मैथ्यू वेड ने लिया संन्यास, अब आगामी श्रृंखला में ऑस्ट्रेलिया के कोच के रूप में नजर आयेंगे

सिडनी विकेटकीपर बल्लेबाज मैथ्यू वेड ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के लेने की घोषणा की है। वह पाकिस्तान के खिलाफ आगामी टी-20 श्रृंखला में ऑस्ट्रेलिया के कोच के रूप में नजर आयेंगे। वेड ने कहा, “मुझे पता था कि टी-20 विश्वकप के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मेरा समय समाप्त होने वाला है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास और कोचिंग की भूमिका के संबंध में पिछले छह महीनों से मेरी जॉर्ज (बेली) और एंडर्यू (मक्डॉनल्ड) से चर्चा हो रही थी। पिछले कुछ वर्षों से मैं कोचिंग के बारे में सोच रहा था और मैं इस नई भूमिका के लिए काफी उत्सुक और आभारी भी हूं।” वेड ने इससे पहले मार्च में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। जून में हुए टी-20 विश्वकप में ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा थे और इसके बाद सितंबर में इंग्लैंड दौरे पर वेड को ऑस्ट्रेलिया की टीम में जगह नहीं मिली। वेड बीबीएल और अन्य फ्रैंचाइजी टी-20 टूर्नामेंट खेलते रहेंगे। वह बीबीएल में होबार्ट हरिकेंस का हिस्सा हैं। वह पाकिस्तान के खिलाफ टी-20 श्रृंखला में आंद्रे बोरोवेक की अगुवाई वाले कोचिंग दल का हिस्सा होंगे। अनौपचारिक रूप से वह एकदिवसीय श्रृंखला के दौरान भी ऑस्ट्रेलिया के कोचिंग दल से जुड़े रहेंगे। वहीं एंडर्यू मक्डॉनल्ड की अगुवाई वाला कोचिंग दल भारत के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला की तैयारी करेगा। वेड ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 2011 से 2024 के बीच कुल 36 टेस्ट, 97 एकदिवसीय और 92 टी-20 मैच खेले। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में ऑस्ट्रेलिया की टी-20 विश्वकप जीत में उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। सेमीफाइनल में उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 17 गेंदों पर 41 रन बनाए थे।   recent visitors 68

बिजली खंभा लगाने के नाम पर रिश्वत: लाइनमैन रंगे हाथ पकड़ा गया

Bribe in the name of installing electric pole in Ujjain: Lineman caught red handed उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गृह जिले उज्जैन में बिजली विभाग के एक कर्मचारी द्वारा खंभा लगाने के लिए आठ हजार रुपये रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। पवन सागित्रा नामक किसान ने खाचरोद तहसील के घिनौदा चौपाटी में खंभा लगाने के लिए लाइनमैन रामचंद्र धाकड़ को चार हजार रुपये रिश्वत देने के बाद लोकायुक्त पुलिस से शिकायत की, जिसके आधार पर लोकायुक्त पुलिस ने उसे रंगे हाथों पकड़ा। लोकायुक्त डीएसपी बसंत श्रीवास्तव के अनुसार, रामचंद्र धाकड़, जो विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड में लाइनमैन के पद पर कार्यरत हैं, को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। किसान ने आरोप लगाया कि उनके खेत में ट्रैक्टर चलाते समय गलती से खंभे से टकराकर खंभा गिर गया था। इसे दोबारा खड़ा करने के लिए लाइनमैन ने पुलिस में शिकायत न करने और खंभा लगाने के नाम पर आठ हजार रुपये की रिश्वत मांगी। पहला मामला, सफाई में बताया बिजली बिल लाइनमैन ने अपनी सफाई में कहा कि उसने पैसे बिजली का बिल भरने के नाम पर लिए थे। हालांकि, लोकायुक्त पुलिस ने इसे रिश्वतखोरी का मामला मानते हुए तुरंत कार्रवाई की। विद्युत पोल लगाने के नाम पर रिश्वत लेने का यह पहला मामला बताया जा रहा है, जिसमें शिकायत के बाद पुलिस ने जांच कर कार्रवाई की। recent visitors 146

अंबाला चंडीगढ़ नेशनल हाइवे पर सुबह-सुबह हुआ भीषण हादसा, बस के अगले हिस्से के उड़े परखच्चे

