शिवसेना की प्रियंका चतुर्वेदी ने सपा के अलग होने पर दी सफाई, संविधान और प्रजातंत्र की रक्षा में विपक्ष एकजुट

नई दिल्ली। विपक्षी महागठबंधन 'इंडिया' ब्लॉक में हो रही टूट और अपनी मांगों को लेकर दिल्ली कूच कर रहे किसानों पर शिवसेना (उद्धव बाला साहेब ठाकरे) से राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने सोमवार को आईएएनएस से खास बात की। 'इंडिया' ब्लॉक को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी प्रदेश के पार्टी अध्यक्ष अबू आजमी ने गठबंधन से पीछे हटने बात कही है, वहीं शिवसेना (यूबीटी) से विधायक आदित्य ठाकरे ने सपा को भारतीय जनता पार्टी की 'बी' टीम बताया है। प्रियंका चतुर्वेदी ने इस पर कहा कि 'इंडिया' ब्लॉक एकजुट है और आगे भी रहेगा। देश के संविधान और प्रजातंत्र की रक्षा करने के लिए यहां पर हम सभी एक साथ आए हैं। भाजपा इस चीज को दरकिनार करने की कोशिश कर रही है। महाराष्ट्र के संदर्भ में प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, "आदित्य ठाकरे ने बहुत स्पष्ट तरीके से बताया था कि अखिलेश यादव हमारे साथ मिलकर वो लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन सपा के कुछ अन्य लोग हैं, जो महाविकास अघाड़ी से अलग होने वाले बयान देकर, भाजपा को फायदा दे रहे हैं। इससे हमें बचना चाहिए। अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश में भाजपा के खिलाफ पुरजोर तरीके से लड़ रहे हैं। ऐसे में उनकी लड़ाई को कमजोर करना सही नहीं है। वो इसका संज्ञान लेंगे। मेरी उम्मीद है कि महाविकास अघाड़ी में सभी एक साथ होकर यह लड़ाई लड़ेंगे।" मांगों को लेकर राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली की तरफ कूच कर रहे किसानों को लेकर प्रियंका गांधी ने कहा, "यह बहुत ही शर्मनाक है। ये सरकार हमेशा किसानों के खिलाफ काम करती है। उनके हित के बारे में नहीं सोचती। उन्होंने किसानों की आय दोगुनी करने की बात कही थी, इसके बाद तीन काले कानून लाए। जब 700 से अधिक किसान शहीद हुए, तो उन्हें आतंकवादी, एंटी इंडिया, खालिस्तानी समर्थक बताया गया। लेकिन फिर भी वो लड़ाई लड़ते रहे और मजबूर कर दिया कि उन तीन काले कानून को वापस लें। शिवसेना (यूबीटी) नेता ने कहा, "तीन काले कानून वापस लेते समय सरकार ने एमएसपी देने का वादा किया था। जो अभी तक नहीं मिली। इसी मांग को लेकर किसान प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन पुलिस टियर गैस, लाठी चार्ज करके किसानों को घायल करती है। किसानों को दिल्ली बॉर्डर से आने नहीं देते हैं और उन पर पाबंदी लगाते हैं। ये खुद को किसान प्रेमी बताते हैं, लेकिन उनके विरोध में काम करते हैं। देश के उपराष्ट्रपति ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को फटकारा था कि यह कैसी वादाखिलाफी है, जिस पर उनको संज्ञान लेना चाहिए।" recent visitors 70

