Tuesday, July 7, 2026 4:24 pm

पंजाब के किसानों ने निकाले टेंट, हरियाणा में जोर पकड़ता नहीं दिख रहा, जाने कैसे आंदोलन में हुई दोफाड़

नई दिल्ली हरियाणा और पंजाब को जोड़ने वाले खनौरी बॉर्डर पर किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल करीब डेढ़ महीने से अनशन पर हैं। उनके साथ ही हजारों किसान टेंटों में डटे हुए हैं। 26 जनवरी को इन किसानों ने ट्रैक्टर रैली भी निकालने का फैसला लिया है, लेकिन किसान आंदोलन पड़ोसी राज्य हरियाणा में जोर पकड़ता नहीं दिख रहा। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर हरियाणा के किसान पंजाब वालों के साथ आंदोलन में क्यों नहीं उतर रहे हैं। यही नहीं पश्चिम उत्तर प्रदेश के किसानों में भी इसे लेकर कोई हलचल नहीं दिख रही है। लेकिन पंजाब से लगते जिलों करनाल, अंबाला और कुरुक्षेत्र जैसे इलाकों में भी किसानों के बीच आंदोलन को लेकर उत्साह नहीं दिख रहा है। इसके कई कारण माने जा रहे हैं। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में हरियाणा में भाजपा की सरकार वापस लौटी है। इससे किसान आंदोलन का नेतृत्व करने वाले नेताओं का उत्साह ठंडा है। यही नहीं हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार ने भावांतर भरपाई योजना भी लॉन्च की है। इसके माध्यम से एमएसपी में यदि कमी रह जाए तो उन्हें भरपाई की जाएगी। वहीं नायब सिंह सैनी सरकार ने 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने की स्कीम भी लागू की है। इससे किसानों की फसलें बड़े पैमाने पर खरीदी जा रही हैं। माना जा रहा है कि इसके चलते हरियाणा में एमएसपी कानून न होने का कोई नुकसान किसानों को नहीं दिख रहा है। ऐसे में आंदोलन को लेकर भी उनका कोई रुख नहीं है। इसके अलावा एक और जानकारी यह मिल रही है कि संयुक्त किसान मोर्चा पंजाब के संगठनों की ओर से जारी आंदोलन का हिस्सा नहीं है। ऐसे में किसान संगठनों के बीच ही सम्मान की लड़ाई का माहौल बन गया है। हरियाणा के कुछ किसान नेताओं का कहना है कि हमें सम्मान के साथ बुलाया जाए तो हम जाएंगे अन्यथा नहीं। वहीं एक नेता ने तो हरियाणा सरकार के रुख की तारीफ की और कहा कि भले ही एमएसपी पर कानून नहीं है, लेकिन राज्य सरकार ने उसकी भरपाई की कोशिश की है। यदि सभी राज्य ऐसे ही नीति बनाएं तो केंद्र सरकार पर खुद ही दबाव होगा कि वह एमएसपी पर कानून की ओर बढ़े। इस मामले में कानून तो राज्य सरकारें नहीं बना सकतीं। गौरतलब है कि पंजाब के किसानों का नेतृत्व कर रहे जगजीत सिंह डल्लेवाल अपना अनशन तोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। इलाज के लिए भी उन्होंने मना कर दिया है। recent visitors 61

Hare Matar Kabab Recipe: सर्दियों का मजा दोगुना करें हरे मटर के तीखे कबाब के साथ, जानें इसे बनाने की पूरी रेसिपी

Hare Matar Kabab Recipe: सर्दी में कुछ खास और सेहतमंद खाने की तलाश में हैं तो हरे मटर के तीखे कबाब आपके लिए एक शानदार विकल्प हो सकते हैं। यह कबाब स्वाद में तो लाजवाब होते ही हैं, साथ ही आपकी सेहत का भी ध्यान रखते हैं। तो इस सर्दी आप भी स्वादिष्ट और पौष्टिक कबाबों को घर पर बनाकर स्वाद का आनंद ले सकते हैं। Hare Matar Kabab Recipe: सर्दियों की ठंडी हवाएं दस्तक देने के साथ ही गरमागरम और मसालेदार खाने की चाहत बढ़ा देता है। ऐसे में हरे मटर के तीखे कबाब (Hare Matar Kabab Recipe) न केवल आपके स्वाद को बढ़ाते हैं, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद होते हैं। अगर आप इस सर्दी कुछ अलग और मजेदार ट्राई करना चाहते हैं, तो ये रेसिपी आपके लिए परफेक्ट है। हरे मटर के कबाब न केवल स्वाद में बेहतरीन होते हैं, बल्कि स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से भी बेहद फायदेमंद होते हैं। आइए जानते हैं इन कबाबों के कुछ प्रमुख लाभ recent visitors 347

