Friday, July 3, 2026 11:43 am

जयपुर रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य, मरुधर एक्सप्रेस 3:30 घंटे की देरी से होगी रवाना

जोधपुर जयपुर रेलवे स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य के चलते जोधपुर-वाराणसी सिटी मरुधर एक्सप्रेस रविवार को साढ़े तीन घंटे की देरी से रवाना होगी। सीनियर डीसीएम विकास खेड़ा ने बताया कि जयपुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म संख्या 2 और 3 पर एयर कोनकोर्स निर्माण कार्य के कारण ट्रेन 14864, जोधपुर-वाराणसी सिटी मरुधर एक्सप्रेस 23 मार्च को अपने निर्धारित समय सुबह 8.25 बजे के बजाय 3.30 घंटे देरी से प्रस्थान करेगी। इसके अलावा, ट्रेन 22996, जोधपुर-दिल्ली मंडोर सुपरफास्ट, शनिवार को जोधपुर से रवाना होने के दौरान कनकपुरा रेलवे स्टेशन पर 30 मिनट के लिए रोकी जाएगी। रेलवे ने यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए भगत की कोठी-बांद्रा टर्मिनस-भगत की कोठी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन की शुरुआत की है। इस कड़ी में शनिवार को भगत की कोठी से तीसरे ट्रिप के लिए ट्रेन 04827 सुबह 11.30 बजे रवाना होगी और रविवार सुबह 7.25 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन 04828 रविवार को सुबह 10.30 बजे बांद्रा टर्मिनस से प्रस्थान करेगी और सोमवार सुबह 4.30 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन का संचालन लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, रानी, फालना, जवाई बांध, पिंडवाड़ा, आबूरोड, पालनपुर, महेसाणा, साबरमती, वडोदरा, भरूच, उधना, वापी और बोरीवली स्टेशनों पर ठहराव के साथ किया जाएगा। ट्रेन में 1 सेकंड एसी, 6 थर्ड एसी, 2 थर्ड एसी इकोनॉमी, 7 द्वितीय श्रेणी शयनयान, 4 जनरल और 2 पॉवरकार के डिब्बे होंगे। यात्रियों को यात्रा से पूर्व समय सारणी की जानकारी के लिए रेलवे से संपर्क करने की सलाह दी गई है।   recent visitors 31

प्रवेश वर्मा ने अधिकारियों से कहा, ‘गलियों में उतरो, अपने पैरों को गंदा करो और लोगों को उनकी समस्याओं का समाधान दो

 नई दिल्ली दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा इन दिनों एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं. कल एक एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को सस्पेंड करने के बाद आज एक और इंजीनियर उनके निशाने पर आ गया. प्रवेश वर्मा ने एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के ट्रांसफर का दिया है. उन्होंने कहा कि 'काम नहीं करोगे तो कार्रवाई होगी.' 'ऐसे तो पूरी दिल्ली को सस्पेंड करना पड़ेगा' दिल्ली सरकार में पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि एग्जीक्यूटिव इंजीनियर ने कल रात शराब पी होगी इसलिए उनके मुंह से बदबू आ रही है. उन्होंने कहा, 'मुझे भी ऐसे अधिकारियों को सस्पेंड करना अच्छा नहीं लगता. ऐसा किया तो पूरी दिल्ली को सस्पेंड करना पड़ेगा. सब अधिकारी अच्छे से काम करें और फोन उठाना शुरू करें.' 'गलियों में उतरो, अपने पैरों को गंदा करो' दिल्ली के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए प्रवेश वर्मा ने कहा, 'गलियों में उतरो, अपने पैरों को गंदा करो और लोगों को उनकी समस्याओं का समाधान दो. 10 दिनों के अंदर समाधान नहीं हुआ तो अधिकारियों पर कार्रवाई होगी, जैसे कल एक एग्जीक्यूटिव इंजीनियर को सस्पेंड किया. अब अगला नंबर आप लोगों का हो सकता है.' 'पसीना निकलेगा तो चर्बी घटेगी' एक दिन पहले प्रवेश वर्मा ने दिल्ली के अधिकारियों पर निशाना साधते हुए कहा था कि 10 साल में अधिकारियों की खाल मोटी हो गई है. हम लोग खुद जमीन पर उतरकर पसीना बहा रहे हैं, उनको भी सड़क पर ला रहे हैं. जब उनके पसीने निकलेंगे तो उनकी चर्बी घटेगी. उन्होंने कहा कि काम तो इन्हीं अधिकारियों से करवाएंगे. समर एक्शन प्लान को लेकर हम हर तीसरे दिन बैठक कर रहे हैं. पिछली बैठकों में कितना क्रियान्वयन हुआ है. हर एक चीज की समीक्षा कर रहे हैं, पूरे सिस्टम को ऑनलाइन किया जाएगा और पूरी दिल्ली को ऑनलाइन मॉनिटर किया जाएगा. प्रवेश वर्मा ने कहा, 'अधिकारी चाहते हैं कि वे मॉनिटर ना हों, लेकिन हम लोग करेंगे. हम लोग जहां भी जमीन पर उतरे, वहां पर दिक्कत दिख रही है. लेकिन हम इन्हीं अधिकारियों से काम करवाएंगे.'   recent visitors 27

