दिल्ली एसजी पाइपर्स पर शूटआउट जीत से हैदराबाद तूफान्स ने बोनस अंक अर्जित किया

राउरकेला (ओडिशा) हैदराबाद तूफान्स ने हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) में मंगलवार को यहां निर्धारित समय के अंत तक स्कोर 2-2 से बराबर रहने के बाद शूट-आउट में दिल्ली एसजी पाइपर्स को 5-4 से हराकर बोनस अंक हासिल किया। हैदराबाद तूफान्स ने अमनदीप लाकड़ा (11वें मिनट) और गोंजालो पेइलाट (13वें मिनट) की मदद से शुरुआती क्वार्टर में ही 2-0 की बढ़त ले ली, लेकिन दिल्ली एसजी पाइपर्स ने दिलराज सिंह (21वें) और गैरेथ फर्लांग (50वें) के गोल की मदद से मैच बराबरी पर ला दिया। मैच के आखिरी 10 मिनट में दोनों टीमें बढ़त लेने में नाकाम रही जिसके बाद शूटआउट में हैदराबाद की टीम ने दिल्ली को पछाड़ दिया।   recent visitors 82

नये साल में मिली बड़ी उपलब्धि, छत्तीसगढ़-ग्रीन जीडीपी वाला बना देश का पहला राज्य

रायपुर। नये साल की पूर्व संध्या पर छत्तीसगढ़ ने कीर्तिमान रचा है। नये साल 2025 में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वन पारिस्थितिकी तंत्र सेवाओं को ग्रीन जीडीपी के साथ जोड़ने की पहल शुरू करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। इससे पारिस्थितिकी तंत्र सेवाओं के व्यापक मूल्य को मापकर छत्तीसगढ़ में विकास की गति को आगे बढ़ाया जायेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 विज़न और सतत विकास लक्ष्यों के अनुरूप विज़न डॉक्यूमेंट तैयार कर रही है, जिसमें वन विभाग नेसंचालित पारिस्थितिकी तंत्र सेवाओं के मूल्यांकन की अवधारणा शामिल है।  यह समग्र दृष्टिकोण राज्य में पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक प्रगति के बीच संतुलन बनाए रखने की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है, जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए सतत और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित हो सके। वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पारिस्थितिकी तंत्र सेवाओं का मूल्यांकन न केवल बजटीय योजना को अधिक सुव्यवस्थित बनाएगा, बल्कि भविष्य की रणनीतियों को दिशा प्रदान करेगा, धन आवंटन को अधिक प्रभावी बनाएगा और वानिकी विकास के प्रयासों को सशक्त करेगा। यह प्रक्रिया सतत विकास और संसाधनों के बेहतर प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। छत्तीसगढ़ में संयुक्त वन प्रबंधन कार्यक्रम ने स्थानीय समुदायों को और अधिक सशक्त बनाया है। गुरु घासीदास, कांगेर घाटी और इंद्रावती जैसे राष्ट्रीय उद्यानों के साथ छत्तीसगढ़ में प्रकृति आधारित पर्यटन के लिए असीम संभावनाएं हैं। स्थानीय निवासियों को जंगल सफारी, नेचर ट्रेल्स और इको-कैंपिंग जैसी सुविधाओं के प्रबंधन में सक्रिय रूप से शामिल किया जा रहा है, जिससे न केवल सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा मिला है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को भी सशक्त किया गया है। छत्तीसगढ़ का 44 प्रतिशत भू-भाग वन क्षेत्र से आच्छादित है। यह राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए एक मजबूत आधार हैं और लाखों लोगों की आजीविका में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ये वन विभिन्न प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष लाभ प्रदान करते हैं। वनों से प्राप्त होने वाले अन्य महत्वपूर्ण अमूर्त लाभ अक्सर उपेक्षित रहते हैं और उनका उचित मूल्यांकन नहीं हो पाता। इनमें जलवायु संतुलन बनाए रखने के लिए कार्बन अवशोषण, कृषि के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परागण, पोषक तत्वों का चक्रण, मृदा उर्वरता में सुधार और जैव विविधता संरक्षण जैसी सेवाएं शामिल हैं। वनों का बाढ़ और रोग नियंत्रण, जल प्रवाह का प्रबंधन और वेक्टर जनित रोगों के जोखिम को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका है। वहीं वनों से जल पुनर्भरण और शुद्धिकरण होता है, शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान कर वायु गुणवत्ता में सुधार होता है, और सुंदर प्राकृतिक दृश्य तथा जैव विविधता-समृद्ध क्षेत्रों के माध्यम से मनोरंजन के साथ-साथ भावनात्मक संतुष्टि भी प्रदान होती है। इन वनों का गहरा आध्यात्मिक और धार्मिक महत्व भी है, क्योंकि पवित्र स्थलों और देवगुड़ी जैसे क्षेत्रों के माध्यम से ये आदिवासी विरासत और परंपराओं को संरक्षित रखते हैं। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के वन अनेक नदियों का उद्गम स्थल हैं, जो सतत जल प्रवाह, जलग्रहण क्षेत्र संरक्षण और कृषि तथा आजीविका के लिए आवश्यक जैविक पदार्थ से मृदा को समृद्ध करने में सहायक हैं। इन प्रत्यक्ष लाभों का राज्य की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) पर व्यापक आर्थिक प्रभाव पड़ता है। ये सभी लाभ ग्रामीण उद्योगों और आजीविका को प्रोत्साहित करते हैं और राज्य के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान करते हैं। recent visitors 184

