मृतक का चश्मदीद बेटा बोला- आतंकी हमले में नाबालिग भी शामिल, कैमरा लगाकर आए थे और सेल्फी ले रहे थे

इंदौर जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के दौरान अपनी आंखों के सामने पिता को खोने वाले इंदौर के युवक का कहना है कि हमलावरों में नाबालिग लड़के भी शामिल थे, जो कि अपने सिर पर कैमरा लगाकर आए थे और वारदात के दौरान उन्होंने सेल्फी भी ली थीं। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ के नाम से मशहूर प्रमुख पर्यटक स्थल बैसरन घाटी में मंगलवार को हुए आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए थे और कई अन्य घायल हो गए थे। मृतकों में ज्यादातर पर्यटक थे जिनमें इंदौर के सुशील नथानियल (58) भी शामिल हैं। हमले में जीवित बच निकले उनके बेटे का कहना है कि आतंकियों ने उनके सामने कम से कम छह लोगों को गोली मारी। इस आतंकी वारदात में जान गंवाने वाले सुशील नथानियल इंदौर से करीब 200 किलोमीटर दूर अलीराजपुर में भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के प्रबंधक के रूप में पदस्थ थे। वह अपने पूरे परिवार के साथ कश्मीर घूमने गए थे। इस हमले में जहां नथानियल की मौत हो गई, वहीं आतंकियों ने उनकी बेटी आकांक्षा (35) के पैर में गोली मारकर उसे घायल कर दिया। जबकि उनकी पत्नी जेनिफर (54) और उनका बेटा ऑस्टिन उर्फ गोल्डी (25) हमले के दौरान सुरक्षित बच निकले थे। पिता की मौत से दुखी ऑस्टिन ने घटना की जानकारी देते हुए मीडिया को बताया, ‘आतंकियों में 15-15 साल के नाबालिग लड़के शामिल थे और उनकी संख्या कम से कम चार थी। इस आतंकी वारदात के दौरान वे सेल्फी ले रहे थे और अपने सिर पर कैमरा लगाकर आए थे।’ ऑस्टिन ने आगे बताया कि 'आतंकियों ने उनके पिता और मौके पर मौजूद अन्य सभी लोगों से उनकी धार्मिक पहचान पूछने के बाद उन्हें गोली मारी। यहां तक कि उनके मुस्लिम होने की तसल्ली करने के लिए आतंकियों ने उनसे कलमा पढ़ने के लिए भी कहा, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वे मुस्लिम हैं या गैर मुस्लिम?' उन्होंने बताया कि अगर कोई व्यक्ति आतंकियों के कहने पर उन्हें कलमा बोलकर भी बता रहा था, तब भी उन्होंने बाद में उसके कपड़े भी उतरवाकर उनके मुस्लिम होने की पुष्टि की थी। ऑस्टिन ने बताया कि, ‘इस तरीके से आतंकियों ने मेरे सामने छह गैर मुस्लिम लोगों को गोली मारी।’ यह पूछे जाने पर कि वह अब सरकार से क्या चाहते हैं, अपने पिता को खोने वाले युवक ने जवाब दिया, ‘मैं बस इतना चाहता हूं कि उस जगह (बैसरन में) पुलिस और सेना के कर्मियों की बड़ी तादाद में तैनाती की जाए क्योंकि वहां सबसे ज्यादा पर्यटक आते हैं।’ इस बीच, नथानियल को गुरुवार को जूनी इंदौर कैथोलिक कब्रिस्तान में दफना दिया गया। इस दौरान उनकी पत्नी जेनिफर बार-बार बदहवास होती दिखाई दीं, जिन्हें उनके बेटे ऑस्टिन और नजदीकी रिश्तेदारों ने संभाला। नथानियल की घायल बेटी आकांक्षा व्हीलचेयर पर कब्रिस्तान पहुंचीं और अपने पिता को अंतिम विदाई दी। कब्रिस्तान में नथानियल को श्रद्धांजलि देने वाले नेताओं में राज्य के कैबिनेट मंत्री तुलसीराम सिलावट और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी शामिल रहे। recent visitors 42

राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने गोविंदपुरा क्षेत्र के वार्ड-56 में भ्रमण कर सुनीं नागरिकों की समस्याएं

भोपाल पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने गुरुवार को वार्ड 56 में क्षेत्रवासियों से जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की और एसडीएम को अवैध कॉलोनाइजर्स के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान आनंद बिहार कालोनी और नरेंद्र नगर बरखेड़ा पठानी की महिलाओं ने राज्यमंत्री श्रीमती गौर को बताया कि बिल्डर ने प्लॉट बेच दिए। पानी, बिजली और नाली जैसी कोई भी सुविधा उपलब्ध नहीं कराई। स्‍थानीय नागरिकों ने बताया कि एक पेट्रोल पंप संचालक ने अटल चौराहे से 80 फीट रोड पर अतिक्रमण कर आम रास्ता बंद कर दिया है। रहवासियों ने वैकल्पिक मार्ग देने की मांग की। स्थानीय नागरिकों ने अधूरे पड़े सुलभ शौचालय का निर्माण पूरा कराने की मांग की। माता मंदिर बरखेड़ा पठानी में महिलाओं ने नाली की सफाई नहीं होने, कचरा नहीं उठाने की शिकायत की। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए लापरवाही करने वाले कर्मचारियों ने कार्य प्रणाली में सुधार नहीं किया, तो उनके विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी। साकेत नगर सेक्टर-3डी नुपुर बाल उघान के नागरिकों ने पार्क में असामाजिक तत्वों के कब्जा कर अवैध कॉमर्शियल गतिविधियां संचालित किये जाने की शिकायत की। यहां जर्जर हो चुकी सीवेज लाइनों से सड़कों पर गंदा पानी बहने की बात भी उठाई गई। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने बताया कि नई पाइप लाइन का निर्माण अमृत फेज-2 के तहत शीघ्र कराया जायेगा। राज्यमंत्री श्रीमती गौर के साथ पार्षद श्री नीरज सिंह, प्रताप सिंह बेस, लीलाधर मालवीय, तुलाराम नामदेव, सुनील दबे सहित सैकड़ों की संख्या में रहवासी, कार्यकर्ता और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।   recent visitors 42

पंच-सरपंचों को संबोधित कराते हुए मंत्री पटेल ने कहा- ग्राम के विकास के लिए योजना बनाकर काम करें, राशि की कमी नहीं