भारत और अमेरिका के बीच सुरक्षा सहयोग के मोर्चे पर सकारात्मक प्रगति देखने को मिली

नई दिल्ली भारत और अमेरिका के बीच टैरिफ को लेकर चिंता बनी हुई है, लेकिन सुरक्षा सहयोग के मोर्चे पर सकारात्मक प्रगति देखने को मिल रही है। अमेरिकी विमान इंजन निर्माता GE (जनरल इलेक्ट्रिक) इस महीने के अंत तक 99 GE-404 इंजनों में से पहला इंजन हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) को सौंपने की तैयारी में है। यह डिलीवरी दो साल की देरी के बाद हो रही है, जिससे भारतीय वायुसेना (IAF) को काफी राहत मिलेगी। यह कदम तेजस एमके 1ए कार्यक्रम को गति देगा, जिसके तहत भारतीय वायु सेना को 83 विमानों की सप्लाई की जानी है। इस विमान ने मार्च 2024 में अपनी पहली उड़ान भरी थी, लेकिन तब इसमें नए इंजन के बजाय रिजर्व इंजन का उपयोग किया गया था। GE-404 इंजन भारत में निर्मित तेजस मार्क 1-A लड़ाकू विमानों को पावर प्रदान करता है। HAL द्वारा इन विमानों की डिलीवरी में हो रही देरी को लेकर वायुसेना पहले ही चिंता जता चुकी है। मामले की जानकारी रखने वाले अधिकारियों के अनुसार, पहला इंजन वर्तमान में टेस्ट-बेड पर है और इस महीने के अंत तक HAL को मिल सकता है। इसके बाद 2025 में 12 इंजन और उसके बाद हर साल 20 इंजन की डिलीवरी की योजना है। बता दें कि 2021 में 716 मिलियन डॉलर के कॉन्ट्रैक्ट के तहत, जीई को 99 एफ-404 इंजनों की आपूर्ति करनी थी, जिसकी शुरुआत मूल रूप से मार्च 2023 से होने वाली थी। हालांकि, सप्लाई चैन में समस्याओं और महामारी के दौरान पुराने सप्लायर के बंद होने के कारण इसमें देरी हुई। अब, अधिकारियों के अनुसार, पहला इंजन परीक्षण के दौर से गुजर रहा है और इसे मार्च के अंत तक एचएएल को सौंप दिया जाएगा। भारत में GE-414 इंजन निर्माण पर काम GE और HAL मिलकर भारत में GE-414 इंजन के निर्माण पर भी कार्य कर रहे हैं। यह इंजन एडवांस मल्टी-रोल कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) को शक्ति देगा, जिसे रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) विकसित कर रहा है। इस प्रोजेक्ट के तहत इंडिया-US के बीच iCET समझौते के तहत तकनीक ट्रांसफर की योजना बनाई गई है। AMCA के लिए निजी क्षेत्र को शामिल करने की योजना HAL द्वारा 83 LCA MK-1 A लड़ाकू विमानों की सप्लाई में देरी से भारतीय वायुसेना नाराज है। इसी वजह से रक्षा मंत्रालय ने रक्षा सचिव आर. के. सिंह की अध्यक्षता में एक समिति गठित की है, जो भारत के पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान के निर्माण के लिए व्यावसायिक मॉडल पर काम करेगी। यह समिति तकनीकी पहलुओं पर ध्यान नहीं देगी, बल्कि इसमें निजी क्षेत्र की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए एक रोडमैप तैयार करेगी। उद्देश्य यह है कि भारत भविष्य में केवल HAL पर निर्भर न रहे और अन्य निर्माता भी लड़ाकू विमान निर्माण में योगदान दें। भारत को अमेरिकी F-35 या फ्रांसीसी राफेल का विकल्प अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को F-35 फिफ्थ-जनरेशन फाइटर जेट की आपूर्ति का प्रस्ताव दिया है, लेकिन भारत इस दौरान फ्रांसीसी विकल्प पर भी विचार कर रहा है। फ्रांस के साथ बातचीत के तहत ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान के तहत भारत में राफेल लड़ाकू विमान और उसके M-88 इंजन के निर्माण का प्रस्ताव भी शामिल है। सुरक्षा क्षेत्र में हो रही इन नई पहल से भारत के रक्षा क्षमताओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। recent visitors 35

