गुड़ी रेंज में वन भूमि पर से 1600 एकड़ भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराई, अब बनेंगे वॉच टॉवर

खंडवा जिले के गुड़ी रेंज में वन भूमि पर काबिज अतिक्रमण कारियों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। नहारमाल बीट से कार्रवाई शुरू की गई है। अब तक 1600 एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त करा दिया है। इसके साथ ही अब इस जमीन को अतिक्रमण कारियों से बचाने के लिए कार्य योजना बनाई जा रही है। दरअसल जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के बाद जेसीबी मशीन से गड्ढे खोदे जा रहे हैं। इससे की यहां फिर से खेती नहीं हो सके। अब वाच टावर से निगरानी वन विभाग गुड़ी रेंज में वॉचटावर से निगरानी की तैयारी में है। जंगल में गश्त करने के साथ ही वॉचटावर से भी नजर रखी जाएगी। इसके लिए पांच वॉचटावर बनाए जाने का प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय भेजा है। वॉचटावर में वनकर्मी और वन सुरक्षा समिति के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। हर एक वॉचटावर में एक कमरा भी होगा। जहां वनकर्मी रह भी सकेंगे। फिलहाल इस क्षेत्र में एक भी पक्का वॉचटावर नहीं है। इससे की कर्मचारी यहां रहकर निगरानी कर सके। जहां वन चौकी बनना थी वहीं अब वॉच टॉवर गुड़ी रेंज के पास ही सरमेश्वर रेंज के सीताबेड़ी बीट में वन चौकी बनना तय थी। चौकी के भवन के लिए खड़ी की गई दीवारों को अतिक्रमण कारियों ने तोड़ दिया था, मलबा भी फैलाकर चले गए थे। कई बार अतिक्रमणकारियों ने रात में आकर काम को रुकवा दिया था। इसके बाद अब यहां वॉचटावर बनाए जाने की तैयारी की गई है। इसके लिए वन विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है।     डीएफओ राकेश कुमार डामोर ने बताया वन भूमि को अतिक्रमण से बचाने पांच वॉचटॉवर का प्रस्ताव बनाकर मुख्यालय भेजा है। वॉचटॉवर से निगरानी में आसानी होगी। वनकर्मियों की अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी लगाई जाएगी। recent visitors 60

युवा कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव ने छतरपुर में की बैठक

Youth Congress National Secretary held a meeting in Chhatarpur छतरपुर । युवा कांग्रेस ने 2028 के चुनाव की तैयारियों का आगाज कर दिया है। शनिवार शाम को छत्रसाल चौराहे स्थित राजीव भवन में युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं मध्य प्रदेश सह प्रभारी प्रियंका पटेल ने जिला स्तरीय कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में प्रियंका पटेल ने संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने जिला अध्यक्ष को कमेटी का विस्तार करने के निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी बल दिया। प्रियंका पटेल ने कहा कि पंचायत से लेकर लोकसभा चुनाव तक युवा कांग्रेस पार्टी की रीढ़ की हड्डी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि 2028 के चुनाव की तैयारियां अभी से ग्राउंड लेवल पर शुरू की जा रही हैं। बैठक में युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष लोकेंद्र वर्मा, विधानसभा अध्यक्ष पुष्पेंद्र कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। recent visitors 199

दिल्ली सरकार इस दिन से महिलाओं के खातों में डालेगी 2500 रुपये, जल्द करेगी नियम व शर्तों की घोषणा

नई दिल्ली दिल्ली सरकार 8 मार्च को महिला सम्मान योजना की शुरुआत कर सकती है। सूत्रों ने बताया कि 8 मार्च को महिलाओं के खातों में 2500 रुपये जमा किए जाएंगे। सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा की मौजूदगी में महिला सम्मान योजना की शुरुआत की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, इस योजना की शर्तें और नियम आने वाले दिनों में आधिकारिक रूप से लागू कर दिए जाएंगे। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जेपी नड्डा की मौजूदगी में एक बैठक आयोजित कर महिलाओं की मौजूदगी में इसकी शुरुआत की जाएगी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने होली से पहले महिलाओं को 2500 रुपये देने की आश्वासन दिया था। उल्लेखनीय है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हाल ही में आश्वासन दिया था कि भाजपा सरकार महिलाओं को 2500 रुपये मासिक सहायता देने का अपना वादा पूरा करेगी। शपथ ग्रहण समारोह के लिए रामलीला मैदान रवाना होने से पहले अपने आवास के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने यह बात कही थी। recent visitors 65

योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश अवस्थी का कार्यकाल बढ़ा, उनका कार्यकाल तीसरी बार बढ़ाया गया

लखनऊ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश अवस्थी का कार्यकाल एक साल के लिए और बढ़ा दिया गया है। नए आदेश के अनुसार, अवनीश अवस्थी अब 28 फरवरी 2026 तक अपने पद पर बने रहेंगे। यह उनके कार्यकाल का तीसरा विस्तार है। सलाहकार के रूप में उनका कार्यकाल तीसरी बार बढ़ाया गया है। पूर्व आईएएस अधिकारी अवनीश अवस्थी 2022 में रिटायर होने के बाद उत्तर प्रदेश सरकार में प्रशासनिक मामलों में सलाहकार के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने योगी सरकार के पहले कार्यकाल में गृह और सूचना विभाग जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली थी। पूर्व आईएएस अधिकारी अवनीश अवस्थी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करीबी सहयोगियों में माने जाते हैं और वह योगी सरकार में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्हें राज्य प्रशासन में सबसे प्रभावशाली और ताकतवर अधिकारियों में से एक माना जाता है। 1987 बैच के यूपी कैडर के पूर्व आईएएस अधिकारी अवनीश अवस्थी 31 अगस्त 2022 को रिटायर हो गए थे, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भरोसेमंद सहयोगी होने के कारण उन्हें मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त किया गया था। सीएम योगी को प्रशासनिक मामलों में सलाह देने के लिए एक सलाहकार के तौर पर एक अस्थायी पद सृजित किया गया था।   recent visitors 80

पूर्व छात्र नेता शेहला राशिद शोरा को बड़ी राहत, कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को देशद्रोह का केस वापस लेने की मंजूरी दी

नई दिल्ली दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने JNU (जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय) की पूर्व छात्र नेता शेहला राशिद शोरा को बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने साल 2019 के देशद्रोह मामले में उनके खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने की दिल्ली पुलिस की अर्जी स्वीकार कर ली है। शेहला के खिलाफ यह मामला भारतीय सेना को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक ट्विट्स करने के बाद दर्ज किया गया था। इस बारे में जानकारी देते हुए पुलिस सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि अदालत ने दिल्ली पुलिस को JNU की पूर्व उपाध्यक्ष शेहला राशिद शोरा के खिलाफ सेना पर उनके ट्वीट के लिए मामला वापस लेने की अनुमति दे दी है। मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट अनुज कुमार सिंह ने अभियोजन पक्ष द्वारा दायर एक आवेदन पर 27 फरवरी को यह आदेश पारित किया। शेहला के खिलाफ यह मामला देशद्रोह समेत धर्म, भाषा, नस्ल और जन्म स्थान आदि के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने और दंगे भड़काने जैसे विभिन्न अपराधों के लिए दर्ज किया गया था। इन आरोपों में अधिकतम आजीवन कारावास की सजा का प्रावधान है। स्क्रीनिंग कमेटी की सिफारिश पर LG ने वापस ली मंजूरी पुलिस ने केस वापस लेने की अपील तब की जब दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने शोरा के खिलाफ मुकदमा चलाने की अपनी मंजूरी वापस ले ली। एलजी का यह आदेश स्क्रीनिंग कमेटी की सिफारिश पर आया। दिल्ली पुलिस की तरफ से कोर्ट में दिए गए आवेदन में बताया गया कि, 'दिल्ली के उपराज्यपाल ने स्क्रीनिंग कमेटी की सिफारिश को मंजूरी दे दी है…।' उपराज्यपाल ने यह मंजूरी 23 दिसंबर, 2024 को दी थी। शेहला ने सेना को लेकर किया था आपत्तिजनक ट्वीट शेहला ने 18 अगस्त, 2019 को किए गए अपने ट्वीट में भारतीय सेना पर कश्मीर में घरों में घुसने और स्थानीय लोगों को यातना देने का आरोप लगाया था। हालांकि सेना ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया था। उनकी इसी पोस्ट को लेकर अलख आलोक श्रीवास्तव नाम के शख्स ने नई दिल्ली के स्पेशल सेल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने उनके खिलाफ ट्वीट के माध्यम से विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने और सद्भाव बिगाड़ने वाले कृत्यों में शामिल होने को लेकर मामला दर्ज किया गया था। एलजी कार्यालय ने कहा कि अभियोजन स्वीकृति का प्रस्ताव दिल्ली पुलिस द्वारा पेश किया गया था और दिल्ली सरकार के गृह विभाग द्वारा इसका समर्थन किया गया था। recent visitors 73

