Monday, July 6, 2026 4:35 am

अबु धाबी में शुभंकर 32वें स्थान पर, वारिंग को खिताब

अबु धाबी भारतीय गोल्फर शुभंकर शर्मा अंतिम दौर में सात अंडर-65 का टूर्नामेंट का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए एचएसबीसी अबु धाबी चैंपियनशिप में संयुक्त रूप से 32वें स्थान पर रहे। शुरुआती दो दौर में 71 और 73 के स्कोर के बाद शुभंकर ने अंतिम दो दौर में शानदार प्रदर्शन करते हुए 66 और 65 का स्कोर बनाया। शुभंकर ने अंतिम दौर में सात बर्डी, एक ईगल और दो बोगी से सात अंडर का स्कोर बनाया। इंग्लैंड के पॉल वारिंग ने अंतिम दौर में बोगी रहित 66 के स्कोर से कुल 24 अंडर पार के स्कोर से अपना पहला रोलेक्स सीरीज खिताब जीता। वारिंग ने रोलेक्स सीरीज पर चार बार के विजेता टाइरेल हेटन को दो शॉट से पछाड़ा। हेटन से एक शॉट पीछे रोरी मैकेलरॉय, मैट वॉलेस और डेन थोरबोर्न ओलेस संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।   recent visitors 83

मौत के कारणों की पुलिस कर रही जांच, छत्तीसगढ़-सक्ति के खदान तालाब किनारे मिला युवक का शव

सक्ति. सक्ति जिले के डभरा थाना क्षेत्र के खदान तालाब के किनारे युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। युवक की मौत कैसे और कब हुई इसकी अभी कोई जानकारी नहीं  हुई है। मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिली जानकारी के मुताबिक रविवार की सुबह करीबन 6 बजे डभरा पुलिस को सूचना मिली कि खदान तालाब के पास एक अज्ञात युवक का शव पड़ा हुआ है। पुलिस टीम पहुंची तब मृतक युवक की पहचान संतोष सारथी (30)वर्ष ग्राम बसंतपुर के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि शनिवार की सुबह करीबन 9 बजे मोटरसाइकिल लेकर घर से निकला था जिसके बाद रात को घर वापस नहीं आया। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह सामने आएगी। recent visitors 76

गौतम गंभीर का रिकी पोंटिंग पर पलटवार, कहा- भारत नहीं ऑस्ट्रेलिया की चिंता करें

मुंबई भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की फॉर्म और भारतीय टीम में उनकी जगह को लेकर सवाल उठाने वाले रिकी पोंटिंग पर पलटवार करते हुए सोमवार को यहां कहा कि ऑस्ट्रेलिया के इस दिग्गज खिलाड़ी को केवल अपने देश की क्रिकेट को लेकर चिंता करनी चाहिए। पोंटिंग ने हाल में कहा था कि कोहली की फॉर्म चिंता का विषय है क्योंकि पिछले पांच वर्षों में यह भारतीय बल्लेबाज टेस्ट क्रिकेट में केवल दो शतक लगा पाया है लेकिन उन्होंने इसके साथ ही कहा था कि यह स्टार बल्लेबाज वापसी करने में सक्षम है और इसके लिए ऑस्ट्रेलिया से बेहतर कोई दूसरी जगह नहीं हो सकती है। गंभीर ने भारतीय टीम के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रवाना होने से पहले संवाददाता सम्मेलन में कहा,‘‘पोंटिंग का भारतीय क्रिकेट से क्या लेना देना है। मुझे लगता है कि उन्हें ऑस्ट्रेलिया की क्रिकेट के बारे में चिंतित होना चाहिए। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि चाहे विराट हो या रोहित, मैं किसी को लेकर चिंतित नहीं हूं।’’ कोहली इस साल अभी तक टेस्ट मैचों में केवल एक अर्धशतक लगा पाए हैं। उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ कानपुर टेस्ट में 70 रन बनाए थे। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने अपना आखिरी शतक वेस्टइंडीज के खिलाफ जुलाई 2023 में लगाया था। भारत हाल में न्यूजीलैंड से घरेलू श्रृंखला में तीनों मैच हार गया था। कोहली ने इस श्रृंखला में 93 जबकि कप्तान रोहित शर्मा ने 91 रन बनाए। गंभीर से जब पूछा गया कि क्या इन दोनों सीनियर बल्लेबाजों की फॉर्म टीम के लिए चिंता का विषय है, उन्होंने कहा,‘‘कतई नहीं। वे बेहद मजबूत खिलाड़ी हैं और उन्होंने भारतीय क्रिकेट के लिए काफी उपलब्धियां हासिल की हैं और वह भविष्य में भी काफी उपलब्धियां हासिल करेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण बातें है कि वे अब भी वास्तव में कड़ी मेहनत कर रहे हैं और उनके पास अब भी जुनून है। वे अब भी काफी कुछ हासिल करना चाहते हैं और यह चीज बेहद महत्वपूर्ण है।’’ गंभीर ने कहा कि विशेषकर न्यूजीलैंड के हाथों हार के बाद भारतीय खिलाड़ियों का अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बेताब होना काफी मायने रखता है। उन्होंने कहा,‘‘ भारतीय ड्रेसिंग रूम में अच्छा प्रदर्शन करने की अदम्य इच्छा होना मेरे और सभी खिलाड़ियों के लिए बेहद महत्व रखता है विशेष कर पिछली श्रृंखला के परिणाम को देखकर। ’’ गंभीर को उम्मीद है कि ऑस्ट्रेलिया 22 नवंबर से पर्थ में शुरू होने वाली पांच टेस्ट मैच की श्रृंखला के लिए कुछ खास तरह के विकेट तैयार नहीं करेगा और उन्होंने कहा कि भारत अगर अपनी पूरी क्षमता से खेलता है तो वह किसी भी तरह के विकेट पर जीत हासिल कर सकता है। उन्होंने कहा,‘‘वे किस तरह का विकेट तैयार करते हैं इस पर हमारा नियंत्रण नहीं है। यह उन पर निर्भर करता है। हम किसी भी तरह के विकेट या किसी भी तरह की परिस्थितियों में खेलने के लिए तैयार हैं। हम सभी जानते हैं कि अगर हम अपनी क्षमता से खेलते हैं, अगर हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं तो हम किसी भी तरह की विकेट पर किसी भी टीम को हरा सकते हैं।’’   recent visitors 64

