ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, दिल्ली में मैच के चलते आज 10 घंटे तक नो एंट्री

नई दिल्ली. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में रविवार को जिम्बाब्वे और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले टी20 विश्व कप मैच को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। ट्रैफिक प्रतिबंध रविवार दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक लागू रहेंगे, जिससे स्टेडियम और उसके आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित होने की संभावना है। पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे असुविधा से बचने के लिए अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। मुख्य रूप से राजघाट से दिल्ली गेट तक जेएलएन मार्ग, तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक आसफ अली रोड और बहादुर शाह जफर मार्ग पर आवाजाही प्रभावित रहेगी। इसके अलावा, दरियागंज से बहादुर शाह जफर मार्ग और गुरु नानक चौक से आसफ अली रोड तक भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। स्टेडियम जाने वाले दर्शकों के लिए गेट नंबर के आधार पर प्रवेश मार्ग निर्धारित किए गए हैं। गेट नंबर 1 से 8 और 16 से 18 के लिए बहादुर शाह जफर मार्ग से प्रवेश होगा, जबकि गेट नंबर 10 से 15 के लिए अंबेडकर स्टेडियम के पास जेएलएन मार्ग से प्रवेश दिया जाएगा। आम जनता के लिए स्टेडियम के पास पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी; केवल लेबल वाले वाहनों को ही निर्धारित पार्किंग क्षेत्रों जैसे जेपी पार्क और विक्रम नगर पार्किंग में जाने की अनुमति मिलेगी। अन्य दर्शकों के लिए माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोड्रोम रोड से 'पार्क-एंड-राइड' की मुफ्त बस सेवा उपलब्ध कराई गई है। रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को भी सलाह दी गई है कि वे आईटीओ चौक और बहादुर शाह जफर मार्ग पर संभावित भीड़ को देखते हुए योजना पहले से बनाकर निकलें। पुलिस ने साफ किया है कि जेएलएन मार्ग और रिंग रोड (राजघाट से आईपी फ्लाईओवर) पर सड़क किनारे वाहन खड़े करने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को क्रेन से उठा लिया जाएगा और उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। टैक्सी और ऑटो के लिए मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज और राजघाट चौक के पास पिक-अप और ड्रॉप पॉइंट बनाए गए हैं। recent visitors 32

सेना ने फायरिंग से दिया जवाब, ईरान में जंग के बीच पाकिस्तान ने भारत में भेजे ड्रोन

नई दिल्ली. ईरान में जारी इजरायली हमले के बीच जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) पर पाकिस्तानी ड्रोन की संदिग्ध गतिविधि देखी गई। रविवार सुबह तड़के पुंछ के दिगवार सेक्टर में एक पाकिस्तानी ड्रोन को भारतीय सीमा के भीतर प्रवेश करते देखा गया। भारतीय सेना के मुस्तैद जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए ड्रोन को मार गिराने के लिए भारी गोलीबारी की, जिसके बाद वह वापस पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) की ओर भाग गया। न्यूज एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से कहा, रविवार सुबह करीब 6:10 बजे सीमा पर तैनात एक अग्रिम चौकी के जवानों ने आसमान में एक संदिग्ध उड़ती हुई वस्तु देखी। जैसे ही पुष्टि हुई कि यह सीमा पार से आया एक दुश्मन ड्रोन है, भारतीय जवानों ने उसे निशाना बनाते हुए एक दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग की। जवानों की इस जवाबी कार्रवाई के बाद ड्रोन दिगवार इलाके में कुछ देर मंडराने के बाद वापस PoK की दिशा में लौट गया। 3 दिन में दूसरी घटना चिंता की बात यह है कि पिछले तीन दिनों के भीतर पुंछ सेक्टर में ड्रोन घुसपैठ की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 27 फरवरी को भी इसी तरह एक पाकिस्तानी ड्रोन को भारतीय क्षेत्र में देखा गया था, जिस पर सुरक्षाबलों ने गोलियां चलाई थीं। पाकिस्तान के द्वारा सीमा पार से ड्रोन का इस्तेमाल किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने के लिए किया जा रहा है। ड्रोन के वापस लौटने के तुरंत बाद भारतीय सेना ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर पूरे दिगवार और आसपास के जंगली इलाकों में एक व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया है। अधिकारियों को अंदेशा है कि ड्रोन के जरिए सीमा पार से हथियार, गोला-बारूद, नकदी या नशीले पदार्थों की खेप गिराई गई हो सकती है। सुरक्षाबल यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि इलाके में कोई भी संदिग्ध पैकेट न छूटा हो। आपको बता दें कि पुंछ और राजौरी जिलों में हाल के महीनों में ड्रोन की हलचल बढ़ी है, जिसे देखते हुए भारतीय सेना ने अपनी एंटी-ड्रोन प्रणालियों और निगरानी तंत्र को 'हाई अलर्ट' पर रखा है। वर्तमान में एलओसी पर स्थिति तनावपूर्ण लेकिन पूरी तरह नियंत्रण में है। recent visitors 30

