नवजात बच्ची को गोद में लेकर किया दुलार, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पहुंचे महारानी अस्पताल

रायपुर, जिस समय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय महारानी अस्पताल पहुंचे। उसी समय कोंडगांव की मोनिका त्रिपाठी को पुत्री रत्न की प्राप्ति हुई थी। मुख्यमंत्री को इसकी जानकारी मिली तो मुख्यमंत्री बिटिया को आशीर्वाद देने पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत शुभ घड़ी है। बिटिया के दर्शन हुए हैं। मुख्यमंत्री ने बिटिया को अपने हाथों में लिया और दुलारा। आशीर्वाद देते हुए पांच सौ रुपए की राशि भेंट की। उन्होंने बिटिया के पिता प्रत्युष त्रिपाठी को भी बहुत बधाई दी। उन्होंने कहा कि आपके घर लक्ष्मी आई है आपको बहुत बधाई। प्रत्युष त्रिपाठी ने कहा कि बिटिया को मुख्यमंत्री का आशीर्वाद मिल गया, ये उनकी बिटिया के लिए सबसे बड़ी निधि है। recent visitors 122

नेता जितेंद्र आव्हाड की गाड़ी पर हमला मामले में एनसीपी नेताओं ने हमले की निंदा की, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

मुंबई महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री और एनसीपी (शरद पवार गुट) के नेता जितेंद्र आव्हाड की गाड़ी पर हमला किया गया है। जानकारी के अनुसार, तीन अज्ञात लोगों ने जितेंद्र आव्हाड की गाड़ी पर हमला किया है। यह हमला ठाणे की तरफ जाते समय फ्री-वे रोड के पास हुआ है। हमलावर स्वराज संगठन के कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हमले के बाद राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। एनसीपी (शरद पवार गुट) के नेताओं ने हमले की निंदा की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना के बाद पत्रकारों से बात करते हुए जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि तीन लोगों ने मेरी कार पर हमला किया। जिस वक्त हमला हुआ, उस वक्त मेरे साथ चार पुलिसकर्मी थे, लेकिन, मैंने युवाओं पर कार्रवाई करने के लिए नहीं कहा। मैं कायरतापूर्ण हमलों से नहीं डरूंगा। बता दें कि बीते दिनों कोल्हापुर के विशालगढ़ में हुए दंगों के बाद जितेंद्र आव्हाड ने पूर्व सांसद छत्रपति संभाजी राजे की आलोचना की थी। उन्होंने सवाल करते हुए कहा था कि क्या संभाजी राजे के शरीर में छत्रपति शाहू महाराज का खून बह रहा है? इसकी जांच होनी चाहिए। माना जा रहा है कि उनके इसी बयान का गुस्सा निकालते हुए स्वराज संगठन के लोगों ने उनकी कार पर हमला कर दिया। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है और उसका दावा है कि जल्द ही सच्चाई सामने आएगी। recent visitors 121

बीएचईएल के व्यापारियों और दुकानदारों की लंबित समस्याओं का होगा निराकरण

भोपाल बीएचईएल स्थित 1420 दुकानों की नवीनकरण की कार्यवाही जल्द शुरू होगी। दुकानदारों द्वारा नवीनकरण के संबंध में लांयसेंस फीस निर्धारण और नामांतरण की राशि के दिये गये प्रस्ताव अनुसार कार्यवाही के लिये पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर के प्रस्ताव पर केन्द्रीय भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री श्री एचडी कुमारस्वामी ने कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने गुरूवार को नई दिल्ली में संसद भवन में केन्द्रीय भारी उद्योग मंत्री श्री कुमारस्वामी से भेंट कर उन्हें बीएचईएल व्यवसाइयों, दुकानदारों एवं ठेका श्रमिकों की समस्याओं से संबंधित मांग पत्र सौपा। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने बीएचईएल में स्थित 1420 दुकानों के नवीनिकरण के संबंध में लायसेंस फीस और नामांतरण राशि के निर्धारण में की गई वृद्धि और दुकानदारों द्वारा दिये गये प्रस्ताव की जानकारी से भारी उद्योग मंत्री श्री कुमारस्वामी को अवगत कराया। केन्द्रीय मंत्री श्री कुमारस्वामी ने उद्योग मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रस्ताव पर विचार कर निराकरण के लिये कहा। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने बीएचईएल के 15 मार्केट के 1422 व्यापरियों के द्वारा बीएचईएल और व्यापरियों के मध्य अनुबंध के संबंध आ रही समस्या से अवगत कराया। इस संबंध में भारी उद्योग मंत्री श्री कुमारस्वामी ने समस्या के तुरंत निराकरण के लिये अधिकारियों को निर्देश दिये। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने बीएचईएल के ठेका श्रमिकों (वर्क्स कॉन्ट्रैक्ट श्रमिकों) को ठेकेदार द्वारा समय पर वेतन नहीं देने, बिना कारण बताये कार्य से बाहर करने और फिर से कार्य पर लेने के लिये पैसे की मांग करना, ठेकदार द्वारा श्रमिकों को दिये जाने वाले मासिक वेतन में से कमीशन लेने, बोनस की पूरी राशि नहीं देने और श्रमिकों के वेतन से काटी गई इएसआई और पीएफ राशि भी ठेकेदारों द्वारा खाते में कम जमा कराने की समस्या से भारी उद्योग मंत्री श्री कुमारस्वामी को अवगत कराया। केन्द्रीय मंत्री श्री कुमारस्वामी ने इस संबंध में भी निराकरण के लिये संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये।   recent visitors 120

