A massive crowd thronged the Mata temple to witness the Pola festival.
- ग्राम पटेल ने गौ-पूजन कर उत्सव का किया शुभारंभ, गणमान्य जनप्रतिनिधि, कृषक और आमजन रहे मौजूद।
हरिप्रसाद गोहे
आमला। सोमवारी चौक स्थित प्रसिद्ध माता मंदिर आमला में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पारंपरिक उत्सव पोला पर्व धूमधाम एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस शुभ अवसर पर बड़ी संख्या में किसान अपने बैलों को सजा-संवार कर यहाँ लेकर पहुँचे थे।

गौरतलब है कि इस मौके पर माता मंदिर समिति आमला, नगर पालिका परिषद आमला एवं भारतीय किसान संघ आमला के संयुक्त तत्वावधान में तोरण प्रतियोगिता एवं उपहार वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ ग्राम पटेल वामन राव अम्बलेकर ने अपने परिजनों के साथ गौ-पूजा कर किया। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, नगर पालिका अध्यक्ष आमला नितिन गाडरे, पूर्व पार्षद विजय अतुलकर ने भी गौ-पूजन कर किसान भाइयों को पोला पर्व की बधाई दी।

इस अवसर पर तोरण तोड़ने वाले किसान को पार्षद खुशबू विजय अतुलकर के सौजन्य से 2100 रुपये नगद राशि का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष अजय सिंह सोलंकी, पूर्व पार्षद विजय अतुलकर ने ग्राम पटेल वामन राव अम्बलेकर का शाल-श्रीफल भेंट कर स्वागत किया एवं उनके परिवार द्वारा जनहित में किए गए उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की।

वहीं समिति द्वारा कृषकों की बैल जोड़ी का चयन उपरांत उन्हें क्रमशः पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, व्यापारी, पत्रकारगण और नगरवासी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का आभार माता मंदिर समिति अध्यक्ष मदन साहू ने व्यक्त किया।
