मध्य प्रदेश में अध्यक्ष पद को लेकर बीजेपी के सवर्ण दांव की चर्चा फिर से तेज

भोपाल नए साल की शुरुआत के साथ ही मध्य प्रदेश में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं. राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि 15 जनवरी तक मध्य प्रदेश में नए अध्यक्ष की ताजपोशी हो सकती है, क्योंकि दिल्ली से लेकर भोपाल तक कई संगठनात्मक बैठकें हो चुकी हैं, जिसमें अध्यक्ष पद को लेकर रायशुमारी हुई है. फिलहाल खजुराहो से सांसद वीडी शर्मा मध्य प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, वह 2020 से लेकर 2025 तक की पारी खेल चुके हैं. अध्यक्ष पद को लेकर कई तरह की अटकलें लग रही है, क्योंकि इस पद के लिए कई नेता दावेदार नजर आ रहे हैं. वीडी शर्मा को मिला था विस्तार वीडी शर्मा को बीजेपी ने 2020 में मध्य प्रदेश का अध्यक्ष बनाया था, जिसके बाद 2023 में उनका कार्यकाल पूरा हो गया था, क्योंकि बीजेपी में अध्यक्ष पद का कार्यकाल तीन साल का होता है, लेकिन विधानसभा चुनाव नजदीक होने की वजह से उनके कार्यकाल को विस्तार दिया गया था, जिसके बाद से वह चार साल का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं. हालांकि वीडी शर्मा अब भी अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल माने जा रहे हैं, क्योंकि उनके नेतृत्व में विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन किया है. हालांकि चर्चा यह भी है कि वीडी शर्मा को पार्टी कोई दूसरी जिम्मेदारी सौंप सकती है, ऐसे में उनकी जगह कोई और नेता ले सकता है. क्या मध्य प्रदेश फिर दिखेगा बीजेपी का सवर्ण दांव मध्य प्रदेश में अध्यक्ष पद को लेकर बीजेपी के सवर्ण दांव की चर्चा फिर से तेज हो गई है. क्योंकि फिलहाल प्रदेश में बीजेपी की राजनीतिक व्यवस्था को देखा जाए तो पार्टी ने सभी वर्गों को साधने का काम किया है. बीजेपी ने ओबीसी से आने वाले डॉ. मोहन यादव को सीएम बनाया है, जबकि डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा एससी वर्ग से आते हैं. ये दोनों ही नेता मालवा जोन से आते हैं, इसी तरह राजेंद्र शुक्ला को भी डिप्टी सीएम बनाया गया है जो ब्राह्राण हैं और विंध्य अंचल से आते हैं. जबकि सवर्ण वर्ग के नरेंद्र सिंह तोमर को विधानसभा अध्यक्ष बनाया गया है जो चंबल रीजन से आते हैं. सवर्ण वर्ग से आने वाले वर्तमान अध्यक्ष वीडी शर्मा बुंदेलखंड रीजन से सांसद हैं, ऐसे में उनकी जगह बीजेपी किसी सवर्ण वर्ग के नेता पर ही दांव लगा सकती है. नरोत्तम मिश्रा के साथ ये नेता दावेदार मध्य प्रदेश में प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में सूबे के पूर्व गृहमंत्री और बीजेपी के सीनियर नेता नरोत्तम मिश्रा के नाम की चर्चा सबसे ज्यादा है, वह पिछले कुछ दिनों में तेजी से राज्य की राजनीति में एक्टिव भी दिख रहे हैं, जबकि हाल में उन्होंने कई बार वीडी शर्मा से मुलाकात भी की है. मिश्रा के दिल्ली दौरे की भी चर्चा है. इसके अलावा भोपाल की हुजूर सीट से तीन के बार के विधायक रामेश्वर शर्मा के नाम की चर्चा भी चल रही है. शर्मा इस बार मंत्री पद के भी दावेदार थे, लेकिन उन्हें जगह नहीं मिली थी, जिसके बाद उनके नाम की चर्चा अध्यक्ष पद के लिए भी चल रही है. वहीं पूर्व मंत्री अरविंद सिंह भदोरिया का नाम भी इस रेस में शामिल हैं, भदोरिया को संगठन का कुशल रणनीतिकार माना जाता है. ये नाम भी चौंका सकते हैं बीजेपी राजनीतिक अपने सरप्राइज के लिए भी जानी जाती है. 2014 के बाद से ही बीजेपी ने अब तक कई चौंकाने वाले फैसले किए हैं, ऐसे में इस बात की भी पूरी संभावना है कि किसी अनजाने चेहरे की एंट्री भी हो सकती है. पन्ना से विधायक और पूर्व मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह, बैतूल से विधायक हेमंत खंडेलवाल का नाम भी तेजी से अध्यक्ष पद की रेस में शामिल हुआ है. माना जा रहा है कि बीजेपी आलाकमान की दिल्ली में हुई बैठक में भी इन दोनों की चर्चा हुई है. वहीं भोपाल से पार्टी सांसद आलोक शर्मा भी अध्यक्ष की दौड़ में शामिल माने जा रहे हैं. आदिवासी वर्ग की भी चर्चा बीजेपी का फोकस हमेशा आदिवासी वर्ग पर भी रहा है. मोहन सरकार में आदिवासी वर्ग से आने वाले मंत्रियों की संख्या अच्छी खासी है, जिनके पास बड़े विभागों की जिम्मेदारियां हैं. ऐसे में अगर बीजेपी आदिवासी वर्ग से आने वाले नेता पर दांव लगाती है तो इस लिस्ट में मंडला से आठ बार के सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते का नाम भी रेस में शामिल हैं. वह अटल और मोदी सरकार में मंत्री रह चुके हैं. इसके अलावा राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी के नाम की चर्चा भी कई बार हो चुकी है. जबकि अनुसूचित जाति वर्ग से आने वाले नेता पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य के नाम की चर्चा भी तेज है. 15 जनवरी तक मिल सकता है नया अध्यक्ष मध्य प्रदेश में फिलहाल बीजेपी के संगठन चुनावों की प्रक्रिया जारी है, जिसके तहत मंडल अध्यक्षों की नियुक्तियां हो चुकी हैं, जबकि जिला अध्यक्षों के लिए रायशुमारी का दौर जारी है. वहीं माना जा रहा है कि 15 जनवरी तक प्रदेश में नए अध्यक्ष की ताजपोशी भी हो सकती है. क्योंकि जिला अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया इस हफ्ते में पूरी होने की उम्मीद है, ऐसे में फिर नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति हो सकती है. recent visitors 92

