वर्षा जल को संग्रहित कर क्षिप्रा नदी को निरंतर प्रवहमान बनाया जाए। इससे पूरे साल श्रद्धालु स्नान का पुण्य प्राप्त कर सकेंगे। recent visitors 104

कांग्रेस ला रही जगदीप धनखड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव, साथ आए AAP, सपा और TMC

नई दिल्ली. विपक्षी INDI गठबंधन की ओर से राज्यसभा के चेयरमैन जगदीप धनखड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया जा सकता है। कांग्रेस ने यह प्रस्ताव लाने की पेशकश की है, जिसका समर्थन INDI अलायंस के अन्य दल भी कर सकते हैं। विपक्षी दलों का आरोप है कि राज्यसभा के चेयरमैन के तौर पर जगदीप धनखड़ पक्षपात कर रहे हैं। वह विपक्षी दलों के सांसदों को मौका नहीं देते और उन्हें अनसुना किया जाता है। ममता बनर्जी की टीएमसी, अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी और अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया है। विपक्षी दल संविधान के अनुच्छेद 67(B) के तहत इस प्रस्ताव को लाने वाले हैं। बता दें कि सोमवार को भी संसद के दोनों सदनों में कामकाज प्रभावित रहा। राज्यसभा में भी रुक-रुक कर हंगामा होता रहा और कई बार सदन को ठप करने के बाद अंत में पूरे दिन के लिए ही कार्यवाही स्थगित कर दी गई। इस दौरान जगदीप धनखड़ ने विपक्षी सांसदों के रुख पर दुख भी जताया और कहा कि ये लोग कामकाज बाधित कर रहे हैं और लोकतंत्र के मंदिर में चर्चा से बच रहे हैं। राज्यसभा में सोमवार को सत्ता पक्ष एवं विपक्ष ने अलग-अलग मुद्दों पर भारी हंगामा किया, जिसके कारण उच्च सदन की कार्यवाही तीन बार के स्थगन के बाद अपराह्न करीब तीन बजकर दस मिनट पर पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई। एनडीए के सांसदों ने कांग्रेस तथा उसके नेताओं पर विदेशी संगठनों और लोगों के माध्यम से देश की सरकार तथा अर्थव्यवस्था को अस्थिर करने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने इस मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग की। वहीं कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्ष ने अडानी समूह से जुड़ा मुद्दा उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। तीन बार के स्थगन के बाद दोपहर तीन बजे उच्च सदन की बैठक शुरू होने पर भी सदन में हंगामा जारी रहा और विपक्षी सदस्यों ने अडानी समूह से जुड़ा मुद्दा उठाते हुए प्रधानमंत्री और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। विपक्ष के कुछ सदस्य अपनी सीट से आगे आ गए। हंगामे के बीच सभापति जगदीप धनखड़ ने कहा कि उनके कक्ष में सदन के नेता जेपी नड्डा और नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ उनकी बैठक हुई। उन्होंने कहा, 'बैठक का उद्देश्य सदन में निर्बाध कामकाज सुनिश्चित करना था। दोनों पक्षों ने खुलकर चर्चा की और संकेत दिया कि राष्ट्र की अखंडता और संप्रभुता हमारे लिए पवित्र है। ’ धनखड़ ने कहा कि नेताओं ने मंगलवार को सुबह 10:30 बजे फिर से उनके कक्ष में मिलने पर सहमति जताई है। इसके बाद उन्होंने सभी सदस्यों से अपील की कि वे संविधान की शपथ पर सावधानीपूर्वक विचार करें ताकि राष्ट्र की अखंडता प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जा सके। recent visitors 117

