देश के लगभग हर कोने को बिहारियों ने अपने श्रम से सजाया और सुंदर बनाया है -सत्यपाल नरोत्तम

भोपाल भारतीय जनता पार्टी बिहार के वरिष्ठ नेता सत्यपाल नरोत्तम ने शनिवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बिहार दिवस के अवसर पर पार्टी द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि बिहार के लोगों ने अपने काम से पूरे देश में अपनी पहचान बनाई है। देश के लगभग हर कोने को अपने श्रम से सजाया और सुंदर बनाया है। देश की आर्थिक प्रगति के शिल्पकार प्रवासी बिहारियों को मैं बिहार दिवस के अवसर पर अपनी पार्टी की ओर से बधाई देना चाहता हूं और कहना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बिहार की एनडीए सरकार उसे लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा रही है। बिहार की मिट्टी में आपका इतिहास है और हम सभी का सपना है कि बिहार एक बार फिर अतीत की तरह गौरवशाली बने। लेकिन इसके लिए आपके सहयोग और आशीर्वाद की आवश्यकता है। आप बिहार को मजबूत और बेहतर बनाने में अपना योगदान दें। बिहार दिवस के अवसर पर भोपाल में 23 मार्च को स्नेह मिलन सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। पत्रकारवार्ता को जिलाध्यक्ष रवींद्र यति ने भी संबोधित किया। अटलजी की भावना को आगे बढ़ा रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी पार्टी के वरिष्ठ नेता सत्यपाल नरोत्तम ने कहा कि 22 मार्च 1912 को बिहार को पूर्ण राज्य का दर्जा मिला और देश के 12वें राज्य के रूप में बिहार अस्तित्व में आया, तभी से बिहार की यात्रा जारी है। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था कि ‘भारत एक जमीन का टुकड़ा भर नहीं है, बल्कि एक जीता-जागता राष्ट्रपुरुष है।’ स्व. अटलजी की इस भावना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी आगे बढ़ा रहे हैं। पूरे देश को एक सूत्र में पिरोने के लिए प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ अभियान चलाया जा रहा है, ताकि विभिन्न राज्यों के बीच बेहतर संबंध और समन्वय स्थापित हो सके। इसी के अंग के रूप में बिहार दिवस पर बिहार की संस्कृति और एनडीए शासन में हुए विकास का उत्सव मनाने के लिए पूरे देश में 9 दिवसीय अभियान शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने विगत वर्षों में देश को तेज गति से आगे बढ़ाने का काम किया है और इस काम के लिए बिहार के लोगों ने भी अपना पसीना बहाया है। बिहार सदियों से सृजनकर्ता राज्य रहा है, जो स्वयं तपता है, लेकिन उसका लाभ समाज के हर वर्ग और हर प्रदेश को मिलता है। देश की प्रगति में योगदान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी अनेक बार बिहार के लोगों की प्रशंसा कर चुके हैं। बिहार के सम्मान में बजट प्रस्तुत करते समय केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने भी मिथिला प्रिंट की साड़ी पहनी थी। यह बिहार के लिए, बिहार वासियों के लिए और मिथिला पेंटिंग का काम करने वाले लोगों के लिए गौरव का विषय है। बिहार को समृद्धि की ओर ले जा रही एनडीए सरकार पार्टी के वरिष्ठ नेता सत्यपाल नरोत्तम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में एनडीए सरकार के कार्यकाल में बिहार बीमारू राज्यों की श्रेणी से बाहर निकल चुका है। बिहार सुशासन और समृद्धि के रास्ते पर तेजी से कदम बढ़ा रहा है। एनडीए सरकार ने लालू यादव सरकार की तुलना में बिहार के वार्षिक बजट में 15 गुना वृद्धि की है एवं प्रति व्यक्ति आय में आठ गुना बढ़ोतरी हुई है। चारा घोटाले के आरोपी पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव की सरकार की तुलना में बिहार में कृषि विकास दर 10 प्रतिशत ज्यादा एवं औद्योगिक विकास दर लगभग 13 प्रतिशत ज्यादा हो गई है। तेजी से विकास के लिए हमारी सरकार ने बिहार में सड़कों सहित रेलवे और हवाई मार्गों का तेज गति से विकास किया, ताकि बिहार आर्थिक रूप से खुशहाल और सशक्त बन सके। बिहार में महिलाओं, कमजोर वर्गों की बेहतरी के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। बिहार के विकास को जारी रखने के लिए आप सभी का योगदान और आशीर्वाद जरूरी है। भोजपुरी समाज का स्नेह मिलन कार्यक्रम रविवार को- रवींद्र यति बिहार दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे 9 दिवसीय अभियान की जानकारी देते हुए पार्टी के जिला अध्यक्ष रवींद्र यति ने कहा कि रविवार, 23 मार्च को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में भोजपुरी समाज का स्नेह मिलन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री राजू कुमार सिंह, बिहार के वरिष्ठ नेता सत्यपाल नरोत्तम उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में दौरान बिहार के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी तथा स्नेह भोज भी होगा। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री व बिहार दिवस के प्रभारी रणवीर सिंह रावत, सह प्रभारी विजय दुबे, प्रदेश प्रवक्ता पंकज चतुर्वेदी, अनिल सिंह एवं गंगा यादव उपस्थित रहे। recent visitors 41

