सुप्रीम कोर्ट ने पासपोर्ट देने से इनकार, कोर्ट ने कहा, इलाहाबादिया को अब दो हफ्ते बाद आना

नई दिल्ली सुप्रीम कोर्ट ने यूट्यूबर और पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया को झटका देते हुए पासपोर्ट जारी करने से इनकार कर दिया है। कोर्ट ने इलाहाबादिया को अब दो हफ्ते बाद आने को कहा है। जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस एन कोटिश्वर सिंह की पीठ ने कहा कि अगर पासपोर्ट जारी करने का आदेश दिया जाता है तो इससे जांच प्रभावित हो सकती है। इससे पहले उनके वकील अभिनव चंद्रचूड़ ने कोर्ट से गुजारिश की कि याचिकाकर्ता की आजीविका मशहूर हस्तियों के साक्षात्कार करने से ही चलती है,और इसके लिए उन्हें लगातार यात्रा करनी पड़ती है। इसलिए जब्त पासपोर्ट रिलीज करने का आदेश दिया जाय। चंद्रचूड़ ने ये भी कहा कि याचिकाकर्ता ने पिछले आदेश के अनुसार अंडरटेकिंग भी दाखिल की है। दरअसल, चंद्रचूड़ ने रणवीर इलाहाबादिया के आजीविका प्रभावित होने का हवाला देते हुए उच्चतम न्यायालय से पासपोर्ट जमा करने की शर्त में संशोधन करने का अनुरोध किया था। इलाहाबादिया ने दलील दी थी कि पॉडकास्ट उनकी आजीविका का एकमात्र स्रोत है और उनके द्वारा काम पर रखे गए लगभग 280 लोग इस कार्यक्रम पर निर्भर हैं। दो हफ्ते में पूरी होगी जांच इस पर कोर्ट ने कहा कि इसके दो पहलू हैं। अगर हम आपको यात्रा करने की अनुमति देते हैं, तो जांच पर असर पड़ेगा और उसे स्थगित भी किया जा सकता है। मामले में सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि जांच पूरी होने में अभी 2 सप्ताह लगेंगे। इसके बाद कोर्ट ने इलाहाबादिया को दो सप्ताह बाद आने को कहा। इलाहाबादिया ने उच्चतम न्यायालय के समक्ष संकल्प लिया कि वह अपने शो में शालीनता बनाए रखेंगे। कोर्ट ने एक अन्य यूट्यूबर आशीष चंचलानी का पासपोर्ट भी जारी करने से इनकार कर दिया है। ये सभी स्टैंड-अप कॉमेडी शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' में अश्लील कमेंट करने के आरोपी हैं। शो के दौरान इलनलोगों ने माता-पिता के सेक्स पर अभद्र टिप्पणी की थी। इसके खिलाफ इन पर कई मुकदमे दायर किएा गए थे।   recent visitors 47

जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के कार्यकारणी समिति की बैठक में विभिन्न कार्यों-व्ययों का अनुमोदन

गौरेला पेण्ड्रा मरवाही कलेक्टर श्रीमती लीना कलेश मंडावी की अध्यक्षता में अयोजित जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के कार्यकारणी समिति की बैठक में विभिन्न कार्यों एवं भुगतान व्ययों का अनुमोदन किया गया। कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्षा में अयोजित बैठक में जल जीवन मिशन के तहत विकासखण्ड पेण्ड्रा में बसंतपुर-जाटादेवरी मल्टी विलेज निर्माण कार्य का देयक भुगतान राशि 60 लाख 65 हजार रूपए और तीनों विकासखण्ड गौरेला, पेण्ड्रा एवं मरवाही में सिंगल विलेज योजनाओं के निर्माण कार्यों के देयकों का भुगतान 11 करोड़ 74 लाख रूपए का अनुमोदन किया गया। इसी तरह जल जीवन मिशन अंतर्गत बसंतपुर-जाटादेवरी समूह जल प्रदाय योजना में अतिरिक्त पाईप लाईन 1900 मीटर का विस्तार कार्य और सपोर्ट मद में दिसंबर 2024 एवं जनवरी व फरवरी 2025 के व्यय 24 लाख रूपए का अनुमोदन किया गया। बैठक में अपर कलेक्टर नम्रता आनंद डोंगरे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, कार्यपालन अभियंता लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी सहदेव प्रसाद सोनवानी सहित समिति के सभी सदस्य उपस्थित थे। recent visitors 27

