व्हाइट हाउस के मुताबिक राष्ट्रपति पद की दौड़ से बाहर होने के फैसले को सही मानते हैं बाइडेन !

वाशिंगटन व्हाइट हाउस के मुताबिक प्रेसिडेंट जो बाइडेन का मानना है कि राष्ट्रपति पद की दौड़ से बाहर होने का उनका फैसला 'सही' था। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरिन जीन-पियरे ने एक ब्रीफिंग के दौरान यह बात कही। यह राष्ट्रपति-चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की जीत की घोषणा के बाद पहली ब्रीफिंग थी। बता दें इस चुनाव में बाइडेन की जगह डेमोक्रेट उम्मीदवार बनीं कमला हैरिस जीत दर्ज नहीं कर सकी। पियरे ने कहा, "उन्हें (बाइडेन) बहुत गर्व था। जब उन्होंने मशाल उपराष्ट्रपति को सौंपने का फैसला किया, तो उन्हें लगा कि उस समय यह सही फैसला था। उन्हें (बाइडेन) विश्वास था कि वह (कमला हैरिस) तैयार थीं।" पियरे ने सीधे तौर पर यह जवाब नहीं दिया कि क्या बाइडेन को अमेरिकी राष्ट्रपति पद की दौड़ से हटने का अफसोस है या नहीं? जीन-पियरे ने राष्ट्रपति के रूप में बाइडेन की उपलब्धियों का बखान करने की कोशिश की, जबकि डेमोक्रेट्स की हार के लिए कोई सीधा कारण नहीं बताया। व्हाइट हाउस अधिकारी ने कहा, "हम जो भी उपलब्धियां हासिल कर सके, उसके बावजूद, कोविड-19 महामारी के कारण वैश्विक स्तर पर प्रतिकूल परिस्थितियां रहीं, जाहिर है, कोविड-19 के कारण सप्लाई चेन में व्यवधान उत्पन्न हुआ, और इसका राजनीतिक प्रभाव कई पदाधिकारियों पर पड़ा।" इससे पहले राष्ट्रपति जो बाइडेन ने ऐलान किया कि उपराष्ट्रपति कमला हैरिस 'लड़ाई जारी रखेंगी' भले ही वह राष्ट्रपति पद का चुनाव हार गई हों। उन्होंने हैरिस को 'पीढ़ियों का नेता' करार दिया। बाइडेन ने बुधवार को एक बयान में कहा, "वह उद्देश्य, दृढ़ संकल्प के साथ लड़ाई जारी रखेंगी। वह सभी अमेरिकियों के लिए चैंपियन बनी रहेंगी।" उन्होंने कहा, "सबसे बढ़कर, वह एक ऐसी नेता बनी रहेंगी, जिन्हें हमारी पीढ़ियां याद रखेंगी।' बाइडेन ने कहा, "आज अमेरिका ने उस कमला हैरिस को देखा, जिन्हें मैं जानता हूं और जिनका मैं प्रशंसक हूं।" बाइडेन ने कहा कि 2016 में अपनी पार्टी का नामांकन प्राप्त करने के बाद कमला को अपना उपराष्ट्रपति चुनना उनका पहला फैसला था और यह 'मेरा सबसे अच्छा निर्णय था।' अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "उनकी दास्तां अमेरिका की सबसे अच्छी कहानी का प्रतिनिधित्व करती है। और जैसा कि उन्होंने आज स्पष्ट किया, मुझे इसमें कोई संदेह नहीं है कि वह उस कहानी को लिखना जारी रखेंगी।" recent visitors 70

