नक्सलियों के मंसूबों पर फिरा पानी, छत्तीसगढ़-सुकमा में आईइईडी निष्क्रिय करते एक जवान घायल

सुकमा. सुकमा जिले के थाना चिंतलनार क्षेत्र के तहत एरिया डोमिनेशन के लिए जवानों की संयुक्त टीम रवाना हुई थी। अभियान के दौरान चिंतलनार-नरसापुरम मार्ग में माओवादियों द्वारा लगाये गये आईईडी को बरामद किया गया। वहीं सुरक्षाबलों ने बरामद आईइडी को निष्किृय किया।   इस आईईडी ब्लास्ट में एक जवान घायल हुआ है, जिसका प्राथमिक उपचार करने के बाद अस्पताल भेजा गया है। घायल जवान डीआरजी का बताया जा रहा है। उसके पैर में गंभीर चोट आई है फिलहाल अन्य जवानों ने ने उसका प्राथमिक उपचार करने के बाद जिला अस्पताल पहुंचाया। हाल ही में सुरक्षाबलों ने चिंतलनार के रायगुड़ा में एक नया कैंप बनाया है। आज सुबह में जवान सर्चिंग पर निकले थे। इस दौरान जवान विनोद आईईडी की चपेट में आ गया। जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। फिलहाल, वह खतरे से बाहर है। इस क्षेत्र में जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए नक्सलियों ने पहले से ही आईईडी प्लांट कर रखा है। लगातार एनकाउंटर किए जाने से नक्सली बौखलाए हुए हैं । अभी सुकमा में दो दिन पहले ही जवानों ने 10 नक्सलियों का एनकाउंटर किया था। recent visitors 86

सारी ताकत लगाकर BJP कैबिनेट मंत्री को नहीं जिता सकी! नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार

With all its might, BJP could not win over the cabinet minister! Leader of Opposition Umang Singhar भोपाल। मध्यप्रदेश श्योरपुर जिले के विजयपुर विधानसभा उपचुनाव में सत्ताधारी बीजेपी की हार के बाद सियासी आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। न सिर्फ मध्यप्रदेश बल्कि अन्य प्रदेशों के नेताओं के निशाने पर बीजेपी है। इसी कड़ी में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बीजेपी पर सियासी हमला बोला है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने X पर लिखा- MP के विजयपुर में बीजेपी की हार सबसे करारी हार है !!!- सारी ताकत लगाकर भी #BJP अपने एक कैबिनेट मंत्री रामनिवास रावत को नहीं जिता सकी! … क्योंकि, दलबदल और राजनीतिक स्वार्थ का ये अनूठा नमूना है! BJP ने मंत्री पद का लालच देकर #Congress विधायक रामनिवास रावत को खरीदा। उन्होंने भी तब तक विधायकी नहीं छोड़ी, जब तक उन्हें मंत्री पद देने की घोषणा नहीं हो गई! जनता ने भी #रामनिवास_रावत को बता दिया कि मतदाता उनकी जागीर नहीं है! BJP को सबक सिखा दिया कि दलबदल के हथकंडे जनता के फैसले के सामने नहीं चलते! अच्छा होगा BJP अब राजनीतिक खरीद-फरोख्त से बाज आए! recent visitors 154

संभल हिंसा : प्रशासन ने स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए उठाए कड़े कदम, सपा सांसद और विधायक के बेटे सहित 2500 पर केस