मातृ मृत्यु दर कम करने के लिये रणनीति बनाकर हो मॉनिटरिंग, गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करें: उप मुख्यमंत्री

भोपाल उप मुख्यमंत्री और लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, शिक्षा मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की संभागीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विशेष रूप से मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर कम करने पर चर्चा की गई। उप मुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि मातृ मृत्यु दर कम करने के लिए गर्भवती महिलाओं का शत प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करें। आशा, एएनएम के द्वारा इस बात को विशेष रूप से सुनिश्चित किया जाए कि पहली तिमाही में उनकी एएनसी जांच भी हो, जिसके बाद हाई रिस्क प्रेगनेंट वूमेन की पहचान के साथ आवश्यक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए। इससे गर्भवती महिला और शिशु की अच्छी देखभाल हो सकेगी। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने निर्देश दिए कि क्षेत्र विशेष की समस्याएं पहचान कर व्यवहारिक रणनीति बनाकर कार्य करें तथा इस संबंध में प्रत्येक स्तर पर मॉनिटरिंग भी की जाए। कलेक्टर, सीएमएचओ, सिविल सर्जन, बीएमओ, सीएचओ आदि सभी अपने स्तर पर निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि मातृ मृत्यु दर में कमी आए। उन्होंने कहा कि हर हाल में सुरक्षित मातृत्व प्रदान करना हमारा लक्ष्य होना चाहिए। माताओं को जागरूक करने के साथ-साथ फील्ड स्टाफ को बनाएं संवेदनशील उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि मातृ मृत्यु दर कम करने के लिए शासन, प्रशासन स्तर पर लगातार प्रयास किये जा रहे हैं। इसके साथ-साथ हमारी माताओं, समाज को भी जागरूक करने की आवश्यकता है। हम सुरक्षित मातृत्व का लक्ष्य तभी प्राप्त कर सकेंगे जब गर्भधारण से और उसके पूर्व से ही माताएं स्वस्थ हों। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से आवश्यक कदम उठाये जायें। गर्भवती महिलाओं की एंटीनेटल केयर के साथ-साथ संस्थागत प्रसव और परिवहन व्यवस्था सही समय से पहुंचे। उचित समय पर गर्भवती महिलाओं को फोलिक एसिड और आयरन सप्लीमेंट की आपूर्ति हो। हाई-रिस्क प्रेगनेंट महिलाओं की पहचान और त्वरित उपचार के लिए स्वास्थ्य टीम द्वारा फॉलो-अप भी लिया जाए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि शिशु मृत्यु दर (आईएमआर) कम करने के लिए शिशु के जन्म के 24 घंटे के भीतर नवजात का स्वास्थ्य परीक्षण और प्राथमिक उपचार हो। बच्चों को विटामिन ए, आयरन और अन्य आवश्यक सूक्ष्म पोषक तत्वों की आपूर्ति भी सुनिश्चित की जाए। शिशु मृत्यु दर कम करने के लिए नवजात की देखभाल में सुधार के साथ परिवारों को सही जानकारी भी दी जाए। स्वास्थ्य कर्मी और आशा कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों के विकास में देरी के संकेत की पहचान कर शीघ्रता से आवश्यक उपचार किए जाएं। इसी प्रकार कुपोषण और एनीमिया के मामलों में सुधार के लिए जागरूकता के साथ-साथ सही मार्गदर्शन भी दिया जाए। समीक्षा बैठक में सागर सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, सागर विधायक श्री शैलेन्द्र जैन, बंडा विधायक श्री वीरेंद्र लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हीरा सिंह राजपूत, श्री श्याम तिवारी, श्री जाहर सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। प्रत्येक माह की 9 और 25 तारीख को सीएचसी, सिविल अस्पताल और जिला अस्पताल में की जाती हैं आवश्यक जांचें उल्लेखनीय है कि गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व देने के उद्देश्य से प्रत्येक माह की 9 और 25 तारीख को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिविल अस्पताल सहित जिला अस्पताल में आवश्यक जांचें की जाती हैं। इन जांचों में मुख्य रूप से संबंधित महिला का हीमोग्लोबिन, उसका ब्लड ग्रुप, वीडीआरएल, एचआईवी, थायराइड से संबंधित जांच, यूरिन की जांच के साथ-साथ सोनोग्राफी भी की जाती है। उक्त जांचों के आधार पर गर्भवती महिला की स्क्रीनिंग हो जाती है साथ ही उसकी यह भी पता लगाया जाता है कि, महिला हाई रिस्क प्रेगनेंट वूमेन उच्च जोखिम गर्भवती महिला की श्रेणी में तो नहीं आती।   recent visitors 64

