मध्य प्रदेश कांग्रेस का प्रदर्शन: रोशनपुरा चौराहे पर पुलिस की बैरिकेडिंग, आ रहे कांग्रेस नेताओं को रोका

Demonstration of Madhya Pradesh Congress: Police barricading at Roshanpura intersection, stopped the coming Congress leaders. MP Congress Protest: मध्य प्रदेश कांग्रेस का विधानसभा का घेराव का प्रदर्शन जारी है। सोमवार को एमपी कांग्रेस के इस प्रदर्शन में प्रदेशभर के हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए हैं। अभी भोपाल के जवाहर चौक इलाके में सभा चल रही है। इसके बाद कांग्रेस के नेता हजारों कार्यकर्ताओं के साथ विधानसभा की ओर कूच करेंगे। उनको रोकने के लिए पुलिस ने रोशनपुरा चौराहे पर बैरिकेडिंग कर रखी है। यहां वाटर कैनन भी मौजूद है। वहीं दूसरे जिलों से आ रहे कांग्रेस नेताओं को रोकने के लिए पुलिस ने भोपाल से लगी सड़कों पर भी बैरिकेड्स लगा रखे हैं। राजगढ़ जिले से आए कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका तो जिला पंचायत अध्यक्ष चन्दर सिंह राजगढ़ की अधिकारियों से बहस हो गई। प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, विधायक और कार्यकर्ता शामिल हुए हैं। मनोज परमार के बच्चों की करेंगे मदद: सज्जन कांग्रेस की सभा में सज्जन सिंह वर्मा ने कहा- मणिपुर जल रहा है। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना भारत में सुरक्षित हैं लेकिन वहां हिंदू मारे जा रहे हैं। वर्मा ने कहा कि मनोज परमार और उनकी पत्नी नेहा ने बीजेपी और ईडी के दबाव में आत्महत्या कर ली। आज बीजेपी के लोग उन बच्चों को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। मैं कल अपने पार्टी के तमाम साथियों से मदद लेकर एक बड़ी गुल्लक उन बच्चों को देने जाऊंगा। ताकि उन्हें पढ़ाई के लिए और भविष्य में तकलीफ न हो। रावत को लेकर जयवर्धन का तंज पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा कि बीजेपी सरकार ने लाड़ली बहन योजना की राशि 1250 रुपए में एक रुपया भी नहीं बढ़ाया। चुनाव जीतने के बाद बीजेपी ने लाड़ला नेता योजना शुरू की। उस लाड़ला योजना के सबसे पहले लाभार्थी बने रामनिवास रावत। रामनिवास बीजेपी में गए लेकिन विजयपुर की जनता ने, माताओं-बहनों ने गरीब आदिवासी मुकेश मल्होत्रा को विधानसभा पहुंचा दिया। बीजेपी के लाड़ले नेता रामनिवास जी को घर बैठा दिया। बीजेपी सरकार चीन का लहसुन खिला रही कांग्रेस की सभा में पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह ने कहा- आज बांग्लादेश के जरिये चीन का लहसुन हमारे यहां आ रहा है। बीजेपी सरकार के राज में हमें चीन का लहसुन खिलाया जा रहा है। किसानों को फसल का उचित दाम नहीं मिल रहा। मैं जब ऊर्जा मंत्री था, कांग्रेस की सरकार 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली देती थी। आज 1500 रुपए में 100 यूनिट बिजली मिल रही है। किसानों पर फर्जी केस लगाए जा रहे हैं। आज एकजुट होकर इस भाजपा सरकार के खिलाफ लड़ना है। अलका लांबा बोलीं- सरकार को घुटने पर लाएंगे महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा भी प्रदर्शन स्थल पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को