सीएसके सबसे ज्यादा संघर्ष अपनी ओपनिंग जोड़ी को लेकर कर रही, पूर्व क्रिकेटर ने CSK को दिए ये सुझाव

नई दिल्ली चेन्नई सुपर किंग्स ने भले ही आईपीएल 2025 के अपने पहले मैच में मुंबई इंडियंस को मात दी थी, लेकिन ये टीम अगले दो मैचों में बुरी तरह से हार गई। सीएसके सबसे ज्यादा संघर्ष अपनी ओपनिंग जोड़ी को लेकर कर रही है। इसके अलावा कुछ समस्या कप्तानी में भी हैं। ऐसे में पूर्व क्रिकेटर कृष्णामाचारी श्रीकांत ने चेन्नई सुपर किंग्स को कुछ सुझाव दिए हैं। उन्होंने ये भी कहा है कि आर अश्विन को ड्रॉप मत करना, बल्कि उनसे पावरप्ले में गेंदबाजी मत कराना। क्रिस श्रीकांत ने एक और सुझाव दिया है कि ओपनर के तौर पर डेवोन कॉनवे को वापस ले आओ। सीएसके ने टॉप 3 में ओपनर के तौर पर रचिन रविंद्र और राहुल त्रिपाठी को मौका दिया है। नंबर तीन पर कप्तान रुतुराज गायकवाड़ आ रहे हैं। हालांकि, दोनों ओपनर रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि डेवन कॉनवे को मौका दो। कुछ एक्सपर्ट ये भी कह रहे हैं कि आर अश्विन की जगह पेसर अंशुल कंबोज या अन्य किसी तेज गेंदबाज को खिलाओ और अपनी नई गेंद के विकल्पों को बढ़ाओ। इसी को लेकर के श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात की। श्रीकांत ने कहा, "कॉनवे को जेमी ओवर्टन की जगह पर आना चाहिए और साथ ही अंशुल कंबोज को भी प्लेइंग इलेवन में लाना चाहिए। अश्विन के मामले में, उसे बाहर मत करो, लेकिन उसे पावरप्ले में गेंदबाजी करने से रोको। 7-18वें ओवर के बीच वह प्रभावी हो सकते हैं। जडेजा और नूर अहमद के साथ, वे कम से कम 10 ओवर में आसानी से खींचकर रख सकते हैं। मैं त्रिपाठी को बाहर कर दूंगा और कंबोज को लाऊंगा और फिर ओवर्टन की जगह कॉनवे को लाना पसंद करूंगा।" सीएसके की आलोचना इसलिए भी होती है कि वे मुंबई इंडियंस की तरह अनकैप्ड खिलाड़ियों को मौका नहीं देती है। इस सीजन में, उनकी बल्लेबाजी में आंद्रे सिद्धार्थ जैसा युवा तूफानी बैटर बेंच पर बैठा है, जबकि पुराने ढर्रे पर चल रहे हैं। श्रीकांत ने कहा कि 18 वर्षीय खिलाड़ी को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, "मैं शिवम दुबे को इलेवन में खिलाऊंगा और आंद्रे सिद्धार्थ को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में लाऊंगा। यहां तक ​​कि मुकेश चौधरी भी एक अच्छा विकल्प हैं, उन्होंने पहले भी सीएसके के लिए अच्छी गेंदबाजी की है।" recent visitors 26

9वीं, 10वीं, 11वीं, 12वीं कक्षा का सिलेब्स चेंज, CBSE की आधिकारिक वेबसाइट से करे डाउनलोड?

