भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह मेरे क्रिकेट करियर के सबसे कठिन गेंदबाज हैं: उस्मान ख्वाजा

सिडनी ऑस्ट्रेलिया के ओपनर उस्मान ख्वाजा ने कहा कि भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह उनके क्रिकेट करियर के सबसे कठिन गेंदबाज हैं, जिनका सामना उन्होंने किया है। बुमराह ने इस सीरीज में 5 मैचों में 32 विकेट लिए, जिसमें उन्होंने 13.06 की औसत और 28.37 के स्ट्राइक रेट से गेंदबाजी की। उन्होंने 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का अवॉर्ड जीता, हालांकि भारत 3-1 से सीरीज हार गया। ख्वाजा ने एबीसी स्पोर्ट से कहा, "मुझे बस बुमराह का सामना करना पड़ रहा था। अफसोस है कि वह चोटिल हो गए, लेकिन हमारे लिए यह राहत की बात थी। आज के विकेट पर उनका सामना करना बुरा सपना होता। जब हमने देखा कि वह मैदान पर नहीं हैं, तो हमें लगा कि अब हमारे पास मौका है। वह सबसे कठिन गेंदबाज हैं जिनका मैंने सामना किया है।" उन्होंने युवा बल्लेबाज सैम कोंस्टास के साथ बल्लेबाजी का अनुभव भी साझा किया। उन्होंने कहा, "मैंने कभी किसी को इतना आत्मविश्वासी नहीं पाया। वह एक ऐसा इंसान है जो अपनी बात मुस्कान के साथ कहता है, और यह काफी आकर्षक लगता है।" बुमराह के पीठ की समस्या के कारण तीसरे दिन गेंदबाजी नहीं करने पर ऑस्ट्रेलिया को बड़ी राहत मिली। बाएं हाथ के बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने प्रसारकों से बातचीत में कहा, "मुझे लगता है कि 15 लोग खुश थे कि बुमराह ने आज गेंदबाजी नहीं की। वह शानदार खिलाड़ी हैं और उनका प्रदर्शन अद्भुत था।" हेड ने अपनी 34 रनों की नाबाद पारी और उस्मान ख्वाजा के साथ चौथे विकेट के लिए 46 रनों की साझेदारी के बारे में कहा, "इस साझेदारी से मुझे भरोसा हो गया कि हम लक्ष्य तक आसानी से पहुंच जाएंगे।" उन्होंने आगे कहा, "मैं परिणामों की ज्यादा चिंता नहीं करता। बस अच्छा योगदान देना चाहता था। यह सीरीज काफी कठिन थी। पांच टेस्ट खेलना बड़ा मुश्किल भरा रहा। जो खिलाड़ी सभी पांच टेस्ट खेले, वे अब आराम का इंतजार कर रहे होंगे।" ऑलराउंडर ब्यू वेबस्टर, जिन्होंने अपने टेस्ट डेब्यू पर शानदार प्रदर्शन किया, ने कहा, "यह मैच अविस्मरणीय था। बेहतरीन भीड़ और शानदार माहौल। जब चार रन बाकी थे, तो मैं इसे खत्म करने का प्रयास करना चाहता था। पूरी सीरीज में जबरदस्त समर्थन मिला। यह एक शानदार अनुभव था।" वहीं, बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने एबीसी स्पोर्ट से कहा कि वह पीठ की चोट के कारण काफी थके हुए हैं और श्रीलंका दौरे की तैयारी के लिए छह दिन का ब्रेक लेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि वह 12 जनवरी से शुरू होने वाली महिला एशेज सीरीज में कमेंट्री करेंगे, जिसमें उनकी पत्नी एलिसा हीली ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी करेंगी। स्टार्क ने कहा, "टेस्ट क्रिकेट में यही होता है, हमें अपनी सीमा तक जाना पड़ता है। मैंने अपनी क्षमता से थोड़ा ज्यादा जोर लगा दिया।"   recent visitors 87

