ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सीमापार पाकिस्तानी चौकियों को ध्वस्त करने के लिए किन घातक हथियारों का किया इस्तेमाल

नई दिल्ली सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सीमापार पाकिस्तानी चौकियों को ध्वस्त करने के लिए किन घातक हथियारों का इस्तेमाल किया, मंगलवार को उनका प्रदर्शन किया। बीएसएफ ने इस ऑपरेशन में विध्वंसक एंटी-मटेरियल राइफल, ऑटोमैटिक ग्रेनेड लॉन्चर सिस्टम, 12.7 मिमी एंटी-एयरक्राफ्ट गन और मीडियम मशीन गन जैसे हथियार यूज किए। BSF के एक जवान ने बताया, 'यह विध्वंसक एंटी-मटेरियल राइफल है, जिसकी मारक क्षमता 1300 से 1800 मीटर तक है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इस हथियार ने दुश्मन के टावरों और बंकरों को नष्ट कर दिया।' बीएसएफ ने ऑटोमैटिक ग्रेनेड लॉन्चर सिस्टम का भी प्रदर्शन किया। एक जवान ने बताया, 'यह सिस्टम ऑपरेशन सिंदूर में बहुत प्रभावी साबित हुआ। इसने पाकिस्तानी चौकियों, ठिकानों और उनके बुलेटप्रूफ वाहनों को नष्ट कर दिया। इसकी रेंज 1700-2100 मीटर है और इसका ग्रेनेड 10 मीटर के क्षेत्र में घातक प्रभाव डालता है।' बीएसएफ ने 12.7 मिमी एंटी-एयरक्राफ्ट गन का उपयोग पाकिस्तान की ओर से आने वाले ड्रोनों को मार गिराने के लिए किया। एक जवान ने बताया, 'इस गन ने दुश्मन के टैंक, कैंप और ड्रोन नष्ट किए। ऑपरेशन सिंदूर में हमने दुश्मन की चौकियों को तबाह कर उनकी सीमा चौकियों को खाली करने पर मजबूर कर दिया।' मीडियम मशीन गन ने भी किया कमाल मीडियम मशीन गन ने भी पाकिस्तानी बंकरों को नेस्तनाबूद किया। एक जवान ने कहा, 'इस गन से हमने पाकिस्तानी चौकियों और ड्रोनों को नष्ट किया। यह प्रति मिनट 600-1000 राउंड फायर कर सकती है।' इस तरह ऑपरेशन सिंदूर में बीएसएफ ने अपनी रणनीति, हथियारों की ताकत और जवानों के जोश के दम पर पाकिस्तान को करारा जवाब दिया। असिस्टेंट कमांडेंट नेहा भंडारी ने क्या बताया बीएसएफ की असिस्टेंट कमांडेंट नेहा भंडारी ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान एक फॉरवर्ड पोस्ट की कमान संभाली थी। उन्होंने कहा, 'हमारा जोश बहुत ऊंचा था। हमारी जिम्मेदारी थी कि किसी भी घुसपैठ को रोका जाए, पाकिस्तान को करारा जवाब दिया जाए और अंतरराष्ट्रीय सीमा को सुरक्षित रखा जाए। हमने अपने घातक हथियारों से दुश्मन पर हमला किया। इस ऑपरेशन में महिला और पुरुष बीएसएफ जवानों ने एकसाथ कंधे से कंधा मिलाकर कर्तव्य निभाया।' बीएसएफ जवान शंकरी दास ऑपरेशन के दौरान फॉरवर्ड पोस्ट पर तैनात थे। उन्होंने कहा, 'हमने अपनी महिलाओं के 'सिंदूर' को मिटाने की कोशिश करने वाले पाकिस्तान से बदला लिया है।'   recent visitors 57

सक्रिय 4 हार्डकोर नक्सली 18 माओवादियों ने किया सरेंडर, नक्सलियों पर कुल 39 लाख रुपये का इनाम घोषित