नई दिल्ली केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए कक्षा 9 से 12 तक के लिए नया सिलेबस जारी कर दिया है। यह सूचना CBSE की आधिकारिक वेबसाइट cbseacademic.nic.in पर प्रकाशित की गई है। बोर्ड ने सभी संबद्ध स्कूलों को नए सिलेबस के अनुसार शिक्षा प्रदान करने का निर्देश दिया है, जिसमें प्रोजेक्ट-बेस्ड, इंक्वायरी-ड्रिवन और टेक्नोलॉजी-इनेबल्ड शिक्षा पर जोर दिया गया है। इस सिलेबस में 12वीं के फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी और गणित के पाठ्यक्रम में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। इस सत्र के लिए सिलेबस शैक्षणिक सत्र 2024-25 जैसा ही रखा गया है। इसके तहत होने वाली पढ़ाई और परीक्षा इसी सिलेबस पर आधारित होगी, जैसा कि CBSE की एकेडमिक डायरेक्टर, डॉ. प्रज्ञा एम सिंह ने बताया। कैसे करें CBSE सिलेबस डाउनलोड? यदि आप CBSE कक्षा 9 से 12 तक के सिलेबस को डाउनलोड करना चाहते हैं, तो इन आसान कदमों का पालन करें: सबसे पहले CBSE की आधिकारिक वेबसाइट www.cbseacademic.nic.in पर जाएं। "एकेडमिक" टैब पर क्लिक करें और "सेकेंडरी करिकुलम/सीनियर सेकेंडरी सिलेबस" लिंक पर जाएं। अब एक नया पेज खुलेगा, जिसमें आप अपनी कक्षा और विषय के अनुसार सिलेबस डाउनलोड कर सकते हैं। यह सिलेबस आगामी शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए उपयोगी होगा और परीक्षा में पूछे जाने वाले प्रश्न इसी पर आधारित होंगे। recent visitors 43

वर्ष-2024-25 में वृहद इकाइयों को दिया गया 3100 करोड़ का लंबित इन्सेन्टिव एमएसएमई इकाइयों को भी 1075 करोड़ रुपये के लंबित इन्सेन्टिव के भुगतान की पहल