गंभीर ने कहा, मैं किसी खिलाड़ी के भविष्य पर बात नहीं कर सकता, रोहित, कोहली जो भी फैसला करेंगे, वह हित में ही होगा

सिडनी बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में 1-3 से हार के बाद कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली के टेस्ट करियर को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लेकिन भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर का कहना है कि उन्हें भरोसा है कि ये दोनों खिलाड़ी जो भी फैसला करेंगे, वह भारतीय क्रिकेट के हित में ही होगा। इस सीरीज में विराट कोहली ने 5 टेस्ट मैचों में सिर्फ 190 रन बनाए और 8 बार ऑफ-स्टंप के बाहर की गेंद पर आउट हुए। वहीं, रोहित शर्मा ने अपने दूसरे बच्चे के जन्म के कारण पर्थ टेस्ट नहीं खेला। इसके बाद उन्होंने 3 टेस्ट में सिर्फ 31 रन बनाए और खराब फॉर्म के कारण सिडनी टेस्ट से खुद को अलग कर लिया। सिडनी टेस्ट में भारत 6 विकेट से हारा और इसके साथ ही 2025 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की दौड़ से बाहर हो गया। गंभीर ने कहा, "मैं किसी खिलाड़ी के भविष्य पर बात नहीं कर सकता। ये उनका फैसला है। लेकिन मैं इतना जरूर कहूंगा कि उनके अंदर अभी भी खेल के प्रति जुनून और भूख है। मुझे भरोसा है कि वे भारतीय क्रिकेट को आगे ले जाने के लिए काम करेंगे। और जो भी वे तय करेंगे, वह भारतीय क्रिकेट के लिए सही होगा।" गंभीर ने रोहित के सिडनी टेस्ट से हटने के फैसले की तारीफ की और इसे टीम के हित में बताया। रोहित ने खराब फॉर्म को देखते हुए खुद ही टीम के लिए यह फैसला लिया। गंभीर ने कहा, "ड्रेसिंग रूम में मतभेद की जो बातें की जा रही थीं, वे बेबुनियाद हैं। हमको इस तरह की चीजों में और समझदार होना होगा। अगर एक कप्तान या लीडर टीम के हित में खुद को पीछे हटाता है, तो इसमें कोई बुराई नहीं है। इसके बारे में बहुत कुछ कहा गया। टीम और देश से ऊपर कुछ भी महत्वपूर्ण नहीं है।" गंभीर ने आगे कहा, "हम सबको, चाहे वह मैं हूं या कोई और खिलाड़ी, टीम को हमेशा अपनी व्यक्तिगत इच्छाओं से ऊपर रखना चाहिए और रोहित ने यह दिखाया है। जवाबदेही सबसे ऊपर होती है, और रोहित ने इसे सिडनी टेस्ट में दिखाया।" अब भारत का अगला अंतरराष्ट्रीय मैच इंग्लैंड के खिलाफ 22 जनवरी से कोलकाता में शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज है। वहीं, जो खिलाड़ी इस फॉर्मेट का हिस्सा नहीं हैं, उनके पास रणजी ट्रॉफी के अंतिम दो लीग मैचों में खेलने का मौका होगा। रोहित और कोहली ने 2024 टी20 विश्व कप जीत के बाद टी20 अंतर्राष्ट्रीय से संन्यास ले लिया, जबकि केएल राहुल जैसे खिलाड़ी दो साल से टीम का हिस्सा नहीं रहे हैं। गंभीर ने आगे कहा, "मैं हमेशा चाहता हूं कि हर कोई घरेलू क्रिकेट खेले। घरेलू क्रिकेट को कितना महत्व दिया जाना चाहिए, यह इस बात से पता चलता है, न कि केवल एक खेल से। अगर खिलाड़ी उपलब्ध हैं, और उनके पास रेड बॉल क्रिकेट खेलने की प्रतिबद्धता है, तो सभी को घरेलू क्रिकेट खेलना चाहिए। यदि आप घरेलू क्रिकेट को महत्व नहीं देते हैं, तो आपको कभी भी टेस्ट क्रिकेट में बढ़िया खिलाड़ी नहीं मिलेंगे।" ऑस्ट्रेलिया में सीरीज की हार से पहले भारत घर पर न्यूजीलैंड से भी 0-3 से हारा था। माना जा रहा है कि टीम में लंबे समय से प्रतीक्षित बदलाव अब जरूरी हो गया है। गंभीर ने इस मामले पर कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज अभी-अभी खत्म हुई है, इसलिए बदलाव के बारे में बात करना जल्दबाजी होगी। गंभीर ने कहा, "इसके बारे में बात करना जल्दबाजी होगी। सीरीज अभी-अभी खत्म हुई है। मुझे लगता है कि हमारे पास अभी भी पांच महीने का समय है कि हम योजना बना सकें कि हम कहां जाना चाहते हैं। लेकिन यह मेरे लिए इसके बारे में बात करने का सही समय नहीं है। पांच महीने के बाद हम कहां होंगे? खेल में बहुत कुछ बदल जाता है। फॉर्म, लोग और रवैया बदलता है; खेल में सब कुछ बदल जाता है। हम सभी जानते हैं कि पांच महीने लंबा समय है। तो इंग्लैंड सीरीज से पहले देखते हैं कि क्या होने वाला है। लेकिन जो भी होगा, वह भारतीय क्रिकेट के सर्वोत्तम हित में होगा।"   recent visitors 63