सिंगरौली : 8वीं की छात्रा ने दिया बच्चे को जन्म: बोली- 9 महीने पहले छात्रावास से घर जा रही थी

 सिंगरौली मध्यप्रदेश के सिंगरौली में 8वीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा ने सरकारी स्कूल में एक बच्चे को जन्म दिया है. छात्रा को पेट में दर्द की शिकायत के बाद परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे थे जहां उसे इलाज के लिए भर्ती कराया था. इलाज के लिए जब डॉक्टरों ने जांच की तो पता चला की छात्रा 9 महीने की गर्भवती है. इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को मामले की सूचना दी. अस्पताल पहुंची पुलिस ने पूछताछ कर अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया है. 9 महीने पहले हुआ था दुष्कर्म पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 9 महीने पहले वह छात्रावास से ऑटो में सवार होकर अपने घर जा रही थी. इसी दौरान ऑटो चालक ने सुनसान जगह पर पीड़ित छात्रा के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था. इस घटना के बारे में छात्रा ने अपने परिजनों को नहीं बताया था. 21 मार्च को अचानक उसके पेट में दर्ज होना शुरू हुआ. इसके बाद परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे थे. गर्भवती निकली छात्रा अस्पताल में डॉक्टरों ने छात्रा की जांच करवाई, तो रिपोर्ट में छात्रा के पेट में 9 महीने का गर्भ होने का पता चला. डॉक्टरों ने जब परिजनों से पति के बारे में जानकारी मांगी, तो उन्होंने छात्रा नाबालिग और बिना शादीशुदा होना बताया. मामला संदिग्ध लगने पर अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सूचना सरई पुलिस को दी. ऑटो चालक पर केस दर्ज इस पर पुलिस ने छात्रा के बयान के आधार पर अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ मामला दर्ज पर जांच शुरू कर दी है. सरई थात्रा प्रभारी जितेंद्र सिंह भदोरिया ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन से सूचना मिलते ही अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्द किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपी ऑटो चालक की तलाश की जा रही है. recent visitors 94

5वीं व आठवीं की बोर्ड परीक्षा का परिणाम अप्रैल के दूसरे सप्ताह में घोषित होने की संभावना