ट्रंप की ईरान को लास्ट वॉर्निंग, ‘हमला किया तो ऐसा मारेंगे कि दुनिया ने कभी नहीं देखा होगा’

तेहरान. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को एक बार फिर चेतावनी दे दी है। रविवार को उन्होंने कहा कि अगर ईरान अटैक करता है, तो अमेरिका और ज्यादा ताकत से हमला करेगा। यह चेतावनी ईरान की वॉर्निंग के बाद आई है, जिसमें अमेरिका पर सबसे बड़े हमले की चेतावनी दी थी। इजरायल और अमेरिका के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई की मौत हो चुकी है। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि अमेरिका और भी बड़ा जवाबी हमला करेगा। उन्होंने लिखा, 'ईरान ने अभी बयान दिया है कि वे आज बहुत जोरदार हमला करने जा रहे हैं, इतना बड़ा हमला जैसा उन्होंने पहले कभी नहीं किया। लेकिन उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए, क्योंकि अगर वे ऐसा करते हैं, तो हम उन पर ऐसी ताकत से हमला करेंगे जो पहले कभी नहीं देखी गई होगी!' सुप्रीम लीडर की मौत अमेरिका-इजरायल के हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की 86 वर्ष की उम्र में मौत हो गई। खामेनेई ने 1989 से इस्लामी गणराज्य का नेतृत्व किया। खामेनेई ने ईरान के सर्वोच्च नेता के रूप में दशकों तक धार्मिक सत्ता स्थापित करने और देश को एक क्षेत्रीय महाशक्ति बनाने का प्रयास किया। उनका ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर इजरायल और अमेरिका के साथ टकराव रहा तथा उन पर देश में लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शनकारियों को कुचलने के भी आरोप लगे। ईरान में 88 सीट वाली विशेषज्ञ सभा खामेनेई के उत्तराधिकारी का चुनाव करेगी। इस विशेषज्ञ सभा में अधिकतर कट्टरपंथी धर्मगुरु शामिल हैं। हालांकि अब तक कोई स्पष्ट उत्तराधिकारी तय नहीं हुआ है। UN में गूंजा मुद्दा संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुतारेस ने ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हवाई हमलों की शनिवार को निंदा की और 'क्षेत्र और पूरी दुनिया को संकट से निकालने' के लिए तत्काल फिर से बातचीत शुरू करने का आह्वान किया। गुतारेस ने आपातकालीन बैठक में कहा कि स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए हर संभव प्रयास किया जाना चाहिए। गुतारेस ने कहा कि अमेरिका और इजरायल के हवाई हमलों ने संयुक्त राष्ट्र चार्टर सहित अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन किया है। उन्होंने बहरीन, इराक, जॉर्डन, कुवैत, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात की संप्रभुता एवं क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन करने के लिए ईरान के जवाबी हमलों की भी निंदा की।अमेरिका ने किया हमले के फैसले का बचाव संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत माइक वाल्ट्ज ने कहा कि अमेरिकी सैन्य कार्रवाई वैध थी। उन्होंने सुरक्षा परिषद को बताया, 'ईरान परमाणु हथियार नहीं रख सकता। यह सिद्धांत राजनीति का विषय नहीं है। यह वैश्विक सुरक्षा का विषय है और इसी उद्देश्य से अमेरिका कानूनी कार्रवाई कर रहा है।' इजरायल के राजदूत डैनी डैनन ने इन हवाई हमलों का बचाव करते हुए कहा कि अस्तित्व पर आए संकट को रोकने के लिए ये हमले आवश्यक थे। ईरान ने बताया अपराध संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत अमीर सईद इरावानी ने परिषद को बताया कि हवाई हमलों में सैकड़ों ईरानी नागरिक मारे गए और घायल हुए हैं और इसे उन्होंने युद्ध अपराध एवं मानवता के खिलाफ अपराध बताया। रूस के राजदूत ने अमेरिका-इजरायल के हवाई हमलों की निंदा की, जबकि चीन के राजदूत ने अपनी आलोचना में अधिक संयम बरता। recent visitors 29