यूक्रेनी पायलट ने पश्चिमी देशों से सप्लाई किए गए एफ-16 लड़ाकू विमान से छह क्रूज मिसाइलों को ध्वस्त की, टेंशन में पुतिन

यूक्रेन यूक्रेन और रूस के बीच पिछले करीब तीन साल से जंग जारी है लेकिन पहली बार यूक्रेन ने रूस पर ऐतिहासिक हमला बोला है, जिससे रूसी राष्ट्रपति पुतिन की टेंशन बढ़ गई है। यूक्रेनी पायलट ने पश्चिमी देशों से सप्लाई किए गए एफ-16 लड़ाकू विमान से एक साथ रूस के छह क्रूज मिसाइलों को ध्वस्त कर दिया है। इससे रूसी सेना में खौफ है। कीव ने इस हमले को ऐतिहासिक घड़ी करार दिया है। यूक्रेन की वायु सेना ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी है। यूक्रेन की वायु सेना ने एक्स पर ट्वीट किया, "यूक्रेन द्वारा संचालित एक फाइटर जेट ने एक ही मिशन के दौरान छह रूसी क्रूज मिसाइलों को मार गिराया है। फाइटिंग फाल्कन के इतिहास में पहली बार, एक F-16 लड़ाकू जेट ने एक लड़ाकू मिशन में छह रूसी क्रूज मिसाइलों को नष्ट कर दिया।" वायु सेना के प्रवक्ता यूरी इहनात ने कहा कि यह सफल ऑपरेशन 13 दिसंबर, 2024 को तब पूरा हुआ, जब लगभग 200 ड्रोन और 94 मिसाइलों के साथ रूस ने यूक्रेन पर हवाई हमला बोला था। यूक्रेनी वायु सेना के प्रवक्ता ने कहा है कि इस हमले पर अमेरिकी सैनिकों को भी यकीन नहीं हो पा रहा लेकिन यह सच है। इस पोस्ट में उन्होंने पायलट के साथ हुए साक्षात्कार का विवरण दिया है। हालांकि उस पायलट की पहचान उजागर नहीं की गई है, जिसने छह रूसी क्रूज मिसाइलों को जमींदोज किया है। यूक्रेनी वायुसेना के प्रवक्ता यूरी इहनात ने कहा, "हमें इस बात का 100 फीसदी भरोसा है कि इतिहास में पहली बार वायु-विरोधी युद्ध अभियान में एक अमेरिकी लड़ाकू एफ-16 ने छह पंखों वाली क्रूज मिसाइलों को मार गिराया है, जिनमें से दो को हवाई तोप से दागा गया है।" बता दें कि लंबे इंतजार के बाद, अमेरिका समेत अन्य पश्चिमी देशों ने यूक्रेन को अगस्त 2024 में एफ-16 लड़ाकू विमानों का पहला बैच सप्लाय किया था। तब यूक्रेन ने यह इस उम्मीद की थी कि वह इन अत्याधुनिक हथियारों की बदौलत रूस को करारा जवाब दे सकेगा और रूस के खिलाफ कीव की लड़ाई में पुराने सोवियत युग के विमानों पर फतह हासिल कर सकेगा लेकिन शुरुआती दौर में यूक्रेन को झटका लगा क्योंकि इसका संचालन करने के दौरान एक यूक्रेनी पायलट की मौत हो गई थी। हालांकि, अमेरिकी सेना से ट्रेनिंग पाकर अब यूक्रेनी पायलट खतरनाक मंसूबों को अंजाम देने लगे हैं। recent visitors 80

भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद ने कहा- 1971 में भी हिंदू मारे गए थे, इतिहास को दोहराने नहीं दे सकते, बांग्लादेश पर ऐक्शन की मांग

