छतरपुर में बड़ा हादसा पेटीज के ठेले पर फटा गैस सिलंडर, 20 से अधिक लोग घायल

बिजावर  छतरपुर जिले के बिजावर बस स्टैंड पर रविवार दोपहर में एक पेटीज की ठेले पर अचानक छोटा गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। सिलेंडर ब्लास्ट होने के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। लोग यहां वहां भागते नजर आए। हादसे में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। किसी के चेहरे पर असर हुआ है तो किसी के सीने और हाथों की स्किन जल गई। घटना की जानकारी लगते ही बिजावर विधायक राजेश बबलू शुक्ला मौके पर पहुंचे और प्रशासन को घटनाक्रम की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कलेक्टर पार्थ जैसवाल और एडीएम अरविंद नागदवे सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को दो एंबुलेंसों से बिजावर अस्पताल और छतरपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां घायलों को प्राथमिक उपचार दे दिया गया है। 20 से ज्यादा लोग घायल घायलों में एक 12 साल के बच्चे की हालत गंभीर बताई गई है। हादसे में यह लोग हुए घायल सिलेंडर ब्लास्ट होने की घटना में राधे नामदेव, मीना अहिरवार, क्रिस, अंकित, नरेंद्र राजपूत, प्रिंस, प्रीतम, नीलम कुशवाह, बालकिशन, दिनेश, जमुना, गुड्डी, आशीष शर्मा, यश साहू, नारायण साहू सहित करीब 20 से ज्यादा लोग सिलेंडर ब्लास्ट की घटना में घायल हुए हैं। कोई तीन फीसदी, कोई पांच फीसदी तो कोई 15 फीसदी से ज्यादा जल गया है, जिसका इलाज कराया जा रहा है। रविवार को हाट बाजार भी लगा हुआ था। इस कारण बाजार में भीड़ थी और सिलेंडर ब्लास्ट होने से वह घायल हो गए। अधिकारियों की निगरानी पर सवाल शहर सहित जिलेभर में घरेलु सिलेंडर दुकानों में उपयोग किए जा रहे हैं, जिनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती। नगर कस्बों के अलावा छतरपुर शहर में बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन सहित अस्पताल के आसपास ठेलों और दुकानों पर घरेलु गैसे सिलेंडरों का उपयोग धड़ल्ले से होता रहता है, जिनके खिलाफ फूड विभाग व अन्य अधिकारी कार्रवाई तक नहीं करते। सिलेंडर ब्लास्ट होने की घटना हुई है। हम सभी घायलों को देख रहे हैं। कोई कम तो कोई ज्यादा जल गया है। घायलों को अस्पताल में इलाज के लिए भिजवाया गया है। recent visitors 118

आज छिंदवाड़ा में कवि सम्मेलन, कुमार विश्वास देंगे प्रस्तुति, नाथ के 78वें जन्मदिन पर होर्डिंग बैनर से पटा शहर, उमंग सिंघार सहित पूर्व मंत्रियों का लगेगा जमघट