बने हुए एक साल के ऊपर हो गया है। आधी आबादी यानी महिलाओं से सुरक्षा का वायदा था। एक साल में कितनी बहनें सुरक्षित हुईं? रीवा में इनको जिंदा गाड़ने की हिम्मत दबंगों ने दिखाई है। उज्जैन में नाबालिग बेटी को लहूलुहान हमने देखा है। बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। कौन सी बहन को साढ़े 400 रुपए में गैस सिलेंडर मिल रहा है, जिसकी गारंटी मोदी जी ने दी थी। महंगाई, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा इन मुद्दों पर हम सरकार को घुटनों पर लाएंगे। अपना समय भी आएगा : कमलनाथ कमलनाथ ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बहुत बड़ा राजनीतिक परिवर्तन हुआ है। नौजवानों, समझ लो। आज आपसे निवेदन करना चाहता हूं कि इस राजनीतिक परिवर्तन को आप पहचानिए। जब तक आप घर-घर नहीं जाएंगे, हम बीजेपी से कभी मुकाबला नहीं कर पाएंगे। हमारा कर्तव्य है कि इस राजनीतिक परिवर्तन को पहचानें और उस हिसाब से काम करें। मुझे विश्वास है कि आप निराश नहीं होंगे। कमर ठाने रखिएगा। अपना समय भी आएगा। पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा- प्रदेश की तस्वीर आप सभी के सामने है। आज बड़े दुख के साथ मुझे कहना पड़ता है कि मध्य प्रदेश की पहचान घोटाला प्रदेश की है। हर क्षेत्र में घोटाला। नौजवानों के रोजगार में घोटाला। किसानों के बीज-खाद में घोटाला। जहां देखो घोटाला-घोटाला। आज हमारे कृषि क्षेत्र में कितनी समस्या है। एक बात याद रखिएगा कि मध्य प्रदेश की अर्थव्यवस्था 70 प्रतिशत कृषि क्षेत्र पर आधारित है। अगर कृषि क्षेत्र डूबता है तो पूरा प्रदेश डूबता है। रात में हटाए गए होर्डिंग शहर में कांग्रेस के प्रदर्शन के जगह जगह होर्डिंग भी लगाए गए हैं। 15 दिसंबर, रविवार रात को नगर निगम के अमले ने कुछ जगहों से होर्डिंग भी हटाए हैं। इसे लेकर विवाद की छुटपुट घटनाएं भी हुई। कांग्रेस ने इसे लेकर कड़ा ऐतराज जताया है। कांग्रेस की हैं ये मांगें? recent visitors 175

भाजपा ने शहडोल के 19 में 16 मंडल अध्यक्ष किये घोषित

शहडोल शहडोल में भाजपा ने संगठन महापर्व के दौरान 19 में से 16 मंडल अध्यक्षों की घोषणा रविवार की देर रात कर दी है। इनमें से 5 मंडल अध्यक्षों पर भाजपा संगठन ने दोबारा भरोसा जताया है। वहीं 3 मंडल चुनाव में गुटबाजी के कारण उनके परिणाम घोषित नहीं हो सके हैं। उम्मीद जताई जा रही है एक दो दिन के भीतर लंबित तीनों मंडलों के अध्यक्षों के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। इन तीनों मंडलों के अध्यक्षों के नाम पर सहमति नहीं बन पाने के कारण शहडोल की सूची लंबित थी। वहीं भोपाल से संगठन और चुनाव अधिकारी पूरी सूची एक साथ जारी करने के पक्ष में थे, लेकिन स्थानीय नेताओं की मांग पर पार्टी ने विवादित मंडलों को छोड़कर शेष सूची जारी कर दी। तीनों विधानसभा में रिपीट हुए मंडल अध्यक्ष भाजपा संगठन द्वारा जारी सूची के अनुसार 5 मंडल अध्यक्षों को दोबारा मौका मिला है। इनमें ब्यौहारी और जैतपुर से 2-2 मंडल अध्यक्ष और जयसिंहनगर से एक मंडल अध्यक्ष का नाम शामिल है। इन पांचों मंडल अध्यक्षों को रिपीट करने में स्थानीय विधायकों के साथ भाजपा जिला अध्यक्ष की मुख्य भूमिका बताई जा रही है। 