रमजान पर मातम में शिया मुसलमान, ईरान के खामेनेई के मारे जाने पर भारत में प्रदर्शन

लखनऊ. इजरायल और अमेरिका के हमले के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत हो गई है। इसके बाद ईरान में लोग सड़कों पर उतर पड़े हैं। खामेनेई के समर्थक सड़कों पर मातम मना रहे हैं और अमेरिका-इजरायल का विरोध कर रहे हैं। खामेनेई की मौत के मातम से भारत भी अछूता नहीं है। यहां कश्मीर में कई जगहों पर लोग खामेनेई की तस्वीरों के साथ सड़कों पर उतरे और इजरायल-अमेरिका के खिलाफ नारेबाजी की। लोग 'खामेनेई जिंदाबाद' जैसे नारे भी लगा रहे थे। कश्मीर में प्रदर्शन की वजह यह है कि खामेनेई को फिलिस्तीन समर्थक नेता के तौर पर जाना जाता था। इसके अलावा शिया समुदाय के मुसालमान खामेनेई से काफी हमदर्दी रखते थे। कश्मीर के शिया मुसलमानों में खामेनेई की काफी लोकप्रियता थी और इसीलिए लोग उनकी मौत का मातम मनाने सड़कों पर उतर पड़े हैं। वहीं बेंगलुरु के पास शिया बहुल एक गांव में सन्नाटा पसरा है। लोगों का कहना है कि वे खामेनेई की मौत से बेहद दुखी हैं। पुलवामा और श्रीनगर में सड़कों पर उतरे लोग मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कश्मीर के पुलवामा और श्रीनगर में शिया बहुल इलाकों में लोग काले झंडे और बैनर लेकर सड़कों पर निकल पड़े और इजरायल-अमेरिका विरोधी नारे लगाने लगे। रविवार को ही ईरान ने अली खामेनेई की मौत की पुष्टि की है। इसके बाद ईरान ने अपने नए सुप्रीम लीडर का ऐलान भी कर दिया है। अली खामेनेई के बेटे मोर्तजा खामेनेई को नया सुप्रीम लीडर बनाने की तैयारी है। लखनऊ में भी प्रदर्शन उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी शिया मुसलमानों की संख्या काफी है। यहां भी लोगों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किए। लोगों ने इजरायल और अमेरिका के खिलाफ नारेबाजी की। एक प्रदर्शनकारी ने कहा, अमेरिका बात भी कर रहा था और युद्ध की धमकी भी दे रहा था। हमारे नेता ने घुटने नहीं टेके। एक हजार खामेनेई खड़े हो जाएंगे और जंग होकर रहेगी। लखनऊ में शिया समुदाय ने तीन दिन के शोक का भीऐलान किया है। कांग्रेस ने भी की इजरायल-अमेरिका के हमले की निंदा जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर शोक जताया और रविवार के लिए तय सभी राजनीतिक गतिविधियां स्थगति कर दीं।अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हवाई हमले में खामेनेई की मौत हो गई है। पीसीसी के एक प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी ईरान के सर्वोच्च नेता पर किए गए इन हवाई हमलों की कड़ी निंदा करती है और इसे अमेरिका व इजराइल की ओर से अमानवीय, बर्बर और कायरतापूर्ण कृत्य करार देती है। recent visitors 32

रायपुर में चौक-चौराहों पर दिखेंगी अनोखी मूर्तियां, ‘मुंज्या’ थीम की होलिका बनी आकर्षण

रायपुर. राजधानी रायपुर में रंगों के त्योहार होली की धूम देखने को मिल रही है। बाजारों में रंग-गुलाल और पिचकारियों की खरीदारी के साथ ही होलिका दहन की तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही है। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर इस बार अलग-अलग थीम पर होलिका की आकर्षक मूर्तियां बनाई गई हैं। इसी कड़ी में शहर के प्रसिद्ध कालीबाड़ी चौक पर साल 2024 में रिलीज हुई हॉरर फिल्म ‘मुंज्या’ की थीम पर आधारित होलिका की मूर्ति लोगों का ध्यान खींच रही है। “मुंज्या” थीम के साथ बनाई गई इस मूर्ति के पास फिल्म के प्रसिद्ध किरदारों की झलक भी देखने को मिल रही है, जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इस अनोखी प्रतिमा को कालीबाड़ी चौक के पुजारी मूर्तिकार बंधुओं ने तैयार किया है। मूर्तिकार राकेश पुजारी ने लल्लूराम डॉट कॉम से बातचीत करते हुए बताया कि वे पिछले 15 वर्षों से अलग-अलग थीम की मूर्तियां बना रहे हैं। इस बार मुंज्या फिल्म का ट्रेंड काफी चल रहा है। इस थीम पर होलिका माता के हाथ में प्रह्लाद भी नजर आएंगे। उन्होंने बताया कि अब तक राजधानी रायपुर में 20 से अधिक प्रतिमाएं बेची जा चुकी हैं। इसके अलावा शहर में इस बार अलग-अलग थीम पर आधारित कई आकर्षक होलिका प्रतिमाएं देखने को मिलेंगी, जो काफी आकर्षक रहेंगी। recent visitors 30