कुमामोतो मास्टर्स जापान में फॉर्म हासिल करने की कोशिश करेंगे सिंधु और लक्ष्य

कुमामोतो (जापान) भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन मंगलवार से यहां शुरू हो रहे कुमामोतो मास्टर्स जापान सुपर 500 टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती की अगवाई करते हुए फॉर्म में लौटने का प्रयास करेंगे। इन दोनों खिलाड़ियों को पेरिस ओलंपिक में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म पाने के लिए संघर्ष करना पड़ा है। सिंधु डेनमार्क ओपन सुपर 750 में क्वार्टर फाइनल में पहुंची थी लेकिन लक्ष्य सेन आर्कटिक ओपन सुपर 500 और डेनमार्क ओपन दोनों में जल्दी बाहर हो गए थे। इन असफलताओं के बावजूद सिंधु को विश्वास है कि अपने नए कोच अनुप श्रीधर और कोरिया के दिग्गज ली स्युन इल के साथ मिलकर काम करने से वह बेहतर परिणाम हासिल करेंगी। जापान ओपन के पहले दौर में सिंधु का मुकाबला थाईलैंड की आठवीं वरीयता प्राप्त बुसानन ओंगबामरुंगफान से होगा। सिंधु ने कहा,‘‘मैं शारीरिक और मानसिक रूप से अच्छी स्थिति में हूं। हमने खेल के विभिन्न पहलुओं पर काम किया है। मुझे उम्मीद है कि नए कोचों के मार्गदर्शन में मैं जापान और चीन में अच्छा प्रदर्शन करने सफल रहूंगी।’’ लक्ष्य सेन अपने अभियान की शुरुआत मलेशिया के लियोंग जून हाओ के खिलाफ करेंगे। इस मैच में जीत दर्ज करने के बाद उनका अगला मुकाबला इंडोनेशिया के आठवीं वरीयता प्राप्त एंथोनी गिंटिंग से हो सकता है। त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की भारतीय महिला युगल जोड़ी भी इस टूर्नामेंट में अपनी चुनौती देश करेगी। पहले दौर में उनका सामना चीनी ताइपे की सू यिनहुई और लिन झिह युन से होगा।   recent visitors 69

दूसरों की जारी है तलाश, छत्तीसगढ़-धमतरी में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार

धमतरी. करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। बताया जा रहा है कि उमेश कुमार पटेल ने आठ नवंबर को कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 28 अप्रैल 2022 से 22 जुलाई 2023 तक भिलाई के ज्ञान प्रकाश साहू और देव कृष्णा साहू द्वारा रोबोट ट्रेडर्स एफएक्स लिमिटेड नामक कंपनी में छल पूर्वक 8 लाख 67 हजार 680 रुपये की धोखाधड़ी की। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में जुट गई थी। इस दौरान पुलिस को सूचना मिली कि उक्त दोनों आरोपियों द्वारा अन्य लोगों के साथ भी धोखाधड़ी की है। इसकी कुल कीमत एक करोड़ 17 लाख 5  हजार 365 से ज्यादा बताया गया। जिस पर कोतवाली पुलिस ने 10 नवंबर रविवार को देवकृष्ण साहू निवासी भिलाई जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, धोखाधड़ी के मामले में एक अन्य आरोपी प्रकाश साहू फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। recent visitors 66

बाल विवाह कराने या सहयोग करने वालों को होगी जेल , बाल विवाह रोकने के लिए प्रशासन की कड़ी पहल

