In fact, education is such a mantra that no one can steal it: Mahendra Singh Yadav
- पिछड़ा दलित विकास महासंघ ने 500 होनहार बच्चों का किया सम्मान
भोपाल। पिछड़ा दलित विकास महासंघ के बैनर तले रविवार को टीटी नगर स्थित अपेक्स बैंक के समन्वय भवन में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन संपन्न हुआ। इसमें मुख्य अतिथि अपेक्स बैंक के अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव, राधारमण इंस्टीट्यूट ग्रुप के चेयरमैन संजीव सक्सेना, महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ददन यादव, मिलेनियम इंस्टीट्यूट ग्रुप के चेयरमैन विनोद यादव समेत अन्य गणमान्यजनों ने करीब 500 बच्चों को शील्ड और प्रशस्ति पत्र से पुरस्कृत किया। आयोजन में बड़ी संख्या में बच्चों, उनके अभिभावकों और महासंघ के पदाधिकारियों , सदस्यों तथा महिलाओं ने भाग लिया और बच्चों का हौंसला बढ़ाया।

कार्यक्रम में अपेक्स बैंक के अध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि वास्तव में शिक्षा ऐसा मंत्र है, जिसको कोई चुरा नहीं सकता है। इसलिए बच्चों को शिक्षा, संस्कार और समन्वय सीखना जरूरी है। आज की भागमभाग भरी जिंदगी में आत्मीयता की आवश्यकता है। हमारा परिवार एकजुट और संस्कारित रहे। बच्चों को एक टारगेट बनाकर पढ़ाई करना पड़ेगा। सुबह 5 बजे उठना होगा। रात की पढ़ाई भूल जाती है, लेकिन सुबह की ग्रहण की गई शिक्षा ज्यादा याद रहती है। हर अभिभावक पढ़ाई में बेटा और बिटिया में अंतर न करें।
आयोजन का कारवां रुकेगा नहीं, यही महासंघ का संकल्प: ददन यादव
महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ददन यादव ने कार्यक्रम के आय-व्यय का ब्यौरा रखा। उन्होंने बताया कि महासंघ को कार्यक्रम आयोजित करने के लिए लोगों ने भरपूर मदद की है। इस आयोजन के लिए 1 लाख 75 हजार रुपए समाज से जनसहयोग के रूप में एकत्रित हुआ है। इसमें 50 हजार रुपए महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ददन यादव ने भी दिया। जबकि इस आयोजन पर करीब 3 लाख 5 हजार खर्च हुआ है। बच्चों के भविष्य को लेकर इस प्रकार के आयोजन निरंतर महासंघ के बैनर तले होते रहेंगे, यह मेरी प्रतिज्ञा और संकल्प है।

पुरस्कार बढ़ाते हैं बच्चों का उत्साह : संजीव सक्सेना
राधारमण कॉलेज ग्रुप के चेयरमैन संजीव सक्सेना ने बच्चों का भविष्य गढ़ने के बारे में मैथर्डपूर्वक विस्तार से बताया, जिससे बच्चे आत्मबोधन करने के लिए उत्सुक दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के पुरस्कारों ने मुझे मेरे बचपन की याद दिला दी। मैं भी प्रतिभाशाली रहा हूं और सम्मान मिला है। पुरस्कार बच्चों का उत्साह बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि माता- पिता अपने बच्चों को फोकस करने का तरीका बताएं, तभी बच्चे अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ेंगे। उन्होंने तकनीकी ज्ञान के उदाहरण के जरिए भी बच्चों को बारीकी से समझाया। उन्होंने कहा कि हमें बिजनेसमैन बनने के लिए पढ़ना है, ना कि किसी की नौकरी के लिए। पढ़ने की 10 प्रकार की लर्निंग होती है। आपको 5 से 10 साल तक दिमाग को अपने लक्ष्य पर फोकस करना है। उसके बाद अनंत संभावना है।