11 मंडलों को मिले नए अध्यक्ष भाजपा संगठन ने 11 मंडलों में के लिए नए मंडल अध्यक्षों की घोषणा की है। इनमें पार्टी के निर्देशानुसार 2 महिला मंडल अध्यक्षों को भी इस बार जगह मिली है। नए मंडल अध्यक्षों में भाजपा जिला अध्यक्ष कमल प्रताप सिंह और स्थानीय विधायकों की पसंद को तरजीह दी गई है। तीन मंडलों में नहीं बन पा रही सहमति तीनों विधानसभा से एक एक मंडल में सहमति नहीं बन पाने के कारण उनके अध्यक्षों की घोषणा नहीं हो सकी है। बताया जा रहा है यहां गुटबाजी के कारण संगठन असमंजस की स्थिति में है। जिला अध्यक्ष, विधायक और स्थानीय नेताओं के बीच किसी एक नाम को लेकर सहमति नहीं बन पा रही है। इन तीनों मंडलों में दो अलग अलग गुट एक दूसरे के खिलाफ लॉबिंग करने के कारण परिणाम रोक दिए गए हैं। 5 मंडल अध्यक्ष जिन्हें दोबारा मौका मिला     खैरहा (जैतपुर) – विपुल सिंह     जैतपुर (जैतपुर) – सचिन सेठिया     पपौंध (ब्यौहारी) – श्यामपाल तिवारी     बाणसागर (ब्यौहारी) – वीरेंद्र बैस     सिंहपुर (जयसिंहनगर) – राकेश कुशवाहा इन दो मंडलों में पहली बार महिला अध्यक्ष     जयसिंहनगर (जयसिंहनगर) – जयश्री कचेर     टिहकी (ब्यौहारी) – विजयलक्ष्मी तिवारी इन मंडलों को मिला नया अध्यक्ष     शहडोल नगर (जयसिंहनगर) – प्रियम त्रिपाठी     धनपुरी (जैतपुर) – भोला पनिका     बकहो (जैतपुर) – धर्मेंद्र दुबे (पहली बार)     चुहिरी (जैतपुर) – राजीव तिवारी (पहली बार)     मऊ (ब्यौहारी) – सचिन सिंह (पहली बार)     सीधी (ब्यौहारी) – संजय गुप्ता     करकी (ब्यौहारी) – शिवशंकर पटेल त्यागी     गोहपारू (जयसिंहनगर) – रामनारायण मिश्रा     केशवाही (जैतपुर) – शुभम प्रिंस त्रिपाठी इन तीन मंडलों की घोषणा रुकी     ब्यौहारी विधानसभा – (ब्यौहारी)     जयसिंहनगर विधानसभा (सोहागपुर)     जैतपुर विधानसभा (बुढ़ार)   recent visitors 69

19 दिसंबर के बाद से हीं इंदौर शहर में ठंड की तीव्रता और बढ़ेगी

इंदौर  इंदौर में पिछले दो दिन से ठंड के तेवर थोड़े कम हुए हैं। अलसुबह और रात को ही उत्तरी हवा ठंडक का अहसास करवा रही है। दोपहर में धूप निकलने के कारण अधिकतम तापमान में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। रविवार को अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक कम था। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से दो कम 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के विज्ञानियों के अनुसार राजस्थान पर एक प्रति चक्रवात बना हुआ है। पाकिस्तान पर एक पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती घेरे के रूप में है। इसके असर से अभी तापमान में इजाफा देखने को मिल रहा है। हालांकि रात का तापमान 10 डिग्री से कम रहने की संभावना है। दोपहर में धूप निकलने से मिलेगी राहत पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद 19 दिसंबर से इंदौर में ठंड की तीव्रता बढ़ेगी और तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। फिलहाल तीन से चार दिन तक तापमान सामान्य के आसपास रहेगा। दोपहर में धूप निकलने के कारण ठंड से राहत मिलेगी। सुबह और रात में तेज ठंड महसूस हो रही रविवार सुबह उत्तरी हवाओं ने ठंडक का अहसास करवाया। वहीं दोपहर में निकली धूप ने थोड़ी राहत दी। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक सोमवार को तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा। सुबह व रात में ठंड की तीव्रता महसूस होगी। इधर… प्रदेश के नौ शहरों में पांच डिग्री से नीचे पहुंचा पारा उत्तर की ओर से लगातार आ रही बर्फीली हवाओं के कारण पूरे प्रदेश में ठिठुरन बढ़ी हुई है। 9 शहरों में तो तापमान पांच डिग्री से नीचे पहुंच गया है। प्रदेश में सबसे कम एक डिग्री सेल्सियस तापमान शहडोल के कल्याणपुर और पचमढ़ी में दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। पिछले 10 सालों में ऐसा दूसरी बार हुआ है, जब दिसंबर इतना ठंडा रहा हो। भोपाल में चार डिग्री से कम तापमान 2021 में गया था। रविवार को 17 शहर शीतलहर की चपेट में रहे। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, रविवार को रायसेन, राजगढ़, खंडवा, शाजापुर, उमरिया, मंडला, सिवनी, नौगांव, अनूपपुर, नीमच, शिवपुरी, सिंगरौली, पचमढ़ी में शीत लहर का प्रभाव रहा। भोपाल, सीहोर, शहडोल जबलपुर में तीव्र शीत लहर चली। भोपाल, पचमढ़ी, रायसेन, राजगढ़, जबलपुर, मंडला, नौगांव, उमरिया एवं मलाजखंड में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री से कम रहा। recent visitors 36

इंदौर में समिट का उद्देश्य विभिन्न देशों से आए डेढ़ सौ से ज्यादा इंदौरी एनआरआई को एकजुट करना

 इंदौर इंदौर में तीसरी दो-दिनी एनआरआई समिट 16 दिसंबर से ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में शुरू होगी। इसकी सारी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। समिट का उद्देश्य विभिन्न देशों से आए डेढ़ सौ से ज्यादा इंदौरी एनआरआई को एकजुट करना है। इसमें व्यापार, संस्कृति और वैश्विक सहयोग के अवसर शामिल होंगे। यह दो-दिनी आयोजन फोरम की सालभर की उपलब्धियों को भी प्रदर्शित करेगा। इसमें निवेश के अवसरों को बढ़ावा देने से लेकर एनआरआई को इंदौर की परंपराओं और मूल्यों से जोड़ने वाले आयोजनों का समावेश होगा। इस साल की समिट का मुख्य उद्देश्य भारत में निवेश के अवसरों को प्रदर्शित करना है। इसमें यह दिखाना है कि एनआरआई देश के विकास में कैसे सक्रिय रूप से भाग ले सकते हैं। समिट के दौरान एनआरआई उनके निवास देशों में अपनाई गई श्रेष्ठ प्रथाओं को साझा करेंगे। इस बीच यह भी बताया जाएगा कि इन प्रथाओं को इंदौर के विकास में कैसे लागू किया जा सकता है। ऐसा रहेगा कार्यक्रम     16 दिसंबर को एनआरआई की इंदौर उद्योगपतियों के साथ बिजनेस मीट आयोजित की जाएगी। इसमें इंदौर में निवेश और वैश्विक सहयोग को लेकर चर्चा होगी। इस पहल से इंदौर को वैश्विक अवसरों के लिए एक मजबूत केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सकेगा। हालांकि, इस बार समिट में मीडिया की एंट्री नहीं होगी।     