वाशिंगटन भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने बांग्लादेश में हिंदुओं और अन्य धार्मिक अल्पसंख्यकों पर हो रहे हमलों को लेकर अपनी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने मंगलवार को अमेरिकी संसद (प्रतिनिधि सभा) में इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के अगस्त 2024 में पद छोड़ने के बाद अल्पसंख्यकों पर हिंसा के मामले तेजी से बढ़े हैं। कृष्णमूर्ति ने अपने संबोधन में कहा, "मैं बांग्लादेश में हिंदुओं और अन्य धार्मिक अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रही हिंसा और उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने के लिए खड़ा हूं। बांग्लादेश के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान 1971 में अनुमानित 3,00,000 से 30 लाख लोग मारे गए थे, जिनमें से अधिकांश हिंदू थे। आज भी बांग्लादेश में हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है—उनके घर और व्यवसाय नष्ट किए जा रहे हैं और उनके मंदिरों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।" हिंसा में तेजी का दावा उन्होंने यह भी बताया कि शेख हसीना के सत्ता से बाहर होने के बाद से इन हमलों में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा, "पिछले अगस्त में हसीना के पद छोड़ने के बाद, इन हमलों में एक बार फिर तेजी आई है। केवल अगस्त महीने में 2,000 से अधिक घटनाएं दर्ज की गई हैं। मैंने इस मामले में अमेरिकी स्टेट डिपार्टमेंट के साथ बातचीत की है और सीनेट की सुनवाई में कार्रवाई की मांग की है, लेकिन हमें और अधिक करना होगा। दुनिया देख रही है, और हम इतिहास को दोहराने नहीं दे सकते।" घटनाओं ने बढ़ाई चिंता बांग्लादेश में अशांति तब और बढ़ गई जब 25 अक्टूबर को चटगांव में चिन्मय कृष्ण दास पर बांग्लादेश के राष्ट्रीय ध्वज के ऊपर भगवा झंडा फहराने का आरोप लगाते हुए राजद्रोह का मामला दर्ज किया गया। उनकी गिरफ्तारी 25 नवंबर को हुई, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़पें हुईं। 27 नवंबर को चटग्राम कोर्ट बिल्डिंग के बाहर हुई झड़प में एक वकील की मौत हो गई। स्थिति तब और बिगड़ गई जब अधिकारियों ने अधिक गिरफ्तारियां शुरू कीं। इस्कॉन कोलकाता के अनुसार, 29 नवंबर को चिन्मय कृष्ण दास से मिलने गए दो भिक्षुओं, आदिपुरुष श्याम दास और रंगनाथ दास ब्रह्मचारी, को भी हिरासत में ले लिया गया। इस्कॉन के उपाध्यक्ष राधा रमण ने बताया कि इन झड़पों के दौरान बांग्लादेश में इस्कॉन के एक केंद्र को भी उपद्रवियों ने नुकसान पहुंचाया। अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप की मांग राजा कृष्णमूर्ति ने कहा कि इस मुद्दे पर तत्काल कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने अपने अमेरिकी सहयोगियों से बांग्लादेश के धार्मिक अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की। बांग्लादेश में धार्मिक हिंसा की ये घटनाएं वैश्विक स्तर पर चर्चा का विषय बन चुकी हैं। अब यह देखना होगा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय और बांग्लादेश की सरकार इस संकट से निपटने के लिए क्या कदम उठाते हैं। recent visitors 102

सुकेश चंद्रशेखर ने अभिनेत्री को आगामी फिल्म ‘फतेह’ की रिलीज के लिए शुभकामनाएं दी, 2025 को बताया नई शुरुआत

मुंबई अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज को ठग सुकेश चंद्रशेखर से एक और पत्र मिला, जिसमें सुकेश ने अभिनेत्री को आगामी फिल्म 'फतेह' की रिलीज के लिए शुभकामनाएं दी। सुकेश चंद्रशेखर ने पत्र में अभिनेत्री को शुभकामनाएं देने के साथ ही अब साल 2025 को रिश्ते की नई शुरुआत का समय बताया। सुकेश चंद्रशेखर ने पत्र में लिखा, "मेरी लेडी लव जैकी, मेरी बोटा बोम्मा, आपको नए साल की हार्दिक शुभकामनाएं। बेबी गर्ल, 2025, यह हमारा साल है। वह साल जिसमें मैं तुम्हारे लिए अपने प्यार को साबित करने जा रहा हूं और अपने प्यार के लिए सबसे बड़ा सरप्राइज देने जा रहा हूं, इस दुनिया के सामने, जो सोचती है कि मैं जुनूनी हूं।“ सुकेश ने आगे कहा, "इसमें कोई संदेह नहीं है कि मैं तुम्हारा दीवाना हूं, मेरी बेबी और मैं जानता हूं कि तुम भी बहुत प्यार करती हो। हम पुराने समय के हैं और अगर आप वाकई उस व्यक्ति के लिए 'प्यार' शब्द का मतलब समझते हैं, तो आपको अपने साथी के प्रति प्यार में डूबे रहना चाहिए। दुनिया क्या सोचती है इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, सिर्फ इतना मायने रखता है कि आप क्या महसूस करते हैं और आपके पास क्या है।" पत्र में उन्होंने दुनिया के बारे में ज्यादा ना सोचने की भी बात कही। उन्होंने कहा, "दुनिया क्या सोचती है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, सिर्फ इतना मायने रखता है कि आप क्या महसूस करते हैं और आपके पास क्या है।“ सुकेश ने यह भी लिखा कि यह साल किस तरह नकारात्मकता को "ठीक" करेगा। उन्होंने लिखा, "इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि दुनिया को यह साबित करना है कि तथाकथित अपराध की कोई भी कहानी कभी सच नहीं थी और केवल एक चीज जो सच थी, वह थी हमारा एक-दूसरे के प्रति प्यार और जुनून।“ उन्होंने ‘फतेह’ के प्रमोशन के दौरान उनके देसी लुक पर भी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “बेबी मुझे सरप्राइज देने के लिए शुक्रिया।“ उन्होंने जैकलीन को अपनी असली बार्बी डॉल बताते हुए कहा फोटोशूट “बहुत बढ़िया” था। उन्होंने आगे लिखा, “बेबी इस साल सरप्राइज की लिस्ट का इंतजार नहीं कर सकता। मैं उत्साहित हूं। सबसे पहले एक साथ वापस आना और इस दुनिया को एक-दूसरे के लिए अपने प्यार से रंगना। बेबी गर्ल एक बार फिर से आपके साथ हुई हर चीज के लिए माफी। इस साल 2025 में एक नई शुरुआत होगी, मैं वादा करता हूं कि आपको हम पर और हमारे प्यार पर गर्व महसूस होगा।" “मेरा विश्वास करो बेबी, हमारी प्रेम कहानी आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मिसाल कायम करेगी, निश्चित रूप से आपको गर्व महसूस कराएगी मेरी जान।“ बता दें, सुकेश चंद्रशेखर अभी भी जेल में है। उसे हाल ही में बॉम्बे हाई कोर्ट ने एक मामले में जमानत दी थी, जिसमें उसे नौ साल पहले गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, ठग को उसके खिलाफ दर्ज कुछ अन्य मामलों में अभी भी जमानत मिलनी बाकी है। recent visitors 127

उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कानून व्यवस्था और नक्सल ऑपरेशन को लेकर पुलिस विभाग की समीक्षा बैठक की

रायपुर छत्तीसगढ़ में कानून व्यवस्था और नक्सल ऑपरेशन को लेकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा आज मंत्रालय में पुलिस विभाग की समीक्षा बैठक ले रहे. यह बैठक देर शाम तक चलेगी. बैठक में अपर मुख्य सचिव मनोज पिंगुवा, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत के अलावा अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं. बता दें कि दो दिन पहले बीजापुर में बड़ी नक्‍सली घटना हुई थी, जिसमें डीआरजी के 8 जवान और एक ड्राइवर शहीद हुए थे. इस घटना के बाद इस बैठक को बेहद अहम माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि डिप्‍टी सीएम विजय शर्मा नक्‍सल विरोधी अभियान की विस्‍तार से समीक्षा करेंगे. साथ ही पुलिस के आला अफसरों के साथ प्रदेश में लॉ एंड आर्डर पर भी विस्तार से चर्चा करेंगे. recent visitors 46

कोटा में जेईई की तैयारी कर रहे हरियाणा के छात्र ने हॉस्टल में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या की, जांच में जुटी पुलिस

कोटा हरियाणा के रहने वाले कोचिंग स्टूडेंट ने कोटा में आत्महत्या कर ली। उसने जवाहर नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक हॉस्टल में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।  मृतक छात्र की पहचान हरियाणा के नावा महेंद्रगढ़ निवासी नीरज जाट के रूप में हुए है। नीरज कोटा में रहकर जेईई की तैयारी कर रहा था। जानकारी के मुताबिक, बीती रात नीरज ने अपने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हॉस्टल मालिक ने फोन कर पुलिस को छात्र की आत्महत्या की जानकारी दी। इसके बाद जवाहर नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने छात्र के शव को कब्जे में लेकर एमबीएस के मोर्चरी में रखवा दिया। फिलहाल, आत्महत्या की वजह क्या रही, इसका खुलासा नहीं हुआ है। साल 2025 में कोटा में छात्र की आत्महत्या का ये पहला मामला है। नीरज दो साल से कोटा में रह रहा था। नीरज कोटा के राजीव गांधी नगर क्षेत्र में आनंद कुंज रेजिडेंसी में रह रहा था। उसने पंखे के कड़े से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा। थाना प्रभारी बुद्धाराम चौधरी ने बताया, "मुझे आज सुबह ही सूचना मिली कि कोटा के राजीव गांधी नगर में एक छात्रावास में रहने वाले छात्र ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। छात्र महेंद्रगढ़, हरियाणा का रहने वाला था और साल 2023 से कोटा में जेईई की तैयारी कर रहा था। मृतक के परिजनों को सूचना दी गई है, और उनके परिजन यहां आ रहे हैं। उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।"   recent visitors 66