‘एक देश, एक चुनाव’ बिल मौजूदा संसद सत्र में ही ला सकती है मोदी सरकार

नई दिल्ली. केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार मौजूदा संसद सत्र में ही ‘एक देश, एक चुनाव’ बिल पेश कर सकती है। सरकारी सूत्रों के हवाले से यह कहा गया है कि सरकार शीतकालीन सत्र में इस विधेयक को पेश करने की तैयारी में है। बता दें कि केंद्रीय कैबिनेट ने पहले ही एक देश, एक चुनाव पर पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समिति की रिपोर्ट को मंजूरी दे रखी है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार इस बिल पर आम सहमति बनाना चाहती है और विस्तृत चर्चा के लिए इसे संयुक्त संसदीय समिति (JPC) के पास भेजना चाहती है। सरकार से जुड़े सूत्र कह रहे हैं कि सरकार चाहती है कि रामनाथ कोविंद की अगुवाई वाली एक्सपर्ट कमेटी की 18,636 पन्नों की रिपोर्ट पर विस्तृत चर्चा हो। खबर है कि सरकार ने केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, किरण रिजिजू और अर्जुनराम मेघवाल को विपक्षी नेताओं के साथ बैठकें कर आम राय बनाने को कहा गया है। सूत्रों ने बताया कि जेपीसी सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से इस बिल पर विस्तार से चर्चा करेगी और इस प्रक्रिया में अन्य हितधारकों से भी बातचीत करेगी। सूत्रों ने बताया कि इस प्रक्रिया में देशभर के बुद्धिजीवियों के साथ-साथ सभी राज्य विधानसभाओं के अध्यक्षों को भी बुलाया जा सकता है। इसके अलावा आम लोगों की राय भी ली जा सकती है क्योंकि आम सहमति के बिना मौजूदा चुनावी व्यवस्था को बदलना बेहद चुनौतीपूर्ण हो सकता है। जानकार बताते हैं कि "एक राष्ट्र एक चुनाव" योजना को लागू करने के लिए संविधान में संशोधन करने के लिए कम से कम छह विधेयक लाने होंगे और इसके लिए सरकार को संसद में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत पड़ेगी। फिलहाल, एनडीए के पास संसद के दोनों सदनों में साधारण बहुमत ही है। ऐसे में संसद के किसी भी सदन में दो-तिहाई बहुमत हासिल करना सरकार के लिए एक कठिन काम हो सकता है। राज्यसभा की 245 सीटों में से एनडीए के पास 112 और विपक्षी दलों के पास 85 सीटें हैं। दो-तिहाई बहुमत के लिए सरकार को कम से कम 164 वोटों की जरूरत है। recent visitors 85

7 शातिर गौ तस्कर गिरफ्तार, उप्र-बाराबंकी में पुलिस एनकाउंटर में 2 बदमाश घायल

बाराबंकी. बाराबंकी में सतरिख थाना क्षेत्र के ग्राम कमरपुर में गौरियाघाट रोड पर बदमाशों की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस दल पर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में पुलिस की गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर दो घायल बदमाश समेत सात शातिर गौ तस्करों को गिरफ्तार किया। गोली लगने से घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सतरिख पुलिस को रविवार की रात को डायल 112 पर सूचना मिली कि थाना ग्राम कमरपुर में गौरियाघाट रोड पर स्थित मां डेयरी के पास कुछ अज्ञात व्यक्ति वाहन लिये जंगल के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं। उक्त सूचना पर स्वाट व थाना सतरिख पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि एक पिकप वाहन तिरपाल से ढ़का हुआखड़ा है। इसके पास ही एक और वाहन था जिसमे लोहे का चापड़, चाकू व छूरी रखी थी। पुलिस वहां पर वाहन मालिकों को तलाश कर रही थी. इसी दौरान जंगल में छिपे हुए बदमाशों ने पुलिस टीम को देखकर गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग की गई। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की। पुलिस की गोली लगने से में सरवर पुत्र मो0 उमर उर्फ गुल्जारी निवासी ग्राम लोधौरा वाजिद अली मौजा केदारपुर थाना महमूदाबाद जनपद सीतापुर व गुफरान पुत्र मो0 रफी निवासी बेलहरा थाना मोहम्मदपुर खाला घायल होकर गिर गए। पुलिस ने घेराबंदी करके मौके से भाग रहे पांच अन्य बदमाश मो. उमर उर्फ गुल्जारी निवासी लोधौरा वाजिद अली मौजा केदारपुर थाना महमूदाबाद सीतापुर, अंकुल निवासी महमूदाबाद जनपद सीतापुर, इरफान निवासी सरैया थाना असन्द्रा, नवीजान निवासी बेलहरा थाना मोहम्मदपुर खाला, मो. अजीज निवासी बेलहरा थाना मोहम्मदपुर खाला को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए सभी बदमाश शातिर गौ तस्कर निकले जिनके ऊपर विभिन्न थानो में कई मुकदमे दर्ज है। पुलिस ने बदमाशों के पास से दो तमंचा और कारतूस बरामद किया। घायल बदमाशो को जिला अस्पताल में इलाज के लिए पुलिस ने भर्ती कराया। recent visitors 118