 छिंदवाड़ा वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलनाथ 28 साल बाद अपने जन्मदिन पर 18 नवंबर को छिंदवाड़ा में सभी कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं के साथ होंगे। उनके जन्मदिन की तैयारियां कांग्रेसजनों ने शुरू कर दी हैं। इस बार वे हम सभी के साथ अपना जन्मदिन केक काटेंगे। यह जानकारी शुक्रवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओक्टे ने राजीव भवन में पत्रकारों को दी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओक्टे ने बताया कि पिछली बार कमलनाथ जब 50 वर्ष की उम्र में थे, तब उन्होंने कांग्रेसजनों के साथ अपना जन्म दिन मनाया था। लम्बे अरसे के बाद वे अपने कार्यकर्ताओं के साथ होंगे, इससे उनका उत्साह दोगुना हो गया है। इस दिन 18 नवंबर को कमलनाथ और नकुलनाथ सुबह सबसे पहले सिमरिया हनुमान मंदिर दर्शन करने जाएंगे। फिर राजीव भवन में आयोजित जन्मदिन कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। ऐसे में छिंदवाड़ा में प्रदेश भर के दिग्गज नेता जुट रहे हैं। जिले के अधिकांश होटल और लॉज के कमरे बुक हैं। विधानसभा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे, पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया, पूर्व मंत्री बाला बच्चन सहित प्रदेश के दर्जनों बड़े नेता जन्म दिन समारोह में शामिल होंगे। 18 नवंबर को जन्मदिन पर कमलनाथ व नकुलनाथ सुबह सिमरिया हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे। विज्ञापन राजीव भवन में धर्मसभा का आयोजन जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में धर्मसभा का आयोजन होगा। इस दौरान कार्यकर्ता केक काटकर जन्मदिन मनाएंगे। कार्यकर्ता शहर के प्रमुख मंदिरों में पूजा अर्चना व मजार पर चादर चढ़ाएंगे। जिला अस्पताल में मरीजों को फल वितरण और वृद्धाश्रम में वृद्धों को भोज कराएंगे। शाम 6.30 बजे से कवि सम्मेलन जबकि शाम 6.30 बजे से दशहरा मैदान (पोलोग्राउंड) में कवि सम्मेलन होगा। जाने माने कवि डॉ. कुमार विश्वास, हास्य कवि पद्मश्री डॉ. सुनील जोगी, रमेश मुस्कान, वीर रस की कवयित्री कविता तिवारी, लाफ्टर चैलेंज के दिनेश बावरा व शृंगार रस की कवयित्री प्रीति पांडे काव्य पाठ प्रस्तुत करेंगे। निनाद ललित कला समिति के सचिव आनंद बक्षी ने बताया कि 18 नवंबर शाम 6.30 बजे स्थानीय दशहरा मैदान पोलाग्राउंड में कमलनाथ के जन्मोत्सव पर कमलनाथ-नकुलनाथ की गरिमामयी उपस्थिति में विशाल कवि सम्मेलन आयोजित किया गया है। पास या आमंत्रण की आवश्यकता नहीं उल्लेखनीय है कि, कार्यक्रम स्थल में परिवर्तन कर अब यह कार्यक्रम दशहरा मैदान पोला ग्राउंड में होगा। आनंद बक्षी ने बताया कि आयोजन में प्रवेश हेतु पास अथवा आमंत्रण की आवश्यकता नहीं है। यह पूर्णतः निशुल्क कार्यक्रम है। महिलाओं के बैठने के लिए व्यवस्था की गई है। ऐसे मनाएंगे कमलनाथ का जन्मदिन कांग्रेसजन उनकी दीर्घायु की कामना के लिए अनगढ़ हनुमान मंदिर और भैय्याजी की दरगाह जाएंगे। निनाद ललित कला समिति के पदाधिकारी व कांग्रेस समन्वयक आनंद बक्षी ने बताया कि कमलनाथ के जन्मदिन पर शाम 6.30 बजे पोला ग्राउण्ड में देश के सुप्रसिद्ध कवि डॉ. कुमार विश्वास अपनी ओजस्वी वाणी से रचनाएं पाठ करेंगे। उनके साथ पद्मश्री डॉ. सुनील जोगी, रमेश मुस्कान, दिनेश बावरा, कविता तिवारी और प्रीति पाण्डेय भी अपनी रचनाएं पेश करेंगी। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष गंगा तिवारी ने कहा कि कमलनाथ के जन्मदिन की तैयारियों में कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। यह भव्य कार्यक्रम होगा। शहर कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू यादव और प्रवक्ता नितिन उपाध्याय ने भी जानकारी दी। recent visitors 209