संभल संभल में जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान रविवार को भड़की हिंसा के बाद सोमवार सुबह से पूरे शहर में तनाव का माहौल है। हिंसा प्रभावित इलाकों में कर्फ्यू जैसे हालात हैं। प्रशासन ने स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। डीआईजी मुनिराज जी के नेतृत्व में पुलिस बल ने हिंसा प्रभावित इलाकों में फ्लैग मार्च किया। शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर बैरिकेडिंग की गई है, और प्रवेश मार्गों पर पुलिस तैनात है। पुलिस ने अभी तक 25 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। वहीं, इलाके में बाहरी लोगों के आने पर भी रोक लगा दी गई है। इंटरनेट अब कल तक बंद रहेगा। सपा सांसद और विधायक के बेटे पर मुकदमा दर्ज संभल जिले में हिंसा मामले में दो थानों में मुकदमे दर्ज किए गए हैं। संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क पर भी मुकदमा दर्ज किया गया है। सांसद के अलावा स्थानीय सपा विधायक इकबाल महमूद के बेटे पर भी मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों पर ही दंगाइयों को भड़काने का आरोप लगा है। इनके साथ 2500 लोगों पर भी केस दर्ज किया गया है। कर्फ्यू जैसे हालात संभल शहर में फिलहाल अघोषित कर्फ्यू जैसा माहौल है। सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए हैं। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और संयम बनाए रखने की अपील की जा रही है। फिलहाल, इलाके में प्रशासन ने फ्लैग मार्च निकाला है। सोमावर की सुबह इलाके में तनावपूर्ण शांति है। हिंसा के बाद अभी तक कोई घटना सामने नहीं आई। पूरे मुरादाबाद रेंज के 30 थानों की पुलिस को संभल के हिंसाग्रस्त इलाके में तैनात किया है। बाहरी व्यक्तियों पर रोक, सख्त कार्रवाई की तैयारी उधर, डीएम राजेंद्र पैंसिया ने एक दिसंबर तक जिले में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी है। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि हिंसा में शामिल आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की जाएगी।   डीआईजी की अपील और गिरफ्तारियां डीआईजी मुनिराज जी ने बताया कि हिंसा के आरोप में अब तक 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा, 400 से अधिक अज्ञात और नामजद लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने सभी नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की।   शहर में सन्नाटा, घरों पर लटके ताले हिंसा के बाद शहर में बाजार और दुकानें पूरी तरह बंद हैं। प्रभावित इलाकों में ज्यादातर घरों के बाहर ताले लगे हुए हैं। पुलिस गश्त तेज कर दी गई है, और गली-मोहल्लों में केवल पुलिसकर्मी नजर आ रहे हैं। 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। इंटरनेट पर पाबंदी के समय में बढ़ोतरी की जा सकती है। जिला प्रशासन के निर्देश पर आज स्कूलों में छुट्टी है। हालात तनावपूर्ण रहने पर स्कूलों की छुट्टी भी बढ़ाई जा सकती है। घटना में पांच की मौत, कई पुलिसकर्मी घायल रविवार को भड़की हिंसा में पांच युवकों की मौत हो गई। सीओ अनुज चौधरी और एसपी के पीआरओ को गोली लगी है। एसपी समेत कुल 22 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। मृतकों को देर रात सुपुर्दे-खाक करने की सूचना है। संभल हिंसा में पांच की मौत संभल शहर की जामा मस्जिद को हरिहर मंदिर बताते हुए दाखिल वाद के आधार पर सर्वे के लिए कोर्ट कमिश्नर की टीम पहुंची तो संभल में बवाल हो गया। रविवार सुबह अचानक टीम के आने पर जुटी भीड़ मस्जिद में दाखिल होने कोशिश करने लगी। रोकने पर पुलिस पर पथराव कर दिया। हिंसक हुई भीड़ ने सीओ की गाड़ी समेत कई वाहनों में तोड़फोड़ कर दी और आग लगा दी। इसी बीच फायरिंग भी शुरू हो गई। पुलिस ने आंसू गैस के गोले और लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा। बवाल में घिरकर पांच लोगों की मौत हो गई। कई अधिकारियों समेत दर्जनों लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने आंसू गैस के गोले और लाठियां चलाईं सर्वे टीम कोर्ट कमिश्नर चंदौसी के वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश सिंह राघव की अगुवाई में आई थी। संभल के डीएम डॉ. राजेंद्र पैसिया और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई भी टीम के साथ थे। बाहर हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले और लाठियां चलाकर हिंसक लोगों को दौड़ाया और सर्वे टीम को सुरक्षित मस्जिद से बाहर निकाला। कुछ देर में भीड़ फिर जुट गई और पथराव शुरू कर दिया। फायरिंग भी की गई। मौके पर पहुंची अन्य जिलों की पुलिस और पीएसी के साथ अधिकारियों ने उपद्रव करती भीड़ से मोर्चा लिया। इसके बावजूद करीब डेढ़ घंटे हालात बेकाबू रहे। जैसे-तैसे भीड़ को तितर-बितर कर पुलिस आगे बढ़ी। पूरे इलाके की नाकेबंदी कर दी। इस बीच पूरे शहर में तनाव गहरा गया। शाम होने तक सख्ती इतनी बढ़ा दी गई कि शहर में अघोषित कर्फ्यू जैसा माहौल हो गया।   इनकी गई जान     मोहल्ला कोट तवेला निवासी नईम (35)     फतेहऊनला सराय निवासी विलाल (22)     इनके अलावा संभल के हयातनगर निवासी रोमान (40)     तुर्तीपुर इला निवासी कैफ (19)     कोट गर्दी निवासी अयान (19) की भी मौत हुई है। पथराव की घटना पर संभल एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई का कहना है, "करीब 2500 लोगों के खिलाफ कुल सात एफआईआर दर्ज की गई हैं। सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों की मदद से सभी लोगों की पहचान की जाएगी। सपा सांसद जिया उर रहमान बर्क खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।  बता दें कि 19 नवंबर को संभल की जामा मस्जिद को हरिहर मंदिर बताते हुए हिंदू पक्ष कोर्ट पहुंच गया था। चंदौसी स्थित सिविल जज सीनियर डिवीजन आदित्य कुमार सिंह की अदालत में वाद दाखिल किया था। जिसपर कोर्ट ने कमीशन गठित कर रिपोर्ट मांगी है। कोर्ट कमिश्नर रमेश सिंह राघव के नेतृत्व में टीम ने 19 नवंबर की शाम को ही सर्वे की की शुरुआत कर दी थी। रविवार को टीम सर्वे की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए दोबारा मस्जिद पहुंची थी। इस मामले में कोर्ट में अगली सुनवाई 29 नवंबर को होगी। यह है विवाद हिंदू पक्ष ने संभल के चंदौसी स्थित सिविल जज सीनियर डिवीजन की … Read more