रायपुर छत्तीसगढ़ के एंटी नक्सल ऑपरेशन पर तैनात सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। दक्षिण बस्तर डिवीजन और PLGA बटालियन नंबर-1 में सक्रिय 4 हार्डकोर नक्सली सहित कुल 18 माओवादियों ने सरेंडर कर दिया। सरेंडर करने वालों नक्सलियों पर कुल 39 लाख रुपये का इनाम घोषित है। बीहड़ जंगलों में सुरक्षा बलों के नए कैंप खुलने और फोर्स के एक्शन से नक्सलियों में दहशत है। पुलिस एनकाउंटर में मारे जाने के डर से 18 नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर सुकमा एसपी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के सामने सरेंडर कर दिया। सरेंडर करने वाले नक्सली कई बड़ी घटनाओं में भी शामिल रहे हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक सरेंडर करने वाले 2 पुरुष नक्सलियों पर 8-8 लाख, 1 पुरूष और 1 महिला नक्सली पर 5-5 लाख, 6 पुरुष नक्सलियों पर 2-2 लाख और 1 पुरुष नक्सली पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित है। सुकमा पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि सरेंडर करने वालों में एक महिला और 18 पुरुष नक्सली शामिल है। सभी ने नक्सल संगठन को छोड़कर समाज की मुख्यधारा में जुड़ने के लिए पुलिस, सीआरपीएफ, कोबरा बटालियन के सामने बगैर हथियार सरेंडर किया है। सभी को छत्तीसगढ़ शासन की पुनर्वास नीति के तहत लाभ दिया जाएगा। सुकमा के एसपी किरण जी चव्हाण ने बताया,"नियाद नेलनार'योजना से प्रभावित होकर आज 18 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। इनमें से 4 नक्सली बटालियन नंबर 1 से जुड़े हैं। 4 बटालियनों से संबंधित नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। दक्षिण बस्तर में सक्रिय नक्सलियों ने भी आत्मसमर्पण किया है। चूंकि उन्होंने आत्मसमर्पण कर दिया है,उन्हें राज्य सरकार के तहत चल रही सभी योजनाओं का लाभ मिलेगा। मैं सभी नक्सलियों से आत्मसमर्पण करने की अपील करता हूं।" इन नक्सलियों ने किया सरेंडर 1. मड़कम आयता, जिला सुकमा, PLGS बटालियन नंबर 1 हेर्ड क्वार्टर कंपनी नंबर 3, प्लाटून नंबर 2 सेक्शन ‘‘बी’’ का पीपीसीएम, इनामी 8 लाख 2. भास्कर उर्फ भोगाम लक्खा, सुकमा, पीएलजीए बटालियन नंबर-1, प्लाटून नंबर 3, सेक्शन ‘‘ए’’ का पार्टी सदस्य, इनाम 8 लाख 3. मड़कम/कलमू देवे सुकमा , दक्षिण बस्तर डिवीजन टेलर टीम कमाण्डर (एसीएम) इनाम 5 लाख 4. लक्ष्मण उर्फ माड़वी छन्नू, सुकमा, दक्षिण सब जोनल ब्यूरो सप्लाई टीम सदस्य/एसीएम इनाम 05 लाख 5. हेमला मंगलू, सुकमा, मण्डीमरका आरपीसी सरकार डीएकेएमएस अध्यक्ष कमेटी जन सम्पर्क शाखा अध्यक्ष, इनाम 2 लाख 6. कुंजाम भीमा, सुकमा, मण्डीमरका आरपीसी मिलिशिया इनचीफ ईनाम 2 लाख 7. मड़कम भीमा, सुकमा, साकलेर आरपीसी मिलिशिया कमाण्डर, इनाम 2 लाख 8. मुचाकी मंगा, सुकमा, भण्डारपदर आरपीसी डीएकेएमएस अध्यक्ष, इनाम 2 लाख 9. कोरसा संतोष उर्फ सोमलू, सुकमा, मण्डीमरका आरपीसी सीएनएम अध्यक्ष, इनाम 2 लाख 10. तेलाम माड़ा, सुकमा, मण्डीमरका आरपीसी मिलिशिया कमाण्डर, इनाम 2 लाख 11. वेट्टी बण्डी उर्फ देवेन्द्र कुमार, सुकमा, बुर्कलंका आरपीसी मेडिकल टीम अध्यक्ष 12. सोयम हिंगा, सुकमा, बुर्कलंका आरपीसी मिलिशिया सदस्य 13. माड़वी मुन्ना, सुकमा, बुर्कलंका आरपीसी मिलिशिया सदस्य 14. माड़वी गंगा, बीजापुर, कोमटपल्ली आरपीसी मिलिशिया 15. पदाम सुकालू, सुकमा, मण्डीमरका आरपीसी सरकार मेडिकल कमेटी अध्यक्ष 16. डोडी मंगलू उर्फ मधु, सुकमा, मण्डीमरका आरपीसी जनताना सरकार अध्यक्ष, इनाम 1 लाख 17. माड़वी लच्छु, सुकमा, नागाराम आरपीसी मिलिशिया सदस्य 18. हेमला हड़मा, जिला सुकमा, नागाराम आरपीसी मिलिशया सदस्य लीडर के मारे जाने से नक्सल संगठन में दहशत दरअसल, नक्सल लीडर और संगठन के महासचिव खूंखार नक्सली नंबाला उर्फ बसवा राजू के अबूझमाड़ में मारे जाने के बाद माओवादी संगठन में दहशत है। एनकाउंटर में मारे जाने के डर से नक्सली लगातार सरेंडर कर रहे हैं। इससे पहले बीजापुर जिले में 32 नक्सलियों ने सरेंडर किया था। छत्तीसगढ़ के नक्सली पड़ोसी राज्य तेलंगाना में भी सरेंडर कर रहे हैं। तेलंगाना-छत्तीसगढ़ की सीमा पर कर्रेगुट्टा ऑपरेशन के दौरान तेलंगाना में 86 नक्सलियों ने सरेंडर किया था। बता दें कि छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद को खत्म करने की डेडलाइन मार्च-2026 तय की गई है। इसके बाद से बस्तर संभाग के नक्सल क्षेत्र में सुरक्षा बलों का एक्शन लगातार जारी है।   recent visitors 58