मध्यप्रदेश है उद्योगों को प्रोत्साहन देने वाला प्रथम राज्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव वर्ष-2024-25 में वृहद इकाइयों को दिया गया 3100 करोड़ का लंबित इन्सेन्टिव एमएसएमई इकाइयों को भी 1075 करोड़ रुपये के लंबित इन्सेन्टिव के भुगतान की पहल राज्य में औद्योगिक इकाइयों का कोई भुगतान लंबित नहीं: मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कैबिनेट बैठक के पहले मंत्रीगण को दी जानकारी भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश उद्योग क्षेत्र को प्रोत्साहन देने वाला ऐसा राज्य है जहां औद्योगिक इकाइयों को राशि के भुगतान का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। ऐसा कोई भी भुगतान लंबित नहीं है जो औद्योगिक इकाइयों को देय था। ऐसा कार्य करने वाला मध्यप्रदेश प्रथम राज्य है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कैबिनेट की बैठक के पहले मंत्रिगण को दिए संबोधन में राज्य शासन की प्राथमिकताओं और गतिविधियों से अवगत करवाया। औद्योगिक इकाइयों को राशि का भुगतान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश ऐसा एकमात्र राज्य है जहां वृहद और लघु सूक्ष्म, मध्यम उद्योगों के समस्त देयकों का भुगतान पूर्ण हो चुका है। राज्य शासन औद्योगिकीकरण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है। वृहद औद्योगिक इकाइयों को वर्ष 2024-25 में कुल 3100 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया गया। औद्योगिक विभाग के अंतर्गत वृहद औद्योगिक इकाइयों को आज 702 करोड़ रुपये के इन्सेन्टिव का भुगतान करने का कार्य किया गया। एमएसएमई विभाग के अंतर्गत औद्योगिक इकाइयों को 1075 करोड़ रुपये के लम्बित इन्सेन्टिव का भुगतान किया जा रहा है। वर्ष 2024-25 में एमएसएमई इकाइयों को कुल 2162 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। इसी तरह आज राज्य सरकार डीबीटी के माध्यम से एमएसएमई और वृहद इकाइयों के लिए 1777 करोड़ रुपये की देय इन्सेन्टिव राशि का भुगतान कर रही है। इससे 2500 से अधिक औद्योगिक इकाइयां लाभान्वित होंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस सफलता के लिए मंत्री परिषद सदस्यों को बधाई भी दी। विक्रम संवत-2082 मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सर्वप्रथम सभी मंत्रियों को भारतीय नव वर्ष विक्रम संवत-2082 प्रारंभ होने की बधाई और मंगलकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय सनातन परंपरा का अपना महत्व है। प्रदेश में गुड़ी पड़वा पर्व का ऐतिहासिक आयोजन किया गया। इस आयोजन का वेबकास्ट भी किया गया। यह सौभाग्य की बात है कि सम्राट विक्रमादित्य मध्यप्रदेश से हैं। विक्रम संवत शुभारंभ पर महत्वपूर्ण प्रकल्प प्रदेश में प्रारंभ हुए हैं। स्कूल चलें हम अभियान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि 'स्कूल चलें हम' अभियान के अंतर्गत एक अप्रैल से प्रवेशोत्सव प्रारंभ हुआ है। इस अभियान के तहत चार दिवसीय विशेष गतिविधियां हो रही हैं। मंत्रीगण अपने प्रभार के जिले में एक से चार अप्रैल तक प्रवेश उत्सव को सफल बनाने का प्रयास करें। राज्य में लगभग 85 लाख विद्यार्थियों को सत्र के प्रारंभ में ही पाठ्य पुस्तकें प्रदान करने का निर्णय लिया गया। प्रवेशोत्सव में इसी माह स्कूल की किताबें बांटी जानी हैं। इसके साथ ही सांस्कृतिक गतिविधियां, खेलकूद और विशेष भोज के आयोजन करना भी नियत किया गया है। कैलेंडर तैयार कर गतिविधियों का क्रियान्वयन का कार्य किया जा रहा है। सीएम राइज विद्यालयों का नाम अब सांदीपनि विद्यालय मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रिमंडल के सदस्यों को अवगत करवाया कि प्रदेश में निर्मित एवं निर्माणाधीन समस्त सीएम राइज विद्यालयों का नाम अब सांदीपनि विद्यालय होगा। इंदौर में आईटी एंक्लेव 27 अप्रैल को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जानकारी दी कि आगामी 27 अप्रैल को इंदौर में आईटी कॉन्क्लेव का आयोजन होगा। सूचना प्रौद्योगिकी की दृष्टि से मध्यप्रदेश में इंदौर संभावना से भरा क्षेत्र है। यहां देश-विदेश की लगभग 200 कंपनियों की भागीदारी रहेगी। उद्योगों में कार्यरत बहनों को रहवास सुविधा के लिए 284 करोड़ मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि केंद्र सरकार ने विशेष केंद्रीय सहायता से प्रदेश की औद्योगिक कामकाजी बहनों की रहवास सुविधा के लिए 284 करोड़ रुपए की राशि 5120 महिलाओं के लिए हॉस्टल की सुविधा के लिए स्वीकृत की गई है। ये हॉस्टल पीथमपुर, मंडीदीप, मालनपुर, विक्रम उद्योगपुरी, झाबुआ, सिंगरौली, देवास और नर्मदापुरम् में स्वीकृत किए गए हैं। महिला सशक्तिकरण की दिशा में इस महती योजना के स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मध्यप्रदेश सरकार आभार व्यक्त करती है। जल गंगा संवर्धन अभियान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जल गंगा संवर्धन अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि 30 मार्च से यह अभियान प्रारंभ किया है। अभियान आगामी 30 जून तक चलना है। प्रदेश में 90 दिन से अधिक चलने वाले इस अभियान के निश्चित ही अच्छे परिणाम आएंगे। ऐसा विश्वास है कि इस अभियान को सरकार और समाज द्वारा संयुक्त रूप से क्रियान्वित कर सफल बनाया जाएगा। गेहूं उपार्जन मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी 2600 रुपये प्रति क्विंटल की जा रही है। जिले के प्रभारी मंत्री और जनप्रतिनिधि तोल कांटे आदि व्यवस्थाओं का अवलोकन कर इस कार्य के सुचारू संचालन में सहयोग करें। प्रदेश में 14.76 लाख किसानों द्वारा पंजीयन करवाया गया है। अब तक 8 लाख मैट्रिक टन गेंहूँ का उपार्जन लगभग 1 लाख किसानों से किया जा चुका है। इस माह अर्थात अप्रैल में उपार्जन कार्य में गति आएगी।   recent visitors 27