जिला बदर गुण्डा सतेन्द्र सिंह उर्फ लूरी को उल्लंघन करते हुए अनूपपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया

अनूपपुर जिला अनूपपुर के पुलिस अधीक्षक श्री मोती उर रहमान के निर्देशन में जिले के सूचीबद्ध निगरानी एवं जिला बदर अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में, रविवार की रात कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने जिला बदर गुण्डा सतेन्द्र सिंह उर्फ लूरी को आदेश का उल्लंघन करते हुए गिरफ्तार किया। मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद जैन के नेतृत्व में पुलिस टीम, जिसमें सहायक उपनिरीक्षक आशीष सिंह, आरक्षक गुपाल यादव, राजेश बड़ोले एवं वाहन चालक प्रह्लाद शामिल थे, ने जिला चिकित्सालय अनूपपुर के पास गश्त के दौरान कार्रवाई की। टीम ने आरोपी सतेन्द्र सिंह उर्फ लूरी (30 वर्ष), निवासी खेड़िया पेट्रोल पंप के पास वार्ड नंबर 2, अनूपपुर को गिरफ्तार किया।  आरोपी का आपराधिक इतिहास:            सतेन्द्र सिंह उर्फ लूरी थाना कोतवाली अनूपपुर का सूचीबद्ध गुण्डा बदमाश है। वर्ष 2016 से अब तक उस पर घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और अवैध वसूली जैसे 07 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जो माननीय न्यायालय में विचाराधीन हैं।                पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के प्रतिवेदन पर कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट, अनूपपुर द्वारा म.प्र. राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 की धारा 3(1), 5(क)(ख )एवं धारा 7 के तहत आरोपी को एक वर्ष के लिए अनूपपुर जिले और उससे लगे शहडोल, उमरिया एवं डिंडौरी जिलों की राजस्व सीमाओं से निष्कासित करने का आदेश जारी किया गया था।  गिरफ्तारी एवं मामला पंजीकरण:          रविवार रात आदेश का उल्लंघन करते हुए सतेन्द्र सिंह उर्फ लूरी अनूपपुर शहर में घूमते पाया गया। इस पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 499/24 धारा 223 बी.एन.एस. 14 म.प्र. राज्य सुरक्षा अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनूपपुर पुलिस का यह सख्त रुख जारी रहेगा। recent visitors 134

रेंज में बाघ के साथ हाथियों के मूवमेंट ने वन विभाग की मुश्किलें बढ़ाई, बंद कराने पड़े स्कूल और हाट बाजार