अमेरिका की बड़ी चेतावनी- बिना सूचना के अपने स्टडी प्रोग्राम से हटते हैं, तो उनका छात्र वीजा रद्द किया जा सकता है

वाशिंगटन अमेरिका ने भारतीय और अन्य विदेशी छात्रों को एक सख्त चेतावनी जारी की है, जिसमें कहा गया है कि यदि वे अपनी कक्षाएं छोड़ते हैं या बिना सूचना के अपने स्टडी प्रोग्राम से हटते हैं, तो उनका छात्र वीजा रद्द किया जा सकता है। यह चेतावनी अमेरिका में अवैध प्रवासियों के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई और सामूहिक निर्वासन की चिंताओं के बीच आई है। चेतावनी में कहा गया है कि अगर ये छात्र बिना जानकारी दिए अपने कोर्स से अलग हो जाते हैं, तो उनका स्टूडेंट वीजा रद्द किया जा सकता है। भारत में अमेरिकी दूतावास ने एक आधिकारिक बयान में कहा, "अगर आप कोर्स छोड़ते हैं, कक्षाएं नहीं जाते, या अपनी पढ़ाई का कार्यक्रम बिना अपनी यूनिवर्सिटी को सूचित किए छोड़ देते हैं, तो आपका स्टूडेंट वीजा रद्द हो सकता है। इससे आप भविष्य में अमेरिका का वीजा नहीं प्राप्त कर पाएंगे। हमेशा अपने वीजा की शर्तों का पालन करें और छात्र स्थिति बनाए रखें ताकि किसी भी तरह की समस्या से बचा जा सके।" यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब अमेरिका में विदेशी छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। कई छात्रों के वीजा अचानक और बिना पूर्व सूचना के रद्द किए जा रहे हैं। इनमें कुछ मामलों में फिलिस्तीन समर्थक प्रदर्शनों में भाग लेना, ट्रैफिक उल्लंघन, या वीजा शर्तों का उल्लंघन जैसी विविध वजहें सामने आई हैं। ट्रंप प्रशासन ने विदेशी छात्रों के खिलाफ अपनी नीतियों को और सख्त किया है। हाल ही में, हार्वर्ड विश्वविद्यालय को नए अंतरराष्ट्रीय छात्रों को नामांकन करने की अनुमति से वंचित कर दिया गया था, जिसने लगभग 788 भारतीय छात्रों सहित हजारों छात्रों को प्रभावित किया। चिंता की बात यह है कि कई बार न तो छात्र और न ही उनकी यूनिवर्सिटी को यह पता चलता है कि छात्र की जानकारी SEVIS सिस्टम से हटा दी गई है। SEVIS एक वेब-आधारित प्रणाली है जिसे अमेरिका का होमलैंड सिक्योरिटी विभाग अंतरराष्ट्रीय छात्रों पर निगरानी रखने के लिए संचालित करता है। यह चेतावनी भारतीय छात्रों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि अमेरिका में 3 लाख से अधिक भारतीय छात्र पढ़ाई कर रहे हैं, जो वहां के विश्वविद्यालयों में दूसरा सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय छात्र समूह है। इस बीच, भारतीय और अन्य अंतरराष्ट्रीय छात्रों में इस बात को लेकर भी गहरी चिंता है कि ट्रंप प्रशासन "ऑप्शनल प्रैक्टिकल ट्रेनिंग (OPT)" कार्यक्रम को समाप्त करने की योजना बना रहा है। यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय छात्रों को अमेरिका में अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद काम करने की अनुमति देता है। अमेरिकी सांसदों ने पहले ही "उच्च कुशल अमेरिकियों के लिए निष्पक्षता अधिनियम 2025" नामक एक विधेयक पेश कर दिया है, जिसमें OPT कार्यक्रम को समाप्त करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा, अमेरिकी नागरिकता और आव्रजन सेवा (USCIS) के प्रमुख पद के लिए राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा नामित जोसेफ एडलो ने यह घोषणा की है कि वे OPT और STEM OPT (विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित के छात्रों के लिए विस्तारित संस्करण) कार्यक्रमों को खत्म करने के पक्ष में हैं।   recent visitors 56

