Tuesday, July 7, 2026 10:43 am

औरंगजेब की तारीफ पड़ी भारी, अबू आजमी के खिलाफ इन धाराओं में केस दर्ज

मुंबई महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अबू आजमी को औरंगजेब की तारीफ करना महंगा पड़ गया है। शिवसेना ने अबू आजमी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। बता दें कि इससे पहले शिवसेना के प्रमुख और राज्य के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने भी अबू आजमी पर देशद्रोह का मामला दर्ज किए जाने की मांग की थी। आइए जानते हैं कि अबू आजमी ने कहा क्या था और पुलिस ने उनपर किन धाराओं में केस दर्ज किया है। शिवसेना ने दर्ज कराई शिकायत औरंगजेब की तारीफ करने को लेकर महाराष्ट्र सपा अध्यक्ष अबू आजमी की मुसीबत बढ़ गई है। अबू आजमी के खिलाफ शिवसेना (शिंदे) ने मुम्बई के मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। शिवसेना प्रवक्ता और पूर्व विधायक किरण पावसकर ने कार्यकर्ताओं के साथ  पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। अबू आजमी पर देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग की गई है। इन धाराओं में केस दर्ज इसके अलावा शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के की शिकायत के आधार पर ठाणे के वागले एस्टेट पुलिस स्टेशन में अबू आजमी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। माना जा रहा है कि सपा विधायक अबू आजमी की मुसीबत बढ़ने वाली है। पुलिस ने आजमी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299, 302 और 356 के तहत मामला दर्ज किया है। क्या बोले थे अबु आजमी? बता दें कि अबू आजमी महाराष्‍ट्र में समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष हैं। सोमवार को उन्‍होंने कहा- "गलत इतिहास दिखाया जा रहा है। औरंगजेब ने कई मंदिर बनवाए। औरंगज़ेब कोई क्रूर शासक नहीं थे। उन्‍होंने यहां तक दावा क‍िया क‍ि बनारस में जब एक पंडित की बच्‍ची के साथ उसके सिपहसालार ने बदतमीजी की करने की कोश‍िश की तो औरंगजेब ने उस सिपहसालार को दो हाथ‍ियों के बीच बंधवाकर मरवा डाला। बाद में उन पंड‍ितों ने औरगंजेब के ल‍िए मस्‍ज‍िद बनाकर भेंट क‍िया। वो अच्छे प्रशासक थे, जो उन्होंने किया वो सही किया। अगर कोई और राजा होता वो वो भी वही करता।" अबू आजमी ने ये भी कहा था- "औरंगजेब के शासन के दौरान भारत की जीडीपी 24% थी और देश "सोने की चिड़िया" था। औरंगजेब उनके लिए गलत नहीं था। उसने कई मंदिर भी बनवाये थे। इतिहास में कई गलत चीज़े बताई गई हैं।" उदित राज ने किया आजमी का समर्थन कांग्रेस नेता उदित राज ने अबू आजमी के बयान का समर्थन किया है. उन्होंने कहा,'मैं अबू आजमी के बयान का समर्थन करता हूं. उन्होंने कुछ गलत नहीं बोला है. औरंगजेब ने मस्जिद भी तोड़ी थी. राजा लोग एक-दूसरे को प्रताड़ित करते ही थे. बड़े राजा छोटे को प्रताड़ित करते थे. सिर्फ एक राजा को टारगेट करना गलत है. हिन्दुओं में भी क्रूर राजा हुए. सिर्फ औरंगजैब को ही टारगेट क्यों किया जा रहा है?' अबू आजमी ने बयान में कही थी ये बात बता दें कि सपा नेता अबू आजमी ने औरंगजेब का बचाव करते हुए बयान दिया था. उन्होंने कहा था,'मैं 17वीं सदी के मुगल बादशाह औरंगजेब को क्रूर, अत्याचारी या असहिष्णु शासक नहीं मानता. इन दिनों फिल्मों के माध्यम से मुगल बादशाह की विकृत छवि बनाई जा रही है.' एकनाथ शिंदे ने व्यक्त की थी प्रतिक्रिया अबू आजमी की टिप्पणी पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी. शिंदे ने कहा था कि सपा नेता को उनकी टिप्पणी के लिए माफी मांगना चाहिए. इतना ही नहीं शिंदे ने अबू आजमी के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा चलाने की मांग भी की थी. पुलिस स्टेशन के बाहर जमकर हुआ प्रदर्शन अबू आजमी के बयान के विरोध में शिवसेना शिंदे गुट से ठाणे से सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता नरेश म्हस्के के साथ शिवसेना शिंदे गुट के मुस्लिम समुदाय के कार्यकर्ता वागले पुलिस स्टेशन पहुंचे और जमकर विरोध-प्रदर्शन किया. इसके बाद म्हस्के ने अबू आजमी के खिलाफ केस दर्ज कराया. recent visitors 60

