हाथ पैर और मुंह बांधकर कई कुत्तों को 40 फीट ऊंचे पुल से फेंका, 21 बेजुबानों की मौत, हैवानियत की हदें पार

हैदराबाद हैदराबाद के गांव से कुत्तों के साथ हैवानियत का एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां के संगारेड्डी के एड्डुमाइलरम नाम के गांव में अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर 20 से ज्यादा कुत्तों की जान ले ली है। पुलिस के मुताबिक इन कुत्तों को 40 फीट ऊंचे पुल से नीचे फेंका गया जिसके बाद 21 कुत्तों की मौत हो गई। वहीं 11 अन्य कुत्तों की हालत गंभीर है। आरोपियों ने इन कुत्तों के हाथ-पैर और मुंह तक बांध दिए थे। यह घटना बीते 4 जनवरी को सामने आई जब कथित तौर पर जानवरों के लिए काम करने वाली संस्था सिटीजन फॉर एनिमल्स के कुछ वॉलेंटियर्स को घटनास्थल के पास से आ रही चीखों के बारे में सूचना मिली। सिटीजन फॉर एनिमल्स संस्था ने बताया, "शिकायत के बाद जब वह वहां पहुंचे तो उन्हें खौफनाक मंजर दिखा। यहां कुछ घायल कुत्ते थे जो मृत साथियों के सड़ते हुए शवों के बीच कराह रहे थे। कुछ लाशों में कीड़े भर गए थे। कुछ शव पानी में तैर रहे थे। इससे यह पता चलता है कि घटना को कई दिन बीत चुके थे।" संस्था ने बताया कि उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। संस्था एक वॉलेंटियर पृथ्वी पनेरू ने बताया, "हमने एनिमल वॉरियर्स कंजर्वेशन सोसाइटी (AWCS) और पीपुल फॉर एनिमल्स (PFA) हैदराबाद से सहायता मांगी। कई घंटों की मशक्कत के बाद 11 घायल कुत्तों को बचाया गया है और नागोले में PFA आश्रय में ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।” संस्था के वॉलेंटियर्स ने इंद्रकरण पुलिस के पास अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस आगे की छानबीन में जुटी हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया ने इंद्रकरण पुलिस स्टेशन के एक पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया, "शुरुआती जांच से पता चलता है कि पुल के नीचे गंभीर रूप से घायल पाए गए कुत्तों को पुल से फेंका गया है। हालांकि अभी उसकी पुष्टि नहीं की जा सकती है। स्थानीय लोगों से घटना के बारे में जानकारी इकठ्ठा करने की कोशिश चल रही है। वहीं कुत्तों के अवशेषों को और सबूत जुटाने के लिए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।" recent visitors 59

दिल्ली की जनता बेसब्री से चुनाव का इंतजार कर रही है, जनता आप को हटाकर भाजपा को सत्ता में लाना चाहती है: मनोज तिवारी

नई दिल्ली दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीख के ऐलान में अब कुछ ही घंटे का समय बचा है। आम आदमी पार्टी (आप) जहां दोबारा सत्ता में आने का दावा कर रही है। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्तारूढ़ पार्टी पर हमला करने का कोई मौका नहीं छोड़ रही। इसी बीच भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने अरविंद केजरीवाल और आप पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि हम और दिल्ली की जनता बेसब्री से चुनाव का इंतजार कर रही है। जनता आप को हटाकर भाजपा को सत्ता में लाना चाहती है। झाड़ू वाला ही दारू वाला है उन्होंने कहा, 'जनता आप को हटाकर भाजपा को लाकर, अब दिल्ली को सर्वश्रेष्ठ, बेहतरीन, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र बनाना चाहती है। दिल्ली के लोग इतने परेशान हैं कि कल मैं दिल्ली के एक हिस्से में था और वहां कुछ महिला-पुरुष मिलकर यह गीत गा रहे थे- झूठ बोलने में न हिचकता, मन का काला है, ये झाड़ू वाला ही दारू वाला है। तो जिस दिल्ली को यह पता है कि चिकनी चुपड़ी बातें करके, अच्छे-अच्छे सपने दिखाकर दिल्ली को लूटने वाला, शराबी बनाने वाला, शराब घोटाला करने वाला, बुजुर्गों का पेंशन रोकने वाला, दिल्ली की हवा को प्रदूषित करने वाला, अब वो है जाने वाला। अरविंद केजरीवाल और उसका जो गिरोह है अपराधियों का, वो लोग जाएंगे। भारतीय जनता पार्टी आएगी। आपदा को हटाएंगे, भाजपा को लाएंगे। हमें भी हैं इंतजार।' इससे पहले तिवारी ने बीते गुरुवार को आप सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा था कि दुर्भाग्य से दिल्ली में एक ऐसी सरकार है जिसकी बुनियाद झूठ और लूट पर टिकी हुई है। तिवारी ने कहा था कि प्रदेश सरकार दिल्ली के लोगों को 'मौत परोस' रही है और भाजपा दिल्लीवासियों को 'जीवन' देना चाहती है। वहीं भाजपा सांसद मिलकर दिल्ली के विकास के लिए काम कर रहे हैं। दिल्ली के विकास और यहां के लोगों के जीवन स्तर को सुधारने को लेकर केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर रहे हैं। recent visitors 71

