Police take major action in 9-year-old assault case, two warrants arrested
‘न्याय पथ अभियान’ के तहत भगवां पुलिस की कार्रवाई, लंबे समय से फरार चल रहे थे दोनों वारंटी
छतरपुर। पुराने लंबित आपराधिक प्रकरणों में फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए छतरपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जिला स्तरीय ‘न्याय पथ अभियान’ के तहत भगवां थाना पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस टीम ने वर्ष 2017 के 9 साल पुराने मारपीट के प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे दो वारंटियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, एसपी रजत सकलेचा के निर्देशन में जिले में पुराने लंबित मामलों के आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना भगवां पुलिस ने मारपीट के पुराने प्रकरण में फरार चल रहे वारंटियों की तलाश शुरू की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने ग्राम सिजवाहा निवासी कल्ला अहिरवार पिता लूला अहिरवार और केसरबाई अहिरवार पति कल्ला अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों वर्ष 2017 में दर्ज मारपीट के प्रकरण में वारंटी बताए गए हैं और लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहे थे।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
इस कार्रवाई को एसडीओपी बड़ा मलहरा रोहित अलावा के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। अभियान में थाना प्रभारी भगवां निरीक्षक श्रद्धा शुक्ला, प्रधान आरक्षक कल्याण सिंह, आरक्षक सत्येंद्र कुमार, महिला आरक्षक रेवती सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
छतरपुर पुलिस का कहना है कि जिले में लंबित आपराधिक मामलों के त्वरित निपटारे और फरार आरोपियों एवं वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस द्वारा पुराने प्रकरणों में फरार चल रहे आरोपियों की तलाश कर उन्हें कानून के दायरे में लाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।