 डिंडौरी  सामान्य वनमंडल के एक ही रेंज में मादा बाघ के साथ हाथियों के मूवमेंट ने वन विभाग की मुश्किलें बढ़ा दी है। मादा बाघ के रिहायशी क्षेत्र में मूवमेंट व हाथियों के द्वारा घरों व फसलों को नुकसान पहुंचाए जाने से ग्रामीण दहशत में है। वन्यजीवों के बढ़ते मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए आस-पास के विद्यालयों में 25 से 29 नवंबर तक पांच दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया है। वहीं इन वन्यजीवों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इनकी निगरानी के लिए तीन रेंज का अमला तैनात किया गया है। घर से ना निकलने की सलाह खौफ के चलते ग्रामीण खेत, बाजार और स्कूलों से दूरी बना रहे हैं। वन अमला भी ग्रामीणों को घर से नहीं निकलने की समझाइश दे रहा है। बता दें, शुक्रवार से पश्चिम करंजिया वन परिक्षेत्र अंतर्गत ठाढ़ पथरा वन ग्राम में मादा बाघ का मूवमेंट बना हुआ है। शुक्रवार सुबह संभर पिता गुलौआ गौड़ के घर के सामने बछिया का शिकार किया था। इसके बाद वन विभाग ने ट्रैप कैमरा लगाया, जिसमें दूसरी बार यहां पहुंची मादा बाघ ट्रैप हुई। फोटो और वीडियो को देखने के बाद बताया गया कि बाघिन की उम्र तीन साल है। हाथियों का उत्पात एक सप्ताह से जारी ग्राम पंचायत पंडरी पानी व ढाढ़पथरा के गांवों अम्हादादर, झिरिया बहरा, इमली टोला व चकरार में हाथियों का उत्पात एक सप्ताह से जारी है। हाथी के दल ने अब ग्राम चकरार के किसानों के खेत की खड़ी फसल को खाकर चौपट करने के साथ शेष खड़ी फसलों को रौंद दिया। वहीं बाघिन की सतत मौजूदगी से ग्रामीण भय में हैं और सर्दी में भी रात जागरण कर रहे हैं। फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हाथी जंगली हाथियों का दल लगातार चकरार, उद्दौर, आम्हा, पंडरीपानी, ख्हारखुदरा, चकमी, ठाढपथरा, इमली टोला सहित दर्जनों गांव में फसलों के साथ घरों को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। शनिवार रात हाथियों ने चकरार में प्रमिला गौंड, दिनेश पिता धनेश्वर और दिनेश पिता सुखदेव सिंह नामक किसानों की फसल को क्षति पहुंचाई है। कड़कड़ाती ठंड से दोगुनी मार वर्तमान में जिन क्षेत्रों में हाथियों के दल ने आतंक मचा रखा है वहां के ग्रामीणों चैन सुकून छिन गया हैं। वनांचल के लोगों की मानें तो वे दिन किसी तरह से तो गुजार लेते हैं लेकिन रात होते ही उनके घरों पर हाथियों के हमले का डर सताने लगता हैं। ऐसे में अपनी जान की सलामती के लिए कच्चे मकानों को यूं ही भगवान भरोसे छोड़ मकानों की छतों पर कड़कड़ाती ठंड में तंबू तान रात काटने मजबूर हैं। शुक्रवार की रात में पंडरी पानी, कांदाटोला, केंद्रा बहरा व ठाढ़पथरा के लोगों ने हमले की आशंका से जहां छत में बैठकर जागरण किया वहीं कुछ युवाओं ने अपने घरों की निगरानी के लिए रतजगा किया। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों का दल दिन भर जंगल के आसपास रुका रहता हैं, लेकिन शाम होते ही आबादी में घुस रहें हैं ऐसे स्थिति में ग्रामीण बहुत भयभीत हैं। बाजारों में कराई गई मुनादी हाथी और बाघिन के आतंक का वनांचल क्षेत्र ग्रामीणों के मन में फिलहाल डर बैठा हुआ है। फलस्वरूप अब लोग रात की बजाए दिन में भी सुरक्षा की दृष्टि से सूनसान इलाकों में जाने से बच रहें हैं। ग्रामीणों का मानना हैं कि जब तक इन वन्य प्राणियों का यहां से गमन नहीं हो जाता तब तक इस क्षेत्र में इनके हमले की आशंका बरकरार है। ऐसी स्थिति में वे किसी भी सूरत में जान जोखिम में डालकर कोई काम नहीं करना चाहते। इसी क्रम में रविवार को ग्राम पंडरी पानी के साप्ताहिक बाजार में पंचायत द्वारा खतरे को भांपते हुए दुकानदार व ग्राहकों को सतर्क और जागरूक करने के उद्देश्य से कोटवार के माध्यम से मुनादी कराकर सचेत किया गया। पंचायत सचिव दिलीप कुमार मरावी ने बताया कि दो सप्ताह से लगातार इसी प्रकार मुनादी कराई जा रही हैं। रविवार को एक बार फिर मुनादी के बाद जहां सूर्यास्त के पहले दुकानदारों व बाजार करने आए लोग बाजार बंद कर घर की ओर चले गए। रविवार का साप्ताहिक बाजार आम दिनों की अपेक्षा समय से पहले दिन डूबने के पूर्व ही बंद हो गया। मटके का पानी पी गई बाघिन बाघिन ने दो दिन पूर्व शिकार करने के बाद पुनः शनिवार की रात आबादी के अंदर पहुंचकर गौशाला में बंधे पशुओं का शिकार करने का प्रयास किया। इस दरमियान बाघिन ने मटके में रखे पानी को पीकर अपनी प्यास बुझाई है। ग्रामीणों ने बताया कि वह सभी पास के मकान की छत पर वह सुरक्षित होने के लिहाज से बैठ रहे। रात्रि में ज बाघिन ने गौशाला के नजदीक पहुंचकर पशुओं को ले जाने के चक्कर में झपट्टा मारी तो आहट और पशुओं द्वारा चिल्लाने की आवाज आने लगी। तब हमारे द्वारा टार्च के रोशनी और हल्ला मचाया गया। तब बाघिन वहां से हटकर अरहर के खेत में रात भर डेरा जमाएं रहीं और सुबह उजाला होने के पूर्व जंगल में चली गई। recent visitors 70