फैक्ट्री से गैस लीक होने की खबर मिलते ही एनडीआरएफ, दमकल विभाग और पुलिस की टीम तैनात, मची अफरा-तफरी

गुरुग्राम हरियाणा के गुरुग्राम में कादीपुर इंडस्ट्रियल एरिया की एक फैक्ट्री में गुरुवार को गैस लीक होने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर मौके पर एनडीआरएफ, दमकल विभाग और पुलिस की टीम तैनात कर दी गई है। गुरुवार शाम को फैक्ट्री से गैस लीक होने की खबर सामने आई। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने तुरंत सारे इंतजाम किए। गैस लीकेज के चलते प्रशासन ने फैक्ट्री को खाली करा दिया है। सुरक्षा के चलते आसपास के लोगों से भी इलाके से हटने की अपील की जा रही है। घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड और सिविल डिफेंस टीम समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी मौजूद हैं। इलाके में लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। सड़क पर बैरिकेड लगा दिया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिसकर्मी हेलमेट और मास्क लगाकर तैनात हैं। गैस से अभी तक किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है। किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मौके पर एंबुलेंस की टीम भी मौजूद है। कादीपुर के पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया है। सड़कों पर प्रशासन के अलावा कोई भी नजर नहीं आ रहा है। लोग अपने-अपने घरों में बंद हो गए हैं। गैस लीकेज के कारण का अब तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और अन्य टीमें इसकी जांच में जुटी हुई है। प्रशासन की पहली प्राथमिकता किसी भी अप्रिय घटना को होने से रोकना है। जिसके चलते एनडीआरएफ, दमकल विभाग, चिकित्सा टीम को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। recent visitors 107

सीएम योगी ने कहा- इन लोगों ने देश की जनता को ठगने का काम किया है, संविधान बदलने की बात कहकर जनता को गुमराह किया