भाटापारा नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री

रायपुर उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव आज भाटापारा नगर पालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में मौजूद थे। भाटापारा के नगर भवन में आयोजित समारोह में अपर कलेक्टर अभिषेक गुप्ता ने नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा तथा पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रम में नवनिर्वाचित अध्यक्ष और पार्षदों को बधाई तथा शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप लोगों को भाटापारा की जनता ने भरपूर स्नेह व आशीर्वाद दिया है। उनके आशीर्वाद को फलीभूत करने शहर में विकास कार्यों को तेज करने होंगे। नगरवासियों की आकांक्षाओं के मुताबिक शहर को सुंदर, स्वच्छ और सुविधापूर्ण बनाकर संवारना है। भाटापारा में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने सरकार हर तरह से सहयोग देगी। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कार्यक्रम में कहा कि शहर के विकास को गति देने नवनिर्वाचित नगर पालिका अध्यक्ष और सभी पार्षद मिलकर काम करेंगे, ऐसी अपेक्षा वे करते हैं। सांसद बृजमोहन अग्रवाल और पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने भी समारोह को सम्बोधित किया। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व विधायक देवजी भाई पटेल और डॉ. सनम जांगड़े तथा बलौदाबाजार नगर पालिका के अध्यक्ष अशोक जैन सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद थे। recent visitors 24

Tikamgarh News: इलेक्ट्रॉनिक दुकान में लगी आग से सामान जलकर हुआ राख, तीन फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

Goods burnt to ashes in a fire that broke out in an electronic shop; three fire brigades brought it under control टीकमगढ़ ! नगर पलेरा में स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में मंगलवार सुबह अचानक आग लगने का मामला सामने आया है। इससे लगभग 30 से 40 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीन फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। घटना नगर पलेरा के गोल मार्केट में सुबह करीब 6:00 बजे हुई। एक दुकानदार जब अपनी दुकान खोलने पहुंचा तो उसने वहां से धुआं उठते देखा और तुरंत इसकी सूचना दुकान संचालक को दी। जब तक दुकान संचालक मौके पर पहुंचता, तब तक आग पूरे दुकान में फैल चुकी थी। संचालक ने तुरंत नगर परिषद और स्थानीय प्रशासन को इसकी जानकारी दी। नगर पंचायत पलेरा की दो फायर ब्रिगेड घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन आग की लपटें तेजी से बढ़ती जा रही थीं। स्थिति बिगड़ती देख नजदीकी नगर परिषद जतारा से एक और फायर ब्रिगेड बुलाया गया। इसके बाद करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक दुकान में रखा सारा इलेक्ट्रॉनिक सामान जलकर खाक हो गया। इसमें फ्रिज, टीवी, वाशिंग मशीन, एलईडी और मोबाइल शामिल थे। दुकान संचालक के अनुसार, कुल मिलाकर लगभग 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार यह आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी हो सकती है। घटना की सूचना पलेरा पुलिस थाने को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कैसे लगी आग? सुबह 6:00 बजे गोल मार्केट के सामने स्थित एक दुकानदार ने धुआं उठते देखा और तुरंत नगर परिषद को इसकी सूचना दी। इसके बाद दुकान मालिक को भी जानकारी दी गई। जब तक नगर परिषद और दुकान मालिक मौके पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी और पूरी दुकान जलने लगी थी। फिलहाल, आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और प्रशासन इस घटना के कारणों की जांच कर रहा है। recent visitors 95

युवाओं के लिए उद्यम और रोजगार के नए अवसर खोलने वाला बजट, हाइटेक खेती की जरूरतों को पूरा करने रखा गया पूरा ध्यान