17 दिसंबर को उत्सव की शुरुआत क्रिकेट मैच से होगी, जो LBW टर्फ पर आयोजित किया जाएगा। शाम को राजवाड़ा महल में सांस्कृतिक मिलन का आयोजन किया जाएगा। समापन रात को गोपाल मंदिर में एक विशेष इंदौरी प्रसाद मेनू के साथ होगा। मेयर बोले- एनआरआई समिट इंदौर के वैश्विक परिवार का उत्सव इंदौर मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि एनआरआई फोरम केवल एक वार्षिक मीट नहीं है, बल्कि यह इंदौर और इसके वैश्विक परिवार के बीच एक मजबूत संबंध का उत्सव है। यह मंच एनआरआई को उनके शहर के विकास में योगदान देने का अवसर प्रदान करता है। यह समिट प्रगति, एकता और संस्कृति का प्रतीक बनेगी और दुनिया भर के इंदौरवासियों को अपने प्रिय शहर से जोड़ने का काम करेगी। ऑस्ट्रेलिया, यूएसए समेत 19 देशों से आएंगे एनआरआई समिट में अर्पित जैन (नीदरलैंड), सौरव गुप्ता, अंशुल लाड (यूएसए), रॉबिन सुनील पल (आयरलैंड), अंकित अग्रवाल (साइप्रस), शिवम शुक्ला (ऑस्ट्रेलिया), मितेन सोनी, आशीष अग्रवाल (कनाडा), अर्पित बंग, स्नेहा लड्‌ढा (न्यूजीलैंड), शीतल जैन, विक्रांत राठौर (सिंगापुर), विकास चौधरी, सोनिया बिल्लौरे (स्वीडन), आनंद शर्मा (जर्मनी), रोहन अग्रवाल, अर्पित चौरडिया (जापान), शांतनु मिश्रा, विपुल डिंडुलकर (यूके) समेत 19 देशों के करीब 150 एनआरआई शामिल होंगे। मकर संक्रांति- रंगपंचमी में भी शामिल हुए एनआरआई मेयर ने यह भी बताया कि इंदौरी एनआरआई फोरम ने इंदौर और उसके वैश्विक समुदाय के बीच एक मजबूत सेतु का काम किया है। मकर संक्रांति के दौरान फोरम ने पतंगबाजी उत्सव आयोजित किया, जिससे एनआरआई को अपने घरों की यादें ताजा करने का अवसर मिला। रंगपंचमी के दौरान उन्हें इंदौर की गेर में शामिल होने का मौका दिया गया, जिसमें उनके आराम और सुरक्षा के लिए विशेष ट्रक का इंतजाम किया गया। फोरम पर्यावरण संरक्षण में भी सक्रिय है। इंदौर के रिकॉर्ड-ब्रेकिंग पौधारोपण अभियान में एनआरआई ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बने।   recent visitors 122

मेरठ में गंजो की उमड़ी भीड़, 20 रुपए में बाल उगाने की दवा लगवाने लग गया जाम

मेरठ  यूपी में मेरठ के लिसाड़ी गेट के समर गार्डन (Summer Garden) में 20 रुपए में बाल उगाने की दवा सिर पर लगवाने के लिए लोगों की भीड़ टूट पड़ी। सिर से गायब होते बालों को रोकने के लिए हर जतन कर चुके लोग यहां लाइन लगाकर खड़े हो गए। भीड़ इतनी हो गई कि लोगों को टोकन देकर लाइन में खड़ा कराया गया। लोगों के सिर पर दवा लगाने से पहले पूरे बाल उस्तरे से कटवाने होते हैं, इसलिए इसी जगह पर दो नाई बुलाकर बैठा लिए गए। पूरे दिन यही काम होता रहा और पुलिस-प्रशासन बेखबर बना रहा। स्वास्थ्य विभाग ने भी जानकारी होने से हाथ खड़े कर दिए। लिसाड़ी गेट समर कॉलोनी में शौकत बैंक्वेट हॉल में बिजनौर के सलमान और अनीस साथियों के साथ बाल उगाने की दवा लगाने के लिए रविवार को पहुंचे। इस बात को लेकर पिछले एक सप्ताह से प्रचार किया जा रहा था। रविवार और सोमवार को मेरठ में दवा लगाने का समय निर्धारित किया गया, जबकि दिल्ली में मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को दवा लगाई जाएगी। रविवार सुबह से ही शौकत बैंक्वेट हॉल में सिर के बाल उगाने की दवा लगवाने के लिए भीड़ लग गई। इस दौरान सड़क तक जाम लग गया। इस दौरान दवा लगाने वालों ने यह भी बता दिया कि जिसको भी दवा लगवानी है, उन्हें उस्तरे से सिर के सारे बाल कटाकर आना होगा। इसके बाद भीड़ आसपास के क्षेत्र में तमाम नाई की दुकानों पर दौड़ गई। बाद में कुछ नाई को वहीं बैंक्वेट हॉल में बुलाकर टोकन सिस्टम शुरू किया गया। लोगों को टोकन देकर उन्हें पहले लाइन लगाकर बाल कटवाने के लिए बैठाया गया। इसके बाद इन्हें दवा लगवाने के लिए भेजा गया। दवा लगाने के लिए 20 रुपये लिए जा रहे थे और 300 रुपये की एक तेल की शीशी दी जा रही थी। recent visitors 67