इटारसी के कृषि उपज मंडी कर्मचारियों की छुट्टी रद्द, धान की बढ़ती आवक को देखते हुए लिया गया फैसला

इटारसी कृषि उपज मंडी इटारसी में लगातार धान की आवक हो रही है, जिससे किसानों को सुविधा देने के लिए मंडी प्रशासन ने अब शासकीय अवकाश के दिनों में भी काम करने का फैसला लिया है। मंडी प्रशासन ने 21 मार्च से 29 मार्च तक सातों दिन मंडी को खुला रखने का निर्णय लिया है। मंडी समिति के सचिव अरविंद परिहार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस अवधि में मंडी में हर दिन नियमित रूप से धान की नीलामी और तौल का काम होगा। इस दौरान शनिवार और रविवार को भी मंडी में कार्य होगा। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस अवधि में मंडी कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द (leave cancelled) कर दी गई हैं। किसानों से की अपील मंडी प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे व्यवस्था में सहयोग करें ताकि धान की नीलामी और तौल की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके। यह आदेश अतिरिक्त विकास अधिकारी (राजस्व) और भारसाधक अधिकारी मंडी की ओर से जारी किया गया है। इसके अलावा, इस संबंध में मध्य प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड भोपाल, कलेक्टर नर्मदापुरम, व्यापारी संगठनों और मीडिया को भी सूचना दी गई है। कर्मचारियों की भारी कमी से मंडी प्रशासन परेशान इटारसी कृषि उपज मंडी को स्टाफ की कमी के चलते कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिले की ए-ग्रेड इटारसी कृषि उपज मंडी में कुल 72 पद स्वीकृत हैं, लेकिन इनमें से आधे से अधिक वर्षों से खाली पड़े हैं। वर्तमान में केवल 32 कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनमें से कुछ महिलाएं और विकलांग कर्मचारी भी शामिल हैं।   recent visitors 22

देश के लगभग हर कोने को बिहारियों ने अपने श्रम से सजाया और सुंदर बनाया है -सत्यपाल नरोत्तम