मैंने कुछ समय पहले ही सुना था कि भारत अपने टैरिफ में बहुत बड़ी कटौती करने जा रहा है:डोनाल्ड ट्रंप

वॉशिंगटन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत, चीन, मेक्सिको समेत तमाम देशों पर 2 अप्रैल से रेसिप्रोकल टैक्स लगाने का ऐलान किया है। ट्रंप का कहना है कि टैक्स में असमानता खत्म की जाएगी और यदि किसी देश ने अमेरिकी उत्पादों पर ज्यादा टैक्स लगाया है तो फिर उतना ही टैक्स अमेरिका भी लगाएगा। इस बीच मंगलवार को डोनाल्ड ट्रंप ने अहम टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि मैंने सुना है कि भारत अब अमेरिकी सामानों पर टैक्स कम करने जा रहा है। उन्होंने कहा, 'मैंने कुछ समय पहले ही सुना था कि भारत अपने टैरिफ में बहुत बड़ी कटौती करने जा रहा है और मैंने पूछा था कि ऐसा बहुत पहले क्यों नहीं किया गया?' उन्होंने कहा कि टैरिफ बढ़ाने के फैसले से कई देशों की नीतियों में सुधार आएगा। ट्रंप से पूछा गया कि क्या उनकी ओर से किए गए ऐलान के मुताबिक जो टैरिफ बुधवार से लागू होने वाले हैं, उससे क्या दूसरे देश चीन की ओर नहीं जाएंगे। इस पर डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ऐसा नहीं होगा। इसकी बजाय सभी देश टैक्स को लेकर अच्छी नीति बना सकेंगे। अभी इस पॉलिसी में गैर-बराबरी है। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'मैं इसके बारे में चिंतित नहीं हूं। मुझे लगता है कि टैरिफ के साथ वास्तव में उनके पास बेहतर करने का मौका है। यह फैसला वास्तव में उनकी ही मदद करेगा। मुझे लगता है कि उनमें से बहुत से लोग अपने टैरिफ कम कर देंगे क्योंकि वे वर्षों से अमेरिका पर मनमाना टैरिफ लगा रहे हैं।' हालांकि ट्रंप ने यह नहीं बताया कि ऐसा कैसे होगा। उन्होंने कहा कि यूरोप ने तो अमेरिका में बनी कारों पर टैक्स में 2.5 फीसदी की कटौती कर दी है। ट्रंप ने कहा कि आप देखिए कि यूरोपियन यूनियन ने कारों पर टैरिफ में 2.5 फीसदी तक की कटौती की है। कुछ दिन पहले ही उसने ऐला किया था और अब यह कटौती हुई है। बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप के ऐलान से पूरी दुनिया में हलचल मची है। उन्होंने 2 अप्रैल को मुक्ति दिवस का ऐलान किया है। उनका कहना है कि यह दिन होगा, जब अमेरिका महंगे टैरिफ का बदला लेगा। उनका कहना है कि चीन, कनाडा, मेक्सिको, यूरोप और भारत जैसे देश ज्यादा टैरिफ लगा रहे हैं, जबकि अमेरिका में वहां के उत्पादों पर कम टैक्स है। इससे गैर-बराबरी है। इसका खामियाजा अमेरिका की अर्थव्यवस्था उठा रही है। यहां के लोग भी इसका नुकसान उठा रहे हैं। बता दें कि ट्रंप के ऐलान के बाद से दुनिया भर के बाजारों में गिरावट का दौर जारी है। भारत के ही बाजार में आज सुबह से बड़ी गिरावट देखी गई है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज 1352 अंकों की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। शुरुआत ही 350 अंकों की गिरावट के साथ ही हुई थी। फिलहाल भारतीय उद्योगों ने सरकार से अपील है कि डोनाल्ड ट्रंप से बात की जाए। खासतौर पर फार्मा सेक्टर और आईटी कंपनियों में ज्यादा हलचल देखी जा रही है। recent visitors 28

