FIR against 6 workers including AAP district president, BJP flag was put in pits filled with mud
ग्वालियर। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अमिताभ पांडे सहित 6 कार्यकर्त्ताओं और अन्य पर भाजपा के कार्यकर्त्ताओं की भावना आहत करने का मामला दर्ज किया गया है। आप जिलाध्यक्ष अमिताभ पांडे ने इसे भाजपा और पुलिस की तानाशाही बताया है। आम आदमी पार्टी ने शहर की सड़कों पर हुए गड्डों और उनमें भरे वर्षा के पानी को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ पैदल मार्च निकाला था।
आप नेताओं ने गुढ़ागुढी के नाका से बेटी बचाओ चौराहा तक पदयात्रा निकाली थी। रास्ते में जब सडक पर गड्ढे मिले तो वहां भाजपा का झंडा लगाकर विरोध प्रदर्शन किया था। इसी बात पर भाजपा ने कड़ा रूख अपनाया है। पुलिस ने प्रधान आरक्षक योगेन्द्र सिंह सेंगर की शिकायत पर आम आदमी पार्टी के नेता व कार्यकर्त्ताओं पर मामला दर्ज कराया है।
आप नेताओं का कहना है कि स्मार्ट सिटी की सड़कें भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई हैं। इस मार्ग पर पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा, पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता और वर्तमान में भाजपा विधायक व मंत्री नारायण सिंह कुशवाह का निवास मौजूद है। फिर भी सड़क की स्थिति खराब है। पिछले एक साल से सड़कों की हालत लगातार बिगड़ रही है। बारिश के कारण बने गड्ढों में गिरकर आए दिन कई वाहन चालक घायल हो रहे हैं। जिससे आम जनता में आक्रोश है। इसी को लेकर आप नेताओं ने प्रदर्शन किया था।
जल्दी बड़ा आंदोलन करेंगे। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अमिताभ पांडे ने कहा है कि शहर में बड़ा आन्दोलन किया जायेगा। शहर के सभी 66 बार्डो में सड़क बेहद खराब है। यह आन्दोलन केवल पार्टी का नहीं, बल्कि पूरे ग्वालियर की जनता का होगा। हर वार्ड में जाकर प्रदर्शन कर पैदल मार्च निकालेंगे और गड्ढे में भाजपा का झंडा लगायेगे।