Those who organize or support child marriage will be jailed, administration’s strictness to stop child marriage on Devuthani Ekadashi भोपाल ! प्रदेश सरकार ने आगामी देवउठनी एकादशी पर बाल विवाह की रोकथाम के लिए कड़ी तैयारी शुरू कर दी है। इस दिन होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रमों में बाल विवाह के मामलों को रोकने के लिए प्रशासन ने विशेष कदम उठाए हैं। सामूहिक विवाह आयोजकों से यह शपथ पत्र लिया जाएगा कि उनके कार्यक्रमों में किसी भी रूप में बाल विवाह नहीं होगा। प्रशासन ने इस मुद्दे पर सख्त रुख अपनाया है और बाल विवाह करने या इसे प्रोत्साहित करने वालों को दो साल तक की सजा का प्रावधान किया है। इसके साथ ही, प्रशासन ने एक जाँच व्यवस्था बनाई है, जिसमें 10 विशेष टीमें तैनात की जाएंगी, जो सामूहिक विवाह कार्यक्रमों पर निगरानी रखेंगी। इन टीमों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कहीं भी बाल विवाह ना हो और सभी विवाह नियमों के तहत ही संपन्न हों।साथ ही, प्रशासन ने आयोजन से जुड़े सभी विभिन्न सेक्टरों को भी निर्देशित किया है। प्रिंटिंग प्रेस, हलवाई, कैटरिंग सेवाएं, बैंड, घोड़ी वाले और ट्रांसपोर्ट सेवा के संचालकों को भी बाल विवाह को रोकने में सहयोग देने के लिए कहा गया है। धर्मगुरु और समाज के प्रमुखों से भी यह उम्मीद की जा रही है कि वे इस अभियान में प्रशासन का साथ देंगे और समाज में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाएंगे। इस कदम से प्रशासन का मुख्य उद्देश्य समाज में बाल विवाह की कुरीति को समाप्त करना है और इसे रोकने के लिए हर संभव प्रयास करना है।सभी की सक्रिय भागीदारी से उम्मीद की जा रही है कि देवउठनी एकादशी पर आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम सुरक्षित और कानूनी रूप से सही तरीके से संपन्न होंगे, जिससे प्रदेश में बाल विवाह की घटनाओं में कमी आएगी। यहां करें शिकायतबाल विवाह की सूचना चाइल्ड लाइन के दूरभाष नंबर 1098 पर दे सकते हैं। इसके अलावा एसडीएम, तहसीलदार, थाना प्रभारी, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को दे सकते हैं। शिकायतकर्ता का नाम गोपनीय रखा जाएगा। recent visitors 119

दमकलों ने दो घंटे में पाया काबू, राजस्थान-केकड़ी में चारे से भरा ट्रक बिजली तार से टकराकर जला

केकड़ी. केकड़ी जिले के सरवाड़ क्षेत्र में चारे से भरा ट्रक जल गया। ग्राम बिड़ला में रविवार देर रात बिजली के तारों के संपर्क में आने से चारे से भरे ट्रक में भीषण आग लग गई। हादसे में ट्रक में भरा लाखों रुपये का चारा और ट्रक पूरी तरह से जल गया। सरवाड़ और केकड़ी से आई दमकलों की सहायता से आग पर काबू पाया गया। जानकारी के अनुसार, सरवाड़ क्षेत्र में ग्राम स्यार से चारा लेकर एक ट्रक अजमेर जा रहा था। ट्रक में चारा काफी ऊंचाई तक भरा हुआ था। रास्ते में बिड़ला गांव से होकर गुजरते समय ट्रक में भरा चारा ऊपर से जा रहे बिजली के तारों को छू गया। तारों के संपर्क में आते ही चारे में आग लग गई। चारा धू-धू कर जलने लगा। वहां मौजूद ग्रामीणों ने ट्रक में भरे चारे में आग की लपटें देखकर तुरन्त दौड़कर ट्रक चालक को चिल्लाकर बताया और ट्रक रुकवाया। जैसे ही ट्रक में आग लगने का पता चला, माजरा समझकर ट्रक चालक अपनी सूझबूझ व साहस का परिचय देते हुए तुरंत जलते हुए ट्रक को गांव की आबादी सीमा से बाहर ले गया, ताकि आग की चपेट में आकर कोई बड़ा हादसा न हो। बता दें कि तब तक आग ट्रक में भरे पूरे चारे में फैल गई और देखते ही देखते पूरा ट्रक आग की लपटों से घिर गया। आग की घटना को लेकर पूरे गांव में हड़कंप मच गया। लोग मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर पानी के टैंकरों से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। घटना की सूचना मिलने पर सरवाड़ व केकड़ी से दमकल गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गई। दमकल की सहायता से करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक ट्रक में भरा चारा व ट्रक पूरी तरह से जल कर खाक हो चुके थे। गनीमत रही कि आग फैलकर इधर उधर नहीं लगी और न ही कोई जन हानि हुई। बताया गया कि ट्रक में लगी आग इतनी विकराल थी कि गांव में एक बारगी दहशत हो गई। मगर ट्रक चालक के समझदारी से काम लेकर जलते ट्रक को गांव से बाहर ले जाने से बड़ा हादसा होने से बच गया। recent visitors 143