दाने-दाने के लिए करना पड़ता है मेहनत, खाते में आती है राशि तो मिलती है खुशी

किसान गुलाब सिंह ने कृषक उन्नति योजना को बताया आर्थिक उन्नति का माध्यम रायपुर, सिंचाई के साधनों से जूझने वाले हम किसानों के लिए तो आसमान और सरकार ही भगवान है। बारिश अच्छी हुई तो फसल भी अच्छा होता है और अच्छी फसल होने और सरकार द्वारा अच्छी कीमत तय करने पर ही हमें अपनी मेहनत का पूरा मोल मिल पाता है। हमें खेत में उतरकर परिश्रम करना पड़ता है। पसीने बहाने पड़ते हैं, तब जाकर फसल ले पाते हैं और दाने-दाने को अलग कर इन फसलों को बेच पाते हैं। हमारी खुशी तब दुगनी होती है जब हमारी उम्मीदें पूरी होती है। छत्तीसगढ़ की विष्णु देव की सरकार ने हम किसानों के मेहनत के पसीने की कीमत को समझकर धान के समर्थन मूल्य पर खरीदने की अच्छी व्यवस्था की है, जिससे हम किसान खुश है। यह उम्मीदें तब से बनती रहती है जब से किसान खेत में हल चलाता है और उनके ऊपर जो कर्ज है, उससे मुक्त होने के लिए उम्मीदें लगाए रहता है, फसल बेचकर घर का कुछ नया सामान लाने का सपना संजोएं रहता है। यह उम्मीद, यह सपना फसल अच्छा पैदा होने और उसे सुरक्षित बेच पाने के बाद जब खाते में राशि आती है तभी खुशी के रूप में पूरी होती है…यह कहना है लगभग सत्तर साल के किसान गुलाब सिंह का। खेत से धान की फसल को लाकर मिंजाई में व्यस्त गुलाब सिंह ने बताया कि किसानों को आसमान और सरकार से ही उम्मीद रखनी पड़ती है, इस बार भी दोनों से उम्मीद पूरी हो रही है, यह बहुत खुशी की बात है। गुलाब सिंह ने बताया कि उन्हें मालूम है कि पिछले साल भी जब उन्होंने अपनी खेत में लगी धान को बेचा था तब समर्थन मूल्य की राशि के अलावा जो अंतर की राशि थी वह एकमुश्त खाते में आ गई थी। उन्हें प्रति क्विंटल 31 सौ रूपये की दर से धान का लाभ मिला था। इसके अलावा दो साल का बकाया बोनस की राशि भी उन्हें मिली थी। गुलाब सिंह खुश है कि इस बार भी उन्हें अपनी मेहनत का पूरा लाभ मिलेगा और जो उम्मीदें हैं वह पूरी होंगी। कोरबा विकासखंड अंतर्गत सुदूरवर्ती ग्राम ठाड़पखना के किसान गुलाब सिंह ने बताया कि उनके पास लगभग 6-7 एकड़ की जमीन है, जिस पर धान की फसल लेता है। अभी धान की मिंजाई में व्यस्त किसान गुलाब सिंह ने बताया कि विगत वर्ष भी बारिश ठीक-ठाक हुई थी। इस साल भी बारिश ने दगा नहीं दिया और उन्हें उम्मीद के मुताबिक फसल मिली है। बुजुर्ग किसान गुलाब सिंह ने बताया कि उनके क्षेत्र में सिंचाई का साधन नहीं है। पहाड़ी क्षेत्र होने की वजह से आसमान पर ही सबको निर्भर रहना पड़ता है। इस वर्ष बारिश अच्छी हुई है और फसल भी ठीक-ठाक हो गया है, इसलिए परेशानी नहीं है। उन्होंने बताया कि पहले लेमरू में उन्होंने अपना धान बेचा था, धान बेचने की गई व्यवस्था पहले की अपेक्षा बहुत बदल गई है और सुविधाजनक हो गई है। पहले धान बेचने में बहुत परेशानी उठानी पड़ती थी। उन्होंने बताया कि धान का समर्थन मूल्य मिलने के साथ ही छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा अतिरिक्त राशि दी जाती है। यह राशि हम किसानों के लिए बहुत काम आती है। हमें खुशी है कि हम किसानों को एक क्विंटल धान की कीमत 31 सौ रूपए मिलती है, जो कि अन्य दूसरे राज्यों की अपेक्षा सर्वाधिक कीमत है। किसान गुलाब सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय किसान परिवार से है, इसलिए किसानों की समस्याओं को समझते हैं। उन्होंने कहा कि कृषक उन्नति की दिशा में उठाए गए कदम से किसानों को राहत मिल रही है और किसान भी खुश है। गुलाब सिंह ने बताया कि जल्दी ही मिंजाई का काम पूरा होने के बाद वे अपनी धान उपार्जन केंद्र में बेचेंगे, उन्होंने अपना पंजीयन भी कराया है। recent visitors 31