कमलनाथ ने बताया नोटबंदी भारतीय अर्थव्यवस्था का काला दिन

भोपाल मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आठ साल पहले आज ही के दिन नौ नवंबर 2016 को लागू की गई नोटबंदी का जिक्र करते हुए कहा कि नोटबंदी ने देश की अर्थव्‍यवस्था की कमर तोड़ दी थी। इतिहास में इसका उल्‍लेख भारतीय अर्थव्यवस्था के काले दिन के रूप में हमेशा होता रहेगा। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शुक्रवार को कहा, आज ही के दिन आठ नवंबर 2016 को नरेंद्र मोदी सरकार ने नोटबंदी लागू कर देश की अर्थव्यवस्था की कमर तोड़ दी थी। नोटबंदी के आठ वर्ष बाद भी आज तक देश उसकी मार से उबर नहीं पाया है। जिन उद्देश्यों को लेकर नोटबंदी की गई थी, उसका भी कहीं अता पता नहीं है। कमलनाथ ने नोटबंदी के चलते बैंको तक वापस आई रकम का हवाला देते हुए कहा, एक आंकड़े के मुताबिक नोटबंदी के बाद लगभग 99 प्रतिशत पैसा वापस बैंकों में आ गया, जो साबित करता है कि नोटबंदी से कालेधन पर वार करने का सरकार का दावा झूठा निकला। नोटबंदी से आतंकवाद की कमर तोड़ने की भी बात कही गई थी, लेकिन हकीकत में ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। देश में आतंकी घटनाएं नोटबंदी के बाद भी लगातार जारी हैं। उन्होंने कहा, नोटबंदी से सिर्फ गरीबों की जेब और देश की अर्थव्यवस्था पर डाका डाला गया। गरीबों की छोटी-छोटी बचत नोटबंदी से खत्म हो गई। सैकड़ों लोग कतार में मर गए, कई शादियां टूट गईंं, लेकिन इस सरकार के पास नोटबंदी की सफलता के नाम पर सिर्फ झूठे दावे और आंकडे़ ही हैं। 1000 रुपये के नोट बंद कर 2000 रुपये के नोट चलन में लाना और फिर ये कहना कि बडे़ नोट भ्रष्टाचार रोकने के लिए बंद किए गए, सरकार का हास्यास्पद तर्क नजर आया। 2000 रुपये का नोट क्यों लाया गया था, और क्यों वापस लिया गया, आज तक इसका कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। ज्ञात हो कि काले धन पर रोक, आतंकवाद पर अंकुश, भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के मकसद से नौ नवंबर 2016 को नोटबंदी अमल में लाई गई थी। recent visitors 75

जम्मू-कश्मीर : सोपोर में सेना ने 2 आतंकियों को किया ढेर, हथियार और गोला-बारूद बरामद

सोपोर जम्मू-कश्मीर के सोपोर में सेना ने 2 आतंकवादियों को मार गिराया है। इनके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुए हैं। मारे गए दहशतगर्दों की पहचान की जा रही है। छिपे हुए कुछ और आतंकियों के खिलाफ आतंकवाद विरोधी अभियान शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी है। अधिकारियों ने कहा कि मुठभेड़ गुरुवार शाम को उस समय शुरू हुई, जब संयुक्त बलों ने दहशतगर्दों की मौजूदगी की सूचना के बाद सोपोर के पानीपोरा इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने कहा, 'तलाशी अभियान के दौरान गोलीबारी हुई। इस दौरान 2 आतंकियों को ढेर कर दिया गया।' उन्होंने बताया कि प्रारंभिक गोलीबारी के बाद अतिरिक्त बलों को क्षेत्र में भेजा गया था। पूरी रात सुरक्षा बलों ने इलाके के चारों ओर कड़ी घेराबंदी बनाए रखी और शुक्रवार तड़के भी गोलीबारी हुई थी। पुलिस ने गुरुवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी की पुष्टि कर दी थी। उत्तरी कश्मीर में मंगलवार के बाद से यह तीसरी मुठभेड़ है। इससे पहले 2 मुठभेड़ों में कुपवाड़ा और बांदीपोरा जिलों में अलग-अलग मुठभेड़ों में दो आतंकवादी मारे गए थे। 2 ग्राम रक्षा गार्ड को अगवा करने के बाद हत्या वहीं, जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के ऊपरी इलाकों में गुरुवार को आतंकवादियों ने दो ग्राम रक्षा गार्ड को अगवा करने के बाद उनकी हत्या कर दी। सनातन धर्म सभा संगठन ने इन हत्याओं के विरोध में शुक्रवार को किश्तवाड़ में पूर्ण बंद का आह्वान किया। हत्या की इस घटना के बाद पुलिस और सेना ने घने जंगल वाले इलाके में व्यापक संयुक्त तलाश अभियान शुरू किया। ओहली-कुंतवाड़ा निवासी नजीर अहमद और कुलदीप कुमार बृहस्पतिवार सुबह अधवारी क्षेत्र के मुंजला धार जंगल में अपने मवेशियों को चराने गए थे, लेकिन वे वापस नहीं लौटे। आतंकवादियों की ओर से उनका अपहरण कर हत्या किए जाने की खबरों के बीच पुलिस दल उन्हें खोजने निकले थे।   recent visitors 80