गुलवीर सिंह ने एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में पुरुषों की 10000 मीटर रेस में स्वर्ण पदक जीता

नई दिल्ली  गुलवीर सिंह ने एशियाई चैंपियनशिप में पुरुषों की 10000 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले तीसरे भारतीय हैं। उनसे पहले हरिश्चंद्र (1975) और जी लक्ष्मणन (2017) ने यह खिताब जीता था। गुलवीर का स्वर्ण पदक 2025 में चल रही एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भारत का पहला स्वर्ण पदक भी है। गुलवीर के नाम भारतीय राष्ट्रीय रिकॉर्ड है। वह दौड़ के अधिकांश समय में आगे रहे। अंतिम क्षणों में उन्होंने तेजी दिखाते हुए जीत हासिल की। 2023 में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने 5000 मीटर में कांस्य पदक भी जीता था। सावन बारवाल भी दौड़ में थे, लेकिन वह कांस्य पदक से चूक गए और चौथे स्थान पर रहे। गुलवीर सिरसा के रहने वाले हैं। उन्होंने हाल ही में डायमंड लीग में भी भाग लिया था। यह एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में भारत का पहला स्वर्ण पदक है। गुलवीर ने दौड़ को 28:38.63 मिनट में पूरा किया। गुलवीर सिंह ने आखिरी लैप में बहरीन के रेसर को छोड़ा पीछे अंतिम लैप में उन्होंने बहरीन के अल्बर्ट किबिची रोप को पीछे छोड़ दिया और पहले स्थान पर रहे। गुलवीर ने 2023 में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 5000 मीटर में कांस्य पदक भी जीता था। गुलवीर ने अतीत में भी कई पदक जीते हैं। 26 वर्षीय गुलवीर ने 2022 के एशियाई खेलों में 10000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता था। इसके बाद उन्होंने 2023 में बैंकॉक में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 10000 मीटर में एक और कांस्य पदक जीता। उन्होंने भारत की राष्ट्रीय फेडरेशन कप सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 10000 मीटर में स्वर्ण पदक भी जीता। 2025 में उन्होंने बोस्टन यूनिवर्सिटी टेरियर डीएमआर चैलेंज में 5000 मीटर में 12:59.77 का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। वह ओलंपिक चैंपियन कोल होकर और उनके प्रशिक्षण भागीदार कूपर टेरे से थोड़ा ही पीछे थे। गुलवीर की इस जीत से पूरे देश में खुशी की लहर है। लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं और उनकी प्रशंसा कर रहे हैं। गुलवीर ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। recent visitors 73