दुष्कर्म मामले में बीजेपी नेता पर FIR: जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा, कहा- 5 से 10 भाजपा नेता लग गए होंगे उसे बचाने में…

भोपाल। मध्य प्रदेश के विदिशा में भाजपा जिला उपाध्यक्ष योगेंद्र सोलंकी पर रेप का मामला दर्ज होने पर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने सरकार पर निशाना साधा है। राजधानी भोपाल में प्रेस कांफ्रेंस कर पटवारी ने कहा कि बीजेपी नेता का अपनी ही भतीजी के साथ बलात्कार करने का मामला आज सुर्खियां बनी हुई है। ये अराजकता और अद्भुत सरकार का फेलियर है। पटवारी ने कहा कि सरकार का आज तक कोई प्रयास इन घटनाओं को रोकने के लिए नहीं हुआ।10 दिन पहले एक शिक्षिका के साथ बालाघाट में बीजेपी के नेता ने दुष्कर्म किया, अक्टूबर में इंदौर के महू में सेना के जवानों के साथ जो महिलाएं थी, उनके साथ जो बीजेपी के नेताओं ने किया बहुत ही चर्चित मामला था। दतिया में भी भाजपा नेता ने कुछ लोगों के साथ मिलकर दो महिलाओं के साथ बलात्कार किया, तब नरोत्तम मिश्रा के मुंह में दही जम गया था। जबलपुर में नौकरी दिलाने के नाम पर 28 साल की युवती के साथ बीजेपी के नेता शशिकांत सोनी ने बलात्कार किया। पीसीसी चीफ ने कहा कि आखिर ऐसी सैकड़ों घटनाओं में बीजेपी के नेता ही सामने क्यों आते हैं यह सवाल तो है? उन्होंने कहा कि राजनीतिक दबाव में हजारों मामले दब जाते हैं। भोपाल विदिशा समेत पूरे प्रदेश के जिलों में 17 मिनट में एक बलात्कार हो रहे हैं, जनता सरकार का चाल चरित्र चेहरा पहचानें। भाजपा नेताओं पर इस तरीके के मामले सामने आते हैं, तो उन्हें बचाया जाता है ना की कार्रवाई की जाती है। जीतू पटवारी ने कहा कि अभी जो सोलंकी पर रेप का मामला दर्ज हुआ, उसमें 5 से 10 बीजेपी नेता लग गए होंगे उसे बचाने के लिए। recent visitors 116

‘चुनौतियों से टकराने का नाम है राजस्थान’, ‘राइजिंग राजस्थान’ ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में पीएम मोदी शामिल

 जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जयपुर में 9 से 11 दिसंबर तक आयोजित होने वाले राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 का उद्घाटन किया।राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "राजस्थान की विकास यात्रा में आज एक और अहम दिन है। देश और दुनिया से बड़ी संख्या में प्रतिनिधी और निवेशक यहां पधारे हैं। यहां उद्योग जगत के भी अनेक साथी मौजूद हैं। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में आप सभी का अभिनंदन है। मैं राजस्थान की भाजपा सरकार को इस शानदार आयोजन के लिए बधाई दूंगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज दुनिया का हर एक्सपर्ट, हर इन्वेस्टर भारत को लेकर बहुत ही उत्साहित है। रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफॉर्म के मंत्र पर चलते हुए भारत ने जो विकास किया है, वो हर क्षेत्र में नजर आ रहा है। आजादी के बाद, सात दशक में भारत, दुनिया की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन पाया था, जबकि पिछले 10 वर्ष में भारत 11वीं अर्थव्यवस्था से दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। पीएम मोदी ने कहा डेमोक्रेटिक रहते हुए मानवता का कल्याण, भारत का मूल चरित्र है। आज भारत की जनता अपने डेमोक्रेटिक हक के माध्यम से भारत में स्थिर सरकार के लिए वोट कर रही है। भारत के इस पुरातन संस्कार को हमारी युवा शक्ति आगे बढ़ा रही है। आने वाले अनेक वर्षों तक भारत, दुनिया के सबसे युवा देशों में रहने वाला है। भारत में युवाओं का सबसे बड़ा पुल होने के साथ ही सबसे बड़ा स्किल्ड युवा वर्ग भी होगा। इसके लिए सरकार एक के बाद एक कई फैसले ले रही है। recent visitors 59