Delhi Election 2025 Date: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए 5 फरवरी को मतदान, 8 को आएंगे नतीजे

Delhi Election 2025 Date

Delhi Assembly Election 2025 Date: चुनाव आयोग ने मंगलवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है। दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी 2025 को मतदान होगा। 8 फरवरी 2025 को मतगणना होगी और इसी के साथ यह तय हो जाएगा कि दिल्ली में अगली सरकार किसकी बनने जा रही है? चुनाव की अधिसूचना- 10 जनवरीनामांकन की आखिरी तारीख- 17 जनवरीनामांकन पत्रों की जांच- 18 जनवरीनाम वापसी का अंतिम दिन- 20 जनवरीमतदान की तारीख- 5 फरवरीमतगणना की तारीख- 8 फरवरी मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि हम पर यह सवाल उठाए गए कि शाम पांच बजे के बाद कैसे मतदान का आंकड़ा बढ़ जाता है? करोड़ों वोट कैसे बढ़ जाते हैं? यह ध्यान रखना होगा कि सुबह 9:30 बजे, 11:30, दोपहर 1:30, 3:30 और शाम 5:30 बजे के बीच सेक्टर मजिस्ट्रेट मतदान का आंकड़ा इकट्ठा करते हैं। वोटिंग खत्म होने के समय फॉर्म 17-सी दिया जाता है। जब शाम 7:30 बजे तक अधिकारी तक सारी मशीनें इकट्ठा करता है, तब उसके मतदान केंद्र का अंतिम आंकड़ा पता चल पाता है, जबकि हमसे कहा जाता है कि छह बजे ही आंकड़ा बता दें। लोग ये भूल जाते हैं कि दुनिया के बड़े देशों में तो एक-एक महीना मतगणना चल रही है। Read More: दिल्ली चुनाव: कांग्रेस ने किया ‘प्यारी दीदी’ योजना का ऐलान, महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 2500 रुपये https://mysecretnews.com/delhi-elections-congress-announces-pyaari-didi-scheme/ उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले ईवीएम में नई बैटरी डाली जाती है। उसी दिन उसे सील किया जाता है। जिस दिन मतदान होता है, उस दिन सील पोलिंग एजेंट के सामने तोड़ी जाती है। मॉक पोल किया जाता है। पोलिंग एजेंट रिकॉर्ड रखते हैं कि कौन आया, कौन गया। किसमें कितने वोट पड़े, इसकी संख्या उनको दी जाती है। काउंटिंग के दिन भी पूरी प्रक्रिया दोहराई जाती है। फॉर्म 17 सी से मिलान होता है। उसके बाद किसी भी पांच वीवीपैट से भी मिलान किया जाता है। हमारी प्रक्रिया पर कई बार सवाल उठाए गए हैं। चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि भारतीय मतदाता बेहद जागरूक हैं। मतदाता सूचियों को लेकर अब भी कहानियां चल रही हैं। करीब 70 सीटें हैं। जिसमें राजनीतिक दल और उम्मीदवार हमारे साथ रहते हैं, जितने भी दावे और आपत्तियां आती हैं। उन्हें सभी राजनीतिक दलों के साथ साझा किया जाता है। फॉर्म सात के बिना नाम नहीं हटाया जा सकता। चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि ईवीएम में अविश्वसनीयता या किसी खामी का कोई सबूत नहीं है। ईवीएम में वायरस या बग आने का कोई सवाल ही नहीं है। ईवीएम में अवैध वोट होने का सवाल ही नहीं है। कोई धांधली संभव नहीं है। हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट अलग-अलग फैसलों में लगातार यही कह रहे हैं और क्या कहा जा सकता है? ईवीएम मतगणना के लिए फुलप्रूफ डिवाइस है। टेम्परिंग के आरोप बेबुनियाद हैं। हम अभी बोल रहे हैं क्योंकि चुनाव के समय हम नहीं बोलते। recent visitors 273

जूनियर डॉक्टर से सीनियर ने किया दुष्कर्म, पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार

ग्वालियर. ग्वालियर जिले में एक जूनियर डॉक्टर के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के साथ एक सरकारी मेडिकल कॉलेज के खाली पड़े हॉस्टल में दुष्कर्म किया गया। जानकारी के मुताबिक 25 वर्षीय पीडिता जूनियर डॉक्टर के साथ बलात्कार करने के आरोप में उसके सहकर्मी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पीड़िता और आरोपी दोनों सहकर्मी थे। पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। सहकर्मी ने ही किया है दुष्कर्म पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना रविवार को गजराराजा मेडिकल कॉलेज परिसर के अंदर की है। यहां मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में इस घटना को अंजाम दिया गया। पीड़िता ने शहर के कंपू पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि दोनों एक दूसरे को जानते थे। आरोपी ने पीड़िता को मिलने के लिए बुलाया था। यहां एक खाली पड़े पुराने हॉस्टल में आरोपी ने पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। प्राप्त शिकायत के आधार पर उसके सहकर्मी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता को देनी थी परीक्षा शहर के पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) अशोक जादौन ने बताया कि पीड़िता को एक परीक्षा देनी थी और वह कॉलेज छात्राओं के हॉस्टल में रह रही थी। उन्होंने बताया कि आरोपी भी एक जूनियर डॉक्टर है और पीड़िता के साथ ही पढ़ता है। सीएसपी अशोक जादौन ने बताया कि आरोपी ने पीड़िता को खाली पड़े लड़कों के एक पुराने हॉस्टल में मिलने के लिए बुलाया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब वह खाली पड़े हॉस्टल में पहुंची, तो आरोपी ने उसे धमकाया और उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। recent visitors 57

सीपीसीटी परीक्षा आगामी 11 और 12 जनवरी 2025 को आयोजित की जाएगी

भोपाल मध्य प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमपीएसईडीसी) से प्राप्त जानकारी अनुसार 29, 30 नवंबर और 1 दिसम्बर 2024 को तकनीकी कारणों से रद्द की गई सीपीसीटी (कंप्यूटर प्रोफिशिएंसी सर्टिफिकेशन टेस्ट) परीक्षा आगामी 11 और 12 जनवरी 2025 को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में केवल वही परीक्षार्थी शामिल हो सकते है जिन्होंने दिनांक 29, 30 नवंबर और 1 दिसम्बर की परीक्षा के लिए पूर्व में आवेदन किया था। परीक्षार्थी अपने प्रवेश पत्र सीपीसीटी पोर्टल (www.cpct.mp.gov.in) से डाउनलोड कर सकते हैं ।   recent visitors 61

पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री लखन पटेल ने कहा है कि गोवंश के आहार में हरा चारा और साइलेज को शामिल करें

भोपाल पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री लखन पटेल ने कहा है कि गोवंश के आहार में हरा चारा और साइलेज को शामिल करें। इससे गोवंश का स्वास्थ्य अच्छा रहता है तथा दुग्ध उत्पादन में वृद्धि होती है। मंत्री श्री पटेल ने भदभदा, भोपाल स्थित जर्सी पशु प्रजनन प्रक्षेत्र भोपाल का निरीक्षण किया। मंत्री श्री पटेल ने निरीक्षण के दौरान प्रक्षेत्र पर उपलब्ध गोवंश के आहार की संरचना के विषय पर चर्चा की। उन्होंने गोवंश के आहार में साइलेज को शामिल करने के निर्देश दिए और कहा कि इससे दुग्ध उत्पादन में हुई बढ़ोतरी का अध्ययन किया जाए। साथ ही हरा चारा और साइलेज को आहार में सम्मिलित करने से दुग्ध उत्पादन में आने वाले वित्तीय भार का आंकलन भी किया जाए। मंत्री श्री पटेल द्वारा निर्देश दिए गए कि अच्छी नस्ल के प्रजनन योग्य सांड सालरिया गो अभयारण्य, आगर मालवा और अन्य गौशालाओं को भेजे जाएं। उन्होंने प्रक्षेत्र के गोबर गैस प्लांट को पुन चालू करने के निर्देश भी दिए। हरा चारा उत्पादन एवं दुग्ध उत्पादन आदि के संबंध में जानकारी भी ली। भ्रमण के दौरान संयुक्त संचालक पशुपालन डॉ. जी.के. वर्मा एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। recent visitors 72

मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के संबंध में दी जानकारी, प्रदेश के सभी जिलों में हुआ मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन

भोपाल मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुखवीर सिंह ने निर्वाचन सदन भोपाल में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की और मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2025 अंतर्गत प्रदेश के सभी जिलों में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के संबंध में जानकारी दी। इस दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूचियां प्रदान की गई। सीईओ श्री सिंह ने बताया कि प्रदेश में कुल 230 विधानसभा क्षेत्र और 65 हजार 014 मतदान केंद्र है। सीईओ श्री सिंह ने बताया कि प्रदेश में 29 अक्टूबर 2024 से मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2025 का कार्यक्रम प्रांरभ हुआ था। इसी दिन से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने और मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू हुई थी जो 28 नंवबर 2024 तक चली। दावे आपत्तियों का निराकरण 24 दिसंबर 2024 तक किया गया। मतदाता सूची का प्रदेश के सभी जिलों में अंतिम प्रकाशन 6 जनवरी 2025 को किया गया। प्रदेश में मतदाता सूची के प्रारुप प्रकाशन के दौरान मतदाताओं की संख्या 5 करोड़ 65 लाख 94 हजार 963 थी। अंतिम प्रकाशन के दौरान प्रदेश में मतदाताओं की संख्या 5 करोड़ 70 लाख 92 हजार 367 है। श्री सिंह ने बताया कि प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान 7 लाख 98 हजार 469 नाम जोड़े गए और 3 लाख 01 हजार 65 नाम हटाए गए। इसी तरह से 3 लाख 13 हजार 642 मतदाताओं के वोटर आईडी कार्ड में संशोधन किया गया। इस तरह से प्रदेश में मतदाताओं की संख्या में 4 लाख 97 हजार 404 की बढ़ोत्तरी हुई है। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री राजेश कुमार कौल, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री बसंत कुर्रे, श्री विवेक श्रोत्रिय, भारतीय जनता पार्टी से श्री एस.एस. उप्पल, कांग्रेस पार्टी से श्री जे.पी. धनोपिया, बहुजन समाज पार्टी से श्री सुधीर, आम आदमी पार्टी से श्री सी.पी. सिंह चौहान उपस्थित रहे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइट पर देख सकते हैं मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सिंह ने बताया कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइट ceo madhya pradesh.nic.in पर उपलब्ध है। कोई भी मतदाता वेबसाइट के माध्यम मतदाता सूची में अपना नाम देख सकते हैं। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग के voters.eci.gov.in पोर्टल पर भी मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में देख सकते है। जेंडर रेशियो और इपी रेशियो में हुआ सुधार मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2025 अंतर्गत जेंडर रेशियो और इपी रेशियो में भी सुधार हुआ है। मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के दौरान प्रदेश में इपी रेशियो (मतदाता अनुपात) 63.88 था। यह मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के दौरान बढ़कर 64.44 हो गया है। इसी तरह से जेंडर रेशियो (लिंगानुपात) में भी सुधार हुआ है। मतदाता सूची के प्रारुप प्रकाशन के दौरान जेंडर रेशियों 948 था, जो अब बढ़कर 950 हो गया है। 14 लाख 13 हजार 176 आवेदन प्राप्त हुए थे मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2025 के अंतर्गत प्रदेश में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के कुल 14 लाख 13 हजार 176 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनका समय सीमा में निराकरण किया गया। इसमें फॉर्म-6 के 7 लाख 98 हजार 469, फॉर्म-7 के 3 लाख 01 हजार 065 और फॉर्म-8 के 3 लाख 13 हजार 642 आवेदन प्राप्त हुए थे। प्रदेश में 2 करोड़ 92 लाख 74 हजार 141 हैं पुरूष मतदाता मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के दौरान प्रदेश में पुरुष मतदाताओं की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है। प्रदेश में अब पुरुष मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 92 लाख 74 हजार 141 है । 2 करोड़ 78 लाख 17 हजार 016 है महिला मतदाताओं की संख्या प्रदेश में महिला मतदाताओं की संख्या में भी बढ़ोत्तरी हुई है। प्रदेश में अब महिला मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 78 लाख 17 हजार 016 है। प्रदेश में थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 1210 है। प्रदेश में 74 हजार 387 सेवा निर्वाचक मतदाता मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के दौरान प्रदेश में सेवा निर्वाचक 74 हजार 387 मतदाता हैं, जिसमें पुरूष मतदाता 71 हजार 960 एवं महिला मतदाता 2 हजार 427 हैं। प्रदेश में आयु वार मतदाताओ की संख्या प्रदेश में आयुवार मतदाताओं की संख्या में 18 -19 वर्ष के 11 लाख 19 हजार 161, 20 से 29 वर्ष के 1 करोड़ 33 लाख 88 हजार 424, 30 से 39 वर्ष के 1 करोड़ 51 लाख 44 हजार 883, 40 से 49 वर्ष के 1 करोड़ 15 लाख 28 हजार 407, 50 से 59 वर्ष के 81 लाख 31 हजार 709, 60 से 69 वर्ष के 48 लाख 15 हजार 858 और 70 से 79 वर्ष के 22 लाख 11 हजार 505 मतदाता हैं। इसी तरह 80 वर्ष से अधिक उम्र के प्रदेश में कुल 7 लाख 52 हजार 420 मतदाता हैं।   recent visitors 66