लोकायुक्त की टीम ने 15 हजार की रिश्वत लेते पटवारी को रंगे हाथों धरा

दमोह दमोह में शुक्रवार को सागर लोकायुक्त की टीम ने जमीन के सीमांकन के बदले 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एक पटवारी को रंगे हाथ पकड़ा। इमलाई गांव के निवासी शुभम चौधरी ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पिता के नाम के प्लाट के सीमांकन के लिए पटवारी तखत सिंह 25,000 रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। आवेदक शुभम के बार-बार निवेदन करने के बाद भी पटवारी ने काम नहीं किया और अंततः 15,000 रुपये में बात तय हुई। शुभम इस रिश्वत को देना नहीं चाहता था, इसलिए उसने सागर लोकायुक्त को पूरे मामले की जानकारी दी और एक वॉइस रिकॉर्डिंग भी सौंपी। शुक्रवार को रिश्वत की राशि देने का समय निर्धारित किया गया, जिसके बाद लोकायुक्त ने कार्रवाई की योजना बनाई। सागर लोकायुक्त कार्यालय ने शुभम को रंग लगे हुए 15,000 रुपये के नोट दिए और उसे इमलाई पंचायत में पटवारी से मिलने के लिए भेजा। जैसे ही पटवारी तखत सिंह ने रिश्वत की रकम ली, मौके पर मौजूद लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में भ्रष्टाचार अधिनियम की धारा 7 के तहत पटवारी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इस ट्रैप ऑपरेशन में निरीक्षक रंजीत सिंह और रोशनी जैन समेत लोकायुक्त का स्टाफ शामिल रहा। इस कार्रवाई से क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक सख्त संदेश गया है। वहीं, आवेदक शुभम चौधरी ने लोकायुक्त की मदद से बिना रिश्वत दिए सीमांकन का काम पूरा करवाने की उम्मीद जताई है। recent visitors 69

मध्यप्रदेश में बीजेपी नेताओं को खुली छूट, पुलिस को जहां चाहो वहां पीटो”, जीतू पटवारी का तंज

BJP leaders in Madhya Pradesh have a free hand, beat the police wherever they want”, Jitu Patwari. भोपाल। कटनी जिले के एक थाने में पुलिस कर्मियों के साथ गालीगलौच किए जाने और हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में हंगामा करने वाले खुद को बीजेपी पदाधिकारी बता रहे हैं. ये लोग वीडियो में पुलिस अधिकारियों को वर्दी उतारने की धमकी दे रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद अब कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया “बीजेपी कार्यकर्ताओं को खुली छूट दी गई है कि पुलिस को पीटो. कांग्रेस जल्द ही प्रदेश में पुलिस पिटाई की पूरी सीरीज निकालने जा रही है.” कांग्रेस बोली – अपराध न रोकें, इसलिए पिटती है पुलिस पुलिस से गालीगालौच का वीडिया समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता यश भारतीय ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया है. उन्होंने लिखा “बीजेपी नेता पुलिस से गालीगलौच कर थाना परिसर से अपने साथी को छुड़ा ले गए.” पुलिस से बदसलूकी को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया “पुलिस की कैसे पिटाई होती है, मध्यप्रदेश इसका ज्वलंत उदाहरण है. बीजेपी कार्यकर्ताओं को खुली छूट है कि पुलिस को पीटो. पुलिस को इसलिए मारो कि वे अपराधों को न रोकें.” कांग्रेस पार्टी पुलिस पिटाई की सीरीज निकालेगी जीतू पटवारी का कहना है “मोहन यादव सरकार में कितने पुलिसकर्मियों की पिटाई हुई है, हर जिले, तहसील में रोज पुलिस पिटती है, इस पर पूरी सीरीज निकाली जाएगी, इसे तैयार किया जा रहा है.” पटवारी ने कहा कि बीजेपी ने मोदी की गारंटी दी थी कि बहनों को 3 हजार रुपए महीना दिया जाएगा. क्या यह मिलने लगे हैं ? लाडली बहना के नाम पर भ्रमित किया गया. इसी तरह किसानों को 2700 रुपए में गेहूं खरीदा जाएगा. बीजेपी बताए यह सच है या झूठ. सरकार ने गरीबों की योजनाएं बंद कर दी. एससी,एसटी, ओबीसी की छात्रवृत्ति बंद कर दी. 33 विभागों के पास पैसा नहीं है,. बीजेपी झूठ के पैरों पर खड़ी है. अगर कांग्रेस झूठ बोल रही है तो सरकार बताए सच क्या है ? recent visitors 223

