आमला की जनसमस्याओं एवं भ्रष्टाचार को लेकर शहर कांग्रेस ने प्रभारी मंत्री के नाम कलेक्टर को  सौंपा 7 सूत्रीय ज्ञापन।

City Congress submitted a 7-point memorandum to the Collector in the name of the Minister in-charge regarding the public problems and corruption of Amla.

  • स्वास्थ्य केंद्र में महिला डॉक्टरों की नियुक्ति से लेकर जनपद की दुकानों और पत्रकारों पर दर्ज FIR तक निष्पक्ष जांच की मांग, नहीं तो आंदोलन की दी चेतावनी ।

हरिप्रसाद गोहे

आमला। शहर कांग्रेस कमेटी आमला जिला बैतूल के अध्यक्ष अजय सिंह सोलंकी के नेतृत्व में प्रभारी मंत्री माननीय नरेंद्र शिवाजी पटेल, मध्यप्रदेश शासन के नाम 7 सूत्रीय मांगो का ज्ञापन जिला कलेक्टर बैतूल को सौंपा गया।

ज्ञापन में बताया गया कि आमला क्षेत्र की जनता लंबे समय से विभिन्न जनसमस्याओं एवं प्रशासनिक अनियमितताओं से परेशान है। आम नागरिकों, किसानों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा समय-समय पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया, परंतु कोई कार्रवाई नहीं की गई। जन हितैषी मांगो में प्रमुख आमला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा कर संचालन सुचारू एवं प्रभावी रूप से सुनिश्चित किया जाए। आमला अस्पताल में तत्काल कम से कम 3 महिला चिकित्सकों की पदस्थापना की जाए, ताकि क्षेत्र की महिलाओं को उचित स्वास्थ्य सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सके।आमला अस्पताल से छोटी-छोटी बीमारियों, सामान्य जांचों अथवा गोली-दवाई के लिए मरीजों को बैतूल रेफर किया जाता है। अनावश्यक रेफरल को रोकने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी कर नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

आमला एसडीएम एवं जनपद पंचायत से संबंधित भ्रष्टाचार एवं अनियमितताओं की शिकायतों पर निष्पक्ष जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जनपद पंचायत की दुकानों के निर्माण से आवंटन एवं नीलामी की पूरी प्रक्रिया की जांच कराई जाए। यदि प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता या वित्तीय गड़बड़ी पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।

जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों अथवा उनके रिश्तेदारों के नाम पर दुकानों के आवंटन तथा उनसे जुड़े कथित वित्तीय लेन-देन की शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

मिली जानकारी अनुसार पत्रकारों के विरुद्ध दर्ज प्रकरणों एवं एफआईआर की निष्पक्ष समीक्षा कराई जाए। यदि किसी प्रकरण में तथ्यहीन अथवा दुर्भावनापूर्ण शिकायत पाए जाने की पुष्टि होती है तो नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाए तथा पत्रकारों को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से अपना कार्य करने का वातावरण उपलब्ध कराया जाए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समयावधि में जनहित से जुड़ी इन समस्याओं का उचित निराकरण नहीं किया जाता है तो हम लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन/प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी भ्रष्ट नेता, अधिकारी की होगी।ज्ञापन सौंपने समय प्रमुख रूप से अजय सिंह सोलंकी (अध्यक्ष शहर कांग्रेस आमला), नीरज सोनी,जितेंद्र शर्मा,दीपक बेले, जितेश वाईकर, छन्नू बेले, राकेश सोने ,विजय पारधी, विजय अतुलकर , रमजान खान सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Loading spinner
Advertisement