ईरान ने US बेस को भी बनाया निशाना, खामेनेई की मौत के बाद इजरायल पर मिसाइल अटैक

तेहरान. ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान में लोग सड़कों पर उतर आए हैं। ईरान ने अपना नया कमांडर इन चीफ नियुक्त किया है। ईरान ने खामेनेई की मौत के बगाद 40 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। वहीं इजरायल और अमेरिका के इस हमले की निंदा संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने भी की है। वहीं ईरान ने नए सुप्रीम लीडर का भी ऐलान किया है। हमलों के बाद भड़के हुए ईरान ने भी पड़ोसी देशों में स्थित अमेरिकी एयरबेसों को निशाना बनाया। ये हमले ऐसे समय में हुए जब हाल के हफ्तों में तनाव काफी बढ़ गया है। अमेरिकी युद्धपोत क्षेत्र में तैनात किए जा चुके थे और डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि वह ईरान के परमाणु कार्यक्रम को सीमित करने के लिए एक समझौता चाहते थे। यह उस समय हो रहा है जब देश के भीतर भी हालात चुनौतीपूर्ण हैं और राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शनों के बाद सरकार के खिलाफ असंतोष बढ़ रहा है। ईरान के हमलों की वजह से कतर, सऊदी अरब, ईराक और अन्य देशों में भी उसका विरोध हो रहा है। वहीं खबर के मुताबिक यूएई में ईरान के हमले में एक शख्स की मौत भी हो गई है। IRGC ने ब्रिगेडियर जनरल अहमद वहीदी को नया कमांडर इन चीफ चुन लिया है। ऐसे में युद्ध अभी लंबा खिंचने की संभावना नजर आ रही है। खामेनेई के मारे जाने पर प्रदर्शन की आग भारत तक पहुंच गई है। भारत में कश्मीर, यूपी और कई अन्य जगहों पर शिया मुसलमान सड़कों पर उतर रहे हैं। यूएन ने की हमले की निंदा संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुतारेस ने ईरान पर अमेरिका-इजराइल के हवाई हमलों की शनिवार को निंदा की और ''क्षेत्र और पूरी दुनिया को संकट से निकालने'' के लिए तत्काल फिर से बातचीत शुरू करने का आह्वान किया। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने आपातकालीन बैठक में कहा कि स्थिति को और बिगड़ने से रोकने के लिए हर संभव प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, ''वरना व्यापक संघर्ष होने की आशंका है जिसके नागरिकों और क्षेत्रीय स्थिरता के लिहाज से गंभीर परिणाम हो सकते हैं।'' यहां पढ़ें ईरान-इजरायल युद्ध का पूरा मामला… कैसे चुना जाएगा ईरान का सुप्रीम लीडर ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत ने देश के भविष्य को लेकर बेहद महत्वपूर्ण सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, मौलवियों की एक समिति को उनके स्थान पर नए नेता के चयन का काम सौंपा गया है। ईरान के संविधान के तहत 88 सदस्यीय समिति 'असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स' (विशेषज्ञों की सभा) नये सर्वोच्च नेता का चयन करेगी। इस निकाय में केवल शिया धर्मगुरु शामिल होते हैं, जिन्हें हर आठ वर्ष में जनमत के आधार पर चुना जाता है। कानून के अनुसार, 'असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स' को जल्द से जल्द नये सर्वोच्च नेता का चयन करना होगा। यदि चयन में देरी होता है तो एक नेतृत्व परिषद कार्यभार संभाल सकती है, जिसमें राष्ट्रपति, न्यायपालिका प्रमुख और 'गार्जियन काउंसिल' का एक वरिष्ठ सदस्य शामिल होता है। recent visitors 33

पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा, रिटायर्ड डॉक्टर से 2.52 करोड़ की ठगी में दरोगा का भाई भी शामिल