भोपाल भारतीय जनता पार्टी बिहार के वरिष्ठ नेता सत्यपाल नरोत्तम ने शनिवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बिहार दिवस के अवसर पर पार्टी द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि बिहार के लोगों ने अपने काम से पूरे देश में अपनी पहचान बनाई है। देश के लगभग हर कोने को अपने श्रम से सजाया और सुंदर बनाया है। देश की आर्थिक प्रगति के शिल्पकार प्रवासी बिहारियों को मैं बिहार दिवस के अवसर पर अपनी पार्टी की ओर से बधाई देना चाहता हूं और कहना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बिहार की एनडीए सरकार उसे लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा रही है। बिहार की मिट्टी में आपका इतिहास है और हम सभी का सपना है कि बिहार एक बार फिर अतीत की तरह गौरवशाली बने। लेकिन इसके लिए आपके सहयोग और आशीर्वाद की आवश्यकता है। आप बिहार को मजबूत और बेहतर बनाने में अपना योगदान दें। बिहार दिवस के अवसर पर भोपाल में 23 मार्च को स्नेह मिलन सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। पत्रकारवार्ता को जिलाध्यक्ष रवींद्र यति ने भी संबोधित किया। अटलजी की भावना को आगे बढ़ा रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी पार्टी के वरिष्ठ नेता सत्यपाल नरोत्तम ने कहा कि 22 मार्च 1912 को बिहार को पूर्ण राज्य का दर्जा मिला और देश के 12वें राज्य के रूप में बिहार अस्तित्व में आया, तभी से बिहार की यात्रा जारी है। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था कि ‘भारत एक जमीन का टुकड़ा भर नहीं है, बल्कि एक जीता-जागता राष्ट्रपुरुष है।’ स्व. अटलजी की इस भावना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी आगे बढ़ा रहे हैं। पूरे देश को एक सूत्र में पिरोने के लिए प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ अभियान चलाया जा रहा है, ताकि विभिन्न राज्यों के बीच बेहतर संबंध और समन्वय स्थापित हो सके। इसी के अंग के रूप में बिहार दिवस पर बिहार की संस्कृति और एनडीए शासन में हुए विकास का उत्सव मनाने के लिए पूरे देश में 9 दिवसीय अभियान शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने विगत वर्षों में देश को तेज गति से आगे बढ़ाने का काम किया है और इस काम के लिए बिहार के लोगों ने भी अपना पसीना बहाया है। बिहार सदियों से सृजनकर्ता राज्य रहा है, जो स्वयं तपता है, लेकिन उसका लाभ समाज के हर वर्ग और हर प्रदेश को मिलता है। देश की प्रगति में योगदान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी अनेक बार बिहार के लोगों की प्रशंसा कर चुके हैं। बिहार के सम्मान में बजट प्रस्तुत करते समय केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने भी मिथिला प्रिंट की साड़ी पहनी थी। यह बिहार के लिए, बिहार वासियों के लिए और मिथिला पेंटिंग का काम करने वाले लोगों के लिए गौरव का विषय है। बिहार को समृद्धि की ओर ले जा रही एनडीए सरकार पार्टी के वरिष्ठ नेता सत्यपाल नरोत्तम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में एनडीए सरकार के कार्यकाल में बिहार बीमारू राज्यों की श्रेणी से बाहर निकल चुका है। बिहार सुशासन और समृद्धि के रास्ते पर तेजी से कदम बढ़ा रहा है। एनडीए सरकार ने लालू यादव सरकार की तुलना में बिहार के वार्षिक बजट में 15 गुना वृद्धि की है एवं प्रति व्यक्ति आय में आठ गुना बढ़ोतरी हुई है। चारा घोटाले के आरोपी पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव की सरकार की तुलना में बिहार में कृषि विकास दर 10 प्रतिशत ज्यादा एवं औद्योगिक विकास दर लगभग 13 प्रतिशत ज्यादा हो गई है। तेजी से विकास के लिए हमारी सरकार ने बिहार में सड़कों सहित रेलवे और हवाई मार्गों का तेज गति से विकास किया, ताकि बिहार आर्थिक रूप से खुशहाल और सशक्त बन सके। बिहार में महिलाओं, कमजोर वर्गों की बेहतरी के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। बिहार के विकास को जारी रखने के लिए आप सभी का योगदान और आशीर्वाद जरूरी है। भोजपुरी समाज का स्नेह मिलन कार्यक्रम रविवार को- रवींद्र यति बिहार दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे 9 दिवसीय अभियान की जानकारी देते हुए पार्टी के जिला अध्यक्ष रवींद्र यति ने कहा कि रविवार, 23 मार्च को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में भोजपुरी समाज का स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री राजू कुमार सिंह, बिहार के वरिष्ठ नेता सत्यपाल नरोत्तम उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में दौरान बिहार के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी तथा स्नेह भोज भी होगा। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री व बिहार दिवस के प्रभारी रणवीर सिंह रावत, सह प्रभारी विजय दुबे, प्रदेश प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी, अनिल सिंह एवं गंगा यादव उपस्थित रहे। recent visitors 25