उत्तर प्रदेश में देर रात दो आईपीएस अफसरों का किया तबादला, DIG वैभव कृष्ण को मिली महाकुंभ जिम्मेदारी

लखनऊ उत्तर प्रदेश में देर रात दो आईपीएस अफसरों का तबादला किया गया है। आजमगढ़ मंडल के DIG वैभव कृष्ण को महाकुंभ मेले की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें महाकुंभ का डीआईजी बनाया गया है। वहीं 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी सुनील सिंह को वैभव कृष्ण की जगह आजमगढ़ मंडल का DIG नियुक्त किया गया है। बता दें कि वैभव कृष्ण को जून 2024 में डीआईजी बनाया गया था। अपराधियों में वैभव कृष्ण के नाम का खौफ डीआईजी वैभव कृष्ण पूरे प्रदेश में अपने काम के लिए मशहूर है। 6 महीने तक उन्होंने आजमगढ़ के माफियाओं के नाक में दम करके रख दिया था। बदमाश उनके नाम से खौफ खाने लगे थे। महिला संबंधी अपराधों के खिलाफ उन्होंने कड़ी कार्रवाई की। साथ ही बदमाशों की संपत्ती कुर्क करने में भी उन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी। क्षेत्र की कानून व्यवस्था को चुस्त और दुरुस्त रखने के लिए उन्होंने समय-समय पर कई अभियान भी चलाए। जिसकी चर्चा पूरे प्रदेश में हुई थी। DIG वैभव कृष्ण को महाकुंभ की जिम्मेदारी अब IPS वैभव कृष्ण को महाकुंभ की जिम्मेदारी मिली है। महाकुंभ में करीब 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में मेला क्षेत्र की कानून व्यवस्था को चुस्त और दुरुस्त रखने के लिए उन्हें चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। इधर, महाकुंभ पर अराजक तत्वों की नजर है। इन सब समस्याओं से निपटने के लिए आईपीएस वैभव कृष्ण, क्या योजना बनाएंगे ये देखना दिलचस्प होगा। recent visitors 56