अम्बिकापुर : आवासीय खेल अकादमी रायपुर में प्रवेश हेतु जिले के खिलाड़ी 10 अप्रैल तक कर सकते हैं आवेदन

अम्बिकापुर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक संचालक ने बताया कि संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण रायपुर छत्तीसगढ़ द्वारा रायपुर जिले में संचालित आवासीय खेल अकादमी में हॉकी (बालक/बालिका), तीरंदाजी (बालक/बालिका) तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 से संचालित की जाने वाली आवासीय खेल अकादमी फुटबॉल (बालक/बालिका) एवं एथलेटिक्स (बालक/बालिका) का खेल अकादमी में खिलाड़ियों के नवीन प्रवेश हेतु राज्य स्तरीय चयन ट्रायल का आयोजन किया जा रहा है।  जिले के इच्छुक खिलाड़ी बालक/बालिका आयु वर्ग 13 वर्ष से 17 वर्ष तक के खिलाडियों को 10 अप्रैल 2025 तक कार्यालय सहायक संचालक खेल एवं कल्याण सरगुजा में संबंधित खेल के उच्च स्तरीय खेल प्रमाण पत्र के साथ अपना जन्म प्रमाण-पत्र, आधारकार्ड की छायाप्रति, मार्कशीट जिसमें जन्म तिथि का उल्लेख हो की छायाप्रति तथा पासपोर्ट साईज की नवीनतम फोटो के साथ पंजीयन करा सकते हैं तथा विस्तृत जानकारी कार्यालयीन समय में कार्यालय से प्राप्त कर सकते है। recent visitors 32

