The wife broke her husband’s head with a stone for not bringing money and mutton.
- जान से मारने की नियत से किया हमला, बोरदेही पुलिस ने आरोपी पत्नी को किया गिरफ्तार।
आमला/बोरदेही (हरिप्रसाद गोहे) । ग्राम जामुनबिछुआ में पैसे न देने और बाजार से मटन न लाने की बात पर पत्नी ने पति पर पत्थर से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पति के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 23 नवंबर की रात करीब 8.30 बजे भागाबाई उईके ने पति शनिलाल उईके (55) से 10 हजार रुपये मांगे। पैसे न मिलने और मटन न लाने की बात पर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर भागाबाई ने गाली-गलौज करते हुए पत्थर से पति के सिर और चेहरे पर हमला कर दिया। शनिलाल दरवाजे के पास गिर पड़े। बीच-बचाव करने पहुंची बहू सुमत्री को देखकर आरोपी वहां से भाग गई।

24 नवंबर को कोटवार जितेंद्र नागले ने डायल 112 को सूचना दी कि घायल शनिलाल बेहोशी की हालत में हैं। डायल 112 ने घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बोरदेही पहुंचाया, जहां से जिला चिकित्सालय बैतूल रेफर किया गया।
बहू सुमत्री की रिपोर्ट पर थाना बोरदेही में आरोपी भागाबाई के खिलाफ अपराध क्र. 324/26 धारा 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना के निर्देशन, एएसपी कमलेश कुमार खरपुसे और एसडीओपी मुलताई एस.के. सिंह के मार्गदर्शन में बोरदेही पुलिस ने आरोपी को तलाश कर गिरफ्तार किया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक भैयालाल उईके, उनि पंचमसिंह उईके, सउनि मिंतलाल धुर्वे, सउनि हरिराम डंढोरे सहित थाना स्टाफ की विशेष भूमिका रही।