 भोपाल  प्रदेश के पांचवीं व आठवीं की बोर्ड परीक्षा का परिणाम अप्रैल के दूसरे सप्ताह में घोषित होने की संभावना है। प्रदेश भर के सरकारी व निजी स्कूलों के करीब 25 लाख विद्यार्थी परिणाम के इंतजार में है। यह परिणाम 30 मार्च को आना था, लेकिन अब तक 80 प्रतिशत उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य पूरा हुआ है। मूल्यांकन कार्य 24 मार्च तक समाप्त करना था। अब तीन दिन शेष है। ऐसे में मूल्यांकन कार्य पूरा होना संभव नहीं है। कॉपी जांचने में क्यों हो रहे देरी     वहीं शिक्षक मूल्यांकन केंद्र नहीं पहुंच रहे हैं। इस कारण उत्तरपुस्तिकाओं को जांचने का काम नहीं पूरा हो पा रहा है। राज्य शिक्षा केंद्र ने जो समय-सारिणी तय किया था। उसके हिसाब से मार्च के अंत तक पांचवीं व आठवीं का परिणाम आना था, लेकिन अब तक 20 फीसद उत्तरपुस्तिकाओं को जांचना बाकी है।     निजी स्कूलों के अंग्रेजी माध्यम के चार लाख विद्यार्थियों की उत्तरपुस्तिकाओं को जांचने के लिए सरकारी स्कूल में शिक्षक नहीं मिल रहे हैं। इस कारण निजी स्कूलों के शिक्षकों को मूल्यांकन कार्य में लगाया गया है।     राजधानी के चार मूल्यांकन केंद्रों पर 834 शिक्षकों को साढ़े तीन लाख उत्तरपुस्तिकाओं को जांचने के लिए लगाया गया है। इसमें पांचवीं की एक लाख 26 हजार और आठवीं की दो लाख पांच हजार उत्तरपुस्तिकाएं हैं। जिनके मूल्यांकन का कार्य चल रहा है। नेटवर्क की समस्या के कारण देरी शिक्षकों का कहना है कि मूल्यांकन के बाद अंकों को ऑनलाइन प्रविष्टि करने के कारण रिजल्ट तैयार करने में देरी होगी। शिक्षकों को एक-एक बच्चे का अंक ऑनलाइन भरना पड़ रहा है। नेटवर्क की समस्या के कारण टैबलेट से अंकों को ऑनलाइन भरने में परेशानी हो रही है। मूल्यांकन केंद्र ही नहीं पहुंचे 12 शिक्षक जिले के जहांगीराबाद स्थित शासकीय कन्या उमावि, प्रोफेसर कॉलोनी स्थित विद्या विहार स्कूल, सरोजिनी नायडू कन्या स्कूल और फंदा ग्रामीण के 25वीं बटालियन स्कूल में मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। इसमें करीब 12 शिक्षक मूल्यांकन के लिए नहीं पहुंच रहे हैं। इन्हें जिला परियोजना समन्वयक ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। recent visitors 59

सांसद बंटी विवेक साहू ने संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से व्यक्तिगत की मुलाकात

छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उनके मार्गदर्शन का सौभाग्य प्राप्त किया। प्रधानमंत्री की सादगी से अभिभूत होकर उन्होंने कहा कि मोदी जी ने जो दिशा-निर्देश दिए हैं, वे उनके लिए संकल्प की तरह हैं। उन्हीं संकल्पों को पूरा करने के लिए वे जनकल्याण, गरीब कल्याण और छिंदवाड़ा-पांडुरना के विकास के लिए समर्पित हैं। सांसद बंटी साहू ने प्रधानमंत्री का अभिनंदन सौंसर के बुनकर भाइयों द्वारा बनाए गए अंगवस्त्र से किया। इसके साथ ही उन्होंने पातालकोट और तामिया की महिलाओं के हाथों से बनी फूलों की गुलाल, महुआ के लड्डू और स्वसहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए मिलेट्स बिस्किट भी प्रधानमंत्री को भेंट किए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को छिंदवाड़ा में आयोजित 100 दिवसीय स्वास्थ्य शिविर की विस्तृत जानकारी और इसकी स्मारिका भी भेंट की। यह शिविर प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर तक आयोजित किया गया था। सांसद बंटी साहू ने छिंदवाड़ा के विकास के लिए महत्वपूर्ण छिंदवाड़ा-नरसिंहपुर-सागर रेलवे लाइन बिछाने की भी मांग प्रधानमंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस परियोजना से क्षेत्र का विकास तेजी से होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। recent visitors 29