भोपाल पंचायत एवं ग्रामीण विकास, श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने गुरुवार को रायसेन जिले की सांची जनपद पंचायत के ग्राम सिलपुरी में आयोजित पंचायत प्रतिनिधियों का प्रशिक्षण/जनसंवाद उन्मुखीकरण कार्यक्रम सह सम्मान समारोह का कन्या-पूजन और दीप-प्रज्जवलन कर शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी/कर्मचारी एवं नागरिक उपस्थित थे। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि हमारी पंचायत व्यवस्था आत्मनिर्भर व स्वाबलंबी होनी चाहिए। सभी अपने ग्राम को स्वाबलंवी और आत्मनिर्भर बनाने के लिए कार्य करें। उन्होंने पंच-सरपंचों को संबोधित कराते हुए कहा कि ग्राम के विकास के लिए योजना बनाकर काम करें, राशि की कमी नहीं है। ग्राम के विकास के लिए राशि का उपयोग इस प्रकार करें कि ग्राम का विकास हो और ग्रामीणों का भविष्य बेहतर हो। मंत्री श्री पटेल ने कहा कि पंचायतों को अपने संसाधनों से आत्मनिर्भर बनना चाहिए। इस वर्ष भारत सरकार के 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत किये गये वित्तीय प्रावधानों को व्यय करने का अंतिम वर्ष है। इसके अलावा राज्य का वित्त, स्टॉम्प ड्यूटी की राशि, गौण खनिज की राशि सहित अन्य स्त्रोतों से भी पंचायतों को आय होती है। इस राशि का कार्य योजना बनाकर उपयोग किया जाए। इस वर्ष बजट में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के लिये वित्तीय प्रावधानों में वृद्धि हुई है। ई-पंचायत को दृष्टिगत रखते हुए बनाए जायेंगे पंचायत भवन मंत्री श्री पटेल ने कहा कि पंचायत भवन ई-पंचायत को दृष्टिगत रखते हुए बनाए जायेंगे। पंचायत भवन इस प्रकार बनाया जाए जो कि आगामी 40 वर्ष तक उपयोगी हो। भविष्य में उन्हें दो मंजिला, तीन मंजिला बनाया जा सकेगा। इसी प्रकार सभी पंचायतों में बहुउपयोगी सामुदायिक भवन भी बनाये जायेंगे। उन्होंने उपस्थित पंच-सरपंचों से कहा कि वह अपने जिलों में पंच-सरपंचों, जनपद सदस्यों का सम्मेलन करें और नागरिकों की समस्याएं सुने। उन्होंने कहा कि हम सभी को टीम भावना से कार्य करना होगा। आपस में समन्वय से काम की गति बढ़ेगी, बेहतर काम होगा। रोपित पौधों को बच्चों के समान बड़े होने तक संरक्षण दें जल गंगा संवर्धन अभियान का उल्लेख करते हुए मंत्री श्री पटेल ने कहा कि अभियान के तहत छोटी-छोटी नदियों को जोड़ें, जिससे नदी नालों में पानी मिलेगा। हमें घर में, खेतों के लिये जल की आवश्यकता है। हमें जल संरक्षण के लिये प्रयास करने होंगे। वृक्ष हम आने वाली पीढ़ियों के लिए लगाते हैं। वृक्ष छाया भी देते हैं, फल भी देते हैं और पानी भी एकत्रित करते हैं। पर्यावरण संरक्षण, पौध-रोपण, जल संरक्षण केवल सरकार का काम नहीं है, यह हम सभी की जिम्मेदारी है। केवल पौध-रोपण ही न करें, बल्कि रोपित किए गए पौधे वृक्ष का आकार लें यह भी सुनिश्चित करें। वृक्ष हमारे जीवन के लिये आवश्यक हैं, इनके लिये अपना योगदान दें। उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों के पंच-सरपंच हुए सम्मानित मंत्री श्री पटेल ने जिले की ऐसी ग्राम पंचायतें जहां विभिन्न अभियानों तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य किया है, उन ग्राम पंचायतों के सरपंच तथा पंचों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य विभाग, महिला बाल विकास विभाग, स्व-सहायता समूहों के साथ ही ई-केवायसी कार्य के लिये स्टॉल भी लगाए गए। राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस कार्यक्रम का देखा लाइव प्रसारण कार्यक्रम स्थल पर बिहार के मधुबनी में आयोजित राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस कार्यक्रम तथा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन का लाईव प्रसारण वर्चुअली देखा गया। मंत्री श्री पटेल सहित सभी अतिथियों, अधिकारियों, सरपंचों तथा पंचों द्वारा दो मिनिट का मौन धारण कर जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले में मृतकों को श्रद्धांजलि दी।   recent visitors 46

भारत ने पाक पर डिप्लोमैटिक स्ट्राइक करते हुए भारत ने इस मुद्दे पर अमेरिका, रूस समेत कई राजदूतों को बुलाया