राजधानी भोपाल में मैकेनिकल इंजीनियर की सड़क हादसे में मौत

भोपाल निशातपुरा थाना इलाके में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वह मुंबई में टीसीएस कंपनी में मैकेनिकल इंजीनियर था। वह शुक्रवार को ही अपने माता-पिता से मिलने मुंबई से बैरसिया स्थित अपने घर आया था। परिवार से मिलने के बाद वह शुक्रवार रात को करोंद में रहने वाले अपने भाई से मिलने के लिए बाइक से निकला था। निशातपुरा थाना पुलिस के मुताबिक 23 वर्षीय आनंद पुत्र पूरन सिंह राजपूत लंगरपुर बैरसिया का रहने वाला था। भोपाल में इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद छह माह पहले ही मुंबई में टीसीएस कंपनी में उसकी नौकरी लगी थी। शुक्रवार रात आनंद करोंद में रहने वाले अपने भाई अरविंद के पास जाने का कहकर गांव से निकला था। शनिवार भोर लगभग साढ़े तीन बजे पूरनसिंह को फोन पर उनके बेटे आनंद के सड़क हादसे में बुरी तरह घायल होने की सूचना मिली। उसे जेल रोड स्थित कंफर्ट लास ग्रीन कालोनी के सामने किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। वह घर बड़ा बेटा था। परिवार में माता-पिता के अलावा उसका छोटा भाई अरविंद एवं एक छोटी बहन है। घटना के बाद से परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की मदद से दुर्घटना की वजह का पता लगा रही है। recent visitors 98

मकान बिकाऊ है… इंदौर में हिंदू परिवार ने अपने घर के बाहर क्यों लिखा ये, जानें मामला

इंदौर  मध्य प्रदेश के इंदौर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. रावजी बाजार इलाके के प्रकाश का बगीचा में रहने वाले राजेश कलमोदिया ने अपने घर के बाहर लिखा दिया,’घर बिकाऊ है मुस्लिम प्रताड़ना से परेशान’. इसके बाद बड़ी संख्या में उनके घर हिंदू संगठन के लोग पहुंचे. मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस की चीम भी मौके पर पहुंची. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक एक महीने पहले राजेश और उनके घर से कुछ दूरी पर रहने वाले शादाब और शानू में आपसी विवाद हो गया था. इसके बाद से वह आपसी समझौता करने का दबाव बना रहे हैं. शिकायतकर्ता ने यह भी पुलिस को कहा कि देर रात कोई उनके घर के बाहर सुतली बम फेंका गया था. इससे उनका परिवार काफी डरा और सहमा हुआ भी हैं. इसक वजह से घर के दरवाजे पर लिख दिया मुस्लिम प्रताड़ना से घर बिकाऊ है. इस घर का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल मामले की गंभीरता की देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और इस पूरे मामले की जांच पड़ताल शुरू की. पुलिस के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच एक महीने पहले विवाद हुआ था. राजेश का कहना है कि शादाब शानू और उसके 2 अन्य साथी इस मामले में राजीनामा करने के लिए उन पर दबाव बनाकर विवाद कर रहे हैं. घर के अंदर पटाखे फेंके शुक्रवार को शादाब, रईस,सोनू उर्फ इरफान, सोनू,सलीम, जल्लू, रिज्जू उर्फ रिजवान, रेहाना, मोना उर्फ हीना ने राजेश की पत्नी मीनाक्षी के पास पहुंची और केस वापस लेने की जिद करने लगे। समझौता के लिए राजी नहीं होने पर गुस्साए आरोपितों ने शनिवार रात करीब तीन बजे राजेश के घर पर पटाखे फेंके। जांच के लिए फारेंसिक एक्सपर्ट को बुलाया इस घटना से घबरा कर राजेश ने दरवाजे पर मकान बिकाऊ है का बोर्ड लगा दिया। एडिशनल डीसीपी जोन-4 आनंद यादव के मुताबिक कील और छर्रे मौके पर नहीं मिले हैं। सूचना के बाद हमने फारेंसिक एक्सपर्ट को बुला लिया है। इधर… व्यापारी स्वेच्छा से हटाएंगे अतिक्रमण, समय मांगा मालवा मिल अनाज मंडी और आसपास के क्षेत्रों के व्यापारी स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाएंगे। एमआइसी सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया ने बताया कि 16 नवंबर को मालवा मिल अनाज मंडी और आसपास के क्षेत्र में नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम ने अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई की थी। कई व्यापारियों के शेड तोड़े गए और चालानी कार्रवाई की गई। इससे व्यापारी आक्रोशित थे। रविवार को व्यापारियों ने एमआइसी सदस्य पहाड़िया, एसडीएम प्रदीप सोनी और जोनल अधिकारी अंकेश बिरथरिया से मिलकर अपनी बात रखी। इस पर तया किया गया कि व्यापारी स्वेच्छा से अपना अतिक्रमण हटा लेंगे। इसके लिए उन्हें तीन दिन का समय दिया जाए। निगम द्वारा खींची गई लक्ष्मण रेखा के अंदर ही हर व्यापारी अपना व्यवसाय करेगा। पहाड़िया ने कहा कि जनहित और इंदौर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए रहवासी व व्यापारी सहयोग के लिए तैयार हैं। recent visitors 113