भारत में नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या 12 से घटकर 6 हुई : अमित शाह

रायपुर गृहमंत्री अमित शाह 4 अप्रेल को फिर से छत्तीसगढ़ जाने वाले हैं. इससे पहले उन्होंने एक्स पर एक बड़ी जानकारी दी. छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा दौरे से पहले शाह ने कहा देश में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में सरकार को बड़ी सफलता मिली. देश में नक्सली हिंसा से प्रभावित जिलों की संख्या 12 से घटकर 6 हो गई है. 31 मार्च 2026 तक भारत में नक्सलवाद को जड़ से समाप्त करने का लक्ष्य सरकार ने रखा है. मोदी 3.0 के मिशन में ये सबसे महत्वपूर्ण मु्द्दा है. इसे लेकर केंद्र सरकार का प्लान कारगर होते भी दिख रहा है. अमित शाह साफ कह चुके हैं कि 31 मार्च 2026 के बाद देश में नक्सलवाद केवल इतिहास बनकर रह जाएगा. इसे पूरा करने के लिए छत्तीसगढ़ की साय सरकार का प्लान पर एक्शन तारीफ के लायक है. नक्सलवाद को इतिहास बना देंगे- शाह 2 दिन पहले अमित शाह ने 50 नक्सलियों के सरेंडर के खुशी जाहिर करते हुए कहा था 'ये बहुत हर्ष का विषय है कि छत्तीसगढ़ के बीजापुर में 50 नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण किया. हिंसा और हथियार छोड़कर विकास की मुख्यधारा में शामिल होने वालों का मैं स्वागत करता हूँ. मोदी जी की नीति स्पष्ट है कि जो भी नक्सली हथियार छोड़कर विकास का मार्ग अपनाएँगे, उनका पुनर्वास कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा.  बाकी लोगों से भी मैं पुनः अपील करता हूँ कि वे हथियार त्याग कर मुख्यधारा में आएं. 31 मार्च 2026 के बाद देश में नक्सलवाद केवल इतिहास बनकर रह जाएगा, यह हमारा संकल्प है'. अब 6 जिलों में ही बचा है नक्सलवाद, 10 सालों में 29 जिले मुक्त इन जिलों को ‘सबसे अधिक प्रभावित जिले’ के रूप में उप-वर्गीकृत किया गया है। यह 2015 में लाई गई शब्दावली है। इसके अलावा एक उप वर्ग ‘चिंताजनक जिलों’ की श्रेणी का है। यह उप श्रेणी 2021 में बनाई गई थी। पिछली समीक्षा के अनुसार ‘सर्वाधिक प्रभावित जिले’ 12 थे। आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार 2015 में ऐसे 35 जिले, 2018 में 30 जिले और 2021 में 25 जिले थे। अब यह आंकड़ा तेजी से कम होता जा रहा है। साफ है कि बीते 10 सालों में 29 जिलों से नक्सलवाद समाप्त हो चुका है और अब सिर्फ 6 जिलों में ही यह बचा है। कमांडर्स से मुलाकात इस बीच छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा ने पीसी कर जानकारी दी. उन्होंने बताया  बस्तर पंडुम समापन में बस्तर की सांस्कृतिक विषयों पर कार्यक्रम होंगे.  3 अप्रैल को कवि कुमार विश्वास “बस्तर के राम“ की प्रस्तुति देंगे.  डिप्टी सीएम शर्मा ने कहा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 4 अप्रैल को छत्तीसगढ़ आएंगे और 5 अप्रैल की सुबह दंतेवाड़ा जाएंगे. अमित शाह मां दंतेश्वरी माता के दर्शन करेंगे और बस्तर पंडुम के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके अलावा स्थानीय चुनाव के जनप्रतिनिधियों से भी मिलेंगे. बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, नारायणपुर के जनप्रतिनिधियों से शाह की मुलाकात होनी है. नक्सलवाद को लेकर लगातार चल रही कार्रवाई के बीच अमित शाह बस्तर में कमांडर्स से मुलाकात करेंगे. बस्तर से लौटकर रायपुर में शाह प्रशासनिक बैठक भी करेंगे.  recent visitors 42