लखनऊ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को विधानसभा में सपा और कांग्रेस पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि 2027 के चुनाव में खटाखट करने वालों को हम सफाचट कर देंगे। सीएम योगी ने कहा कि इन लोगों ने देश की जनता को ठगने का काम किया है। इन लोगों ने संविधान बदलने की बात कहकर जनता को गुमराह किया है। लेकिन, काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती है। 2027 के चुनाव में खटाखट करने वालों को हम सफाचट कर देंगे। केंद्र में मोदी सरकार को 10 साल हो गए। लेकिन, आज तक संविधान नहीं बदला गया। सपा-कांग्रेस ने प्रदेश की जनता को गुमराह किया है। कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर देश के लोकतंत्र को कुचला था। आज सपा के लोग उन्हीं के साथ मिलकर संविधान बचाने की बात कर रहे हैं। इसका जवाब 2027 में मिलेगा। अनुपूरक बजट पर बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कांग्रेस और सपा के इंडी गठबंधन पर करारा हमला बोला। सीएम योगी ने इंडी गठबंधन के 'खटाखट स्कीम' पर बोलते हुए प्रश्र किया कि एक लाख का बॉन्ड कहां गया? उन्होंने भाजपा और एनडीए के अपने सहयोगी विधायकों से कहा कि आप सब जनता-जनार्दन के बीच जाइए और उनसे पूछिए कि एक लाख का बॉन्ड कहां गया, कौन खा गया और उसे खाने वाले लोग कौन हैं? सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने बाबा साहब के पंच तीर्थों का निर्माण कराया। मध्य प्रदेश के महू में स्थित उनकी जन्मस्थली पर भव्य स्मारक हो या इंग्लैंड के जिस मकान से बाबा साहब अंबेडकर ने उच्च शिक्षा अर्जित की थी, इंडिया हाउस के रूप में उसे प्रधानमंत्री मोदी ने स्थापित किया। बाबा साहब अंबेडकर ने दिल्ली के जिस मकान में रहते हुए अपना सार्वजनिक जीवन व्यतीत किया था, प्रधानमंत्री ने उसे भी स्मारक बनाया। नागपुर में जिस स्थल पर बाबा साहब ने बौद्ध दीक्षा प्राप्त की थी, उसे भी प्रधानमंत्री ने ही स्मारक बनाया। मुंबई में स्थित बाबा साहब अंबेडकर की चैत्य भूमि पर स्मारक बनाने का कार्य प्रधानमंत्री और महाराष्ट्र की भाजपा सरकार ने किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी के बारे में अफवाह फैलाने का कार्य किया। बाबा साहब अंबेडकर को हराने वाली कांग्रेस जनता को गुमराह कर रही है। अयोध्या में अति पिछड़ी बच्ची से दुष्कर्म व हरदोई में अधिवक्ता की हत्या में सपा के नेताओं का नाम आ रहा है। अयोध्या का आरोपी सांसद का करीबी है तो हरदोई मामले का आरोपी सपा का पूर्व जिलाध्यक्ष है और 2012 से 2017 के मध्य सपा शासन में उस पर कई मामले दर्ज हुए। यह समाज के कोढ़ हैं। इस कोढ़ को जब तक हटाएंगे नहीं, तब तक यूपी की स्थिति को ठीक करने में कठिनाई होगी। सीएम योगी ने 2016 से 2024 के एनसीआरबी के आंकड़े बताते हुए कानून का राज स्थापित करने की प्राथमिकता को गिनाया। उन्होंने एनसीआरबी के आंकड़ों को गिनाते हुए 2016 से 2024 के तुलनात्मक अंतर को बताकर यूपी में अपराधों में आई कमी की तरफ सदन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए बताया कि डकैती में 86.47, लूट में 78. 17, हत्या में 43.21, बलवा में 67.42, गृह भेदन 4.31, फिरौती के लिए अपहरण में 70 फीसदी की कमी आई है। उन्होंने महिला संबंधी अपराध के मामलों पर भी सपा को आईना दिखाते हुए कहा कि दहेज मृत्यु दर में 17.43, बलात्कार में 25.30, शीलभंग में 16.56, अपहरण में 0.17 फीसदी की कमी आई है। सीएम योगी ने अयोध्या मामले पर चर्चा करते हुए सपा को खूब लताड़ा। उन्होंने कहा कि सपा नेता मोइन खान को अतिपिछड़ी जाति की 12 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म के कृत्य में शामिल पाया गया है। वह सपा का एक्टिव मेंबर और अयोध्या सांसद की टीम का सदस्य है। सपा सांसद के साथ उठता-बैठता, खाता-चलता है। सपा ने अभी तक उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की है। ऐसी गतिविधियों के कारण सपा का नाम लेना ही पड़ता है। घटिया हरकत में लिप्त होने के बावजूद इसे हल्केपन में लिया जा रहा है। सीएम ने कहा कि बुधवार को हरदोई में दुखद घटना हुई। इसमें भी सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव का नाम आ रहा है। उसके द्वारा सरेआम अधिवक्ता की हत्या कराई गई है। उस पर 28 मामले दर्ज हैं। ऐसे अपराधियों को गोली नहीं मारें तो क्या माला पहनाएं। आईपीसी व सीआरपीसी की कोई धारा नहीं, जो उस पर नहीं लगी हो। यह ताजा उदाहरण है। यह समाज के सबसे बड़े कलंक और कोढ़ हैं। इस कोढ़ को जब तक हटाएंगे नहीं, तब तक यूपी की स्थिति को ठीक करने में कठिनाई होगी। recent visitors 114

विधायक भाटी ने विधानसभा में उठाई आवाज, राजस्थान में विकास और स्थानीय युवाओं को मिले रोजगार