विधायक निर्मला सप्रे की सदस्यता खतरे में! हाईकोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष से मांगा जवाब

इंदौर ! मध्यप्रदेश की बीना विधायक निर्मला सप्रे की सदस्यता खतरे में है। कांग्रेस की विधायक निर्मला सप्रे की सदस्यता के संबंध में हाईकोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष से जवाब मांगा है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार की याचिका पर हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने विधायक निर्मला सप्रे को भी नोटिस जारी किया है। कांग्रेस ने विधायक निर्मला सप्रे की सदस्यता निरस्त करने की मांग की है। इसके लिए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने विधानसभा अध्यक्ष को आवेदन दिया था। अब कांग्रेस ने कोर्ट में याचिका दायर की है। बता दें कि निर्मला सप्रे लोकसभा चुनावों के दौरान बीजेपी में शामिल हो गई थीं लेकिन उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र नहीं दिया है। recent visitors 118

पूर्व सैनिक की मौत की जानकारी रेजिमेंट को लगी, तो कमांडिंग ऑफिसर ने पांच सेना के जवानों को बेटी की शादी का जिम्मा उठाने गांव में भेजा

 मथुरा यूपी के मथुरा में एक पूर्व सैनिक की सड़क हादसे में मौत हो गई. इस घटना के दो दिन बाद ही मृतक की बेटी की शादी होनी थी. ऐसे में खुशियों वाले घर में मातम पसर गया. बेटी शादी को टालना चाहती थी. उधर, पिता के गुजर जाने के बाद परिजनों को बेटी के कन्यादान की चिंता सताने लगी. लेकिन इस बीच कुछ ऐसा हुआ जिसने लोगों को इमोशनल कर दिया. न्यूज एजेंसी के मुताबिक, पूर्व सैनिक की मौत की जानकारी जब उसके रेजिमेंट को लगी, तो कमांडिंग ऑफिसर ने पांच सेना के जवानों को बेटी की शादी का जिम्मा उठाने गांव में भेजा. मृतक के फौजी साथियों ने उसकी बेटी की शादी का ना सिर्फ पूरा जिम्मा उठाया बल्कि उन्होंने बेटी का कन्यादान भी किया. फौजियों ने रिश्तेदारों-मेहमानों की भी देखभाल की, जिसे देख उनके आंसू छलक पड़े. मथुरा के मांट थाने के एसएचओ के अनुसार, पूर्व सैनिक देवेंद्र सिंह (48) की बेटी की शनिवार को शादी होनी थी. लेकिन, शादी से ठीक दो दिन पहले मांट-राया रोड पर सड़क दुर्घटना में उनकी मौत हो गई. जैसे ही इसकी खबर परिवार तक पहुंची शादी का जश्न मातम में बदल गया. पिता की मौत से दुखी दुल्हन ने कथित तौर पर शादी करने से इनकार कर दिया. मृतक देवेंद्र सिंह के रिश्तेदार नरेंद्र ने बताया कि शादी समारोह बीच में ही रुक गया क्योंकि परिवार को कन्यादान समारोह को लेकर चिंता थी, जो दुल्हन के पिता द्वारा किया जाता है. पिता की याद में रो-रोकर बेटी का बुरा हाल हो गया. वहीं, मैरिज होम में चल रही शादी की तैयारी धरी-धरी की रह गई. परिवार के सदस्यों ने बताया कि जब यह सूचना देवेंद्र सिंह के कमांडिंग ऑफिसर तक पहुंची, तो उन्होंने पांच जवानों को गांव भेजा और शादी की रस्में पूरी कराईं. सूबेदार सोनवीर सिंह, सूबेदार मुकेश कुमार, हवलदार प्रेमवीर, विनोद और बेताल सिंह मृतक के गांव पहुंचे और कन्यादान कर पिता का कर्तव्य निभाया और जोड़े को आशीर्वाद दिया. ये सब देखकर लोगों की आंखे नम हो गईं और उन्होंने जमकर सेना के कार्य की प्रशंसा की. गौरतलब हो कि इससे पहले हरियाणा के जींद के एक छोटे में भी CRPF के जवानों ने शहीद की बेटी का कन्यादान किया था.   recent visitors 131