अंबाला अंबाला चंडीगढ़ नेशनल हाइवे पर आज सुबह भीषण हादसा हो गया। बता दें कि दिल्ली से जम्मू कटड़ा जा रही हरी ट्रेवल की बिहार नंबर की बस BR 28P 3403 के आगे एक ट्रक जा रहा था, लेकिन इसी बीच पुलिस ने ट्रक को रोकने के लिए अपनी कार को ट्रक के आगे ब्रेक लगा दी जिसके कारण ट्रक चालक को भी ब्रेक लगानी पड़ी और पीछे से आ रही ऐसी स्लीपर बस ट्रक में जा भिड़ी। बस और ट्रक के बीच टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। बस ड्राइवर अगले केबिन और स्टीयरिंग के बीच बुरी तरह फंसकर जख़्मी हो गया। ड्राइवर को बाहर निकालने के लिए आखिरकार हैड्रा मांगवाना पड़ा जिसकी मदद से ड्राइवर को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद दिल्ली चंडीगढ़ हाइवे पर लंबा जाम भी लग गया जिसके बाद बस को साइड करवा कर जाम खोला गया। इस दौरान बस के क्लीनर ने पूरी घटना की जानकारी दी और बताया की हादसा कैसे हुआ। recent visitors 87

भोपाल में बजरंग दल के पोस्टर से विवाद: दिवाली की खरीदारी ‘हिन्दू दुकानदारों’ से करने की अपील, कांग्रेस ने जताई नाराजगी

Controversy over Bajrang Dal poster in Bhopal: Appeal to do Diwali shopping from ‘Hindu shopkeepers’, Congress expressed displeasure भोपाल। दीपावली के बीच भोपाल में बजरंग दल के एक पोस्टर ने विवाद खड़ा कर दिया है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने शहर में पोस्टर लगाए हैं, जिनमें लोगों से दिवाली की खरीदारी केवल हिन्दू दुकानदारों से करने की अपील की गई है और अन्य धर्म के व्यापारियों से सामान न खरीदने का अनुरोध किया गया है। इन पोस्टरों पर लिखा गया है, “अपना त्योहार, अपनों से व्यवहार। दीपावली की खरीदी उनसे करें, जो आपकी खरीदी से दीपावली मना सकें।” विश्व हिंदू परिषद का समर्थन विश्व हिंदू परिषद (VHP) के प्रांत प्रचार-प्रसार प्रमुख जितेंद्र सिंह चौहान ने इस अपील का समर्थन करते हुए कहा कि दीपावली सनातनियों का बड़ा त्योहार है और लोगों को अपने ही समुदाय से खरीदारी करनी चाहिए ताकि हर हिन्दू परिवार भी इस पर्व को मना सके। उनका मानना है कि यह त्योहार श्रीराम के अयोध्या आगमन की खुशी में मनाया जाता है और इसे समुदायिक स्तर पर समर्थन मिलना चाहिए। बीजेपी की प्रतिक्रिया इस मामले पर बीजेपी प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने भी प्रतिक्रिया दी। उनका कहना है कि कुछ मामलों में सनातन धर्म की भावनाओं को आहत करने की कोशिश की जाती रही है, और ऐसे में धार्मिक संगठनों द्वारा इस तरह की अपील स्वाभाविक है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह सनातन धर्म का विरोध करने वालों के साथ खड़ी रहती है और कहा कि देश में स्वदेशी को बढ़ावा देना जरूरी है। कांग्रेस की कड़ी आलोचना दूसरी ओर, कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अवनीश बुंदेला ने बजरंग दल की इस अपील को शर्मनाक बताते हुए इसकी निंदा की है। उन्होंने इसे विभाजनकारी राजनीति करार दिया और कहा कि फूलों और सब्जियों का कारोबार करने वाले अधिकतर लोग दूसरे धर्म के हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इस सोच के तहत भगवान को फूल चढ़ाना भी बंद कर देना चाहिए। कांग्रेस ने इसे ‘घटिया सोच’ का परिणाम बताते हुए मुख्यमंत्री से बजरंग दल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। भोपाल में लगे इन पोस्टरों ने फिर से धार्मिक भावनाओं और सामाजिक एकता पर सवाल खड़े किए हैं। recent visitors 198