नव वर्ष सभी समाजबन्धुओं और देशवासियों के लिए मंगलमय हो

सुशील दामले विशेष संवाददाता भोपाल। भोजपुरी एकता मंच घोड़ा पछाड़ डेम के अध्यक्ष और संतोष टायर इंटरप्राइजेज ट्रांसपोर्ट नगर के ऑनर संतोष कुशवाहा की ओर से सभी सामाजिक बन्धुओं और देशवासियों को नव वर्ष 2025 की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि नव वर्ष आप सभी के लिए मंगलमय हो। बता दें, समाजसेवी संतोष कुशवाहा पिछले 15 वर्षों से समाज सेवा में सक्रिय है। वे हर वर्ष छठ पूजा का कार्यक्रम भी बड़े पैमाने पर हर्षोल्लास के साथ करते हैं। यही वजह है कि उनकी भोजपुरी समाज में अच्छी खासी ख्याति है। समाज में जब भी कोई कार्यक्रम होते हैं, तो उसमें इनका विशेष योगदान रहता है। भोजपुरी समाज बन्धुओं से आग्रह है कि हम सभी एकता के सूत्र में हमेशा बंधे रहे और आपसी भाईचारा को बनाए रखें। मेरी सभी सामाजिक बंधुओ से अपील है कि बच्चों को भी संस्कारित बनाएं, ताकि हमारी आने वाली पीढ़ी भी संस्कारों को भूले नहीं। recent visitors 176

पाकिस्तान 551 रनों से पीछे है और अपनी पहली पारी में 64/3 का स्कोर बना लिया, फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा

केपटाउन साउथ अफ्रीका ने न्यूलैंड्स में पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट में अपना दबदबा बना लिया है। पहली पारी में 615 रनों का विशाल स्कोर बनाया और दूसरे दिन स्टंप तक मेहमान टीम के तीन विकेट झटक लिए हैं। पाकिस्तान 551 रनों से पीछे है और अपनी पहली पारी में 64/3 का स्कोर बना लिया है। मेहमान टीम पर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा है। रयान रिकेल्टन दिन के स्टार रहे, जो न्यूलैंड्स में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर से चूक गए। रिकेल्टन ने 259 रन की शानदार पारी खेली। काइल वेरिन ने अपना चौथा टेस्ट शतक बनाया, लेकिन 105 रन बनाकर आउट हो गए। मार्को यानसन ने भी दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने सिर्फ 42 गेंद पर तूफानी अर्धशतक जड़ा। छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से यानसन ने 62 रन बनाए। कगिसो रबाडा ने 35 गेंद पर चार चौके और दो छक्कों की मदद से 40 रन की पारी खेली। पाकिस्तान के गेंदबाजों ने कड़ी मेहनत की, लेकिन सपाट पिच और जमे हुए बल्लेबाजों ने उनके प्रयासों को बेकार कर दिया। मोहम्मद अब्बास ने एक बार फिर गेंद से कमाल दिखाया और तीन विकेट चटकाए और पाकिस्तान के लिए टेस्ट क्रिकेट में 100 विकेट पूरे किए। पाकिस्तान पर फॉलोऑन का खतरा मेहमान टीम की मुश्किलें बल्ले से भी जारी रहीं। सैम अयूब के चोटिल होने के कारण पहले से ही एक खिलाड़ी की कमी से जूझ रही शान मसूद की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। यानसन ने अब्दुल्ला शफीक और मुहम्मद गुलाम को जल्दी-जल्दी आउट किया, जबकि कगिसो रबाडा ने सऊद शकील को शून्य पर आउट किया। शुरुआती तीन विकेट जल्दी गिरने से पाकिस्तान का स्कोर 20/3 हो गया। बाबर और रिजवान पर जिम्मेदारी टेस्ट क्रिकेट में पहली बार ओपनिंग कर रहे बाबर आजम ने स्टंप्स से पहले मोहम्मद रिजवान के साथ मिलकर टीम को संभालने की जिम्मेदारी उठाई है। बाबर आजम 31 और रिजवान 9 रन बनाकर नाबाद लौटे। हालांकि, साउथ अफ्रीका गेंदबाजों की लय में होने के कारण पाकिस्तान पर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा है।   recent visitors 106