MP में ठंड, कोहरा और बारिश का कहर, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

भोपाल मध्य प्रदेश के कई इलाकों में सर्दी और कोहरे का प्रकोप शुक्रवार को भी जारी रहा। इस दौरान रायसेन, राजगढ़ और शाजापुर में शीतलहर का असर देखा गया और वहां कड़ाके की सर्दी पड़ी। जबकि भोपाल, नर्मदापुरम, सीहोर, मरुखेड़ा (नीमच) में भी बेहद ठंडा दिन रहा। इस दौरान प्रदेश में सबसे कम तापमान पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में 3.4 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के सभी संभागों के जिलों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। गुरुवार सुबह इन जिलों में रहा कोहरा आज मौसम की बात करें प्रदेश के श्योपुरकलां, नीमच, आगर, मंदसौर, उज्जैन, शाजापुर, सीहोर, राजगढ़, जबलपुर, भोपाल, भिंड एवं मुरैना जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा, जबकि रतलाम, झाबुआ, धार, इंदौर, देवास, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, ग्वालियर, दतिया, गुना, छतरपुर, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, नरसिंहपुर, रायसेन, अशोकनगर एवं विदिशा जिलों में हल्का कोहरा छाया रहा। प्रदेश में शुक्रवार सुबह सबसे कम तापमान पचमढ़ी (नर्मदापुरम) में 3.4 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा पिपरसमा (शिवपुरी) में 4.4 डिग्री, मरुखेड़ा (नीमच) में 4.6 डिग्री, कल्याणपुर (शहडोल) में 4.8 डिग्री और आगर-मालवा (आगर) में 5.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल और जबलपुर एयरपोर्ट पर सबसे कम यानी सिर्फ 50 मीटर की दृश्यता दर्ज की गई। शुक्रवार को ज्यादातर जिलों रहेगा कोहरा, 5 जगह गिर सकता है पाला मौसम विभाग ने शुक्रवार को रायसेन और शाजापुर जिले में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने, शीतलहर चलने और पाला पड़ने की संभावना जताई है। इसके अलावा विदिशा, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले में भी कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाने और पाला पड़ने की उम्मीद जताई है। भोपाल, राजगढ़, आगर जिलों में भी कहीं-कहीं घना कोहरा छाने और ठंडा दिन रहने की उम्मीद है। इसके अलावा सीहोर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, नीमच, मंदसौर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, बैतूल, हरदा, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, मैहर और निवाड़ी जिलों में कहीं कहीं मध्यम से घना कोहरा छाने की उम्मीद है। वहीं नीमच, नर्मदापुरम, भोपाल, राजगढ़, आगर जिलों में कहीं-कहीं बेहद ठंडा दिन रहने की उम्मीद है। कैसा रहा बीता दिन? बीते दिन प्रदेश के नर्मदापुरम संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान विशेष रूप से गिरा। इसके अलावा इंदौर, उज्जैन, रीवा और शहडोल संभागों के जिलों में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई। भोपाल और नर्मदापुरम संभागों के जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहा, जबकि शेष सभी संभागों के जिलों के तापमानों में विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। अधिकतम तापमान की बात करें तो उज्जैन व रीवा संभाग के जिलों में इसमें काफी गिरावट देखी गई। वे सामान्य से काफी कम रहे यानी यहां ठंड का ज्यादा असर देखा गया। जबकि इस दौरान इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और सागर संभागों के जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रहे और शेष सभी संभागों के जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य ही रहा। सिनोप्टिक मौसमी परिस्थितियां पश्चिमी विक्षोभ, जम्मू एवं संलग्न उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर माध्य समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में स्थित है। पश्चिमोत्तर भारत के ऊपर माध्य समुद्र तल से 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 222 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से उपोष्ण जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं। मध्य ईरान के ऊपर माध्य समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई के बीच अवस्थित पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। recent visitors 75