भोपाल मंडल से गुजरेगी आरक्षित समर स्‍पेशल ट्रेनें

भोपाल  रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा तथा ग्रीष्मकालीन के दौरान उनकी यात्रा मांग को पूरा करने के उद्देश्य से विभिन्न गंतव्यों के लिए विशेष किराये पर आरक्षित विशेष ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया गया है। यह स्पेशल ट्रेनें भोपाल मंडल के इटारसी  स्टेशन से होकर गुजरेगी। इन स्पेशल ट्रेनों का विवरण निम्नानुसार है:- आरक्षित विशेष ट्रेन सेवा 1) एलटीटी-दानापुर-एलटीटी द्वि-साप्ताहिक विशेष (50 सेवा) 01009 द्वि-साप्ताहिक विशेष दिनांक 07.04.2025 से 30.06.2025 तक प्रत्येक सोमवार और शनिवार को 12.15 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस से प्रस्थान करेगी और अगले दिन 17.00 बजे दानापुर पहुँचेगी। (25 सेवाएं) 01010 द्वि-साप्ताहिक विशेष दिनांक 08.04.2025 से 01.07.2025 तक प्रत्येक मंगलवार और रविवार को 19.00 बजे दानापुर से प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन 04.40 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी। (25 सेवाएं) ठहराव : ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, जलगांव, भुसावल, खंडवा, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, मदन महल, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पं. दीन दयाल उपाध्याय जं.,बक्सर एवं आरा। संरचना: एक वातानुकूलित-2 टियर, 5 वातानुकूलित -3 टियर, 10 शयनयान श्रेणी, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी और 2 द्वितीय श्रेणी-सह-गार्ड की ब्रेक वैन। 2) एलटीटी-मऊ-एलटीटी द्वि-साप्ताहिक विशेष (48 सेवा) 01123 द्वि-साप्ताहिक विशेष दिनांक 06.04.2025 से 29.06.2025 तक (02.05.2025 को छोड़कर) प्रत्येक शुक्रवार और रविवार को 12.15 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस से प्रस्थान करेगी और अगले दिन 20.20 बजे मऊ पहुंचेगी। (24 सेवाएं) 01124 द्वि-साप्ताहिक विशेष दिनांक 08.04.2025 से 01.07.2025 तक (10.06.2025 को छोड़कर) प्रत्येक रविवार और मंगलवार को 05.50 बजे मऊ से प्रस्थान करेगी और अगले दिन 16.45 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी। (24 सेवाएं) ठहराव : ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, जलगांव, भुसावल, खंडवा, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, मदन महल, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, वाराणसी जंक्शन, जौनपुर जंक्शन और औंरिहार। संरचना: एक वातानुकूलित -2 टियर, 5 वातानुकूलित -3 टियर, 10 शयनयान श्रेणी, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी और 2 द्वितीय श्रेणी-सह-गार्ड की ब्रेक वैन। 3) एलटीटी-मऊ-एलटीटी अध्यापक विशेष (टीचर्स स्पेशल) (2सेवा) 01123 अध्यापक विशेष दिनांक 02.05.2025 लोकमान्य तिलक टर्मिनस से  12.15 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन 20.20 बजे मऊ पहुंचेगी। (1 सेवा) 01124 अध्यापक विशेष दिनांक 10.06.2025 को मऊ से 05.50 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन 16.45 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी। (1 सेवा) ठहराव: ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, जलगांव, भुसावल, खंडवा, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, मदन महल, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, वाराणसी जंक्शन, जौनपुर जंक्शन और औंरिहार। संरचना: एक वातानुकूलित-2 टियर, 5 वातानुकूलित -3 टियर, 10 शयनयान श्रेणी, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी और 2 द्वितीय श्रेणी-सह-गार्ड की ब्रेक वैन। 4) एलटीटी-बनारस-एलटीटी द्वि-साप्ताहिक विशेष (48 सेवा) 01053 द्वि-साप्ताहिक विशेष दिनांक 09.04.2025 से 26.06.2025 तक प्रत्येक बुधवार और गुरुवार को 12.15 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस से प्रस्थान करेगी और अगले दिन 16.05 बजे बनारस पहुंचेगी (24 सेवाएं) 01054 द्वि-साप्ताहिक विशेष दिनांक 10.04.2025 से 27.06.2025 तक प्रत्येक गुरुवार और शुक्रवार को 20.30 बजे बनारस से प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन 04.40 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी (24 सेवाएं) ठहराव: ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, जलगांव, भुसावल, खंडवा, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, मदन महल, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर और प्रयागराज छिवकी। संरचना: एक वातानुकूलित-2 टियर, 5 वातानुकूलित -3 टियर, 10 शयनयान श्रेणी, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी और 2 द्वितीय श्रेणी-सह-गार्ड ब्रेक वैन। 