 बजट से छत्तीसगढ़ के विकास को मिलेगी तीव्र गति – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय वर्तमान और भविष्य दोनों की जरूरतों को पूरा करता बजट विधानसभा में प्रस्तुत – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने सूत्रवाक्य रखा, ज्ञान से गति की ओर, पिछले बजट में गरीब, युवा, अन्नदाता और महिलाओं के लिए फोकस रखा था, अब इन्हें आगे बढ़ाने गति अर्थात सुशासन, बुनियादी ढांचे में तेजी, तकनीक और औद्योगिक विकास पर होगा जोर अटल जी के जन्म शताब्दी वर्ष पर अटल निर्माण वर्ष के अनुरूप पूंजीगत व्यय पर 26 हजार करोड़ रुपए से अधिक का हमने रखा बजट, नदियों को जोड़ना उनका था सपना, इसे करेंगे साकार युवाओं के लिए उद्यम और रोजगार के नए अवसर खोलने वाला बजट, हाइटेक खेती की जरूरतों को पूरा करने रखा गया पूरा ध्यान रायपुर यह बजट वर्तमान की जरूरतों को पूरा करते हुए भविष्य में विकसित छत्तीसगढ़ की अधोसंरचना जरूरतों के अनुरूप तैयार किया गया है। इस बजट से छत्तीसगढ़ के विकास को तीव्र गति मिलेगी। इसमें धान के कटोरे की चमक ‘‘कृषि अर्थव्यवस्था‘‘ को संवारने के उपायों के साथ ही इंडस्ट्रियल हब और आईटी हब के रूप में छत्तीसगढ़ को तैयार करने की ठोस नींव रखी गई है।     मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज विधानसभा में अपनी सरकार के दूसरे साल के प्रस्तुत बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उपरोक्त बातें कही।     साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हमने छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए बहुत जरूरी है कि हम आधुनिक समय के मुताबिक अपनी अर्थव्यवस्था को तैयार करेें, बजट में पूरा फोकस इसी पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें प्रदेश में बदहाल राजकोष और कुशासन की विरासत मिली थी। हमने राजकोषीय सुधारों के साथ प्रशासनिक प्रणालियों में सुधार करते हुए बजट के संतुलित उपयोग से प्रदेश में जनकल्याण के कार्य पुनः आरंभ कराए। अब छत्तीसगढ़ में विकास ट्रैक पर आ गया है और ट्रिपल इंजन की सरकार इसे तेजी से गति दे रही है। बजट प्रावधानों से यह गति और बढ़ेगी।     मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पिछले बजट में विकसित भारत की संकल्पना के अनुरूप समावेशी विकास की राह तैयार हुई और हमारा फोकस ज्ञान अर्थात गरीब, युवा, अन्नदाता और नारीशक्ति पर था। इनके लिए हमने जिस तरह से नवाचारी योजनाएं लागू कीं, उसके प्रभावी नतीजे मिले। इस बार बजट का थीम है ‘‘ज्ञान के लिए गति‘‘ यह हमारी ट्रिपल इंजन सरकार के लक्ष्यों के अनुरूप है। उन्होंने बताया कि गति से हमारा तात्पर्य सुशासन, बुनियादी ढांचे में तेजी लाना, तकनीक का अधिकाधिक प्रयोग और औद्योगिक विकास में तीव्र वृद्धि करना है। हम इन सभी मानदंडों को पूरा करेंगे।     मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के समग्र विकास के लिए हमने बड़े सपने देखे हैं और उन्हें पूरा करने की रणनीति भी तैयार कर ली है। इन्हें पूरा करने के लिए हमारी ट्रिपल इंजन की सरकार पूरी रफ्तार से काम करेगी।     इस मौके पर मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी का स्मरण भी किया। उन्होंने कहा कि उनके जन्म शताब्दी वर्ष  को हम अटल निर्माण वर्ष के रूप में मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि अटल जी छत्तीसगढ़ को विकसित राज्यों की श्रेणी में देखना चाहते थे, उनके सपनों को पूरा करने की ठोस नींव हमने रख दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में ऐसी अधोसंरचना की जरूरत होगी जो एक विकसित औद्योगिक राज्य की जरूरतों को पूरी करती हो। इसके लिए हमने बजट में विशेष प्रावधान किये हैं। रायपुर-दुर्ग मेट्रो सेवा का सर्वे होगा। नये औद्योगिक पार्क स्थापित कर रहे हैं। इसके लिए 700 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। महानदी- इंद्रावती तथा कोडार-सिकासर जैसी नदियों को जोड़ेंगे, खेती में निवेश करेंगे। नई सिंचाई परियोजनाओं के लिए 1500 करोड़ का बजट प्रावधान किया गया है।     मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने बजट में मानव संसाधन को सहेजने के लिए नये अस्पतालों, आधुनिक स्कूलों और इनमें पर्याप्त स्टाफ के संबंध में व्यवस्था की है। राज्य की नई औद्योगिक नीति की जरूरतों को पूरा करने 12 नए इंजीनियरिंग कालेज और 12 पालिटेक्निक कालेज आरंभ करेंगे। नये बिजनेस और स्टार्टअप के लिए 700 करोड़ रुपए का इंडस्ट्रियल सब्सिडी सपोर्ट रखा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार पूंजीगत व्यय 26 हजार करोड़ रुपए से अधिक रखा गया है जो पिछले वर्ष की तुलना में 18 प्रतिशत है। पूंजीगत व्यय में किये गये निवेश का कई गुना रिटर्न मिलता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट समावेशी है और सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के हमारे ध्येय के मुताबिक तैयार किया गया है।     मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के आदर्शो के अनुरूप हमने अंत्योदय के कल्याण के लिए तथा इनके समग्र विकास के लिए विशेष बजट प्रावधान रखा है। पिछले बजट में गरीब युवा, अन्नदाता तथा नारी शक्ति एवं जनजातीय विकास के लिए जो योजनाएं आरंभ की गई थी, उनके लिए बजट प्रावधान के साथ ही इनके विकास के लिए नई योजनाएं भी इस बजट में आरंभ की गई है।     मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बजट के साथ हमारा प्रदेश नये संकल्पों के साथ अपने सपनों को पूरा करने एक नई उड़ान भरेगा। recent visitors 40