क्षत्रीय पवार समाज ने सामाजिक एकता का दिया संदेश

सुशील दामले विशेष संवाददाता भोपाल। क्षत्रिय पवार समाज का वार्षिक स्नेह सम्मेलन सर्जन पर्व-2 का आयोजन आदमपुर छावनी स्थित संगठन के कार्यालय परिसर में हुआ। संगठन के संरक्षक का निधन होने के कारण इस बार पूरा कार्यक्रम सादगी पूर्ण तरीके से मनाया गया। कार्यक्रम में भोपाल के अलावा इंदौर, धार, महू, बैतूल, होशंगाबाद, सीहोर, रायसेन, विदिशा समेत प्रदेश के सभी जिलों से हजारों की संख्या में समाज बन्धुओं ने शामिल होकर सामाजिक एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कन्हैयालाल पवार ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एचडी रावत रहे। कार्यक्रम के शुभारंभ पर सभी ने दीप प्रज्वलन के बाद झंडा वंदन भी किया। क्षत्रिय पवार समाज के अध्यक्ष कन्हैयालाल पवार ने कहा कि इस बार कार्यक्रम के सभी सांस्कृतिक आयोजन निरस्त किए गए। क्योंकि समाज के संरक्षक का आकस्मिक निधन हो गया है। इसलिए यह कार्यक्रम सादगी पूर्ण तरीके से आयोजित किया गया है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सामाजिक एकजुट और आपसी भाईचारा बनाने का है। आयोजन के माध्यम से ही हमारी आने वाली पीढ़ी समाज के संस्कारों का वर्णन करती है। recent visitors 194

न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली

वेलिंगटन मैट हेनरी (चार विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद विल यंग (नाबाद 90) रनों की बेहतरीन पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने रविवार को पहले एकदिवसीय मैच में श्रीलंका को 142 गेंदे शेष रहते नौ विकेट से हरा दिया। इसी के साथ न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। 19 रन देकर चार विकेट झटकने वाले न्यूजीलैंड के मैट हेनरी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ से नवाजा गया। श्रीलंका के 178 रनों के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की विल यंग और रचिन रविंद्र की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 93 रन जोड़े। 13वें ओवर में चामिंदु विक्रमासिंघे ने रचिन रविंद्र को हसरंगा के हाथों कैच आउट कराकर इस साझेदारी को तोड़ा। रचिन रविंद्र ने 36 गेंदों में छह चौके और एक छक्का लगाते हुए (45) रनों की पारी खेली। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये मार्क चैपमैन ने विल यंग के साथ शानदार बल्लेबाजी का मुजाहिरात हुए दूसरे विकेट लिए अविजित 87 जोड़कर अपनी टीम को महज 26.2 ओवरों में 180 रन बनाकर नौ विकेट से जीत दिला दी। विल यंग ने 86 गेंदों में (90) और मार्क चैपमैन 36 गेंदों में (29) रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका की ओर से एकमात्र विकेट चामिंदु विक्रमासिंघे को मिला। इससे पहले आज यहां न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने 23 के स्कोर पर अपने चार विकेट गवां दिये। पथुम निसंका (नौ), कुसल मेंडिस (दो) , कामिंडु मेंडिस (तीन) और कप्तान चरित असलंका (शून्य) पर आउट हुये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये जनित लियानगे ने अविष्का फर्नांडो के साथ पारी को संभाला। 26वें ओवर में मिचेल सैंटनर ने लियागने (36) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद स्मिथ ने अविष्का फर्नांडो 63 गेंदों में 56 रन को आउटकर पवेलियन भेज दिया। चामिंदु विक्रमासिंघे (22), वानिंदु हसरंगा (35), एहसान मलिंगा (चार) और असिता फर्नांडो (दो) रन बनाकर आउट हुये। न्यूजीलैंड के गेंदबाजी आक्रमण के आगे श्रीलंका की पूरी टीम 42.4 ओवर में 178 के स्कोर पर सिमट गई। न्यूजीलैंड की ओर से मैट हेनरी ने चार विकेट लिये। जेकब डफी और नेथन स्मिथ को दो-दो विकेट मिले। मिचेल सैंटनर ने एक बल्लेबाज को आउट किया।   recent visitors 62