आयुक्त लोक शिक्षण राज्य स्तरीय बैण्ड प्रतियोगिता में हुई शामिल

भोपाल बैण्ड गतिविधियां, विद्यार्थियों में लयबध्द संगीत के साथ अनुशासन और टीम भावना विकसित करती है । स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहना चाहिए। इससे उनका समग्र रूप से विकास होता है। मध्यप्रदेश के स्कूलों ने राष्ट्रीय स्तर की बैण्ड प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन कर देश भर में अपने राज्य का नाम रौशन किया है। उन्होंने कहा कि बैण्ड गतिविधियों का अधिक से अधिक विद्यालयों में विस्तार किया जायेगा। आयुक्त लोक शिक्षण श्रीमती शिल्पा गुप्ता राजधानी भोपाल के अरेरा कॉलोनी स्थित केम्पियन स्कूल में राज्य स्तरीय बैंड प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रही थी। उन्होंने गुब्बारे उड़ाकर बैण्ड प्रतियोगिता के शुभारंभ की उद्घोषणा की। आयुक्त लोक शिक्षण श्रीमती गुप्ता ने कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षा के गुणात्मक सुधार के साथ साहित्यिक, गीत-संगीत, खेलकूद और योग से जुड़ी गतिविधियों का विस्तार किया जा रहा है। मैदान में उपस्थित दर्शकों ने प्रदेश के सभी से संभागों से शामिल हो रहे ब्रास बैंड और पाइप बैंड की 19 विजेता टीमों के सहभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर संचालक लोक शिक्षण डी.एस. कुशवाहा भी मौजूद थे। प्रतियोगिता में ब्रास बैंड और पाइप बैंड श्रेणियों की विजेता टीमों के द्वारा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सेदारी की जायेगी। राष्ट्रीय स्तर की विजेता और उप विजेता टीम को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली वर्ष 2025 की गणतंत्र दिवस परेड में सहभागिता करने का अवसर मिलेगा। उल्लेखनीय है कि पिछले दो वर्षों से मध्यप्रदेश की बैण्ड टीम को गणतंत्र दिवस परेड में सहभागिता का अवसर मिल रहा है। प्रदेश में इस वर्ष स्कूल बैण्ड प्रतियोगिता संभागीय स्तर और इसके बाद राज्य स्तर पर आयोजित की जा रही है। वर्ष 2023 में वेस्टर्न जोन बैण्ड प्रतियोगिता का आयोजन शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पुणे में आयोजित किया गया था। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश से बालिका ब्रास बैण्ड प्रतियोगिता में भोपाल के कार्मल कॉन्वेन्ट स्कूल बीएचईएल और मॉडल स्कूल टीटी नगर, बालक पाइप बैण्ड प्रतियोगिता में ओलम्पस स्कूल विदिशा, ब्रास बैण्ड बाल प्रतियोगिता में सेंट जोसफ कॉन्वेंट स्कूल इटारसी ने श्रेष्ठ प्रदर्शन किया था।   recent visitors 56

BJP का सराहनीय कदम, केवल सिंह ढिल्लों के प्रयासों से हलके के गांवों में किसानों तक डी.ए.पी. खाद पहुंचनी शुरू हो गई

बरनाला बरनाला विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार केवल सिंह ढिल्लों के प्रयासों से हलके के गांवों में किसानों तक डी.ए.पी. खाद पहुंचनी शुरू हो गई है। आज गांव नंगल व ठुल्लेवाल के किसानों ने डी.ए.पी. खाद उपलब्ध करवाने के लिए केवल सिंह ढिल्लों का धन्यवाद किया। इस मौके पर केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पिछले दिनों गांवों में चुनाव प्रचार के दौरान किसानों ने डी.ए.पी. खाद की कमी का मुद्दा उनके ध्यान में लाया गया था जिसके बाद उन्होंने 5 नवंबर को खाद मंत्री और बी.जे.पी. के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को पत्र लिखकर बरनाला के किसानों को खाद मुहैया कराने की मांग की थी। इसके अलावा पार्टी के प्रदेश प्रभारी विजय रूपाणी ने भी बरनाला में फोन पर जेपी नड्डा के ध्यान में यह मामला लाया गया जिसके बाद तुरंत बरनाला हलके की सहकारी समितियों में किसानों के लिए डी.ए.पी. खाद तुरंत पहुंचना शुरू हो गई है जिसके तहत बरनाला के विभिन्न गांवों की सहकारी समितियों में डी.ए.पी. खाद से भरे ट्रक पहुंचने शुरू हो गए हैं और किसानों की यह बड़ी समस्या हल हो गई है जिससे उनके किसान भाई समय पर गेहूं की बुआई कर सकेंगे। उन्होंने डी.ए.पी. खाद की व्यवस्था करने के लिए उर्वरक मंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पंजाब भाजपा प्रभारी विजय रूपाणी का धन्यवाद किया। केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि वह हमेशा बरनाला के किसानों और सभी वर्गों के साथ खड़े हैं। पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने इस कठिन समय में उनके किसान भाइयों को दरकिनार कर दिया और समस्याओं का समाधान किए बिना भाग गई जिसके कारण केंद्र की भाजपा सरकार ने किसान भाइयों का हाथ थाम लिया है। उन्होंने कहा कि डी.ए.पी. खाद की एक और रैक जल्द ही बरनाला के लोगों तक पहुंच जाएगी, जिससे बरनाला के किसानों के लिए डी.ए.पी. खाद आम हो जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर पंजाब में भाजपा की सरकार बनी और जनता का जनादेश उनके पक्ष में आया तो फसलों की खरीद, डी.ए.पी. खाद समेत किसी भी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। recent visitors 68