इंदौर…सिल्वर स्प्रिंग में तेंदुए का मूमेंट सीसीटीवी में कैद, इलाके में घूमता हुआ दिखाई दिया

इंदौर  मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के देवगुराड़िया क्षेत्र की सिल्वर नेचर टाऊनशिप में तेंदुआ का मूवमेंट दो दिन पहले सामने आया था, जिसके बाद से ही रहवासी दहशत में हैं। जैसे ही इस बात की जानकारी वन विभाग तक पहुंची वैसे ही विभागीय अमले ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगालना शुरू कर दिए।  जिसके बाद इलाके में तेंदुआ होने की पुष्टि की गई है। वन विभाग के अधिकारी के.के निनामा ने अधीनस्थ अमले को जरूरी दिशा निर्देश देते हुए रहवासियों से भी अकेले न घूमने की अपील की है। बता दें की इसी इलाके से कुछ दिन पूर्व एक तेंदुआ वन विभाग की टीम ने भारी मशक्कत के बाद रेस्क्यू किया था। ऐसे में लगातार इस इलाके में तेंदुए के मूवमेंट से रहवासी जहां दहशत में हैं।  तो वहीं इससे किसी दिन बड़ी और अनहोनी घटना से भी इनकार नहीं किया जा सकता है।   recent visitors 44

सोमवार से फिर करवट लेगा मौसम, नया सिस्टम हो रहा एक्टिव, आज इन जिलों बादल-बारिश-आंधी की चेतावनी

भोपाल सोमवार से मध्य प्रदेश का मौसम एक बार फिर बदलने लगेगा, क्योंकि 24 मार्च को एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने वाला है, जो पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। मार्च के अंतिम दिनों में प्रदेश में लू चलने की संभावना जताई गई है।अप्रैल और मई में हीट वेव का तेज असर देखने को मिलेगा। आज शनिवार को शनिवार को रीवा, जबलपुर, शहडोल संभाग के जिलों में बारिश के साथ कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं। रीवा, सीधी, मऊगंज और अनूपपुर में  40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन और नर्मदापुरम में धूप खिली रहेगी। इस दौरान दिन और रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। एमपी मौसम विभाग का पूर्वानुमान वर्तमान में मध्य प्रदेश के मध्य में हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ से लेकर कर्नाटक तक द्रोणिका (विपरीत दिशाओं की हवाओं का सम्मिलन) बनी हुई है।इसके असर से बीते दिनों पूर्वी एवं पश्चिमी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा हुई । हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने से रविवार से मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा। बादलों के छंटने से दिन के तापमान में भी इजाफा देखने को मिल सकता है। पिछले 24 घंटे का मौसम का हाल     शुक्रवार को सबसे अधिक 37.6 डिग्री सेल्सियस तापमान खरगोन और रात का सबसे कम 14.6 डिग्री सेल्सियस राजगढ़ में रिकार्ड किया गया।     हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का पारा 15.2 डिग्री सेल्सियस पर रहा।     शहडोल के ब्यौहारी में सबसे अधिक 87 मिमी (3.5 इंच),कटनी के धीमरखेड़ा में सवा इंच, उमरिया के मानपुर और जबलपुर के मझौली में करीब पौने एक इंच बारिश हुई।     सागर, दमोह और सिंगरौली में ओले गिरे। और डिंडौरी, दमोह, मंडला, अनूपपुर (अमरकंटक), शहडोल, पन्ना और मैहर में आकाशीय बिजली के साथ बारिश हुई।     सागर, बालाघाट, छिंदवाड़ा, सिवनी, दक्षिण मंडला, उमरिया, सीधी, सिंगरौली, उत्तर शहडोल, दक्षिण सतना, दक्षिण रीवा, मऊगंज, जबलपुर और कटनी में बादल छाए रहे। recent visitors 54