3 जनवरी शुक्रवार को इन राशियों में दिखेगा लाभ, होगा कुछ खास

मेष राशि– मेष राशि वालों के लिए आज का दिन अच्छे परिणाम लेकर आएगा। वाणी में मधुरता रहेगी, जिससे लोग आपके प्रभावित होंगे। हालांकि व्यावसायिक कार्यों के चलते मन परेशान हो सकता है। नौकरी में तरक्की के मार्ग खुलेंगे। कार्यक्षेत्र में तथा आय में भी वृद्धि हो सकती है। वृषभ राशि- वृषभ राशि के जातक आज आत्मविश्वास से भरे रहेंगे। माता-पिता का सहयोग मिलेगा। व्यापारिक कार्यों में धैर्य बनाए रखें। कारोबार में वृद्धि हो सकती है। आर्थिक लाभ के अवसर मिलेंगे। संतान की ओर से सुखद समाचार मिल सकते हैं। मिथुन राशि– मिथुन राशि वालों को आज संतान सुख में वृद्धि होगी। परिवार में सुख शांति रहेगी। किसी करीबी से कोई सरप्राइज मिल सकता है। संतान की ओर से अच्छी खबर मिलने के संकेत हैं। नौकरी में कार्यक्षेत्र में वृद्धि हो सकती है। आय में वृद्धि होगी। निवेश के अच्छे अवसरों की प्राप्ति होती। कर्क राशि– कर्क राशि वालों के मन में आज उतार-चढ़ाव रहेंगे। माता की सेहत का ध्यान रखें। आर्थिक खर्चों में वृद्धि हो सकती है। नौकरी पेशा करने वालों और व्यापारियों के कारोबार में बदलाव के योग बन रहे हैं। माता की सेहत पहले से अच्छी होगी। सिंह राशि- सिंह राशि वालों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। किसी मित्र के साथ कारोबार के लिए यात्रा पर जा सकते हैं। सिंगल जातकों के लिए विवाह के योग बन रहे हैं। आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर होगी। अपनों का साथ होगा। कन्या राशि- कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन रोजी-रोजगार के सुअवसरों की प्राप्ति कराएगा। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। परिवार की सेहत का ध्यान रखें। पैतृक संपत्ति विरासत में मिल सकती है। पारिवारिक स्थिति पहले से अच्छी होगी। बुद्धि के बल पर पैसा कमाने में सफल रहेंगे। तुला राशि- तुला राशि वालों के लिए आज का दिन मिश्रित फलदायी रहने वाला है। महत्वपूर्ण कार्यों में सफलता मिलने से मन प्रसन्न रहेगा। शैक्षिक कार्यों में मान सम्मान की प्राप्ति होगी। कारोबार में विस्तार के लिए पिता से धन मिल सकता है। कारोबार के लिए यात्रा लाभकारी रहेगी। वृश्चिक राशि- वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन धैर्य रखने की सलाह देता है। किसी भी फैसले को लेने में बहुत जल्दबाजी न करें। आत्मविश्वास बहुत रहेगा। कारोबार से आय में वृद्धि होगी। किसी मित्र के सहयोग से कारोबार बढ़ सकता है। मकर राशि– मकर राशि वालों के लिए आज का दिन सफलता की नई कहानी लिखेगा। आत्मविश्वास भरपूर रहेगा। पिता की सेहत में सुधार होगा। कारोबार में वृद्धि होगी। व्यावसायिक कार्यों में व्यसत्ता बढ़ सकती है। शैक्षिक व शोध कार्यों में सफलता मिलेगी। कुंभ राशि- कुंभ राशि वालों के जीवन में सकारात्मक बदलाव होंगे। जीवन साथी की सेहत का ध्यान रखें। माता का साथ मिलेगा। किसी रुके धन की प्राप्ति हो सकती है। हालांकि आज रुपए-पैसे के लेन-ेन से बचें, वरना आर्थिक नुकसान हो सकता है। परिवार के साथ अच्छा समय बिताएंगे। मीन राशि– आज मीन राशि वालों के खर्चों में वृद्धि होगी। थोड़ा संभलकर दिन पार करें। परिस्थितियां प्रतिकूल हैं। वाहन प्रयोग में सावधानी बरतें। हालांकि कुछ जातकों के लिए शैक्षिक व बौद्धिक कार्यों के लिए विदेश जाने के योग बन रहे हैं। शासन सत्ता का सहयोग मिलेगा। recent visitors 101

