जबलपुर के सिहोरा में अबॉर्शन की दुकान, महिला डॉक्टर के पास न कोई डिग्री न डिप्लोमा

Abortion shop in Sihora, Jabalpur; female doctor has no degree or diploma

विशेष संवाददाता जितेन्द्र श्रीवास्तव अर्पिता श्रीवास्तव 

जबलपुर । सिहोरा में फर्जी महिला डॉक्टर अवैध तरीके से क्लीनिक चला रही थी. क्लीनिक में बड़ी मात्रा में अबॉर्शन से जुड़े उपकरण बरामद किए गए हैं. स्वास्थ्य विभाग और तहसीलदार की टीम ने जब छापा मारा तो फर्जी महिला डॉक्टर सकपका गई. क्लीनिक में अबॉर्शन करने की किटों के साथ ही और दवाइयां भी मिली हैं.

तहसीलदार के साथ बीएमओ ने दी दबिश

शहर से दूरदराज इलाकों में आज भी बिना डिग्री के झोलाछाप डॉक्टर बड़े पैमाने पर काम कर रहे हैं. इनकी वजह से अक्सर लोगों की जान तक चली जाती है. कई लोग इनकी गलत दवा की वजह से गंभीर रूप से बीमार हो जाते हैं. ऐसा ही मामला जबलपुर शहर से लगभग 60 किलोमीटर दूर सिहोरा के पास खितोला में सामने आया है. सिहोरा ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर सिहोरा अर्शिया खान और तहसीलदार सिहोरा अमित गुप्ता को शिकायत मिली थी कि खेतोला में प्रीति केवट नाम की महिला कई महीने से लोगों का इलाज कर रही है.

क्लीनिक पर अवैध गतिविधियों की शिकायतें

शिकायत में लोगों ने शक जताया कि प्रीति केवट फर्जी डॉक्टर है. क्लीनिक पर अवैध गतिविधियां चल रही हैं. मेडिकल ऑफिसर और तहसीलदार ने टीम बनाकर साई मंगलम कॉलोनी के मकान में छापा मारा और प्रीति केवट से पूछताछ शुरू की गई तो पता चला कि उसके पास मेडिकल प्रैक्टिस करने की कोई डिग्री नहीं है. सिहोरा ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ.अर्शिया खान ने बताया “प्रीति केवट ने पूछताछ में जानकारी दी कि उसने अल्टरनेटिव मेडिसिन का डिप्लोमा किया है, लेकिन ना तो वह अपना डिप्लोमा दिखा पाई और न ही ये साफ किया कि उसने पढ़ाई कहां तक की है.”

डिटेल रिपोर्ट सीएमएचओ को सौंपेगी टीम

जांच के दौरान टीम को कई आपत्तिजनक दवाइयां भी क्लीनिक पर मिली, जिनमें से अबॉर्शन से जुड़ी दवाइयां और किट हैं. इसके साथ ही बच्चों के इलाज से जुड़े कई उपकरण मिले हैं. महिलाओं के इलाज से जुड़े कई सर्जिकल आइटम भी क्लीनिक से बरामद किए गए. प्रशासन ने क्लीनिक संचालक प्रीति केवट के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी की है. कार्रवाई से संबंधित पूरी रिपोर्ट तैयार कर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को भेजी जाएगी. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Loading spinner
Advertisement