5) एलटीटी-समस्तीपुर-एलटीटी साप्ताहिक एसी विशेष (24 सेवा) 01043 साप्ताहिक एसी विशेष दिनांक 08.04.2025 से 24.06.2025 तक प्रत्येक मंगलवार को 12.15 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस से प्रस्थान करेगी और अगले दिन 21.15 बजे समस्तीपुर पहुंचेगी (12 सेवाएं) 01044 साप्ताहिक एसी विशेष दिनांक 09.04.2025 से 25.06.2025 तक प्रत्येक बुधवार को 23.20 बजे समस्तीपुर से प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन 11.00 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी (12 सेवाएं) ठहराव: ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, जलगांव, भुसावल, खंडवा, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, मदन महल, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पं. दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र जंक्शन, हाजीपुर और मुजफ्फरपुर। संरचना: एक वातानुकूलित प्रथम श्रेणी, तीन वातानुकूलित-2 टियर, 15 वातानुकूलित-3 टियर, 1 पेंट्री कार और 2 जेनरेटर कार । 6) सीएसएमटी-आसनसोल-सीएसएमटी साप्ताहिक विशेष (24 सेवा) 01145 साप्ताहिक दिनांक 07.04.2025 से 23.06.2025 तक प्रत्येक सोमवार को 11.05 बजे सीएसएमटी से प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन 02.50 बजे आसनसोल पहुंचेगी (12 सेवाएं) 01146 साप्ताहिक विशेष दिनांक 09.04.2025 से 25.06.2025 तक प्रत्येक बुधवार को 21.00 बजे आसनसोल से रवाना होगी और तीसरे दिन 08.15 बजे सीएसएमटी पहुंचेगी (12 सेवाएं) ठहराव: दादर, कल्याण, नासिक रोड, भुसावल, इटारसी, जबलपुर, सतना, प्रयागराज छिवकी, पं. दीन दयाल उपाध्याय, सासाराम, देवरिया सदर, गया, कोडरमा, नेताजी सुभाषचंद्र बोस जं गोमो, धनबाद और कुलटी। संरचना: चार वातानुकूलित-2 टियर, 6 वातानुकूलित-3 टियर, 4 शयनयान श्रेणी, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 1 द्वितीय श्रेणी-सह-गार्ड ब्रेक वैन और 1 जेनरेटर कार । 7) पुणे-दानापुर-पुणे द्वि-साप्ताहिक विशेष (50 सेवा) 01481 द्वि-साप्ताहिक विशेष दिनांक 07.04.2025 से 30.06.2025 तक प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को 19:55 बजे पुणे से प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन 07.30 बजे दानापुर पहुँचेगी (25 सेवाएं)। 01482 द्वि-साप्ताहिक विशेष दिनांक 09.04.2025 से 02.07.2025 तक प्रत्येक बुधवार और रविवार को 08.30 बजे दानापुर से प्रस्थान करेगी और अगले दिन 17:35 बजे पुणे पहुँचेगी (25 सेवाएं)। ठहराव: दौंड कॉर्ड केबिन, अहमदनगर, कोपरगांव, मनमाड, जलगांव, भुसावल, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, मदन महल, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा। संरचना: 01 वातानुकूलित 2-टियर, 05 वातानुकूलित 3-टियर, 10 शयनयान श्रेणी, 04 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 02 द्वितीय श्रेणी-सह-गार्ड ब्रेक वैन 08) पुणे-गाजीपुर सिटी-पुणे द्वि-साप्ताहिक विशेष (48 सेवा) 01431 द्वि-साप्ताहिक विशेष दिनांक 08.04.2025 से 27.06.2025 तक प्रत्येक शुक्रवार और मंगलवार को 06:40 बजे पुणे से प्रस्थान करेगी और अगले दिन 20.15 बजे ग़ाज़ीपुर सिटी पहुंचेगी। (24 सेवाएं)। 01432 द्वि-साप्ताहिक दिनांक 10.04.2025 से 29.06.2025 तक प्रत्येक रविवार और गुरुवार को 04:20 बजे गाज़ीपुर सिटी से प्रस्थान करेगी और अगले दिन 16:20 बजे पुणे पहुंचेगी। (24 सेवाएं) ठहराव: दौंड कॉर्ड केबिन, अहमदनगर, मनमाड, जलगांव, भुसावल, खंडवा, इटारसी, पिपरिया, नरसिंहपुर, मदन महल, कटनी, मैहर, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, वाराणसी, जौनपुर और औंरिहार जंक्शन। संरचना: 01 वातानुकूलित 2-टियर, 05 वातानुकूलित 3-टियर, 10 शयनयान श्रेणी, 04 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 02 द्वितीय श्रेणी-सह-गार्ड ब्रेक वैन रेल यात्रियों से अनुरोध है कि समर स्पेशल ट्रेनों की विस्तृत जानकारी रेलवे स्टेशन, रेल मदद 139 एवं ऑनलाइन वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं। recent visitors 29