सिद्दीकी की मौत के बाद, सलमान की उड़ी नींद, फिर मिली जान से मारने की धमकी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर शक

 मुंबई एनसीपी नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी के विधायक बेटे जीशान सिद्दीकी को जान से मारने की धमकी मिली है. इसके साथ ही सलमान खान को भी धमकी दी गई है. लेकिन मामले में एक शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. बांद्रा ईस्ट स्थित जीशान के पब्लिक रिलेशंस ऑफिस को यह धमकी भरा कॉल आया था. धमकी भरा कॉल शुक्रवार शाम को आया था. जीशान और सलमान खान दोनों को धमकी देकर पैसों की मांग की गई. इस धमकी के बाद जीशान सिद्दीकी के ऑफिस की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई. इस मामले में निर्मल नगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है. धमकी भरे इस कॉल को लेकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर शक जताया जा रहा है. इस मामले में पुलिस ने मोहम्मद तैयब उर्फ गुरफान नाम के शख्स को नोएडा से गिरफ्तार किया है. आरपी दिल्ली का रहने वाला है. उसे सेक्टर 39 थाना इलाके से गिरफ्तार किया गया है और मुंबई पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर गई है. 12 अक्टूबर को हुई थी बाबा सिद्दीकी की हत्या इससे पहले जीशान के पिता बाबा सिद्दीकी की लॉरेंस गैंग के गुर्गों ने हत्या कर दी थी. 12 अक्टूबर को विजयादशमी के मौके पर बांद्रा में बाबा सिद्दीकी के दफ्तर के बाहर लोग पटाखे फोड़ रहे थे. तभी रात 9 बजकर 15 मिनट से लेकर 9 बजकर 20 मिनट के बीच बाबा सिद्दीकी अपने बेटे के दफ्तर से निकले. पटाखों के शोर के बीच बाबा सिद्दीकी पर हमला किया गया. मुंह पर रूमाल बांधकर तीन लोग अचानक गाड़ी से उतरे और ताबड़तोड़ 6 राउंड फायरिंग की. इसमें से तीन गोली बाबा सिद्दीकी को लगी. गोली लगते ही बाबा सिद्दीकी जमीन पर गिर गए. उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी. इस मामले में बीते शुक्रवार को पुलिस ने 15वें आरोपी को पंजाब के लुधियाना से पकड़ा था. पुलिस का कहना है कि ये हत्या की साजिश से जुड़ा है. पंद्रहवें आरोपी सुजीत सिंह को लुधियाना से गिरफ्तार किया गया है. जानकारी के अनुसार, पिछले 15 दिनों से वह यहां अपनी ससुराल में छिपा बैठा था. पुलिस ने बताया कि घाटकोपर का रहने वाला सुजीत सिंह एक महीने पहले मुंबई से भागकर लुधियाना आ गया था. वह वही व्यक्ति है जिसने वांछित मास्टरमाइंड जीशान अख्तर को गिरफ्तार आरोपी नितिन सप्रे और रान कनौजिया से मिलवाया था, जिन्हें पहले बाबा सिद्दीकी पर गोली चलाने के लिए शामिल किया गया था.   recent visitors 76

उत्तर कोरिया ने रूस की मदद के लिए यूक्रेन में भेजे 10 हजार सैनिक, NATO ने की पुष्टि

