हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी: पोषण माह में आहार विविधता और प्रोटीन पर जागरूकता

Our Anganwadi, Our Responsibility: Raising Awareness About Dietary Diversity and Protein During Nutrition Month

विशेष संवाददाता: जितेन्द्र श्रीवास्तव/अर्पिता श्रीवास्तव 
जबलपुर। 9वें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” थीम पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 11 सितंबर 2026 को परियोजना शहरी क्रमांक-4 के परियोजना अधिकारी श्री रीतेश दुबे के निर्देशन में सेक्टर स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हनुमानताल वार्ड स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-32 में किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य विषय “आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन” रहा। इस दौरान महिलाओं के लिए पोषण प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें THR रेसिपी, HCM मेनू, स्थानीय एवं क्षेत्रीय खाद्य पदार्थ, प्रोटीनयुक्त खाद्य पदार्थ तथा संतुलित थाली का प्रदर्शन किया गया।

कार्यक्रम में वार्ड पार्षद श्रीमती कविता रैकवार ने महिलाओं को स्थानीय एवं घरेलू खाद्य पदार्थों के बेहतर उपयोग के माध्यम से बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों का समय पर टीकाकरण कराने, गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने तथा मातृ वंदना योजना का लाभ लेने की अपील की।

स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों के विविध प्रयोग से भोजन की पौष्टिकता बढ़ाने का लाइव डेमॉन्स्ट्रेशन मातृ सहयोगिनी समिति की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना खरे द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि उपलब्ध घरेलू खाद्य सामग्री का संतुलित और विविध उपयोग बच्चों एवं परिवार के बेहतर पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

कार्यक्रम में आयुष विभाग ने भी सहभागिता की। बच्चों एवं महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक सलाह दी गई तथा निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। डॉ. श्रद्धा कार्तिकेय ने महिलाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा पौष्टिक एवं संतुलित आहार को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर पर्यवेक्षक श्रीमती खुशबू ठाकुर एवं श्रीमती पूजा चौरसिया, सेक्टर की समस्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं, शासकीय प्राथमिक कन्या शाला फूटाताल की शिक्षिकाएं श्रीमती दीप्ति तिवारी एवं श्रीमती नीरा कोरा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और परिवारों को संतुलित आहार, पर्याप्त प्रोटीन, स्थानीय खाद्य पदार्थों के उपयोग तथा बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।

— सेक्टर-2, परियोजना शहरी क्रमांक-4

Loading spinner
Advertisement