भोपाल आबकारी विभाग की नये वर्ष के दौरान अवैध मदिरा के विरुद्ध कार्यवाही

सुशील दामले (विशेष संवाददाता) भोपाल ! आज दिनाँक 31.12.2024 को कलेक्टर जिला भोपाल कौशलेन्द्र विक्रम सिंह के निर्देशानुसार सहायक आयुक्त आबकारी जिला भोपाल दीपम रायचुरा के मार्गदर्शन में भोपाल आबकारी नियंत्रण कक्ष प्रभारी आर.जी. भदौरिया के नेतृत्व में आबकारी टीम भोपाल द्वारा नये वर्ष के दौरान विशेष अभियान चलाया जाकर नीलबड, रातीबड़, सीहोर रोड़, गॉधीनगर, करोंद क्षेत्रों में अवैध मदिरा के उत्पादन, संग्रहण, विकय एवं परिवहन तथा होटल/रेस्टोरेंट / ढाबों पर ग्राहकों के द्वारा अवैध तरीके से मदिरा उपभोग करने वालों एवं मदिरा का उपभोग कराने वाले होटल/रेस्टोरेंट/ ढाबों यथा-हाउस ऑफ वेल्यू, एस.एन. क्लासिको, उड़ता पंजाब रेस्टोरेंटों के संचालकों के विरूद्ध म०प्र० आबकारी अधिनियम, 1915 की धाराओं के तहत् प्रकरण पंजीबद्ध किये गये है। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि हाल ही में आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब तस्कर धनसिंह रघुवंशी, तेजसिंह यादव, अनिल अहिरवार, हेमवती बाई, अमन चंडालिया, आशिफ खाँ, जितेन्द्र गुर्जर, विक्की सरदार को अवैध शराब तस्करी के आरोप में जेल भेजा जा चुका है। निम्न अवैध शराब तस्करों पर विभाग द्वारा विशेष निगरानी रखी जा रही हैं: 1. गोल्डन, 2. मनोज 3. सुरेश पर आबकारी विभाग के द्वारा अवैध शराब तस्करी/विकय के पूर्व में प्रकरण पंजीबद्ध है। सहायक आबकारी आयुक्त, दीपम् रायचुरा के द्वारा बताया गया कि आबकारी विभाग के द्वारा अवैध शराब तस्करों के विरूद्ध निरंतर कार्यवाही की जा रही है, जिससे शराब तस्करों में हड़कंप एवं अफरा-तफरी का माहौल है। recent visitors 111