ओम बिरला ने महाभक्ति यज्ञ में डाली आहुति, राजस्थान-भीलवाड़ा में भगवान देवनारायण की जन्मस्थली पर 500 ड्रोन का मेगा शो

भीलवाड़ा. भीलवाड़ा जिले के आसींद उपखंड स्थित भगवान श्री देवनारायण जी की जन्मस्थली मालासेरी डूंगरी पर रविवार देर सायं को महाभक्ति कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भगवान देवनारायण के दर्शन किए और मंदिर में आयोजित यज्ञ में आहुति दी। कार्यक्रम का आयोजन मुंबई की श्री जालवाला नाथ फाउंडेशन द्वारा किया गया इसमें लोकसभा अध्यक्ष के साथ दक्षिण दिल्ली सांसद राजवीर विधूड़ी, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चैधरी, राजस्थान के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, और कई अन्य मंत्री व विधायक उपस्थित रहे। इस भव्य आयोजन में राजस्थान, मुंबई, गुजरात, और दिल्ली से भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कार्यक्रम की खासियत शाम को आयोजित किया गया प्रदेश का पहला 500 ड्रोन का मेगा शो रहा। इस शो में भगवान देवनारायण के अवतरण की आकृतियां आसमान में बनाईं गईं, जो भक्तों के लिए एक अद्वितीय दृश्य अनुभव था। भगवान देवनारायण के दर्शन के बाद इस दौरान आयोजित सभा को समारेाह को संबोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि भगवान देवनारायण ने समाज में समरसता, अध्यात्म और लोक कल्याण का संदेश दिया। उनका जीवन हमें सत्य, सद्भाव, और वचन पालन की प्रेरणा देता है। उनके दर्शन से मनुष्य का कल्याण होता है और सभी को सुख-समृद्धि प्राप्त होती है। बिरला ने अपने संबोधन में भगवान श्री विष्णु के अवतार श्री देवनारायण जी की महिमा का बखान किया। उन्होंने कहा कि मालासेरी डूंगरी, जो भगवान देवनारायण की जन्मस्थली और माता साडू की तपोभूमि है, एक दिव्य स्थान है। यहां आकर अपार हर्ष का अनुभव हुआ। श्री देवनारायण जी की फड़, लोकगीत, और कथाएं हमें सद्मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। इससे पूर्व लोकसभा अध्यक्ष ने मंदिर परिसर में चल रहे यज्ञ में पूर्णाहुति दी और भगवान से सबके कल्याण और समृद्धि की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि उन्हें इस पवित्र स्थान पर आने और भगवान के दर्शन करने का अवसर मिला। बिरला ने कहा, मालासेरी डूंगरी पर आकर मन को शांति और प्रेरणा मिली। भविष्य में यहां लौटकर आने की मेरी इच्छा है। भगवान देवनारायण जी की कृपा से समाज में समरसता और सभी का कल्याण हो। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भगवान देवनारायण के प्रति अपनी गहरी आस्था और श्रद्धा व्यक्त की। ड्रोन शो और महाभक्ति कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं को अविस्मरणीय अनुभव प्रदान किया। recent visitors 134