भोपाल
असंचारी रोगों की स्क्रीनिंग के लिए चलाए जा रहे निरोगी काया अभियान के तहत भोपाल में अब तक एक लाख 55 हजार 373 लोगों की उच्च रक्तचाप की स्क्रीनिंग हुई है, जबकि एक लाख 45 हजार 653 लोगों की डायबिटीज की जांच की गई है। 31 मार्च तक चलने वाले इस विशेष अभियान में 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की मधुमेह, उच्च रक्तचाप, नॉन अल्कोहलिक फैटी लीवर डिजीज, ओरल, ब्रेस्ट एवं सर्वाइकल स्क्रीनिंग की जा रही है। ये स्क्रीनिंग आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक, सिविल डिस्पेंसरी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, सिविल अस्पतालों एवं जिला पर की जा रही है। हितग्राहियों की जांच और उपचार की रिपोर्ट एनसीडी पोर्टल में दर्ज की जा रही है।

अभियान में अब तक 12139 लोगों में उच्च रक्तचाप और 13648 में डायबिटीज पाई गई है। इन लोगों को अभियान के दौरान ही पहली बार हाइपरटेंशन और डायबिटीज का पता चला। चिह्नित रोगियों का उपचार नजदीकी स्वास्थ्य संस्थाओं से प्रारंभ किया गया है। दवाइयों के साथ-साथ जीवन शैली में परिवर्तन, खानपान एवं व्यायाम की सलाह भी दी गई है। 46226 लोगों में नॉन एल्कोहोलिक फैटी लीवर डिजीज की स्क्रीनिंग की गई है, इनमें से 11261 लोगों में प्रारंभिक लक्षण मिले हैं। अभियान के दौरान जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों द्वारा विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं और फील्ड में पहुंचकर दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली जा रही है। नए मरीजों की पहचान के लिए आशा कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर सीबैक फॉर्म में जानकारी इकट्ठे की जा रही है। सीबैक फॉर्म से प्राप्त जानकारी के आधार पर असंचारी रोग स्क्रीनिंग एवं पंजीयन किया जा रहा है।

अभियान में स्क्रीनिंग के साथ-साथ लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए विभिन्न बीमारियों के लक्षण, उससे बचाव एवं उपचार के संबंध में जानकारी दी जा रही है। मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा अभियान की जानकारी देकर लोगों की जांच करवाई जा रही है। जिन लोगों की स्क्रीनिंग हो चुकी है, उनकी रिस्क्रीनिंग करवाई जा रही है। संतुलित आहार, बेहतर खानपान, नियमित योग, प्राणायाम तथा व्यायाम करने की सलाह भी दी जा रही है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. प्रभाकर तिवारी ने बताया कि असंचारी रोग जीवन घातक हो सकते हैं , इसलिए इनकी नियमित जांच बेहद जरूरी है। इन बीमारियों का पारिवारिक इतिहास होने पर अपनी जांच अवश्य कराई जानी चाहिए।

Loading spinner
यूजफुल टूल्स
QR Code Generator

QR Code Generator

Age Calculator

Age Calculator

Word & Character Counter

Characters: 0

Words: 0

Paragraphs: 0