एमसीजी में कोंस्टास की साहसिक पारी के उनकी पहचान बनने की संभावना नहीं: कैरी

सिडनी ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी ने बुधवार को कहा कि युवा सलामी बल्लेबाज सैम कोंस्टास ने भारत के खिलाफ मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) में खेले गए बॉक्सिंग डे टेस्ट में जिस तरह से साहसिक अर्धशतक जड़ा उससे वह मंत्रमुग्ध थे, लेकिन उन्हें लगता है कि यह पारी भविष्य के मैचों के लिए उनकी पहचान नहीं बनेगी। कोंस्टास ने 26 दिसंबर को एमसीजी में लगभग खचाखच भरे स्टेडियम में अपनी टेस्ट करियर का आगाज करते हुए 65 गेंद पर 60 रन की आकर्षक पारी खेली और इस दौरान भारत के मुख्य तेज गेंदबाज जसप्रीत गुमरा को निशाने पर रखा। कैरी ने शुक्रवार को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (एससीजी) में भारत के खिलाफ शुरू होने वाले पांचवें टेस्ट से पहले संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं उस पहले सत्र में एक दर्शक था। शायद मेरे मन में वहां मौजूद 90,000 (दर्शकों) की भावनाएं थीं। कई बार मैं इसे नहीं देख सका, कई बार मैंने तालियां बजाई।’’ कोंस्टास को पहले तीन मैच में असफल रहने वाले नाथन मैकस्वीनी की जगह टीम में लिया गया और उन्होंने आते ही ऑस्ट्रेलिया के आक्रामक दृष्टिकोण को अपनाया लेकिन कैरी ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि यह 19 वर्षीय सलामी बल्लेबाज हर मैच में इतना आक्रामक प्रदर्शन करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘वह जो ऊर्जा लेकर आए, वह कुछ अलग थी। शायद इतने अंतर की उम्मीद नहीं थी, लेकिन उन्होंने क्रिकेट की एक ऐसी शैली को अपनाया जो शायद भारत के लिए भी नई थी।’’ कैरी ने कहा, ‘‘हम इंतजार करेंगे और देखेंगे कि वह यहां (एससीजी) कैसे खेलते हैं। मुझे नहीं लगता कि यह हर टेस्ट मैच के लिए उनकी पहचान बन जाएगी। लेकिन शुरू में कुछ आक्रामकता अपनाना अच्छा है जिसकी हमें कमी खल रही थी।’’ उन्होंने कहा कि पहले तीन टेस्ट मैचों में मैकस्वीनी और उस्मान ख्वाजा की सलामी जोड़ी ने मुश्किल परिस्थितियों में अच्छा काम किया। कैरी ने कहा, ‘‘नाथन और उस्मान ने बहुत सारी गेंदों का सामना करके हमें मुश्किल परिस्थितियों से भी बाहर निकाला। सैम थोड़ा स्कोर करने में सफल रहा और उम्मीद है कि वह यहां भी अच्छा प्रदर्शन करेगा।’’   recent visitors 64

नाओमी ओसाका ने लिया ग्रैबर को 7-5, 6-3 से हराकर ऑकलैंड टेनिस क्लासिक के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई

ऑकलैंड चार बार की ग्रैंड स्लैम एकल विजेता नाओमी ओसाका ने बुधवार को जूलिया ग्रैबर को 7-5, 6-3 से हराकर ऑकलैंड टेनिस क्लासिक के क्वार्टर फाइनल में पहुंचकर वर्ष 2025 की शानदार शुरुआत की। तेज हवाओं और बारिश के कारण मैच में काफी देरी होने के बावजूद ओसाका ने सीधे सेटों में जीत दर्ज की। उन्होंने एक बार भी अपनी सर्विस नहीं गंवाई और प्रत्येक सेट में एक–एक बार ग्रैबर की सर्विस तोड़कर दूसरी बार ऑकलैंड क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। ओसाका 2017 में भी यहां अंतिम आठ में पहुंची थी। ऑकलैंड टूर्नामेंट 12 जनवरी से शुरू होने वाले ऑस्ट्रेलियाई ओपन की तैयारी के सिलसिले में खेला जाता है। अमेरिकी ओपन की पूर्व चैंपियन एम्मा रादुकानु और एलिस मर्टेंस के चोटिल होने के कारण हट जाने से इस टूर्नामेंट की चमक कुछ फीकी पड़ गई है।   recent visitors 62

युवा कबड्डी सीरीज : यूपी फाल्कन्स ने चंडीगढ़ चार्जर्स के खिलाफ फाइनल में जगह पक्की की