भगवान बद्रीनाथ धाम के कपाट शुभ मुहूर्त में बंद हुए, हुआ चार धाम यात्रा का समापन

 देहरादून श्री बद्रीनाथ धाम (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट रविवार को सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों के बीच विधि-विधान से जय बद्री विशाल के उद्घोष के साथ रात नौ बजकर सात मिनट पर शीतकाल के लिए बंद हो गए। इसी के साथ अब चारधाम यात्रा शीतकाल तक के लिए बंद हो गई। रविवार को 10 हजार से अधिक श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए और कपाट बंद होने के साक्षी बने। बर्फीले पहाड़ और सर्द बयार भी इसके साक्षी बने। कपाट बंद होने के अवसर पर बदरीनाथ पुष्प सेवा समिति ऋषिकेश ने मंदिर को फूलों से सजाया था, जो आकर्षक छटा बिखेर रही थी। स्थानीय लोक कलाकारों, महिला मंगल दल बामणी, पांडुकेश्वर की ओर से लोकनृत्य व जागर आदि प्रस्तुति दी गई। इसमें लोक संस्कृति की झलक दिखी। इस अवसर पर दानीदाताओं व सेना ने श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया था और श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद चखा। तीर्थयात्रियों की चहल-पहल से अलग ही माहौल था। बीकेटीसी अध्यक्ष ने जताया आभार, श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने चारधाम यात्रा समापन के अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी और बद्रीनाथ धाम यात्रा से जुड़े सभी विभागों-संस्थाओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में इस बार चारधाम यात्रा में रिकार्ड 48 लाख से अधिक तीर्थयात्री दर्शन को पहुंचे हैं। चमोली जनपद के जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बद्रीनाथ धाम यात्रा समापन के अवसर पर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि प्रशासन व मंदिर समिति के समन्वयन से बद्रीनाथ धाम यात्रा कुशलतापूर्वक संपन्न हुई है और रिकार्ड संख्या में तीर्थयात्री पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि बद्रीनाथ धाम में मास्टर प्लान का कार्य तेजी से चल रहा है। इससे तीर्थयात्रियों को अधिक सुविधाएं मिलेंगी। इस वर्ष सवा 14 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए भगवान बद्री विशाल के दर्शन बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने बताया कि इस यात्रा वर्ष बद्रीनाथ धाम यात्रा का सफल समापन हो गया है। इस वर्ष सवा 14 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने भगवान बद्री विशाल के दर्शन किए हैं। मंदिर समिति ने तीर्थयात्रियों के सरल व सुगम दर्शन व्यवस्था की। एक घंटे 37 मिनट में पूरी हुई कपाट बंद होने की प्रक्रिया रात्रि 7.30 बजे से कपाट बंद होने की प्रक्रिया शुरू हुई। रावल अमरनाथ नंबूदरी, धर्माधिकारी राधाकृष्ण थपलियाल, वेदपाठी रविंद्र भट्ट, अमित बंदोलिया ने कपाट बंद करने की प्रक्रिया पूरी की। उद्धव जी एवं कुबेर जी बद्रीनाथ मंदिर के गर्भगृह से बाहर आए। इसके बाद रावल अमरनाथ नंबूदरी स्त्री रूप धारण कर मां लक्ष्मी को मंदिर गर्भगृह में विराजममान किया। तत्पश्चात रात्रि सवा आठ बजे भगवान बदरी विशाल को माणा महिला मंगल दल द्वारा बुनकर तैयार किया गया घृत कंबल ओढ़ाया गया। उसके बाद रात नौ बजकर सात मिनट पर रावल अमरनाथ नंबूदरी ने बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद किए। 13 नवंबर से शुरू हो गई थीं पंच पूजाएं उल्लेखनीय है कि 13 नवंबर से पंच पूजाएं शुरू हो गई थी। पंच पूजाओं के अंतर्गत पहले दिन भगवान गणेश की पूजा हुई, शाम को इसी दिन भगवान गणेश के कपाट बंद हो गए। दूसरे दिन बृहस्पतिवार 14 नवंबर को आदि केदारेश्वर मंदिर तथा शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद हुए। तीसरे दिन शुक्रवार 15 नवंबर को खडग पुस्तक पूजन तथा वेद ऋचाओं का वाचन बंद हो गया। चौथे दिन शनिवार 16 नवंबर मां लक्ष्मी का कढ़ाई भोग चढ़ाया गया। रविवार 17 नवंबर को रात नौ बजकर सात मिनट पर बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद हो गए। बीकेटीसी ने हक-हकूकधरियों को दी है आगामी यात्रा की जिम्मेदारी कपाट बंद होने की तिथि तय होने के बाद विजयदशमी पर 12 अक्टूबर को बद्रीनाथ धाम की आगामी यात्रा के लिए हक-हकूकधरियों को बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने पगड़ी भेंट कर यात्रा वर्ष 2025 के लिए भंडार की जिम्मेदारी दी थी। 18 नवंबर को पांडुकेश्वर प्रस्थान करेगी उद्धव-कुबेर व आदिगुरू शंकराचार्य की गद्दी बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया कि रविवार की रात भगवान बदरी विशाल के कपाट बंद होने के बाद 18 नवंबर सोमवार को प्रात: 10 बजे उद्धव जी, कुबेर जी एवं रावल जी सहित आदिगुरू शंकराचार्य की गद्दी योग बदरी पांडुकेश्वर प्रस्थान करेगी। उद्धव जी एवं कुबेर जी शीतकाल में पांडुकेश्वर प्रवास करेंगे। 18 नवंबर को पांडुकेश्वर प्रवास के बाद 19 नवंबर को आदिगुरू शंकराचार्य की गद्दी रावल धर्माधिकारी वेदपाठी सहित श्री नृसिंह मंदिर जोशीमठ प्रस्थान करेगी। इसके बाद योग बदरी पांडुकेश्वर तथा श्री नृसिंह मंदिर जोशीमठ में शीतकालीन पूजाएं भी शुरू हो जाएंगी। recent visitors 92