सूदखोर के जाल में फंसकर तबाह हो रहे जगदलपुर के व्यापारी

रिजर्व बैंक की गाइडलाइन और वित्तीय कानूनों की धज्जियां उड़ा रहा सूदखोर 85 लाख का कर्ज तीन साल में बढ़कर 12 करोड़ हुआ तो घर छोड़कर भागना पड़ा व्यापारी को रायपुर नक्सल प्रभावित बस्तर संभाग के मुख्यालय जगदलपुर में एक सूदखोर के चुंगल में फंसकर कई प्रतिष्ठित व्यापारी तबाह हो रहे हैं। नानजी भाई चोपड़ा नाम का यह सूदखोर जरूरतमंद व्यापारियों को मासिक 3 प्रतिशत ब्याज पर कर्ज देता है। ब्याज की यह रकम सालाना 36 प्रतिशत की दर पर बढ़ती जाती है और व्यापारी को बर्बाद कर देती है। चोपड़ा ने अपनी शर्तों और दरों पर एक अवैध बैंक संचालित कर रखा है। उसने न तो रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया से कोई लाइसेंस लिया है न वित्त विभाग के किसी नियम कानून की उसे कोई परवाह है। हैरानी की बात तो यह है कि अवैध सूदखोरी के इस कारोबार में लेनदेन चोपड़ा और उसके परिजनों के बैंक खातों से खुलेआम किया जा रहा है। अब इस मामले की शिकायत रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की दिल्ली और रायपुर शाखाओं में की गई है। मांग की गई है कि चोपड़ा और उसके परिजनों के खातों की जांच की जाए। नानजी भाई चोपड़ा और उसके परिवार के हितेश चोपड़ा तथा रीता बेन चोपड़ा ने जगदलपुर के एक ठेकेदार बिल्लू ब्याज को सूदखोरी के जाल में फंसाकर इस कदर प्रताड़ित किया कि बिल्लू को शहर छोड़कर लापता होना पड़ा। चोपड़ा बाजार से 10 प्रतिशत सालाना ब्याज पर पैसे उठाता है और उसी पैसे को मासिक 3 प्रतिशत यानी सालाना 36 प्रतिशत की ब्याज दर पर जरूरतमंद व्यापारियों को कर्ज देता है। नियम कानून को ताक पर रखकर वह वसूली के लिए अमानवीय तरीके अपनाता है। व्यापारियों को सरे राह बेइज्जत करना, किसी भी वक्त वसूली के लिए उनके घर पहुंच जाना, धमकी देना आदि तरीकों से वह मूलधन का 80 से 100 गुना तक वसूली करता है। ठेकेदार बिल्लू बजाज ने 2019 में अपने किसी ठेकेदारी के प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए चोपड़ा से 85 लाख रुपए लोन लिया था। 2022 में यह रकम बढ़कर करीब 12 करोड़ हो गई। सूदखोर चोपड़ा की हैंडराइटिंग में उपलब्ध खाते में जो हिसाब दर्ज है उसमें ब्याज पर ब्याज का ऐसा चक्रव्यूह स्पष्ट दिखता है जिससे कोई व्यापारी निकल ही नहीं सकता। बजाज के मामले में चेक से ब्याज की रकम चोपड़ा की पुत्रवधू रीता के खाते में अंतरित की गई है फिर भी मूलधन बढ़ता रहा। बजाज के परिवार को भी जगदलपुर छोड़कर रायपुर में शरण लेनी पड़ी है। चोपड़ा की सूदखोरी का यह अकेला मामला नहीं है। पूछताछ में पता चला है कि दर्जनों व्यापारी उसके चुंगल में फंसकर बर्बाद हो चुके हैं। अब एक व्यापारी ने हिम्मत दिखाते हुए रिजर्व बैंक को शिकायत भेजी है। मामले की जांच हुई तो सूदखोरी के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश होगा।   recent visitors 60

गर्भवती होने पर दर्ज हुई FIR, उप्र-हरदोई में बहनोई ने 17 साल की साली से जबरदस्ती बनाए शारीरिक संबंध

