Clerk caught accepting ₹10,000 bribe; bribe demanded in exchange for releasing ₹5 lakh in PF funds; ACB takes major action.
दुर्ग । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विद्युत यांत्रिकी विभाग में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए आज रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी सूत्रों के अनुसार, विद्युत यांत्रिकी विभाग में कार्यरत एक बाबू ने अपनी पुत्री के विवाह के लिए भविष्य निधि (पीएफ) से 5 लाख रुपये आहरित करने का आवेदन विभाग में प्रस्तुत किया था।
आरोप है कि उक्त राशि जारी करने की प्रक्रिया पूरी कराने के बदले सहायक ग्रेड-2 शिव कुमार ठाकुर ने 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना एंटी करप्शन ब्यूरो को दी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान आरोपी शिव कुमार ठाकुर को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। एसीबी ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत कारर्वाई प्रारंभ कर दी है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।