जबलपुर में गड्ढों की मरम्मत का नया फॉर्मूला, कोल्ड मिक्स एस्फाल्ट से गोहलपुर की सड़कें हुईं समतल

New formula for pothole repair in Jabalpur: Gohalpur roads leveled using cold mix asphalt.

विशेष संवाददाता: जितेन्द्र श्रीवास्तव/अर्पिता श्रीवास्तव

जबलपुर । नगर निगम ने जोन क्रमांक 14 गोहलपुर क्षेत्र में सड़कों के गड्ढों की मरम्मत का काम पूरा कर लिया है। प्रमुख मार्गों और पहुंच मार्गों पर बने गड्ढों को भरने के लिए आधुनिक कोल्ड मिक्स एस्फाल्ट तकनीक का उपयोग किया गया है। इससे सड़कें समतल होने के साथ वाहन चालकों को आवागमन में राहत मिली है।

नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में क्षेत्र में सड़कों के संधारण और रिपेयरिंग का कार्य कराया गया। कोल्ड मिक्स तकनीक से बिना यातायात को अधिक प्रभावित किए कम समय में मरम्मत कार्य पूरा किया गया।

तेजी से भरे जा सके गड्ढे
निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने बताया कि हॉट मिक्स पद्धति की तुलना में कोल्ड मिक्स एस्फाल्ट तकनीक के उपयोग से सड़क मरम्मत का काम तेजी से किया जा सका। सड़क के गड्ढे भरने और समतलीकरण से दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को सुविधा मिली है। इससे गड्ढों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
उन्होंने बताया कि इस तकनीक में कम तापमान पर सामग्री का उपयोग किया जाता है, जिससे मरम्मत के दौरान धूल और प्रदूषण की समस्या भी अपेक्षाकृत कम रहती है। इससे स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों को राहत मिली है। जोनल अधिकारी और निर्माण शाखा की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया तथा गुणवत्ता मानकों की जांच की।

क्षेत्रवासियों और व्यापारियों ने सड़क मरम्मत कार्य पर संतोष जताते हुए नगर निगम के प्रति आभार व्यक्त किया।नगर निगम अधिकारियों के अनुसार शहर में नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए इसी तरह के कार्य आगे भी जारी रहेंगे।

Loading spinner
Advertisement