जबलपुर में प्रिंसिपल की भगवान राम पर टिप्पणी को लेकर बवाल, हिंदू संगठन ने स्कूल में किया पथराव

 जबलपुर  मध्य प्रदेश के जबलपुर के विजय नगर स्थित जॉय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को हिंदू संगठनों ने हंगामा किया। दरअसल, हिंदू नेताओं का आरोप है कि स्कूल के प्रिंसिपल ने भगवान राम को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वाट्सएप पर आपत्तिजनक पोस्ट की है। इस घटना के खिलाफ हिंदू संगठनों ने स्कूल पहुंचकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि स्कूल संचालक माफी मांगे। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन स्कूल संचालक के खिलाफ जब तक कार्रवाई नहीं करेगा तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। 3 घंटे बाद पुलिस की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद प्रदर्शन खत्म हुआ। ईसाई धर्मगुरु की पिटाई के बाद विवाद दरअसल, सोमवार की दोपहर को धर्मांतरण की आशंका में हिंदूवादी संगठनों ने मंडला से भंवरताल पार्क से आए कुछ महिलाओं और बच्चों को रोककर उन्हें जबरन बस में बैठाया और फिर वापस भेजने लगे। इस दौरान कुछ हिंदूवादी संगठनों ने रांझी के पास बस में बैठे यात्रियों को उतारकर थाने पहुंचा दिया। करीब तीन घंटे तक हंगामा चला। इसके बाद जब बातचीत करने के लिए ईसाई धर्मगुरु पहुंचे तो थाने में मौजूद लोगों ने उनके साथ मारपीट कर दी। स्कूल के संचालक अखिलेश मेबन ने थाने में हुए हंगामे का वीडियो अपने मोबाइल स्टेटस पर लिखते हुए…भगवान राम को लेकर टिप्पणी की थी। सोशल मीडिया के जरिए जब हिंदू संगठनों तक यह जानकारी पहुंची तो उन्होंने स्कूल पहुंचकर हंगामा किया। विरोध कर रहे लोगों ने स्कूल में की तोड़फोड़ इसके अलावा हिंदू नेताओं ने स्कूल परिसर में घुसकर तोड़फोड़ की और स्कूल के दीवारों पर मैला भी फेंका। पुलिस ने विरोध कर रहे लोगों को रोकने का प्रयास भी किया। वहीं, विरोध कर रहे लोगों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। हिंदू संगठन की मांग है कि वो इस मामले पर स्कूल प्रशासन से बातचीत करना चाहते हैं। हालांकि, कोई भी इस मामले में अभी खुलकर नहीं बोल रहा। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल में फेंका कीचड़ हिंदू संगठन के कार्यकर्ता स्कूल में कीचड़ लेकर पहुंचे। यहां पुलिस और स्कूल का स्टाफ तैनात था, तभी प्रदर्शनकारियों ने कीचड़ से भरी पॉलीथिन स्कूल के अंदर फेंकी, जिन्हें कि मौके पर तैनात पुलिस ने रोका। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल की दीवार पर भी कालिख पोतकर अपना विरोध जताया। हिंदू संगठन के कार्यकर्ता संजय तिवारी का कहना है कि फेसबुक स्टेटस में स्कूल के संचालक ने स्टेटस लगाया है, जिसमें उन्होंने भगवान राम को अपशब्द कहे है। जिसके विरोध में बजरंग दल प्रदर्शन कर रहा है। इधर, ईसाई समुदाय ने एसपी ऑफिस घेरा इससे पहले रांझी थाना परिसर में फादर जार्ज डेविस को पीटने के मामले में ईसाई समुदाय के लोगों ने मंगलवार को एसपी ऑफिस का घेराव कर दिया। दो घंटे तक हंगामा चला। हंगामे की सूचना पर ओमती समेत सिविल लाइन, बेलबाग की थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि जिन लोगों ने फादर के साथ मारपीट की थी उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तुरंत ही गिरफ्तार किया जाए। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। recent visitors 33

