BJYM meeting concludes regarding the foot march of Save Democracy-Remove Anarchy campaign
- 2 नवंबर को जबलपुर में आयोजित होगी पदयात्रा, कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह की उपस्थिति में नवनियुक्त अध्यक्ष रविंद्र तिवारी के नेतृत्व में हुई तैयारियों की समीक्षा

विशेष संवाददाता जितेन्द्र श्रीवास्तव
जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी के निर्देशानुसार ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ अभियान के अंतर्गत आगामी 2 नवंबर को जबलपुर में आयोजित होने वाली पदयात्रा की तैयारियों को लेकर आज भाजपा संभागीय कार्यालय रानीताल में भारतीय जनता युवा मोर्चा महानगर जबलपुर की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर के निर्देश पर आयोजित इस बैठक में मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं भाजयुमो के नवनियुक्त नगर अध्यक्ष रविंद्र तिवारी के नेतृत्व में अध्यक्ष बनने के बाद पहली बैठक आयोजित हुई।

बैठक के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त नगर अध्यक्ष रविंद्र तिवारी का पुष्पमालाओं से स्वागत एवं अभिनंदन किया।

भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और जनहित के विषयों को लेकर सदैव सक्रिय रहता है। ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ अभियान के माध्यम से जनता तक लोकतंत्र की वास्तविक भावना और संगठन का संदेश पहुंचाना है। आगामी 2 नवंबर की पदयात्रा को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ता पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ जुटें।

कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जागरूक नागरिक और सक्रिय युवा शक्ति आवश्यक हैं। युवा मोर्चा संगठन की ऊर्जा और सामर्थ्य का प्रतीक है। आगामी 2 नवंबर को आयोजित पदयात्रा में युवाओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित कर अभियान को व्यापक और प्रभावी बनाया जाए।

भाजयुमो के नवनियुक्त नगर अध्यक्ष रविंद्र तिवारी ने कहा कि नगर अध्यक्ष का दायित्व मिलने के बाद यह पहली बैठक है और संगठन ने जो विश्वास व्यक्त किया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास किया जाएगा। आगामी 2 नवंबर की पदयात्रा को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के लिए युवा मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटेगा। संगठन की विचारधारा और अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता रहेगी।

इस अवसर पर मंच पर विधायक डॉ. अभिलाष पांडे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, प्रदेश कोषाध्यक्ष सीए अखिलेश जैन, भाजपा जिला प्रभारी एवं पूर्व सासंद आलोक संजर, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, प्रदेश संयोजक संदीप रजक, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्रीकांत साहू , भाजपा महामंत्री पंकज दुबे, रंजीत पटेल, सोनू बचवानी, जेडीए उपाध्यक्ष प्रशांत केशरवानी, भाजयुमो प्रदेश उपाध्यक्ष योगेंद्र सिंह, नीति शोध प्रदेश प्रभारी जय रोहाणी, श्रीकांत वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।