नई दिल्ली पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। डिप्लोमैटिक स्ट्राइक करते हुए भारत ने इस मुद्दे पर अमेरिका, रूस समेत कई राजदूतों को बुलाया है और उन्हें पाकिस्तानी आतंकियों द्वारा किए गए आतंकी हमले के बारे में विस्तार से बताया है। मंगलवार को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक समेत 26 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई पर्यटक घायल हो गए थे। इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर के मुखौटा आतंकी संगठन टीआरएफ ने ली है। भारत ने पहलगाम हमले के बारे में जानकारी देने के लिए गुरुवार को अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोपीय यूनियन, इटली, कतर, जापान, चीन, रूस, जर्मनी, फ्रांस आदि के शीर्ष राजदूतों को साउथ ब्लॉक स्थित विदेश मंत्रालय के कार्यालय में बुलाया। सूत्रों ने बताया कि विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने जी-20 देशों के राजदूतों को पहलगाम हमले के बारे में बताया है। विदेश मंत्रालय के अधिकारियों की राजदूतों को ब्रीफ करने की यह बैठक तकरीबन आधे घंटे तक चली। इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को सुरक्षा संबंधी कैबिनेट समिति (सीसीएस) की बैठक हुई थी, जिसमें इस कायरतापूर्ण हमले के प्रति भारत के जवाबी कदमों को अंतिम रूप दिया गया तथा सुरक्षा बलों को उच्च सतर्कता बनाए रखने का निर्देश दिया गया। भारत ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए उसके साथ राजनयिक संबंधों में व्यापक कटौती, छह दशक से ज्यादा पुरानी सिंधु जल संधि स्थगित करने और अटारी चौकी को बंद किए जाने समेत कई फैसले किए थे। भारत ने इस्लामाबाद के खिलाफ जवाबी कार्रवाई के तहत गुरुवार को पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा सेवाएं तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की घोषणा की। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों को जारी सभी मौजूदा वैध वीजा 27 अप्रैल से रद्द कर दिए गए हैं। इसने कहा कि पाकिस्तानी नागरिकों को जारी मेडिकल वीजा केवल 29 अप्रैल तक वैध रहेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत में मौजूद सभी पाकिस्तानी नागरिकों को वीजा अवधि समाप्त होने से पहले देश छोड़ देना चाहिए। recent visitors 53

भारत ने पाकिस्तान में मौजूद भारतीयों को जल्द से जल्द वापस अपने देश लौटने के लिए कहा, पाक यात्रा से बचने की दी सलाह

नई दिल्ली पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान में तनाव चरम पर पहुंच गया है। भारत ने पाकिस्तान में मौजूद भारतीयों को जल्द से जल्द वापस अपने देश लौटने के लिए कहा है। साथ ही, भारतीयों से पाकिस्तान की यात्रा करने से बचने की सलाह दी गई है। पहलगाम में हुए हमले के बाद सीसीएस की बैठक में केंद्र सरकार ने पांच बड़े फैसले लिए थे। इसमें पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा को रद्द करने का निर्णय भी शामिल था। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को इस फैसले के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीएस) द्वारा लिए गए निर्णयों के क्रम में, भारत सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों को तत्काल प्रभाव से वीजा सेवाएं निलंबित करने का निर्णय लिया है। भारत द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए सभी मौजूदा वैध वीजा 27 अप्रैल 2025 से रद्द कर दिए गए हैं। विदेश मंत्रालय ने कहा, ''पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए मेडिकल वीजा केवल 29 अप्रैल 2025 तक वैध होंगे। वर्तमान में भारत में मौजूद सभी पाकिस्तानी नागरिकों को संशोधित वीजा की अवधि समाप्त होने से पहले भारत छोड़ देना चाहिए। भारतीय नागरिकों को पाकिस्तान की यात्रा करने से बचने की सख्त सलाह दी जाती है। वर्तमान में पाकिस्तान में मौजूद भारतीय नागरिकों को भी जल्द से जल्द भारत लौटने की सलाह दी जाती है।'' मंगलवार को पहलगाम के बैसरन में आतंकवादियों ने पर्यटकों पर हमला कर दिया था, जिसमें 25 भारतीय नागरिक और एक नेपाली नागरिक की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे। यह 2019 के पुलवामा हमले के बाद घाटी में सबसे घातक हमलों में से एक था। इस आतंकी हमले की अमेरिका, रूस समेत दुनियाभर के तमाम देशों ने निंदा की है। हमले के बाद भारत ने सीमा पार आतंकवाद को समर्थन देने के लिए पाकिस्तान के खिलाफ कड़े जवाबी कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हुई सीसीएस बैठक में भारत ने 1960 की सिंधु जल संधि को तब तक स्थगित रखने का फैसला किया जब तक कि पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद को अपना समर्थन विश्वसनीय और अपरिवर्तनीय रूप से त्याग नहीं देता और एकीकृत अटारी चेक पोस्ट को बंद कर दिया। भारत ने पाकिस्तानी उच्चायोग के अधिकारियों को भी अवांछित व्यक्ति घोषित कर दिया है और उन्हें एक सप्ताह के भीतर भारत छोड़ने का आदेश दिया है। देश ने आगे सार्क वीजा छूट योजना (SVES) के तहत प्रदान किए गए किसी भी वीजा को रद्द करने का फैसला किया और पाकिस्तान को 48 घंटे के भीतर देश छोड़ने का आदेश दिया। recent visitors 39