महाराष्ट्र की कानून व्यवस्था खराब, सिर्फ इस्तीफे से काम नहीं चलेगा: आदित्य ठाकरे

मुंबई महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और अजित पवार की नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) नेता धनंजय मुंडे ने पद से इस्तीफा दे दिया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसकी जानकारी दी. धनंजय मुंडे के PA प्रशांत जोशी ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सरकारी आवास पहुंचकर उन्हें मुंडे का इस्तीफा सौंपा था. फडणवीस ने कहा कि मुंडे ने मुझे अपना इस्तीफा भेजा है. मैंने इसे स्वीकार कर लिया है और इसे राज्यपाल को भेज दिया है. दरअसल सरपंच संतोष देशमुख हत्याकांड में महाराष्ट्र की महायुति सरकार में मंत्री रहे धनंजय मुंडे विवादों में घिर गए थे. एसआईटी ने अपनी चार्जशीट में मुंडे के करीबी सहयोगी वाल्मीक कराड को बीड जिले में जबरन वसूली का विरोध करने वाले सरपंच संतोष देशमुख की हत्या के मास्टरमाइंड के रूप में नामजद किया था. इससे पहले देवेंद्र फडणवीस ने अजित पवार और प्रफुल्ल पटेल को पत्र लिखकर कहा था कि धनजंय मुंडे को मंत्री पद से इस्तीफा देना होगा. धनजंय मुंडे के करीबी सहयोगी वाल्मीक कराड और उसके 6 गुर्गों को इस साल जनवरी में महाराष्ट्र पुलिस ने मकोका (महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एक्ट, 1999) के तहत गिरफ्तार किया था. वाल्मीक कराड सरपंच हत्याकांड का मास्टरमाइंड एसआईटी द्वारा अदालत में दाखिल चार्जशीट के मुताबिक, वाल्मीक कराड बीड सरपंच संतोष देशमुख की हत्या का मास्टरमाइंड था. कराड ने बीड में मौजूद एक रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी Avaada के भूमि अधिग्रहण अधिकारी से दो करोड़ की फिरौती मांगी थी. जब बीड के सरपंच संतोष देशमुख ने कराड और उसके सहयोगियों को कंपनी से जबरन वसूली करने से रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने उनकी हत्या की साजिश रची. एसआईटी ने अदालत के समक्ष सबूत के तौर पर आरोपियों से बरामद फोन कॉल की रिकॉर्डिंग और फॉरेंसिक लैब द्वारा प्रमाणित सीसीटीवी फुटेज पेश किए थे. चार्जशीट में वाल्मीक कराड के बाद सुदर्शन घुले को आरोपी नंबर दो बताया है. वह दस साल से अधिक समय तक बीड और पड़ोसी इलाकों में संगठित अपराध का हिस्सा था. उसके खिलाफ पहले से ही 11 आपराधिक मामले चल रहे हैं. आरोप पत्र में उसे 'गैंग लीडर' बताया गया है.   recent visitors 52

मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय बजट में उद्घोषित नवीन योजनाओं तथा प्रचलित कार्यक्रमों में की गई वृद्धि के संदर्भ में अधिकारियों को दिए निर्देश

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है‍कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा के अनुसार गरीब, युवा, अन्नदाता और महिला सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इनके कल्याण के लिए संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों में केन्द्र सरकार द्वारा वर्ष 2025-26 के बजट में प्रदेश के लिए की गई वृद्धि का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करते हुए गतिविधियां संचालित की जाएं। प्रदेश में वर्ष 2025 को उद्योग वर्ष घोषित किया गया है, युवाओं में उद्यमिता विकास और कौशल उन्नयन के लिए संबंधित संस्थाओं में बाजार की आवश्यकता के अनुसार गतिविधियां संचालित की जाएं। ग्राम स्तर तक स्वास्थ्य सुविधा और शिक्षा व्यवस्था का संचालन संवेदनशीलता के साथ हो। मुख्यमंत्री डॉ. यादव केन्द्र सरकार द्वारा वर्ष 2025-26 के बजट में उद्घोषित नवीन योजनाओं में किए गए प्रावधानों तथा प्रचलित योजनाओं में की गई वृद्धि के दृष्टिगत प्रदेश की प्राथमिकताओं के अनुरूप विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन के संबंध में अधिकारियों से समत्व भवन (मुख्यमंत्री निवास) में चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के बड़े नगरों के आस-पास विद्यमान नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों में सड़क, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सीवेज जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं का विकास इस दृष्टि से किया जाए ताकि नगरों की जनसंख्या बढ़ने पर जनसामान्य का जीवन सुगम बना रहे। नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे अतिरिक्त संसाधनों का उपयोग करते हुए प्रदेश को प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में आदर्श राज्य के रूप में विकसित किया जाए। इसके साथ ही कृषकों को मूंगफली, सरसों जैसी तिलहन फसलों और ग्रीष्मकालीन मूंग के स्थान पर अन्य वैकल्पिक फसलों को लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, प्रमुख सचिव वित्त मनीष रस्तोगी सहित विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव तथा प्रमुख सचिव उपस्थित थे।   recent visitors 29

राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने गोविंदपुरा क्षेत्र की निर्माणाधीन सड़कों की प्रगति की समीक्षा की

भोपाल पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने एम.जी.एम. विद्यालय से खजूरी वायपास मार्ग निर्माण में हो रहे विलंब पर अप्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण के दौरान कोई कठिनाई अथवा समस्या हो तो उन्हें अवगत कराएं। सड़क निर्माण में देरी नहीं करें। लापरवाही नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जे.के. रोड निर्माण का पूरा कार्य मार्च 2025 अंत तक पूरा करना सुनिश्चित करें। जे.के. रोड का लोकार्पण अप्रेल 2025 के प्रथम सप्ताह में होगा। पिपलानी से खजूरी कलां वायपास निर्माण के कार्य को 30 अप्रैल 2025 तक पूरा किया जाना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही आनंद नगर से यातायात नगर की सड़क के निर्माण को भी इसी वर्ष वर्षाकाल के पहले पूरा किया जाए। राज्य मंत्री श्रीमती गौर ने मंत्रालय में गोविन्दपुरा क्षेत्र की निर्माणाधीन सड़कों की प्रगति की समीक्षा की। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने आशिमा मॉल से वावड़िया कला नवीन ब्रिज निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही एक माह में पूरी करने के लिए कहा। गोविन्दपुरा क्षेत्र में एम.जी.एम. विद्यालय से खजूरी बायपास सड़क निर्माण में विलंब होने पर राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने सहायक यंत्री राजेन्द्र चौधरी से कार्य का प्रभार वापिस लेने के निर्देश मुख्य अभियंता संजय मस्के को दिए। उन्होंने महात्मा गाँधी सी.एम. राइज स्कूल की निर्माण ऐजेन्सी को जून अंत तक क्लास रूम निर्माण का कार्य पूरा करने और विद्यालय में निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता संजय मस्के, एसडीएम एल.के. खरे, पार्षद व्ही शक्ति राव, श्रीमती शिरोमणी शर्मा, श्रीमती मधु शिवनानी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण यंत्री अवनिंद्र सिंह कार्यपालन यंत्री की जावेद शकील, आर.एस. परते एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।   recent visitors 20