आज आमने-सामने होंगे लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स, , दोनों टीमें इकाना में मचाएगी धमाल

लखनऊ आज आईपीएल 2025 का 13वां मैच लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) और पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के बीच खेला जाएगा। दोनों टीमें शाम साढ़े सात बजे से लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में टकराएंगी। ऋषभ पंत की कप्तानी वाली एलएसजी मौजूदा सीजन में पहली बार होम ग्राउंड पर उतरेगी। एलएसजी ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार के साथ अपना अभियान शुरू किया था लेकिन अगले मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को शिकस्त दी। पंत की नजरें अच्छा प्रदर्शन करने पर टिकी होंगी। आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी पंत शुरुआती दो मैच में बल्लेबाज के तौर पर नाकाम रहे हैं। वहीं, श्रेयस अय्यर के नेतृत्व वाली पंजाब टीम दूसरा मैच खेलेगी। पीबीकेएस ने पहले मुकाबले में गुजरात टाइटंस को मात दी थी। अय्यर एक बार फिर धमाल मचाने की फिराक में होंगे, जिन्होंने गुजरात के सामने नाबाद 97 रनों की तूफानी पारी खेली। हेड-टू-हेड रिकॉर्ड लखनऊ और पंजाब ने आईपीएल में आपस में कुल चार मैच खेले हैं। एलएसजी का पलड़ा भारी है, जिसने पीबीकेएस को तीन मैचों में धूल चटाई है। वहीं, पंजाब ने एक बार लखनऊ के खिलाफ विजयी परचम फहराया। पंजाब किंग्स का स्क्वॉड श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, पायला अविनाश, हरनूर सिंह, जोश इंग्लिस, प्रभसिमरन सिंह, विष्णु विनोद, नेहाल वढेरा, अजमतुल्लाह उमरजई, आरोन हार्डी, मार्को यानसेन, ग्लेन मैक्सवेल, मुशीर खान, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, युजवेंद्र चहल, प्रवीण दुबे, लॉकी फर्ग्युसन, हरप्रीत बरार, कुलदीप सेन, सूर्यांश शेडगे, अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाख और यश ठाकुर। लखनऊ सुपर जायंट्स स्क्वॉड ऋषभ पंत (कप्तान), डेविड मिलर, एडेन मारक्रम, आर्यन जुयाल, आयुष बडोनी, आवेश खान, आकाश दीप, एम सिद्धार्थ, दिग्वेश सिंह, आकाश सिंह, शमर जोसेफ, प्रिंस यादव, मयंक यादव, मोहसिन खान, हिम्मत सिंह, मैथ्यू ब्रीटज्के, निकोलस पूरन, मिचेल मार्श, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, युवराज चौधरी, राजवर्धन हांगरगेकर, अर्शिन कुलकर्णी, शारदुल ठाकुर और रवि बिश्नोई। recent visitors 26

छत्तीसगढ़ में बर्ड फ्लू की दस्तक, इस जिले में 35 हजार अंडे और मुर्गे-मुर्गियों को किया गया दफन