कांग्रेस शीतकालीन सत्र में कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में , विधायक कमलेश शाह और रमाकांत भार्गव के शपथ ग्रहण से कार्यवाही शुरू हुई

 भोपाल  मध्य प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से शुरू हो गया है। अमरवाड़ा से विधायक कमलेश शाह और बुधनी से विधायक रमाकांत भार्गव के शपथ ग्रहण से विधानसभा की कार्यवाही शुरू हुई। सत्र में सरकार जन विश्वास विधेयक प्रस्तुत करेगी, जिसके माध्यम से छोटे-छोटे मामलों को कोर्ट-कचहरी के स्थान पर अर्थदंड लगाने का अधिकार अधिकारियों को दिया जाएगा। इसके साथ ही वर्ष 2024-25 के लिए 17 दिसंबर को 15,000 करोड़ रुपये से अधिक के प्रथम अनुपूरक बजट के साथ नगर निगम और नगर पालिका अधिनियम और निजी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक भी प्रस्तुत किए जाएंगे। सदन की बैठक सुबह 11 बजे से शुरू हुई। एमपी सरकार पेश करेगी विधेयक इसके पहले कार्यमंत्रणा समिति की बैठक होगी। कामकाज को सरल बनाने के लिए केंद्र सरकार ने वर्ष 2023 में जन विश्वास विधेयक प्रस्तुत किया था। इसी तरह मध्य प्रदेश सरकार भी विधेयक प्रस्तुत करने जा रही है। इसमें नगरीय विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, ऊर्जा, श्रम, सहकारिता सहित अन्य विभागों के उन अधिनियमों में संशोधन किया जा रहा है, जिनमें दो-तीन माह की सजा या जुर्माने का प्रविधान है। ऐसे मामलों में समझौते का प्रविधान शामिल किया जा रहा है। उधर, नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषद के अध्यक्ष के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव तीन वर्ष की कार्यावधि पूरी होने के बाद प्रस्तुत करने और उसे पारित कराने के लिए तीन चौथाई पार्षदों का समर्थन आवश्यक संबंधी प्रविधान करने अधिनियम में संशोधन प्रस्तावित किया गया है। भाजपा के दो, एक कांग्रेस विधायक की होगी शपथ विधानसभा के आज से प्रारंभ हो रहे शीतकालीन सत्र में सबसे पहले उपचुनाव में निर्वाचित तीन विधायकों को शपथ दिलाई जाएगी। लोकसभा चुनाव के समय छिंदवाड़ा जिले की विधानसभा सीट अमरवाड़ से कांग्रेस विधायक कमलेश शाह ने त्यागपत्र देकर भाजपा की सदस्यता ले ली थी। जुलाई 2024 में उपचुनाव कराए गए, जिसमें भाजपा के प्रत्याशी कमलेश शाह विजयी रहे। उन्होंने तब विधानसभा की सदस्यता नहीं ली थी। अब उन्हें शपथ दिलाई जाएगी। इसी तरह, शिवराज सिंह चौहान के विदिशा से सांसद निर्वाचित होने पर बुधनी और रामनिवास रावत के विधानसभा की सदस्यता से त्यागपत्र देने पर विजयपुर में उपचुनाव कराया गया था। वहीं, कांग्रेस विधायक निर्मला सप्रे के विरुद्ध दलबदल के आवेदन पर अभी तक कोई निर्णय न होने के कारण भले ही कांग्रेस विधायक दल ने उन्हें अपने साथ बैठाने से इन्कार करते हुए उन्हें आसन आवंटन के लिए पत्र नहीं दिया पर विधानसभा सचिवालय ने उन्हें कांग्रेस दल के सदस्यों के साथ ही सीट आवंटित की है। recent visitors 66