हरदोई. उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद में सुरसा थानाक्षेत्र के एक गांव में चचेरे बहनोई ने साली से जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। साली वह गर्भवती हो गई। पीड़िता के पिता ने बड़े भाई के दामाद पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। घटना 13 जुलाई, 2024 की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सुरसा थानाक्षेत्र के गांव निवासी किशोरी के पिता ने तहरीर में बताया कि 13 जुलाई को बड़े भाई के दामाद श्रीपाल ने 17 वर्षीय बेटी से जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। इससे उनकी बेटी गर्भवती हो गई। इसकी जानकारी होने पर पीड़ित पिता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। थानाध्यक्ष अनेक पाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शिकायत देर से सात दिसंबर को दी गई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। आरोपित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। किशोरी को अगवाकर किया दुष्कर्म, जबरन रचाई शादी सुरसा थानाक्षेत्र में अपने चार साथियों के सहयोग से आरोपित युवक ने एक किशोरी को अगवा करने के बाद शादी कर ली। इसके बाद आरोपित युवक ने युवती के साथ बलात्कार किया। सुरसा थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित पिता की ओर से सुरसा थाने में तहरीर दी गई है। आरोप लगाया कि सुरसा थाना क्षेत्र के सेमरा चौराहा निवासी आरोपित राहुल ने अपने साथी रजकोरा, मुन्ना, सालिकराम व रामकिशन के सहयोग से उसकी नाबालिग बेटी को अगवा कर लिया। उसके बाद झूठी उम्र के दस्तावेज तैयार कर आर्य समाज में शादी कर ली। आरोपी राहुल ने किशोरी के साथ बलात्कार किया। थानाध्यक्ष अनेक पाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। किशोरी को मुक्त कराकर राहुल को गिरफ्तार कर लया गया है। recent visitors 107

‘अपराध होते ही पूरे शहर की सीमाएं करें लॉक’, यूपी DGP ने सभी पुलिस अधिकारियों को दिए निर्देश

लखनऊ. यूपी के डीजीपी ने अपराधियों की धरपकड़ और गश्त व्यवस्था को पहले से ज्यादा मजबूत करने के लिए नाकाबंदी योजना लागू करने के निर्देश दिए है। इसके तहत हर प्रमुख स्थानों व सीमाओं पर नाकाबंदी कर समय समय पर चेकिंग की जाएगी। अगर कहीं कोई घटना हो जाती है तो अपराधियों के पकड़ने के लिए इस योजना के तहत त्रिस्तरीय चेकिंग की जाएगी। सीमा पर निकास व प्रवेश मार्गों के साथ बैरियर प्वाइन्ट सीसी कैमरे की निगरानी में रहेंगे। डीजीपी प्रशांत कुमार ने इस संबंध में सभी आईजी, डीआईजी, पुलिस कमिश्नर व कप्तानों को नाकाबंदी योजना बनाकर देने को कहा है। डीजीपी ने निर्देश दिए हैं कि सभी चिन्हित बिन्दुओं, हॉट स्पाटस पर सूचना मिलते ही चेकिंग शुरू कराने के लिए सभी जरूरी संसाधन जुटा लिए जाए। बैरियर, बूथ को सही कर लिया जाए। ये सभी स्थान आपरेशन त्रिनेत्र व्यवस्था के तहत सीसी कैमरों की जद में कर लिए जाए। सभी पुलिस अधिकारी अपने अधीन थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज को इस बारे में ब्रीफ कर दे। साथ ही यूपी-112 के वाहनों व कर्मचारियों को भी इस योजना में शामिल कर लिया जाए। डीजीपी ने मातहतों को निर्देश दिया है कि इस योजना को शुरू करने से पहले शहर की यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा कर ली जाए। यह ध्यान रखा जाए कि नाकाबंदी की कार्रवाई पर कहीं भी यातायात व्यवस्था बाधित न हो। चेकिंग के समय सुरक्षा उपकरण साथ रहे। डीजीपी ने चेताया कि चेकिंग के समय पुलिसकर्मी सभी तरह के सुरक्षा उपकरणों से लैस रहे। उनके पास बॉडीवार्न कैमरे, डण्डा, सर्विस रिवाल्वर-पिस्टल जरूर रहे। पुलिसकर्मियों को इसमें पारंगत करने के लिए मॉक ड्रिल करा ली जाए। recent visitors 151