ग्रामीणों में मचा हड़कंप, छत्तीसगढ़-कबीरधाम में बॉर्डर पर पहुंची बाघिन

कबीरधाम. एमपी-सीजी बॉर्डर पर हाथी के बाद अब बाघिन की एंट्री हो गई है। इस क्षेत्र में सीजी के कबीरधाम व एमपी के डिंडौरी, बालाघाट व मंडला जिला आता है। क्षेत्र में हाथी व बाघिन की एंट्री हुई है। ये कभी सीजी के कबीरधाम जिला तो कभी एमपी के डिंडौरी जिले के जंगल में आ जाते है। ऐसे में दोनों राज्य के वन विभाग की टीम हाई अलर्ट पर है। ग्रामीणों को जंगल में जाने की मनाही कर दी है। इस बीच एमपी के सिलपीडी के जंगल से ठाडपथरा बाघिन की तस्वीर ट्रैप कैमरा में कैद हुई है। बताया जा रहा कि एक दिन पहले ये डिंडौरी जिले के वन परिक्षेत्र दक्षिण समनापुर के रंजरा और बंजरा वन ग्राम में मौजूद थी। इसके बाद इसका मूवमेंट पश्चिम करंजिया रेंज अंतर्गत वन ग्राम ठाडपथरा के आसपास रहा है। इस दौरान बाघिन ने बस्ती के अंदर सड़क किनारे एक मवेशी का शिकार कर उसे घसीटते हुए गांव के बाहर ले गई। वर्तमान समय में इसका फिक्स लोकेशन नहीं मिल रहा है। ये कान्हा किसली राष्ट्रीय उद्यान की तरफ से आई है। इसी प्रकार सीजी के क्षेत्र में चार हाथी पंडरीपानी जंगल के क्षेत्र के मौजूद है। ये भी एमपी-सीजी बॉर्डर पर है। ये दोनों क्षेत्र पांच किलोमीटर के दायरे में आते हैं। recent visitors 77

सीएम मोहन यादव का लंदन पहुँचने पर जोरदार हुआ स्वागत, 30 नवंबर तक रहेगा विदेश दौरा