प्रधानमंत्री मोदी ने कलाकारों के मान-सम्मान की प्रेरणादायी परंपरा कायम की : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

ग्वालियर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि संगीतधानी ग्वालियर की उत्सवधर्मिता की देश भर में विशेष पहचान है। साथ ही संगीत और कलाओं का प्रोत्साहन एवं कलाकारों का मान-सम्मान बढ़ाने की यहाँ की रिवायत भी अद्वितीय है। इस धरा पर जन्मे तानसेन और बैजू बावरा जैसे महान संगीतज्ञों को वर्तमान संगीत साधक भगवान की तरह पूजते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्वालियर में आयोजित हो रहे 100वें “तानसेन संगीत समारोह” के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संगीत शिरोमणि तानसेन की स्मृति में आयोजित हो रहे शताब्दी आयोजन में शामिल होकर मुझे विशेष खुशी की अनुभूति हुई है। रविवार की सांध्य बेला में तानसेन समाधि परिसर में महेश्वर के ऐतिहासिक किला की थीम पर बने भव्य एवं आकर्षक मंच पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में देश एवं दुनिया के सर्वाधिक प्रतिष्ठित महोत्सव “तानसेन समारोह” का केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया व विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर तथा अन्य जनप्रतिनिधिगणों के साथ दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभी अतिथियों के साथ सुर सम्राट तानसेन की समाधि पर पहुँचकर उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि तानसेन समारोह के शताब्दी आयोजन में अपने देश के संगीत के शीर्षस्थ साधकों के साथ चार अन्य देशों के संगीत कलाकार सुर सम्राट तानसेन को स्वरांजलि देने आए हैं। मध्यप्रदेश सरकार देश और विदेश के सभी कलाकारों का अभिनंदन करती है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर संगीत एवं कला की अद्भुत नगरी है। मेरा सौभाग्य है कि यहाँ महान संगीतज्ञ तानसेन की याद में आयोजित होने वाले संगीत समारोह में दो बार आने का मुझे मौका मिला। पिछली बार जब मैं आया था तब ग्वालियर दुर्ग पर ताल दरबार के वृहद आयोजन से गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बना था। इसी तरह इस बार कला साधकों ने वाद्य यंत्रों का समवेत वादन कर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कलाकारों के मान-सम्मान की प्रेरणादायी परंपरा कायम की मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र और राज्य सरकार कलाकारों के मान-सम्मान का पूरा ध्यान रख रहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भारत रत्न स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन पर पैदल चलकर श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुँचे थे। उन्होंने कलाकारों के मान-सम्मान की जो प्रेरणादायी परंपरा कायम की है, प्रदेश सरकार उसका पूरा ध्यान रख रही है। प्रकृति से तालमेल बिठाने की क्षमता रखता है