बिल्डर ने की दुकानदारों से धोखाधड़ी, पूरा पैसे जमा कराने के बाद भी नहीं दिया पजेशन, अवैध निर्माण पर नगर निगम ने थमाया नोटिस

भोपाल पीड़ित दुकानदारों ने बताया कि उनके अप्रैल में उन लोगों ने थाना निशातपुरा में शिकायती आवेदन दिया था जिसमें बिल्डर पर धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की है, पुलिस ने उनके आवेदन की जाँच करते हुए कथन ले लिये हैं, लेकिन अभी तक कोई एक्शन नहीं लिया है। राजधानी भोपाल में बन रहे एक कमर्शियल प्रोजेक्ट में दुकानें लेने वाले दुकानदार बिल्डर की धोखाधड़ी का शिकार बन गए हैं, पीड़ित दुकानदार कलेक्टर से लेकर रेरा ऑफिस, पुलिस थाने सब जगह आवेदन देकर चुके हैं लेकिन बिल्डर  के खिलाफ अब तक कोई एक्शन नहीं हुआ है, हालाँकि अवैध निर्माण की शिकायत के बाद नगर निगम ने आज एक नोटिस जरुर बिल्डर को थमाया है। भोपाल के भानपुरा में पीपुल्स यूनिवर्सिटीज के सामने नगर निगम के वार्ड 76 जोन 17 में RRV रीगल प्रोजेक्ट के नाम से एक कमर्शियल प्रोजेक्ट तैयार हो रहा है। इसमें कुछ लोगों ने व्यापार करने के उद्देश्य से दुकानें खरीदने का एग्रीमेंट किया उन्होंने सोचा कि यहाँ व्यापार कर अपने परिवार का पालन पोषण कर पाएंगे लेकिन उन्हें नहीं पता था कि बिल्डर  की धोखाधड़ी का शिकार हो जायेंगे।  बिल्डर पर धोखाधड़ी के आरोप दुकानदारों के मुताबिक RRV रीगल प्रोजेक्ट को ईवोग इंफ़्रास्ट्रक्चर सर्विसेस प्राइवेट लिमिटेड के मालिक हर्षवर्धन दीक्षित और विग्नेश वेयर हाउस डिस्ट्रीब्यूटर प्राइवेट लिमिटेड के मालिक गौरव शर्मा मिलकर बना रहे हैं, पीड़ित दुकानदारों के मुताबिक रेरा के अनुबंध के अनुसार बिल्डर को निर्माण कार्य पूरा कर नवम्बर 2023 तक दुकानों का पजेशन देना था, लेकिन बिल्डर ने पैसा तो पूरा ले लिया लेकिन अभी तक निर्माण कार्य अधूरा है और दुकानों का पजेशन भी किसी को नहीं दिया।  जीवन भर की पूंजी लगाये बैठे ग्राहक परेशान   पीड़ित लोगों का कहना है कि बिल्डर से पजेशन की बात करो तो वो धमकी देता है अपने रसूख की पावर दिखाता है, इन लोगों का कहना है कि हमने अपने जीवनभर की पूंजी लगाई है बैंक से लोन लिया है उसकी क़िस्त भरनी पद रही हैं  लेकिन लगभग डेढ़ साल ऊपर बीत जाने के बाद भी अभी ये नहीं मालूम पड़ रहा कि दुकानों का पजेशन कब मिलेगा।  अवैध निर्माण पर नगर निगम ने थमाया नोटिस दुकानदारों ने बिल्डर की धोखाधड़ी की शिकायत कलेक्टर की जन सुनवाई में भी की, पुलिस थाने में एफ आई आर के लिए आवेदन भी दिया है लेकिन कही से अभी तक कोई राहत नहीं मिली है, उधर RRV रीगल प्रोजेक्ट तैयार करने वाले लोगों ने भवन निर्माण अनुमति से अधिक निर्माण भी कर लिया जिसकी शिकायत नगर निगम में की गई जिसपर आज नगर निगम ने एक नोटिस विग्नेश वेयर हाउस डिस्ट्रीब्यूटर प्राइवेट लिमिटेड के मालिक गौरव शर्मा को थमाया है और अवैध निर्माण तत्काल रोकने के निर्देश दिए हैं। RRV रीगल प्रोजेक्ट के मालिक गौरव शर्मा के विरुद्ध नगर निगम ने की कार्यवाहीं। नगर पालिक निगम अधिनियम सन 1956 के धारा 302 (1) के अन्तर्गत दिया नोटिस। विग्नेश वेयरहाउस डिस्ट्रीब्यूटर्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर गौरव शर्मा को दिया नोटिस। RRV रीगल प्रोजेक्ट शुभ बिजनेस जोन वार्ड 76 जोन 17 पीपुल्स यूनिवर्सिटी के सामने भानपुर भोपाल में स्थित है। RRV रीगल प्रोजेक्ट में अवैध निर्माण कार्य जा रहा है। RRV रीगल प्रोजेक्ट में अवैध निर्माण को तत्काल बंद करने के लिए नगर निगम ने नोटिस भेजा। आपको बता दें कि आरआरबी रीगल प्रोजेक्ट में ग्राहकों को तय  समय पर पजेशन नहीं दिया है। हर्षवर्धन दीक्षित और गौरव शर्मा एवं शशि शर्मा पर षड्यंत्र पूर्वक करोड़ों रुपए हड़पने के आरोप लगे हैं। recent visitors 56

