RTO takes major action against passenger buses, issues challans to 14 out of 28 buses inspected
- नियमों की अनदेखी पड़ी भारी: ओवरलोडिंग, बाधित इमरजेंसी गेट, HSRP प्लेट, प्रेशर हॉर्न और सर्च लाइट पर कार्रवाई; ₹52 हजार राजस्व वसूला

विशेष संवाददाता जितेन्द्र श्रीवास्तव/अर्पिता श्रीवास्तव
जबलपुर । यात्री बसों में सुरक्षा मानकों और परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जबलपुर परिवहन विभाग ने शनिवार को सघन बस चेकिंग अभियान चलाया। पाटन रोड स्थित RTO कार्यालय के पास हुई कार्रवाई में विभागीय टीम ने कुल 28 यात्री बसों की जांच की, जिसमें नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 14 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई परिवहन आयुक्त उमेश जोगा के निर्देश एवं कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के आदेश के पालन में क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय जबलपुर द्वारा की गई।
14 बसों पर कार्रवाई, ₹52 हजार राजस्व प्राप्त
अभियान के दौरान जांच में कई बसों में यात्री सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन सामने आया। विभाग ने 14 वाहनों पर चालानी कार्रवाई करते हुए ₹52,000 का राजस्व प्राप्त किया।

जांच के दौरान एक बस में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों का परिवहन पाया गया। वहीं 6 यात्री बसों के आपातकालीन निकास (Emergency Exit) गेट बाधित मिले। इसके अलावा कुछ वाहनों में HSRP नंबर प्लेट नहीं होना, सर्च लाइट और प्रेशर हॉर्न जैसे नियम विरुद्ध उपकरण पाए गए।
मौके पर हटवाए गए नियम विरुद्ध उपकरण
परिवहन विभाग की टीम ने कार्रवाई को केवल चालान तक सीमित नहीं रखा। जांच के दौरान बसों में लगे सर्च लाइट, प्रेशर हॉर्न तथा इमरजेंसी एग्जिट गेट के सामने लगी सीट को मौके पर ही हटवाया गया, ताकि आपात स्थिति में यात्रियों को बाहर निकलने में किसी तरह की बाधा न हो।

परिवहन विभाग की टीम रही मौजूद
अभियान में RTO श्रीमती रिंकू शर्मा, RTI श्री विक्रम सिंह ठाकुर सहित परिवहन विभाग की टीम ने यात्री बसों की जांच की। अधिकारियों ने बस संचालकों को सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा निर्धारित परिवहन एवं यात्री सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। सड़क परिवहन नियमों के पालन और यात्री बसों की स्थिति की निगरानी के लिए इस प्रकार की सघन चेकिंग आगे भी लगातार जारी रहेगी।