रेली के मीरगंज इलाके में बड़ा हादसा, ईंट भट्ठे की दीवार गिरी, 6 मजदूर दबे; एक की मौत

बरेली  यूपी के बरेली के मीरगंज इलाके में एक ईंट-भट्ठे की दीवार गिर गई है जिसमें 6 मजदूर दब गए। हाईवे के किनारे शनिवार की सुबह आठ बजे के करीब मीरगंज इलाके में यह हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि 5 मजदूरों को जिंदा निकाल लिया गया है। वहीं एक मजदूर की मौत हो गई है। हादसे की सूचना पर तीन थानों की फोर्स के साथ अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्‍होंने राहत और बचाव का काम शुरू कराया। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने हंगामा कर दिया। एंबुलेंस पर पथराव कर दिया और हाईवे पर जाम लगाने की कोशिश की। पुलिस ने भीड़ को समझा- बुझाकर शांत कराया। हादसे में मारे गए मजदूर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। शनिवार की सुबह बरेली के मीरगंज इलाके से इस हादसे की खबर सामने आते ही हड़कंप मच गया। पहले खबर फैली कि कई मजदूर ईंट भट्ठे की दीवार के नीचे दब गए हैं। इस सूचना पर जिला प्रशासन ने तत्‍काल कार्रवाई करते हुए मौके पर क्रेन भेजी और राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया। मौके पर तत्‍काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। ईंट-भट्ठे की दीवार के नीचे दबे मजदूरों को ढूंढकर निकाला गया। पांच मजदूरों को बाहर निकाल लिया। उन्‍हें चिकित्‍सकीय जांच के लिए नजदीकी अस्‍पताल में भेजा गया है। वहीं एक मजदूर अब भी लापता था। उसके लिए काफी देर तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अंत में पता चला कि मजदूर की मौत हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार बरेली के मीरगंज इलाके में हाईवे किनारे स्थित इस ईंट-भट्ठे में मजदूर कच्‍ची ईंटें लगाने का काम कर रहे थे। उस वक्त करीब दर्जन भर मजदूर वहां काम कर रहे थे। इसी दौरान ईंट-भट्ठे की दीवार गिर गई। इसमें छह मजदूर दब गए। घटना के बाद सूचना मिलने पर फतेहगंज पश्चिमी, मीरगंज समेत तीन थानों की पुलिस, अग्निशमन टीम के साथ सीओ, एसडीएम मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद नन्हें बाबू, इसरार, बबलू, राजीव और गोपाल को जिंदा बाहर निकल गया। वहीं धनेटा के रहने वाले छोटेलाल नाम का मजदूर अब भी लापता था। बाहर निकाले गए मजूदरों को नजदीकी अस्‍पताल में भेजा गया है। घटना के बाद से ईंट-भट्ठा मालिक फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। करीब तीन घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद लापता मजदूर छोटेलाल मलबे के नीचे दबा हुआ मिला। उसे भी बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना पर वरिष्‍ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं। गुस्‍साई भीड़ ने एंबुलेंस पर चलाए पत्‍थर घटना के बाद मजदूरों के घरवाले और ग्रामीण भड़क गए। लोगों ने वहां हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंची एंबुलेंस पर ईंट पत्थर फेंके और हाईवे पर जुट गए। भीड़ ने हाइवे पर जाम लगाने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद उनको शांत कराया और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अधिकारियों का कहना है कि घटना के बाद से ईंट भट्ठा संचालक भाग गया है। उसकी तलाश की जा रही है। recent visitors 48