कोयंबटूर युवा कबड्डी सीरीज के डिवीजन 2 का फाइनल करीब आ रहा है। यूपी फाल्कन्स ने शानदार प्रदर्शन कर टॉप स्थान पर कब्जा जमाया और चंडीगढ़ चार्जर्स के खिलाफ फाइनल में जगह पक्की कर ली। डिवीजन 2 का नौवां दिन करपगम एकेडमी ऑफ हायर एजुकेशन, कोयंबटूर में खेला गया। दिनभर की टक्कर में टीमों ने जोरदार प्रदर्शन किया। पहले मैच में यूपी फाल्कन्स ने दिल्ली धुरंधरों को 48-38 से हराया। इस जीत के साथ यूपी फाल्कन्स ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। साथ ही वे टेबल में टॉप स्थान कब्जाने में भी कामयाब रहे। रचित यादव ने सुपर 10 करते हुए मैच पलट दिया। जबकि नवनीत नागर और आयुष कुमार ने हाई-5 स्कोर किए। दिल्ली की तरफ से शुभम भिड़ुरी ने 11 पॉइंट और विनोद पाल ने बेंच से हाई-5 किया, लेकिन टीम का प्रदर्शन कमजोर रहा। दूसरे मुकाबले में हम्पी हीरोज ने पंचाला प्राइड को 46-21 से हराया। पंचाला प्राइड पूरे डिवीजन में एक भी मैच नहीं जीत पाई। हम्पी के चेतन जांगमा और करुपसागर डी ने 11-11 रेड पॉइंट जुटाए। दर्शन आर ने शानदार डिफेंस करते हुए हाई-5 स्कोर किया। पंचाला के आदित्य कुमार ने 4 रेड और 4 डिफेंस पॉइंट्स बनाए, लेकिन टीम का साथ नहीं मिला। तीसरे मैच में चोला वीरन्स ने सिंध सोनिक्स को 57-16 के बड़े अंतर से हराया। अय्यप्पन वीरपांडियन ने 14 रेड पॉइंट स्कोर किए। ए बालभारती ने डिफेंस में 6 टैकल पॉइंट बनाए। सिंध के बलराज सिंह ने 9 रेड पॉइंट जुटाए, लेकिन टीम का सहयोग न मिलने से मुकाबला एकतरफा रहा। आखिरी मैच में विजाग विक्टर्स ने हैदराबाद हरिकेंस को 48-34 से हराया। पिराटी श्रीसिवतेजेश और गाली लक्ष्मा रेड्डी ने 11-11 रेड पॉइंट जुटाए। पवन गोपिनीदी ने डिफेंस में हाई-5 किया। हैदराबाद के सुरेश ओरुगांटी ने 18 रेड पॉइंट्स बनाए, लेकिन उनकी टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। फाइनल में यूपी फाल्कन्स और चंडीगढ़ चार्जर्स के बीच कड़ी टक्कर की उम्मीद है। सभी टीमों ने अपनी पूरी ताकत झोंकी, लेकिन कुछ ही टीमें टॉप पर पहुंच पाई।   recent visitors 59

रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार CBI इंस्पेक्टर का एक्सीलेंस अवार्ड रद्द, लौटना पड़ा मेडल

भोपाल सीबीआई इंस्पेक्टर राहुल राज के रिश्वत लेने के आरोपों का खुलासा होने के बाद पदक वापस लिया गया।सीबीआई की टीम ने इस साल मई में राहुल राज को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा था। सीबीआई अधिकारियों ने रिश्वत देने वाले भोपाल के मलय कॉलेज ऑफ नर्सिंग के चेयरमैन अनिल भास्करन, प्रिंसिपल सुमा भास्करन और एक दलाल सचिन जैन को भी गिरफ्तार किया था। सीबीआई इंस्पेक्टर राहुल राज को 2023 में होम मिनिस्ट्री की तरफ से जांच में उत्कृष्टता के लिए पदक दिया गया था। राज पर मध्य प्रदेश में नर्सिंग कॉलेजों की निरीक्षण रिपोर्ट में हेराफेरी करने के एवज में रिश्वत लेने का आरोप है। आरोपों का खुलासा होने के बाद ही उनसे पदक वापस लेने का फैसला किया गया। CBI ने राहुल राज को 10 लाख की रिश्वत लेते हुए पकड़ा बता दें कि इस साल मई में नर्सिंग कॉलेज घोटाले मामले में सीबीआई की दिल्ली टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य के अलग अलग शहरों में छापेमारी की। इस दौरान सीबीआई की टीम ने राहुल राज समेत 13 लोगों को गिरफ्तार किया था। टीम ने राहुल राज को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा था। सीबीआई अधिकारियों ने रिश्वत देने वाले भोपाल के मलय कॉलेज ऑफ नर्सिंग के चेयरमैन अनिल भास्करन, प्रिंसिपल सुमा भास्करन और एक दलाल सचिन जैन को भी गिरफ्तार किया था। रिश्वत लेने के आरोपों के बाद सीबीआई इंस्पेक्टर राहुल राज को बर्खास्त कर दिया गया था। 2022 में सीबीआई ने शुरू की थी मामले की जांच मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेश के आधार पर अक्टूबर 2022 में सीबीआई ने नर्सिंग कॉलेजों में हुई अनियमितताओं की शिकायत के बाद जांच शुरू की थी। नर्सिंग घोटाला व्यापमं घोटाले के बाद यह दूसरा बड़ा घोटाला है। हाईकोर्ट की जबलपुर बेंच द्वारा इस मामले को केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई को सौंप दिया गया था। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेश के आधार पर अक्टूबर 2022 में सीबीआई ने इस मामले की जांच शुरू की थी।   recent visitors 46