छत्तीसगढ़ में आज भी कई जिलों में आंधी-तेज बारिश का अलर्ट, बिजली गरजने चमकने के भी आसार

रायपुर अलग अलग स्थानों पर सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से अगले एक सप्ताह तक छत्तीसगढ़ के अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा तथा कहीं कहीं स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।फिलहाल अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।आज सुबह से कई जिलों में तेज बारिश हो रही हैै। जिसके चलते नौतपा का असर पूरी तरह से खत्म हो गया है। इधर मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों तक बारिश के आसार जताए हैं। वहीं कहीं कहीं आकाशीय ​बिजली गिरने को लेकर लोगों को अलर्ट किया है। आज मंगलवार को रायपुर में आकाश सामान्यतः मेघमय रहने तथा गरज चमक के साथ बौछारें पड़‌ने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 34 डिग्री सेल्सियस और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।संभावना है कि 10 से 15 जून के बीच कभी भी प्रदेश में मानसून की एंट्री हो सकती है।इससे पहले इसमें बस्तर, दुर्ग और रायपुर संभाग के जिलों में आंधी-तूफान का सिलसिला जारी रहेगा।  जांजगीर-चांपा और रायगढ़ में जोरदार बारिश आज सुबह से बारिश के हालत बने हुए हैं। राजधानी रायपुर में सुबह 9 बजे छिटपुट बारिश हुई है। इधर 11 बजते ही जांजगीर चांपा में जोरदार बारिश की खबर आई। इसके बाद रायगढ़ में भी मौसम मेहरबान हो गया और तेज बारिश से उमस भरी गर्मी की छुट्टी हो गई। बारिश के चलते कई जगह जल भराव की स्थिति होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। दुर्ग में भी बारिश का दौर तेज मानसून की आमद के पहले दुर्ग जिले में हल्की से मध्यम बारिश का दौर तेज हो गया है। सोमवार को भी दुर्ग जिले में सुबह करीब 10 मिनट बारिश हुई। हालांकि दिन का अधिकतम तापमान शनिवार को जो 32 डिग्री पर आ गया था, उसमें बढ़त आ गई और पारा सोमवार को 35.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हालांकि पारा अभी भी औसत से 7.5 डिग्री की गिरावट पर बना हुआ है, लेकिन उमस से परेशानी बढ़ा दी है। उधर, रात का न्यूनतम तापमान भी औसत से 7.5 डिग्री की गिरावट पर 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। फिलहाल, प्रदेश में सर्वाधिक गर्म जिला 36.9 डिग्री के साथ बिलासपुर है, जबकि दूसरा गर्म जिला दुर्ग है। मौसम विभाग के विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि, अगले एक हफ्ते तक छत्तीसगढ़ के अनेक स्थान पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मध्य छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में भी बारिश का क्रम अभी जारी रहना संभावित है। न्यूनतम तापमान में दुर्ग प्रदेश में सबसे ठंडा है। अगले पांच दिन अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बहुत अधिक परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। वर्तमान में सक्रिय है कई मौसम प्रणालियां     दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं। ऊपरी हवा की द्रोणिका अब मराठवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों पर निम्न दवाव वाले क्षेत्र से जुड़े चक्रवाती परिसंचरण से उत्तरी तेलंगाना, दक्षिण छत्तीसगढ़ और दक्षिण ओडिशा होते हुए उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश तक औसत समुद्र तल से 3.1 और 5.3 किमी ऊपर ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुकती है।     मराठवाड़ा और उसके आसपास के इलाकों में एक कम दवाव का क्षेत्र बना हुआ है, जिसके साथ जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण मध्य-श्रोभमंडल स्तर तक फैला हुआ है, जो दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है। 27 मई के आसपास बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य और उससे सटे उत्तरी इलाकों में एक कम दवाव का क्षेत्र बनने की संभावना है जिससे बारिश की गतिविधियों में तेजी देखने को मिलेगी। recent visitors 57