योगी ने बरेली से स्‍कूल चलो अभियान और विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया

बरेली मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने मंगलवार को बरेली से स्‍कूल चलो अभियान और विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके एक जनसभा को संबोधित करते हुए विरोधियों पर जमकर हमला बोला। उन्‍होंने अपनी सरकार की उपलब्धियों का उल्‍लेख करते हुए कहा कि ये वही बरेली है जहां 2017 के पहले, वर्ष में 5, 7, 10 दंगे हुआ करते थे। पिछले आठ वर्ष में बरेली में यहां कोई दंगा नहीं हुआ। बरेली अब चंगा है। अब बरेली में कोई दंगा नहीं होता है। अब बरेली में दंगा नहीं चंगा है। दंगाई सब चूहे की तरह बिलबिलाते हैं लेकिन बाहर निकलने का दुस्‍साहस नहीं कर पाते हैं। उन्‍हें मालूम है कि दंगा करेंगे तो दुष्‍परिणाम क्‍या होगा? बाप-दादाओं ने जो कमाई की होगी वो भी एक झटके में सरकार जब्‍त करके गरीबों में बंटवाने का काम कर देगी। सीएम योगी ने मंगलवार को बरेली को कई सौगातें दीं। उन्‍होंने 933 करोड़ की 132 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास और 2,554 नई एंबुलेंस का फ्लैग ऑफ किया। उन्‍होंने कहा कि आज बरेली विकास के पथ पर अग्रसर हुआ है। इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर का नया मॉडल दे रही है। अपनी नाथ नगरी की पहचान को पिछली सरकारों ने झुमका के साथ जोड़ा था, हम लोगों ने बरेली को नाथ नगरी के रूप में नाथ कॉरीडोर देकर आपको आपकी पहचान दिलाने का काम किया है। आज बरेली में निवेश आ रहा है। यहां पर इंडस्‍ट्री लग रही है। समाजवादी पार्टी के मुखिया के 'गोबर से दुर्गंध' वाले बयान पर उन्‍हें घेरते हुए सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने निराश्रित गोवंश दिए। गायों को लावारिस छोड़ दिया था। सपा के मुखिया कहते हैं कि गोवंश से दुर्गंध आती है। इनकी असलियत यही है। ये गोमाता को कसाइयों के हवाले करते थे। हमने कसाइयों को जब भेजा जहन्‍नुम की यात्रा में तो इनको परेशानी हुई। इनकी परेशानी तो ये है कि इनके मित्र कसाई तो सब चले गए जहन्‍नुम में। अब गोवंश को बचाने की चुनौती थी तो आप ही की धरती के सपूत आंवला के विधायक ने 7700 से अधिक निराश्रित गोआश्रय स्‍थल खोल दिए। वहां पर 14 लाख से अधिक गोवंश की देखभाल तो स्‍वयं राज्‍य सरकार कर रही है। शेष हमने अन्‍नदाता किसानों को दिए हैं। आप भी पालिए। एक गोवंश रखने के लिए सरकार 1500 रुपए देती है। गोवंश की सेवा के लिए पुण्‍य भी पाओ, सरकार का अनुदान भी पाओ। recent visitors 34