भेल परिसर में वेस्ट मटेरियल में अचानक आग लगने की घटना की जानकारी लगते ही मंत्री सारंग ने स्थिति का लिया जायज़ा

भोपाल भोपाल के भेल परिसर स्थित गेट नंबर 9 के पास गुरुवार को वेस्ट मटेरियल में अचानक आग लगने की घटना की जानकारी मिलते ही सहकारिता मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायज़ा लिया। मंत्री श्री सारंग ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों, भेल प्रबंधन और फायर ब्रिगेड अधिकारियों के साथ आवश्यक चर्चा कर राहत एवं बचाव कार्य की समीक्षा की। उन्होंने फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आवश्यकता अनुसार आसपास के क्षेत्रों से भी अतिरिक्त फायर यूनिट्स बुलाने के निर्देश दिए। मंत्री श्री सारंग ने अधिकारियों से कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से भेल परिसर के हरियाली युक्त क्षेत्रों में सुरक्षा इंतज़ाम बढ़ाने पर बल दिया और निर्देशित किया कि इन क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण, कचरा प्रबंधन और सूखी घास/झाड़ियों की सफाई की उचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि भेल प्रशासन और जिला प्रशासन को समन्वय के साथ काम करते हुए उन भूमियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें, जिनका वर्तमान में कोई उपयोग नहीं हो रहा है। मंत्री श्री सारंग ने यह भी कहा कि इन क्षेत्रों का समुचित रखरखाव हो और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इस मौके पर सीआईएसएफ (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) की टीम के साथ भोपाल कलेक्टर, एसडीएम, एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे और राहत कार्यों की निगरानी में जुटे रहे।   recent visitors 33

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पहलगाम हमले के दोषियों के खिलाफ होगी कठोर कार्रवाई : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि पहलगाम में आतंकियों के कायराना हमले के बाद प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने महत्वपूर्ण प्रतिबंधात्मक निर्णय लिए हैं। केन्द्र सरकार के यह फैसले देश के स्वाभिमान को बढ़ाने वाले हैं। ये महत्वपूर्ण फैसले अपने नागरिकों के प्रति केन्द्र सरकार की संवेदनशीलता को भी दर्शाते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जम्मू-कश्मीर हमारे देश का अभिन्न अंग है। केन्द्र सरकार ने यहां वर्षों से चली आ रही परेशानियों को समाप्त कर खुशहाली और स्वच्छंद पर्यटन का वातावरण तैयार किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में पहलगाम में कायराना हरकत करने वालों के खिलाफ निश्चित रूप से कठोर कार्रवाई की जाएगी। मध्यप्रदेश सरकार सभी परिस्थितियों में केन्द्र सरकार के साथ है। देश कश्मीर की खुशहाली पर आँच नहीं आने देगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गुरुवार को मीडिया में जारी संदेश में यह विचार व्यक्त किए। recent visitors 30