कोरिया/सरगुजा छत्तीसगढ़ के कोरिया जिला मुख्यालय स्थित शासकीय कुक्कुट पालन केंद्र में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। कुक्कुट पालन केंद्र में मुर्गे-मुर्गियों की मौत के बाद जांच कराई गई थी। रात शासकीय कुक्कुट पालन केंद्र के सभी चूजों, अंडों, मुर्गियों और बटेरों को नष्ट कर दिया गया है। इनमें लगभग 20 हजार अंडे तथा 15 हजार पक्षी शामिल हैं। सर्विलांस जोन घोषित एक किलोमीटर तक के क्षेत्र को प्रभावित क्षेत्र और 10 किलोमीटर के क्षेत्र को सर्विलांस जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में मुर्गे-मुर्गियों व अंडों की बिक्री पर रोक लगाई गई है। कोरिया जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद पड़ोसी जिलों सूरजपुर व एमसीबी में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। बैकुंठपुर के शासकीय कुक्कुट पालन केंद्र में बर्ड फ्लू की पुष्टि भोपाल स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीज ने किया है। इसकी रिपोर्ट सोमवार को विभाग को मिली। एक किलोमीटर तक इंफेक्टेड जोन भोपाल स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिजीज से ये रिपोर्ट मिली है। इसके बाद कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने सोमवार को आपातकालीन बैठक बुलाई। उन्होंने आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही कलेक्टर ने एक किलोमीटर तक के क्षेत्र को इंफेक्टेड जोन घोषित किया है। वहीं 10 किलोमीटर के क्षेत्र को सर्विलांस जोन पर रखा गया है। इस क्षेत्र में मुर्गे-मुर्गियों और अंडों की बिक्री को बैन किया गया है। पोल्ट्री उत्पादों पर बैन इन्फेक्टेड जोन से पोल्ट्री उत्पादों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दी गई है। इसके अलावा, सर्विलेन्स जोन में पोल्ट्री और सह उत्पादों (मुर्गा, अंडा आदि) के बाजार और दुकाने बंद कर दी गई हैं। डोर-टू-डोर डिलीवरी भी रोक दी गई है। सर्विलेन्स जोन में पोल्ट्री उत्पादों के बाजार, दुकानों और डोर-टू-डोर डिलीवरी को भी बंद कर दिया गया है। कलेक्टर ने बताया कि 31 मार्च 2025 की स्थिति में 2,487 व्यस्क पेरेंट्स स्टॉक मुर्गे/ मुर्गियां, 2,448 पाले गए बटेर पक्षियों, 9,998 नग कुक्कुट चूजों, 19095 कुक्कुट अंडे, 200 बटेर अंडे और 7500 किलो कुक्कुट आहार को विनष्टीकरण किया गया है। कलेक्टर ने बताया कि प्रत्येक कर्मचारी नियमित रुप से ओसेल्टामिवीर टेबलेट वितरण किया जा रहा है। बर्ड फ्लू के दौरान खरीदी-बिक्री पर बैन लगा दिया है। नष्ट किए गए अंडे, चूजे और मुर्गियां प्रशासन ने रातभर अभियान चलाकर कुक्कुट पालन केंद्र में मौजूद अंडे, चूजे, मुर्गियां और बटेरों को नष्ट किया। पूरा अमला पीपीई किट पहनकर इस काम में जुटा रहा। सभी पक्षियों को केंद्र के भीतर ही खोदे गए गड्ढों में दफनाया गया। ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। पशु चिकित्सा सेवाओं की उप संचालक विभा सिंह बघेल के नेतृत्व में आगे की कार्रवाई की जा रही है। पक्षियों को नष्ट करने के बाद अब केंद्र को पूरी तरह से सैनिटाइज किया जा रहा है। मौके पर अपर कलेक्टर अरुण मरकाम, एसडीएम दीपिका नेताम, तहसीलदार अमृता सिंह और पशु चिकित्सा सेवाओं के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से बर्ड फ्लू को लेकर ऐहतियात     1 किलोमीटर तक का क्षेत्र इंफेक्टेड जोन और 10 किमी का क्षेत्र सर्विलांस क्षेत्र रहेगा।     इस क्षेत्र में आस पास के लोगों से अपील की गई है कि, अपनी मुर्गियां बाहर चरने न छोड़ें।     इस क्षेत्र में मुर्गे-मुर्गियों, अंडे, मांस और मुर्गीदाना बेचना बैन किया गया है।     पशु चिकित्सा विभाग ने 5 रैपिड रिस्पॉन्स टीम बनाई हैं।     स्वास्थ्य विभाग ने डोर टू डोर सर्वे के लिए 5 टीम गठित की है। सरगुजा और सूरजपुर में भी अलर्ट कोरिया के पहले रायगढ़ में बर्ड फ्लू का मामला सामने आया था। कोरिया में बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद सरगुजा और सूरजपुर जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। बर्ड फ्लू का कोई भी लक्षण दिखने पर तत्काल इसकी सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। recent visitors 37