बस्तियों का दौरा कर स्वच्छता अभियान में भाग लें पार्टी पदाधिकारी – हितानंद जी

भोपाल  भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में भोपाल जिले की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ के व्हाट्सअप और लाभार्थी प्रमुख ‘मन की बात’ कार्यक्रम में लोगों को जोड़ें। कार्यकर्ता 6 अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस और 14 अप्रैल को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती की तैयारियों में जुट जाएं। मंडल समितयों में महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस मनाने के लिए विशेष तैयारियां करें और अपने निवास और पार्टी कार्यालय पर पार्टी का ध्वज लगाकर पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाएं। कार्यालय की सजावट कर रंगोली सजाएं तथा मिठाई बांटें। सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया पर ‘‘हैशटैग बीजेपी फॉर विकसित भारत’’ के साथ पोस्ट करें। बैठक को प्रदेश उपाध्यक्ष कांतदेव सिंह, प्रदेश महामंत्री व विधायक भगवानदास सबनानी एवं जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति ने भी संबोधित किया। बस्तियों में स्वच्छता व सेवा कार्यों में जुटें पदाधिकारी भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने कहा कि 6 एवं 7 अप्रैल को बूथ स्तर पर और 8-9 अप्रैल को मंडल व विधानसभा स्तर पर भाजपा की चुनावी सफलता, संगठनात्मक विस्तार, भारतीय राजनीति में भाजपा द्वारा लाया गया परिवर्तन एवं प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी जी के साथ विकसित भारत की ओर यात्रा जैसे विषयों पर नए प्राथमिक सदस्यों का सम्मेलन आयोजित करना सुनिश्चित करें। 7 से 12 अप्रैल के बीच जिला पदाधिकारी, जन प्रतिनिधि व मंडल अध्यक्ष दिन में 8 घंटे “बस्ती चलो अभियान“ के तहत सेवा बस्ती का दौरा कर मंदिर, अस्पताल, स्कूल व गलियों में स्वच्छता अभियान में भाग लें। इस दौरान विभिन्न योजनाओं के 10 लाभार्थियों से मिलकर उनसे बातचीत करें, आंगनवाड़ी केंद्र, स्कूल, पशु चिकित्सालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व पंचायत कार्यालय का दौरा कर जल संरचनाओं की सफाई में सहभागिता करें। स्थानीय निवासियों की चौपाल का आयोजन तथा अलग-अलग समुदाय के प्रतिष्ठित व्यक्तियों के घर पहुंचना है। वरिष्ठ पार्टी कार्यकर्ता, मीसा बंदी तथा कारसेवकों का सम्मान करने के साथ बूथ समितियों की बैठक आयोजित करना है। बाबा साहब की प्रतिमाओं को सफाई कर मनाएं दीपोत्सव भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने कहा कि भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के पूर्व 13 अप्रैल को उनकी प्रतिमाओं की सफाई करना तथा संध्या के समय दीपोत्सव मनाना है। 14 अप्रैल को बाबा साहब की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करना है। आंगनबाड़ी केंद्रों और अनुसूचित जाति बस्तियों के स्कूल परिसरों की सफाई एवं सामुदायिक सुविधाओं का रखरखाव किया जाए। 15 से 25 अप्रैल के बीच समाज के विभिन्न वर्गों के वरिष्ठों के साथ कम से कम 2 सत्रों की जिला स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन कर कांग्रेस द्वारा किए गए बाबा साहब के अपमान और भाजपा द्वारा दिए जा रहे सम्मान और जिस तरह से कांग्रेस ने संविधान से खिलवाड़ किया तथा भाजपा ने संविधान के प्रति जो सम्मान प्रदर्शित किया है, उस पर विस्तार से चर्चा की जाए। उन्होंने कहा कि पार्टी पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी का शताब्दी वर्ष समारोह मना रही है, इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता श्रद्वेय अटल जी के पत्र, फोटो, वीडियो आदि के माध्यम से नए कार्यकर्ताओं को अवगत कराएं। बैठक में पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सीमा सिंह जादौन, जिला प्रभारी महेन्द्र सिंह यादव, महापौर श्रीमती मालती राय, वरिष्ठ नेता प्रदीप त्रिपाठी, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी मंचासीन रहे।   recent visitors 36