आपका कर्म ही आपका भाग्य बनाता है: एनआर यादव
संघ के महासचिव एनआर यादव (इलाहाबाद) ने कहा कि छात्र-छात्राएं हमारे भविष्य की धरोहर हैं। यही बच्चे आगे चलकर आईएएस और आईपीएस व अन्य स्तर के अधिकारी बनते हैं। इसलिए इनका मनोबल बढ़ाए। आपका कर्म ही आपका भाग्य बनाता है।
कोर्स के अलावा भी स्किल सीखना जरूरी: विनोद यादव
मिलेनियम कॉलेज ग्रुप के चेयरमैन विनोद यादव ने कहा कि बच्चों को कोर्स के अलावा सामाजिक समझ और जनरल अवेयरनेस में भी आगे आना होगा। उन्होंने बच्चों को कॉलेजेस शिक्षा के क्षेत्र में हर प्रकार के मार्गदर्शन देने का वादा किया। उन्होंने कहा कि किसी भी कॉलेज में प्रवेश लेना है, तो उनकी मदद करने में मैं पीछे नहीं हटूंगा। जैसे फोन करना हो या अन्य परेशानी के लिए भी मुझसे बच्चे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर जो बच्चे हमारे कॉलेज में प्रवेश लेते हैं, तो उनकी आर्थिक रूप से मदद की जाएगी।

समाज में एकता बनाए रखने पर जोर
महिला बिंग की अध्यक्ष सीमा यादव ने समाज में एकता बनाए रखने पर जोर दिया। बच्चों को निरंतर अपनी पढ़ाई और कैरियर में आगे बढ़ने की सलाह दी। समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता शिशुपाल यादव ने कहा कि अगर मकान बनाना है तो उसकी नींव मजबूत होना चाहिए, इसलिए अगर जिंदगी सही बनाना है, तो उसके लिए अच्छी शिक्षा होना जरूरी है। शिक्षा की सबसे बड़ी जननी बच्चों की माता है। आज का दौर स्किल का है। यह डिजिटल युग है। आप घर बैठे विदेशी कंपनियों के काम कर सकते हैं।
राजधानी यादव समाज के अध्यक्ष रामस्वरूप यादव ने कहा कि अपने अधिकारों के प्रति हम सबको काम करना है, तभी यह समाज आगे बढ़ पाएगा। क्योंकि जागरूकता ही हमारी तरक्की की राह आसान करती है।
आयोजन में मुख्य रूप से महासंघ के जिलाध्यक्ष शिवजी यादव, विकास यादव, कोचिंग संचालक कृष्ण सर, संदीप यादव, महिला बिंग की जिलाध्यक्ष अनीता कुशवाहा, महामंत्री शैलेंद्र यादव, दिलीप यादव, शैलेश सेन, रेखा सेन, अरविंद कुशवाहा, प्रो सूर्यदेव सिंह समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


“माय सीक्रेट न्यूज़” यह एक ऑनलाइन वेबसाइट है, जो आपको देश – दुनिया और आपके आसपास की हर छोटी-बड़ी खबरों को आप तक पहुंचाती है। इस वेबसाइट का संचालन वरिष्ठ पत्रकार पुष्पेन्द्र जी कर रहे हैं। उन्होंने पत्रकारिता में BJC (बेचलर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) और MJC (मास्टर ऑफ़ जर्नलिज्म एंड कम्युनिकेशन) की डिग्री 2011 में हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय सागर मप्र से हासिल की है। उन्होंने भोपाल के स्वदेश, राज एक्सप्रेस, राष्ट्रीय हिंदी मेल, सांध्य प्रकाश, नवदुनिया और हरिभूमि जैसे बड़े समाचार पत्र समूहों में काम किया है। इस वेबसाइट का संचालन मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से हो रहा है, जहाँ से प्रदेश की राजनीति से लेकर विकास की योजनाएं तैयार होती हैं।दे श व प्रदेश जिले की ताजा अपडेट्स व राजनीतिक प्रशासनिक खबरों के लिए पढ़ते रहिए हमारी वेबसाइट (my secret news. Com )👈 ✍️ पुष्पेन्द्र , (वरिष्ठ पत्रकार) भोपाल, मप्र




