राहतगढ़ में आयोजित पार्षद क्रिकेट कप में खाद्य मंत्री राजपूत ने किया पुरस्कार वितरण

भोपाल खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा है कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र में युवाओं के लिए स्टेडियम, जिम जैसी सुविधाएं उपलब्ध हो चुकी हैं। हमारे युवाओं के लिए हर सुविधा उपलब्ध है, इसलिए सभी युवा अपने शरीर पर और अपने खेल पर ध्यान दें। खाद्य मंत्री राजपूत ने सागर जिले की सुरखी विधानसभा क्षेत्र के राहतगढ़ में आयोजित पार्षद क्रिकेट कप के फाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि इस टूर्नामेंट में सभी खिलाड़ी विजेता है, क्योंकि खिलाड़ी कभी हारता नहीं है। खिलाड़ी या तो वह जीतता है या तो सीखता है, इसलिए जो कमियां रही हो खिलाड़ी उन्हें पूरा करने का प्रयास करें और अगली बार फिर पूरी तैयारी के साथ मैदान पर जीत के इरादों के साथ उतरे।  मंत्री राजपूत ने  प्रतियोगिता में शामिल विजेता तथा  उपविजेता एवं टूर्नामेंट में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। पार्षद क्रिकेट कप का  आयोजन 4 नवंबर से किया गया था। इसमें 16 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में चार-चार मैच खेले गए । रविवार को इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला गया, जिसमें सानू-11 टीम विजेता रही तथा उप विजेता टीम अली-11 रही। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि  सहित क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।   recent visitors 80

देश को अवैध नशामुक्त बनाने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस ने व्यापक स्तर पर अभियान शुरू