ग्वालियर. भारतीय वायुसेना के रिटायर्ड डॉक्टर नारायण महादेव टिकेकर को डिजिटल अरेस्ट कर 2.52 करोड़ रुपये ठगने के मामले में ग्वालियर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्वालियर पुलिस की टीम ने दिल्ली से चार आरोपियों को पकड़ा है। इनके बैंक खाते में ठगी की रकम में से 30 लाख रुपये गए थे। 30 लाख रुपये इन्होंने ही अपने एटीएम कार्ड के जरिये निकालकर बिचौलिये को दिए। इसके एवज में 1.70 लाख रुपये कमीशन मिला। पुलिस इन्हें कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी, जिससे ठगी की रकम की हेराफेरी करने वाले और भी लोगों तक पहुंचा जा सके। पकड़े गए आरोपियों में से एक का भाई दिल्ली पुलिस में दारोगा है। भाई के पकड़े जाने के बाद वह भी ग्वालियर आ गया। उसे यहां आकर पता लगा कि भाई ठगी की रकम की हेराफेरी करने के लिए अपने और दोस्तों के बैंक खाते ही किराये पर देता है। 89 वर्षीय नारायण महादेव टिकेकर सिरोल स्थित विंडसर हिल्स हाउसिंग सोसायटी में रहते हैं। 24 दिन तक ठगों ने खुद को सीबीआइ अधिकारी बताकर इन्हें मनी लांड्रिंग केस में फंसा बताकर डिजिटल अरेस्ट रखा था। इनसे 2.52 करोड़ रुपये ठग लिए थे। 500 बैंक खातों में ट्रांसफर हुई थी ठगी की रकम पुलिस ने पड़ताल की तो सामने आया कि ठगी की रकम दिल्ली, हरियाणा, उप्र, बिहार, गुजरात, असम, बंगाल सहित अन्य राज्यों के करीब 500 बैंक खातों में गया है। एसएसपी धर्मवीर सिंह ने क्राइम ब्रांच के डीएसपी मनीष यादव, एसआइ अमित शर्मा और उनकी टीम को पड़ताल में लगाया। टीम ने तकनीकि विश्लेषण किया। उसके बाद चार आरोपित चिन्हित हुए। इनके बैंक खातों में 30 लाख रुपये गए थे। यह रुपये भी खाते में आते ही निकाल लिए गए। क्राइम ब्रांच की टीम ने रात को चार आरोपियों को पकड़ लिया। इन्हें पुलिस ग्वालियर ले आई है। पूछताछ में इन्होंने स्वीकार किया कि एक बिचौलिये के जरिये बैंक खाते ठगों को किराये पर दिए थे। इसके एवज में कमीशन मिलता था। पहले भी ठगी की रकम इनके खातों में आ चुकी है। यह आरोपित पकड़े गए 1.-मोहित मिश्रा पुत्र रामनरेश मिश्रा उम्र 31 वर्ष निवासी बी 40 चाणक्य पैलेस -1 स्ट्रीट नंबर 48 जनकपुरी नई दिल्ली 2- राहुल प्रजापति पुत्र प्रेम सिंह प्रजापति उम्र 25 वर्ष निवासी राजद 150 धरमपुर प्रथम नजफगढ़ नई दिल्ली 3-हरीश यादव पुत्र रामबाबू यादव उम्र 25 वर्ष निवासी हाउस नंबर 49 ब्लॉक धरमपुरा एक्सटेंशन नजफगढ़ नई दिल्ली 4-साहिल पुत्र फिरोज खान निवासी ए-5 175 एक्सटेंशन पार्ट 1 मोहन गार्डन उत्तम नगर नई दिल्ली टेलीग्राम के जरिये खाते किराये पर देने का नेटवर्क: प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह टेलीग्राम एप के जरिये एक ग्रुप से जुड़े। यहां से ही ठगी की रकम की हेराफेरी के लिए खाते उपलब्ध कराने का पूरा नेटवर्क चलता है। यूएसडीटी के जरिये क्रिप्टो ट्रेडिंग: इस मामले में भी क्रिप्टो ट्रेडिंग हुई है। यूएसडीटी के जरिये ठग क्रिप्टो ट्रेडिंग कराते हैं और पूरा पैसा विदेश पहुंच रहा है। पुलिस ने पकड़े चार आरोपी रिटायर्ड डाक्टर से ठगी के मामले में चार आरोपित पकड़े गए हैं। इन्होंने अपने बैंक खाते किराये पर दिए थे। इन्हें रिमांड पर लिया जाएगा। धर्मवीर सिंह, एसएसपी recent visitors 29