प्रदेश सरकार 963 किसानों को उनकी जमीन वापस करेगी, किसानों को महाराष्ट्र सरकार का बड़ा तोहफा

मुंबई महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष और राज्य मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान महाराष्ट्र सरकार द्वारा लिए गए फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नए साल की शुरुआत में किसानों को बड़ा तोहफा दिया है। प्रदेश सरकार 963 किसानों को उनकी जमीन वापस करेगी, जो सरकार द्वारा उनके ऊपर सरकारी बकाया न चुकाए जाने के कारण जब्त कर ली गई थी। चंद्रशेखर बावनकुले ने बताया कि कैबिनेट बैठक में निर्णय लिया है कि 963 किसानों को जमीन वापस की जाएगी। यह एक अहम कदम है, जिसे राज्य सरकार ने किसानों की भलाई के लिए उठाया है। किसानों की यह जमीन वापसी उनके लिए एक बड़ी राहत होगी और इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा। शरद पवार और अजीत पवार के एनसीपी के विलय के बारे में पूछे जाने पर बावनकुले ने कहा कि अगर परिवार एक साथ आता है तो यह एक अच्छी बात है और वह इसका स्वागत करते हैं। यह राजनीतिक एकता का संकेत है और इससे राज्य में विकास की संभावनाएं मजबूत होंगी। बावनकुले ने पीएम नरेंद्र मोदी के वीर सावरकर के नाम पर दिल्ली में एक कॉलेज का शिलान्यास करने की बात भी की। उन्होंने कहा कि यह महाराष्ट्र के लिए गर्व का विषय है। प्रधानमंत्री मोदी वीर सावरकर के नाम पर कॉलेज का शिलान्यास करने जा रहे हैं, इसके लिए हम प्रधानमंत्री का धन्यवाद करते हैं। वीर सावरकर महाराष्ट्र के गौरव हैं, लेकिन कांग्रेस उन्हें अपमानित करती रही है और उद्धव ठाकरे सत्ता की खातिर इस पर चुप हैं। लालू प्रसाद यादव के बिहार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार गिराने का प्रस्ताव देने पर बावनकुले ने कहा कि जो कुछ संजय राउत और लालू प्रसाद यादव कह रहे हैं, वो शायद उन्होंने अपने सपनों में सुना होगा। उनका यह बयान बेइमानी और अव्यावहारिक है। recent visitors 98

चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के हाई फ्रीक्वेंसी इंडिकेटर्स के मुताबिक 2025 में तेजी से बढ़ेगी भारतीय अर्थव्यवस्था

नई दिल्ली वर्ष 2025 की शुरुआत के साथ ही अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यभार संभालने से पहले दुनिया में अस्थिरता की स्थिति बनी हुई है, लेकिन, चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के हाई फ्रीक्वेंसी इंडिकेटर्स के मुताबिक, भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। यह जानकारी गुरुवार को जारी एक रिपोर्ट में दी गई। बैंक ऑफ बड़ौदा की रिपोर्ट में बताया गया कि जीएसटी संग्रह, सर्विस परचेसिंग मैनेजर्स इंडेक्स (पीएमआई), एयर पैसेंजर ग्रोथ और वाहनों का पंजीकरण में वित्त वर्ष 25 की दूसरी तिमाही की तुलना में वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में मजबूत वद्धि देखने को मिली है। वहीं, दूसरी तरफ चीन के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर की रफ्तार धीमी होती जा रही है और प्रशासन के लिए घरेलू खपत बढ़ाना और रियल एस्टेट सेक्टर को फिर से वृद्धि की ओर ले जाना एक चुनौती बन गया है। अमेरिकी अर्थव्यवस्था विकास के बारे में मिश्रित संकेत दे रही है। श्रम बाजार में नरमी दिख रही है और मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियां कमजोर बनी हुई हैं। खुदरा बिक्री, आवास बिक्री और सेवा क्षेत्र अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। यूरोप में मैन्युफैक्चरिंग गतिविधियों ने अभी तक गति नहीं पकड़ी है। वहीं सेवा क्षेत्र फिर से अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। भारत में चालू खाता घाटा (सीएडी) वित्त वर्ष 2025 की दूसरी तिमाही में जीडीपी का 1.2 प्रतिशत तक कम हो गया, जबकि वित्त वर्ष 2024 की दूसरी तिमाही में यह जीडीपी के 1.3 प्रतिशत के बराबर था। बैंक ऑफ बड़ौदा की अर्थशास्त्री सोनल बधान ने कहा, " पिछले वर्ष व्यापार घाटा अधिक था, सेवाओं के निर्यात में तेजी के साथ-साथ रेमिटेंस में निरंतर मजबूती ने चालू खाते घाटे को कम किया है। हमारे साल के अंत के बाजार विश्लेषण से पता चलता है कि सेंसेक्स और निफ्टी 50 दोनों ने कैलेंडर वर्ष 24 में 8.7 प्रतिशत और 9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। सेंसेक्स ने इस साल का नया ऑल टाइम हाई बनाया और 85,500 का आंकड़ा पार कर गया।" 2024 में रियल एस्टेट, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और आईटी का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा। इस दौरान भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले 2.8 प्रतिशत घटा, लेकिन इसका प्रदर्शन बाकी अन्य विदेशी मुद्राओं के मुकाबले काफी अच्छा था। रिपोर्ट के अनुसार, हाई फ्रीक्वेंसी इंडिकेटर्स ने अक्टूबर-दिसंबर 2024 की अवधि में मजबूत सुधार दिखाया है। जीएसटी संग्रह तीसरी तिमाही में 8.3 प्रतिशत (सालाना आधार पर) बढ़कर 5.5 लाख करोड़ रुपये हो गया है, और यह दूसरी तिमाही के 5.3 लाख करोड़ रुपये से भी अधिक है, जो उपभोग पैटर्न में और सुधार का संकेत देता है। इसके अलावा त्योहारी मांग के कारण शहरी उपभोग के अन्य संकेतकों में भी सुधार हुआ है। हवाई यात्रा में तीसरी तिमाही में 11.6 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि दूसरी तिमाही में यह 7.8 प्रतिशत थी। सेवा पीएमआई तीसरी तिमाही में 59.2 रही, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 58.1 थी। बधान ने कहा, "हमें उम्मीद है कि कॉर्पोरेट्स के नतीजे भी तीसरी तिमाही में बेहतर रहने की उम्मीद है।" रिपोर्ट में आगे कहा गया कि दूसरी छमाही में सरकारी खर्च में तेजी आने और उसके बाद सरकारी और निजी निवेश दोनों में सुधार की उम्मीद से आईआईपी वृद्धि वित्त वर्ष 2025 की पहली छमाही की तुलना में दूसरी छमाही में बेहतर रहेगी। recent visitors 105

नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी स्कूल आगामी आदेश तक बंद रहेंगे, जिलाधिकारी ने स्कूलों से जुड़ा एक अहम आदेश जारी किया

नोएडा ठंड और घने कोहरे को देखते हुए कई राज्यों में स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया गया है। गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने भी स्कूलों से जुड़ा एक अहम आदेश जारी किया है। इस आदेश के अनुसार, जिले के नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी स्कूल आगामी आदेश तक बंद रहेंगे। यह आदेश यूपी बोर्ड, सीबीएसई और अन्य सभी बोर्ड के स्कूलों पर लागू होगा। स्कूल बंद करने का कारण डीएम मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि बढ़ती ठंड और कोहरे के कारण बच्चों को स्कूल आने में कठिनाई हो रही थी, और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया। सर्दी और कोहरे के चलते बच्चों के स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता था, इसलिए प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया है। तापमान और AQI आज सुबह नोएडा का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, हवा की गुणवत्ता (AQI) 170 दर्ज की गई है, जो सामान्य स्तर पर है। इस सर्दी और कोहरे को ध्यान में रखते हुए, जिले के नर्सरी से कक्षा 8 तक के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। जब तक डीएम द्वारा अगला आदेश नहीं आता, तब तक यह आदेश लागू रहेगा। अन्य राज्यों में भी स्कूल बंद नोएडा में ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों में भी ठंड और सर्द हवाओं के कारण कई जगहों पर स्कूल बंद करने का फैसला लिया गया है। इस समय ठंडी लहरें बच्चों के लिए मुश्किल पैदा कर रही हैं, और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। recent visitors 89

वरिष्ठ पत्रकार पुष्पेन्द्र अहिरवार का धूमधाम से मनाया जन्मदिन 

Senior journalist Pushpendra Ahirwar’s birthday celebrated with great pomp भोपाल। हमेंशा दूसरों की आवाज बनने वाले पत्रकारिता में हर समय उपलब्ध रहने वाले पत्रकार साथियों का जब जन्मदिन या अन्य उत्सव मनेगा, तो कुछ अलग ही ख़ुशी देखने को मिलेगी। ऐसा ही कुछ नव वर्ष 2025 के दूसरे दिन 2 जनवरी को भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार पुष्पेन्द्र अहिरवार के जन्मदिन के अवसर पर देखने को मिला। तुलसी नगर में राजधानी हलचल समाचार पत्र के ऑफिस में पत्रकार साथियों ने खूब खुशियाँ मनाई और अगले वर्ष के लिए शुभकामनायें और बधाई दी। सभी ने एक-दूसरे को केक खिलाकर हैप्पी बर्थडे गीत को अपना स्वर देकर उत्सव को सेलिब्रेट किया। सभी साथियों ने केक और स्वल्पाहार भी ग्रहण किया। बड़ी संख्या में प्रदेश भर के पत्रकार साथियों और अन्य समाजसेवियों, राजनेताओं समेत अन्य लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए जन्मदिन की बधाई और शुभकामनायें दीं। इस चंद समय और अवसर को खुशनुमा माहौल देने पर पुष्पेन्द्र अहिरवार ने सभी साथियों का आभार माना।  आपको बता दें पत्रकार पुष्पेन्द्र अहिरवार पिछले डेढ़ दशक से पत्रकार के जरिए समाजसेवा कर रहे हैं। वे मप्र के स्वदेश, राष्ट्रीय हिंदी मेल, सांध्य प्रकाश, राजक्सप्रेस, नवदुनिया और हरिभूमि आदि अनेक समाचार पत्रों में काम कर चुके हैं। पत्रकार साथियों ने कहा ऐसे शख्स का जन्मदिन मानना हमारे लिए गौरव की बात है। हम सभी साथी पत्रकार साथियों का कुछ इसी उत्साह के साथ जन्मदिन मनाते हैं।  इस मौके पर राजधानी समाचार पत्र के संपादक प्रवीण बौद्ध, पत्रकार सुशील दामले, पत्रकार हरीश यादव, पत्रकार एनके सिंह (कोबरा न्यूज़ चैनल), पत्रकार रत्नदीप, पत्रकार अफजल भाई, पत्रकार सरवर खान समेत बड़ी संख्या में पत्रकार साथी व अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे। recent visitors 268