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में पुलिस का अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त अभियान तीन दिनों में 1,800 किलोग्राम से अधिक अवैध मादक पदार्थ जब्त तथा 167 आरोपी गिरफ्तार देश को अवैध नशामुक्त बनाने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस ने व्यापक स्तर पर अभियान शुरू " प्रदेश को अवैध नशामुक्त बनाने का संकल्प" भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा और मध्यप्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता के तहत प्रदेश को अवैध नशामुक्त बनाने के लिए मध्यप्रदेश पुलिस ने व्यापक स्तर पर अभियान शुरू किया है। पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना के निर्देशन में 14 नवंबर 2024 से प्रारंभ हुए प्रदेशव्यापी विशेष अभियान ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर बड़ी चोट पहुंचाई है। अभियान ने आपराधिक तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई का संदेश भी दिया है। तीन दिनों की इस कार्रवाई में पुलिस ने 1,800 किलोग्राम से अधिक अवैध मादक पदार्थ जब्त किए हैं। इस दौरान कुल 167 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 16 वाहनों को जब्त किया गया। अभियान के पहले दिन 14 नवंबर को मात्र 8 घंटों में पुलिस ने 10 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के 700 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ जब्त किए। प्रमुख स्थानों पर की गई कार्रवाइयों में भोपाल में 8.4 किलोग्राम चरस, खरगोन के चैनपुर में 478 किलोग्राम गांजा, सिवनी के धनौरा में 80 किलोग्राम गांजा, छिंदवाड़ा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में 42.1 किलोग्राम गांजा और नीमच जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र में 60 किलोग्राम डोडाचूरा की जब्ती शामिल है। इन कार्रवाइयों में 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 11 वाहनों को जब्त किया गया। अभियान के दूसरे दिन 15 नवंबर को पुलिस ने 144.7 किलोग्राम गांजा, 29 ग्राम स्मैक और 146.53 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की। साथ ही 126 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने न केवल बड़े आपराधिक गिरोहों पर प्रहार किया है, बल्कि छोटे पैमाने पर मादक पदार्थों के वितरण में शामिल अपराधियों पर भी शिकंजा कसा है। अभियान के तीसरे दिन 16 नवंबर को पुलिस ने 161 स्थानों पर छापेमारी की और 952 किलोग्राम से अधिक अवैध मादक पदार्थ बरामद किए। प्रमुख कार्रवाइयों में खरगोन जिले के विभिन्न स्थानों से 322.43 किलोग्राम गांजा, धार जिले में 200.3 किलोग्राम गांजा, बड़वानी में 157.9 किलोग्राम गांजा और देवास जिले में 105.394 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। तीसरे दिन की 30 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही अवैध परिवहन में प्रयुक्त 5 वाहनों को भी जब्त किया गया। संवेदनशील क्षेत्रों में सघन तलाशी और सख्त कार्रवाई पुलिस ने तीन दिवसीय विशेष अभियान में संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर सघन तलाशी ली। अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन, परिवहन और वितरण में संलिप्त आपराधिक तत्वों को चिन्हित कर उन पर कठोर कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की बरामदगी के साथ इनसे जुड़े संगठित गिरोहों को भी तोड़ने में सफलता प्राप्त की। अभियान के परिणाम और उद्देश्य पुलिस ने अभियान में अब तक 1,800 किलोग्राम से अधिक अवैध मादक पदार्थ जब्त किए हैं, जिसमें 920.673 किलोग्राम गांजा, 37.58 ग्राम स्मैक, 649 ग्राम ब्राउन शुगर, 60 किलोग्राम डोडाचूरा और 61 ग्राम एमडी शामिल हैं। कुल 167 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 16 वाहन जब्त किए गए। अभियान का उद्देश्य अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन, परिवहन और वितरण पर रोक लगाना है, साथ ही समाज को इस बुराई के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना है। अवैध नशामुक्त प्रदेश का निर्माण: एक साझा प्रयास यह अभियान मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में अवैध नशामुक्त प्रदेश की परिकल्पना के साथ पुलिस की सतर्कता, दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई न केवल अवैध मादक पदार्थों के कारोबार को तोड़ने में सफल रही है, बल्कि प्रदेश के युवाओं को अवैध नशे की लत से बचाने और समाज में सुरक्षा की भावना को मजबूत करने का काम भी कर रही है। मध्यप्रदेश पुलिस की यह पहल अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहा अभियान  समाज में अवैध नशे के दुष्प्रभावों को समाप्त करने और अपराध मुक्त राज्य के निर्माण की दिशा में मजबूत आधारशिला रखेगा।   recent visitors 103