इंग्लैंड को हराकर साउथ अफ्रीकी टीम ने भी सेमीफाइनल में जगह बनाई जगह, अफगानिस्तान का टूटा सपना

कराची आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी 2025 में चारों सेमीफाइनिलस्ट का फैसला हो गया है. न्यूजीलैंड, भारत, ऑस्ट्रेलिया के बाद अब साउथ अफ्रीकी टीम ने भी सेमीफाइनल में जगह बना ली है. साउथ अफ्रीका की एंट्री के साथ ही अफगानिस्तान की उम्मीदें समाप्त हो गई हैं. इंग्लैंड यदि साउथ अफ्रीका के खिलाफ बड़ी जीत हासिल करता तो अफगानिस्तान के लिए चांस बनता. लेकिन इंग्लिश टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में 179 रनों पर ही ढेर हो गई. जवाब में साउथ अफ्रीका ने 29.1 ओवरों में ही तीन विकेट खोकर टारगेट को हासिल कर लिया. हालांकि सेमीफाइनल मुकाबले में कौन सी टीम किससे मुकाबला करेगी, ये 2 मार्च (रविवार) को भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मुकाबले के बाद ही पता चल पाएगा. ग्रुप-ए से भारत और न्यूजीलैंड की टीम सेमीफाइनल में पहुंचीं. वहीं ग्रुप-बी से साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया ने ये उपलब्धि हासिल की. बता दें कि अफगानिस्तान की टीम तभी सेमीफाइनल में पहुंच पाती, जब इंग्लिश टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ कम से कम 207 रनों से जीत हासिल करती. ताकि साउथ अफ्रीका का नेट-रनरेट अफगानिस्तान से कम हो जाए. हालांकि इंग्लिश बल्लेबाजों ने कराची के मैदान पर शर्मनाक प्रदर्शन किया और उसकी टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई. चैम्पियंस ट्रॉफी में ग्रुप-ए की बात करें तो इसमें भारत, न्यूजीलैंड, बांग्लादेश और पाकिस्तान की टीमें हैं. न्यूजीलैंड की टीम इस ग्रुप में दो मैचों में दो जीत के साथ पहले नंबर पर है. कीवी टीम का नेट रनरेट 0.863 है. उधर, भारतीय टीम इस समय दो मैचों में दो जीत के साथ दूसरे स्थान पर है. भारत के 4 अंक हैं और उसका नेट रनरेट 0.647 है. हालांकि दोनों में से कौन सी टीम नंबर-1 पर रहेगी, इसका फैसला 2 मार्च को होगा. वहीं, बांग्लादेश तीसरे, जबकि पाकिस्तान चौथे नंबर पर है. दोनों टीमों के एक-एक अंक रहे, लेकिन बेहतर नेट-रनरेट के चलते बांग्लादेश टेबल में पाकिस्तान से आगे है. साउथ अफ्रीका ने अपने ग्रुप में किया टॉप साउथ अफ्रीका को ग्रुप-बी में अफगानिस्तान, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के साथ रखा गया था. साउथ अफ्रीका के तीन मैचों में 5 अंक रहे और उसने अपने ग्रुप में पहला स्थान हासिल किया. साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान और इंग्लैंड के विरुद्ध जीत हासिल की, जबकि ऑस्ट्रेलिया संग उसका मुकाबला बेनतीजा रहा. दूसरे नंबर पर रहने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम के भी 3 मैचों में 4 अंक रहे. जबकि तीसरे नंबर पर रहने वाली अफगानिस्तान की टीम को 3 मैचों में 3 अंक हासिल हुए. इस ग्रुप में चौथे नंबर पर इंग्लिश टीम रही, जिसका खाता तक नहीं खुला.   recent visitors 74