मॉस्को  यूक्रेन के खिलाफ जंग में रूस का दोस्त उत्तर कोरिया मैदान में उतर गया है. रूस में उत्तर कोरिया अपने 10 हजार सैनिक भेज रहा है, जो यूक्रेन के खिलाफ मॉस्को का साथ देंगे. नाटो ने इसकी पुष्टि कर दी है. उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) का कहना है कि उत्तर कोरिया के कुछ सैनिक पहले ही रूस पहुंच चुके हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने रूस में उत्तर कोरिया की सेना की तैनाती को बेहद खतरनाक बताया है. बाइडेन ने कहा कि उत्तर कोरिया ने रूस में 10 हजार सैनिक भेजे हैं और वह कह रहा है कि उसने ट्रेनिंग के लिए सैनिकों को मॉस्को भेजा है. नाटो ने क्या-क्या कहा? नाटो  का कहना है कि यूक्रेन के साथ रूस के तीन सालों से चल रहे युद्ध में अब उत्तर कोरिया भी शामिल हो गया है. वह रूस की मदद के लिए अपने सैनिकों को मॉस्को भेज रहा है, इनमें से कुछ पहले ही रूस की कुर्स्क सीमा में तैनात हो चुके हैं. नाटो महासचिव मार्क रूट ने कहा कि मैं पुष्टि करता हूं कि उत्तर कोरिया के सैनिकों को रूस भेजा गया है और उत्तर कोरिया की सैन्य इकाइयों को कुर्स्क क्षेत्र में तैनात किया गया है. यह कदम रूस-यूक्रेन युद्ध में उत्तर कोरिया के शामिल होने की पुष्टि करता है. साथ ही रूस के युद्ध के विस्तार को जाहिर कर रहा है. इस घटनाक्रम पर पेंटागन ने दावा किया है कि ये सैनिक यूक्रेन के खिलाफ लड़ रहे हैं.पेंटागन की प्रवक्ता सबरीना सिंह ने कहा कि इन सैनिकों को ट्रेनिंग के नाम पर रूस भेजा गया है. लेकिन इनमें से कुछ सैनिक यूक्रेन के करीब पहुंच गए हैं. उन्होंने कहा कि रूस इन सैनिकों का इस्तेमाल यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में कर रहा है. यह चिंता का विषय है. अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने पहले ही सार्वजनिक तौर पर रूस को चेतावनी दी थी कि अगर उत्तर कोरिया के सैनिकों का इस्तेमाल युद्ध में किया जाता है, तो उन्हें युद्धरत माना जाएगा. साथ ही इससे हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा पर प्रभाव पड़ेगा. जून में उत्तर कोरिया गए थे पुतिन इससे पहले जून के महीने में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उत्तर कोरिया का दौरा किया था. वह 24 साल बाद उत्तर कोरिया गए थे, जहां प्योंगयांग एयरपोर्ट पर उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने उनका स्वागत किया था. इससे पहले पुतिन और किम जोंग की मुलाकात पिछले साल सितंबर में हुई थी. तब किम जोंग रूस के व्लादिवोस्तोक शहर पहुंचे थे.   recent visitors 117

धनतेरस पर PM मोदी करेंगे एमपी में तीन मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन, किसानों को मिलेगी 1624 करोड़ की कल्याण निधि

PM Modi will inaugurate three medical colleges in MP on Dhanteras, farmers will get welfare fund of Rs 1624 crore मंदसौर। धनतेरस के अवसर पर मध्य प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित विशेष कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे और प्रदेश के तीन नए मेडिकल कॉलेजों का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित कई मंत्री भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का मुख्य आयोजन मंदसौर में रखा गया है। इन तीनों नए मेडिकल कॉलेजों में मंदसौर, नीमच और सिवनी का मेडिकल कॉलेज शामिल है। इन कॉलेजों का निर्माण पूर्ण हो चुका है, और इसी सत्र से छात्रों का प्रवेश भी आरंभ हो गया है। प्रधानमंत्री के वर्चुअल उद्घाटन के साथ ही ये तीनों मेडिकल कॉलेज आधिकारिक रूप से कार्यरत हो जाएंगे, जिससे क्षेत्र के छात्रों को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे। किसान कल्याण निधि की सौगात इस मौके पर 80 लाख किसानों को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के अंतर्गत 1624 करोड़ रुपये की राशि सीधे उनके खातों में स्थानांतरित की जाएगी। किसान कल्याण निधि के इस वितरण को लेकर मुख्य कार्यक्रम मंदसौर में आयोजित किया गया है, जिससे किसानों में काफी उत्साह है। आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र कार्यक्रम में 512 आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारियों को भी नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे, जो राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंदसौर के लिए कुछ अतिरिक्त घोषणाएं भी कर सकते हैं, जिससे क्षेत्र के विकास को और गति मिलेगी। मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र के लिए ये योजनाएं प्रदेश के नागरिकों और किसानों के लिए दीपावली पर विशेष उपहार के रूप में हैं, जो राज्य के विकास और कल्याण में अहम भूमिका निभाएंगी। recent visitors 142