संगीत मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शास्त्रीय संगीत के राग प्रकृति से तालमेल बिठा लेते हैं। साथ ही संसार के सभी प्राणियों से संगीत संवाद स्थापित करने में सक्षम होता है। भगवान श्रीकृष्ण के बांसुरी वादन से सम्पूर्ण गौधन का एकत्रित हो जाना इस बात का प्रमाण है। इसी तरह संगीत सम्राट तानसेन ने राग मल्हार के जरिए बरसात कराकर साबित किया कि राग प्रकृति से तालमेल बिठाने में सक्षम है। ग्वालियर को संगीत हब बनाने के लिये हर संभव प्रयास किए जायेंगे – केन्द्रीय मंत्री सिंधिया केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि संगीत के क्षेत्र में ग्वालियर के लिये यह वर्ष अलौकिक वर्ष है। वर्ष 1924 में सिंधिया राज्यकाल में शुरू हुए तानसेन समारोह का इस साल शताब्दी वर्ष है। यह वर्ष ग्वालियर के इतिहास के पन्नों में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जायेगा। उन्होंने कहा कि ग्वालियर की पहचान संगीत के शहर के रूप में होती है। ग्वालियर को संगीत का हब बनाने का काम मुख्यमंत्री डॉ. यादव के सहयोग से हम सब लोगों द्वारा मिलजुलकर किया जायेगा। सिंधिया ने तानसेन समारोह की तर्ज पर बैजू बावरा की स्मृति में चंदेरी संगीत महोत्सव को भव्य बनाने का आग्रह मुख्यमंत्री डॉ. यादव से किया। प्रदेश में हो रहे सांस्कृतिक अभ्युदय के प्रयास सराहनीय – विधानसभा अध्यक्ष तोमर विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि खुशी की बात है राज्य सरकार द्वारा सांस्कृतिक अभ्युदय का काम समूचे प्रदेश में किया जा रहा है। ग्वालियर में तानसेन समारोह के विस्तार के रूप में पिछले साल ताल दरबार और इस साल वृहद शास्त्रीय बैंड की समवेत प्रस्तुति का आयोजन इसका उदाहरण है। इन दोनों आयोजनों से गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बना है, जिससे ग्वालियर की ख्याति संगीत के क्षेत्र में दुनियाभर में और बढ़ी है। उन्होंने इसके लिये मुख्यमंत्री एवं संस्कृति विभाग के प्रति ग्वालियरवासियों की ओर से आभार जताया। साथ ही कहा कि महाराजा मानसिंह तोमर के राज्यकाल में संगीत और कलाओं को आश्रय देने का जो सिलसिला शुरू हुआ उसे महादजी सिंधिया से लेकर सम्पूर्ण सिंधिया राज्यकाल में पूरी शिद्दत के साथ आगे बढ़ाया गया। वर्तमान में प्रदेश सरकार भी संगीत एवं कलाओं के संरक्षण एवं संवर्धन में जुटी है। 100वें तानसेन समारोह के उपलक्ष्य में डाक टिकिट का विमोचन तानसेन समारोह के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में डाक विभाग द्वारा पाँच रूपए का डाक टिकिट जारी किया गया है। तानसेन समारोह के उदघाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं अन्य अतिथियों ने इस डाक टिकिट का विमोचन किया। तानसेन समारोह की 100 वर्षीय यात्रा पर केन्द्रित पुस्तक और स्मारिका का किया विमोचन मुख्यमंत्री डॉ. यादव एवं अन्य अतिथियों ने तानसेन समारोह की 100 वर्षीय यात्रा पर केन्द्रित पुस्तक और इस साल के आयोजन पर तैयार की गई स्मारिका का विमोचन भी किया। कार्यक्रम के अंत में संस्कृति एवं पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।     recent visitors 43