छत्तीसगढ़ कोरोना फिर पाँव पसार रहा, रायपुर और दुर्ग में आए 2 नए केस

रायपुर भारत सहित दुनिया के कई देशों में एक बार फिर कोरोना का संक्रमण तेजी से पांव पसार रहा है। छत्तीसगढ़ के दो जिलों में COVID-19 पॉजिटिव दो मरीज मिले हैं, जिसमें एक रायपुर और एक दुर्ग जिला शामिल है। प्रदेश में अब कोरोना एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। मरीज को सिंगल वार्ड में रखा गया है और इलाज की अलग से विशेष व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पॉजिटिव मरीज के परिजनों का सैंपल लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही हाल के दिनों में मरीज़ के संपर्क में आए लोगों की ट्रैकिंग और स्क्रीनिंग की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक रायपुर में लगभग 50 वर्षीय एक महिला में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। यह महिला अवंति विहार इलाके की रहने वाली है। जांच में पाया गया कि महिला की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है, जिससे संक्रमण का स्रोत अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। संक्रमित महिला का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। वहीं ​दुर्ग जिले में मिले कोरोना मरीज में सर्दी, खांसी और बुखार के लक्षण पाए गए हैं, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्ग सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी ने बताया कि कोरोना टेस्ट किए जाने पर मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमित की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं मिली है। मरीज का भिलाई के निजी हॉस्पिटल में इलाज जारी है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए भिलाई के सीएम मेडिकल कॉलेज और लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में मरीजों के लिए अलग से आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। कोरोना मरीज की पुष्टि होने के बाद प्रदेश में स्वास्थ्य महकमा अलर्ट मोड पर आ गया है। 24 मई को रायपुर में मिला पहला पॉजिटिव मरीज बता दें कि इससे पहले 24 मई को रायपुर के पचपेड़ी नाका निवासी एक व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। उक्त मरीज सर्दी-खांसी का रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल पहुंचा था। लक्षणों के आधार पर डॉक्टरों को कोरोना की आशंका हुई, जिसके बाद उसका सैंपल लिया गया। रिपोर्ट पॉज़िटिव आने के बाद तुरंत उसे आइसोलेट कर इलाज शुरू कर दिया गया। संक्रमित मरीज को एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है, जहां उसका इलाज कोरोना प्रोटोकॉल के तहत किया जा रहा है। सबसे आश्चर्य की बात तो यह है कि संक्रमित मरीज का किसी दूसरे राज्य की यात्रा का कोई इतिहास नहीं है। कोविड नियमों का पालन करें, अस्पताल भी जाएं कोरोना कंट्रोल सेंटर के राज्य नोडल अधिकारी डॉ. खेमराज सोनवानी ने जनता से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, बल्कि सावधानियां बरतें। मास्क का उपयोग करें, फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करें और हाथों को बार-बार धोते रहें। यदि किसी भी तरह के लक्षण महसूस होते हैं तो तत्काल स्वास्थ्य की जांच कराएं। कोरोना संक्रमण को लेकर डरने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट है। इधर देश में कोरोना के दो नए वेरिएंट्स को देखते हुए प्रदेश में स्वास्थ्य विभाग ने आईसीयू बेड, ऑक्सीजन सप्लाई, वेंटिलेटर और जरूरी दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की कवायद तेज कर दी गई हैं। recent visitors 68