फर्जी दस्तावेजों से भारतीय पहचान बनाने वाले तीन बांग्लादेशी घुसपैठिए गिरफ्तार

रायपुर  छत्तीसगढ़ एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने रायपुर से गिरफ्तार किए गए तीन बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके पासपोर्ट निरस्त करवा दिए हैं। इसके अलावा, फर्जी आधार कार्ड और वोटर आईडी को भी रद्द करने के लिए संबंधित विभागों को पत्र भेजा गया है। तीनों बंगलादेशी मोहम्मद इस्माइल (27 साल), शेख अकबर (23 साल) और शेख साजन (22 साल) रिश्ते में भाई है और 8 फ़रवरी को रायपुर से मुंबई एयरपोर्ट पहुंचे थे, जहां से वे फर्जी दस्तावेजों के सहारे इराक भागने की फिराक में थे। लेकिन समय रहते ATS ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। फर्जी दस्तावेजों का जाल, बांग्लादेशी मास्टरमाइंड फरार ATS की जांच में सामने आया कि ये तीनों बांग्लादेशी नागरिक रायपुर में मोहम्मद आरिफ नाम के व्यक्ति की मदद से आधार कार्ड, वोटर आईडी और पासपोर्ट बनवाने में सफल रहे थे। यह पूरा नेटवर्क एक संगठित गिरोह की तरह काम करता था, जिसे शेख अली नाम का व्यक्ति चला रहा था। शेख अली लंबे समय से बांग्लादेशी घुसपैठियों के लिए फर्जी दस्तावेज बनवाकर उन्हें खाड़ी देशों में भेजने का काम कर रहा था। वह अब फरार हो चुका है और पुलिस को उसके बांग्लादेश भागने की आशंका है। शेख अली की तलाश में छत्तीसगढ़ पुलिस की एक टीम बांग्लादेश बॉर्डर तक गई, लेकिन फिलहाल वह हाथ नहीं लगा। 2017 से जारी था फर्जी दस्तावेज बनाने का खेल ATS की जांच में पता चला है कि साल 2017 से यह गिरोह फर्जी दस्तावेजों के जरिए बांग्लादेशी नागरिकों को भारतीय नागरिकता दिलाकर खाड़ी देशों में भेजने का काम कर रहा था। रायपुर का चॉइस सेंटर संचालक मोहम्मद आरिफ भी इस गैंग का हिस्सा था, जो पैसों के बदले फर्जी आधार कार्ड और वोटर आईडी तैयार करता था। ATS को शक है कि इस गिरोह के जरिए कई और बांग्लादेशी भारत में अवैध रूप से रह रहे हैं और फर्जी दस्तावेजों के जरिए देश छोड़ने की फिराक में हैं। जल्द ही इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं। recent visitors 22

शरारती तत्वों ने प्राचीन चामुंडा मंदिर में की तोड़फोड़, हंगामे के बाद पहुंची पुलिस, कर रही जांच

अमरोहा प्राचीन चामुंडा मंदिर की मूर्तियां तोड़ने पर गांव में हिंदू समाज के लोगों में रोष फैल गया। लोगों ने मंदिर पर एकत्र होकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया है। अज्ञात लोगों के खिलाफ तहतीर दी गई है। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है। यह घटना रहरा थाना क्षेत्र के गांव बरतौरा की है। गांव में आबादी से सटा हुआ प्राचीन चामुंडा मंदिर है। बताते हैं कि शुक्रवार की रात को कुछ शरारती तत्वों ने मंदिर में पहुंचकर मंदिर की मूर्तियां तोड़ दी और कुछ मूर्तियां उखाड़ कर ले गए। शनिवार सुबह पूजा अर्चना करने मंदिर पहुंचे लोगों को इसकी जानकारी हुई तो रोष फैल गया। कुछ ही देर में मंदिर पर तमाम ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने घटना के प्रति नाराजगी  जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि यह हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की घटना की गई है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उधर, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया। सीओ दीप  कुमार पंत का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। recent visitors 30