भोपाल  मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव रविवार को लंदन पहुंचे।  होटल पहुंचने पर यूके में भारतीय उच्चायुक्त विक्रम दोराईस्वामी और प्रवासी भारतीयों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। गौरतलब है सीएम डॉ. यादव यूनाइटेड किंगडम (यूके) और जर्मनी के छह दिवसीय दौरे पर हैं, जिसमें दोनों देशों के उद्योगपतियों, व्यापारिक नेताओं और सरकारी प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करके मध्य प्रदेश में निवेश के अवसरों को बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। यह विशेष दौरा कार्यक्रम मध्य प्रदेश में निवेश के विशाल अवसरों को प्रदर्शित करेगा, जिसमें अक्षय ऊर्जा, इलेक्ट्रिक वाहन और खाद्य प्रसंस्करण जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर प्रकाश डाला जाएगा। यह उद्योग जगत के नेताओं से जुड़ने, प्रवासी भारतीयों से जुड़ने और यह जानने का एक विशेष अवसर है कि मध्य प्रदेश किस तरह विकास और नवाचार को आगे बढ़ा रहा है। ब्रिटिश संसद का दौरा करेंगे मुख्यमंत्री डॉ. यादव   यूके दौरे के पहले चरण में सीएम डॉ. यादव ब्रिटिश संसद का दौरा करेंगे और सोमवार को संसद चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे किंग्स क्रॉस और पुनर्विकास स्थलों का भी दौरा करेंगे। सीएम मोहन यादव  यूनाइटेड किंगडम (यूके) और जर्मनी के छह दिवसीय यात्रा के दौरान और यूके और जर्मनी दोनों में उद्योगपतियों, व्यापारिक नेताओं और सरकारी प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करके मध्य प्रदेश में निवेश के अवसरों को बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करेंगे। मुख्यमंत्री राज्य में निवेश और औद्योगिक सहयोग बढ़ाने के लिए औद्योगिक संगठनों और उद्योगपतियों के प्रतिनिधियों से मिलेंगे।   लंदन में फ्रेंड्स ऑफ मध्यप्रदेश कार्यक्रम में होंगे शामिल मुख्यमंत्री डॉ. यादव लंदन में एनआरआई समूह "फ्रेंड्स ऑफ मध्य प्रदेश" द्वारा आयोजित रात्रिभोज कार्यक्रम में भी शामिल होंगे, जिसमें 400 से अधिक भारतीय प्रवासी शामिल होंगे। अपनी यात्रा के दौरान सीएम यादव 26 नवंबर को नाश्ते पर उद्योगपतियों और यूके में भारत के उच्चायुक्त विक्रम के. दोराईस्वामी से बातचीत करेंगे। इसके बाद मध्य प्रदेश में निवेश के अवसरों पर चर्चा के लिए एक सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें 120 से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे। लंच ब्रेक के बाद गोलमेज बैठकों में इलेक्ट्रिक वाहन, ऑटोमोटिव, अक्षय ऊर्जा और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों पर चर्चा होगी।   मंगलवार को सीएम यादव बीआर अंबेडकर हाउस जाएंगे और श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। 27 नवंबर को सीएम यादव वारविक विश्वविद्यालय जाएंगे, जहां वे डीन, संकाय सदस्यों और वारविक मैन्युफैक्चरिंग ग्रुप के शोधकर्ताओं से बातचीत करेंगे। बाद में वे बर्मिंघम एयरपोर्ट से जर्मनी के म्यूनिख जाएंगे। ब्रिटेन की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के बाद सीएम यादव 28 और 29 नवंबर को जर्मनी में रहेंगे और म्यूनिख और स्टटगार्ट में कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। जर्मनी में सीएम यादव 28 नवंबर की सुबह म्यूनिख में बवेरियन राज्य सरकार के नेताओं और भारत के महावाणिज्यदूत से चर्चा करेंगे। इसके बाद वे एसएफसी एनर्जी जाएंगे और मध्य प्रदेश में निवेश के अवसरों पर एक संवादात्मक सत्र में भाग लेंगे। भारतीय महावाणिज्यदूतावास, सीआईआई, इन्वेस्ट इंडिया और इंडो-जर्मन चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। सत्र में लगभग 80 प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिसके बाद निवेश मामलों पर चर्चा करने के लिए उद्योग प्रतिनिधियों के साथ आमने-सामने की बैठकें होंगी। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री स्टटगार्ट में प्राकृतिक इतिहास के राज्य संग्रहालय का दौरा करेंगे। 1791 में स्थापित इस संग्रहालय में प्राचीन जीवाश्मों और डायनासोर के अवशेषों का एक महत्वपूर्ण संग्रह है, जिसके अभिलेखागार में 11 मिलियन से अधिक वस्तुएँ हैं। इस यात्रा के बाद, सीएम यादव नई दिल्ली लौटने से पहले फ्रैंकफर्ट की यात्रा करेंगे। इस विदेशी दौरे का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय निवेशकों को मध्य प्रदेश में निवेश के अवसरों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करना है। ज्ञात हो कि मध्यप्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में मुंबई, बेंगलुरु, कोयंबटूर और कोलकाता में मध्य प्रदेश में निवेश के अवसरों पर चार सफल संवादात्मक सत्र आयोजित किए गए, साथ ही उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर, सागर और रीवा में क्षेत्रीय उद्योग सम्मेलन भी आयोजित किए गए। recent visitors 72