जयपुर. राजस्थान विधानसभा शिव विधायक रवींद्र भाटी ने कहा कि जिस विधानसभा क्षेत्र का मैं प्रतिनिधित्व करता हूं, वह मूलभूत सुविधाओं जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार, बिजली, पानी और शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़ा हुआ है। किसी भी क्षेत्र के विकास के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर का मजबूत होना अत्यंत आवश्यक है। भाटी ने अपने क्षेत्र के निवासियों की कठिनाइयों को उजागर करते हुए कहा कि पाकिस्तान की सीमा पर 55 डिग्री तापमान में भी हमारे लोग अपने अदम्य साहस और संकल्प के बल पर राष्ट्र प्रथम की भावना को जीवित रखते हैं। आजादी के 77 वर्ष बाद भी वे सड़कों, पानी, बिजली, शिक्षा, रोजगार, संचार और परिवहन जैसी सरकारी सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने सदन में बताया कि वर्तमान समय में उनके क्षेत्र में कई नामी कंपनियां सोलर प्लांट स्थापित कर रही हैं, लेकिन इसका फायदा स्थानीय लोगों को न तो रोजगार के रूप में मिल रहा है और न ही उत्पादित बिजली का उपयोग करने के रूप में। “आखिर क्या कसूर है उन वाशिंदों का जो प्रकृति के प्रतिकूल थपेड़ों के साथ-साथ सरकारी उदासीनता के थपेड़े भी झेल रहे हैं?” भाटी ने भावुक होकर सवाल उठाया। भाटी ने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि इन कंपनियों का सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी) फंड भी उन स्थानीय लोगों तक नहीं पहुंच रहा, जिनकी भूमि, चारागाह और स्वच्छ वायु इन कंपनियों ने छीन ली है। “सूर्य देवता के प्रचंड ताप और लू के थपेड़ों के बीच हमारे लोग प्यासे हैं, शिक्षा के लिए स्कूल नहीं हैं, और जहां हैं, वहां भी एक-एक अध्यापक के भरोसे चल रहे हैं। चिकित्सा सुविधाओं का हाल और भी बुरा है, बिजली का आना त्योहार की तरह हो गया है, और रोजगार के लिए लोग दक्षिणी भारत की ओर पलायन कर रहे हैं,” उन्होंने कहा। भाटी ने सरकार से विनम्र निवेदन किया कि क्षेत्र के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने और बाहरी कंपनियों द्वारा संचालित प्लांटों में स्थानीय युवाओं को आवश्यक रूप से रोजगार देने के लिए विशेष कदम उठाए जाएं। “मैं सरकार से अपील करता हूं कि वे हमारे क्षेत्र की समस्याओं को गंभीरता से लें और इनका समाधान निकालें ताकि शिव क्षेत्र के लोगों के जीवन में सुधार हो सके,” उन्होंने सदन में कहा। उन्होंने अंत में कहा, “मुझे आशा है कि सरकार मेरी बात को गंभीरता से लेकर शिव क्षेत्र के लोगों के लिए उम्मीद की किरण जगाएगी।” भाटी की इस मांग ने सदन में एक नई बहस को जन्म दिया और यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि सरकार इस पर क्या कदम उठाती है। recent visitors 190

पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में काफी कम बारिश हुई

नई दिल्ली मॉनसून का मौसम करीब आधा बीत चुका है और भारत के मौसम संबंधी 36 उपखंडों या सबडिवीजन में से 25 प्रतिशत में कम बारिश दर्ज की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, जुलाई में देश में सामान्य यानी 280.5 मिमी से नौ प्रतिशत अधिक बारिश हुई जो 306.6 मिमी है। एक जून से 445.8 मिमी की सामान्य बारिश के मुकाबले 453.8 मिमी वर्षा हुई, जो दो प्रतिशत अधिक है। जुलाई में बारिश असमान रही। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में बारिश में काफी कमी दर्ज की गई। हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश में कमी 35 प्रतिशत से 45 प्रतिशत तक रही। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, 13 उपखंडों में औसत से अधिक बारिश, 14 में सामान्य और नौ में कम बारिश दर्ज की गई। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में वर्षा की कमी 30 जून को 13.3 प्रतिशत से बढ़कर 31 जुलाई को 19 प्रतिशत हो गई, तथा इस क्षेत्र में मॉनसून सीजन में अब तक 752.5 मिमी की सामान्य वर्षा के मुकाबले 610.2 मिमी वर्षा हुई। उत्तर-पश्चिम भारत में जुलाई में 182.4 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य तौर पर 209.7 मिमी बारिश होती है। इसमें 13 प्रतिशत की कमी आई। इस क्षेत्र में इस मॉनसून सीजन में अब तक 235 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य तौर पर 287.8 मिमी बारिश होती है, यानी 18 प्रतिशत की कमी आई है। आंकड़ों के अनुसार, मध्य भारत में जुलाई में सामान्य से 33 प्रतिशत अधिक यानी 427.2 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य तौर पर 321.3 मिमी बारिश होती है। इस क्षेत्र में इस मॉनसून सीजन में अब तक 574.2 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य तौर पर 491.6 मिमी बारिश होती है। दक्षिणी प्रायद्वीप में जुलाई में 36 प्रतिशत अधिक यानी 279.2 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य तौर पर 204.5 मिमी बारिश होती है। कुल मिलाकर, इस मॉनसून सीजन में अब तक 463.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य तौर पर 365.5 मिमी बारिश होती है। इस प्रकार 27 प्रतिशत अधिक बारिश हुई।   recent visitors 166